Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर : भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की पहल ‘देखो अपना देश’ से जागा युवाओं में उत्साह

Published

on

एसआईएचएम नया रायपुर में ब्रोशर प्रतियोगिता और पर्यटन शिक्षा प्रदर्शनी में 300 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी 

राज्य व राष्ट्रीय विजेताओं को मिला सम्मान, प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन

राज्य व राष्ट्रीय विजेताओं को मिला सम्मान, प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन
राज्य व राष्ट्रीय विजेताओं को मिला सम्मान, प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन
राज्य व राष्ट्रीय विजेताओं को मिला सम्मान, प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन
राज्य व राष्ट्रीय विजेताओं को मिला सम्मान, प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन
राज्य व राष्ट्रीय विजेताओं को मिला सम्मान, प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन का सफल आयोजन

रायपुर। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय इंडिया टूरिज्म, मुंबई द्वारा स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, रायपुर (एसआईएचएम) के सहयोग से ‘देखो अपना देश’ ब्रोशर निर्माण प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण समारोह एवं पर्यटन शिक्षा प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में भारत के विविध पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यटन एवं आतिथ्य के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से उन्हें परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में इंद्र कुमार साहू, विधायक अभनपुर तथा पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक मोहम्मद फारूक मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त पश्चिम एवं मध्य क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की डीजीएम सुश्री पूनम शर्मा, आईएचएम रायपुर के वरिष्ठ लेखा अधिकारी समीर मिश्रा तथा संस्थान के प्राचार्य विवेक आचार्य के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

राज्य और राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को मिला सम्मान

समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य के विजेताओं को नकद पुरस्कार (चेक), पदक, किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यभर से लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दुधली के छात्रों ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार हासिल कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर एसईसीएल एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर कवर्धा ने राज्य स्तर पर द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरुद तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय धमतरी ने राज्य स्तर पर तृतीय पुरस्कार अर्जित किया।

पर्यटन शिक्षा प्रदर्शनी में करियर अवसरों की जानकारी

कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग में उपलब्ध विविध और बढ़ते करियर अवसरों पर विशेष प्रस्तुति दी गई। छात्रों एवं शिक्षकों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिससे सहभागिता और ज्ञानवर्धन को बढ़ावा मिला। प्रदर्शनी में होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया गया था। प्रतिभागियों को एसआईएचएम रायपुर परिसर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा। छात्रों ने रिसेप्शन प्रबंधन, खाद्य एवं बेकरी निर्माण, फ्रूट एवं वेजिटेबल कार्विंग, फ्लावर डेकोरेशन, टॉवेल आर्ट तथा मॉकटेल निर्माण जैसी व्यावहारिक गतिविधियों का प्रदर्शन देखा और आतिथ्य उद्योग की बारीकियों को समझा।

युवाओं में पर्यटन जागरूकता की सशक्त पहल

‘देखो अपना देश’ पहल के माध्यम से छात्रों में भारत की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के प्रति रुचि और गर्व की भावना विकसित हुई है। यह आयोजन न केवल रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करता है, बल्कि युवाओं को पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं से भी जोड़ता है। पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार की ‘देखो अपना देश’ पहल वर्ष 2020 में प्रारंभ की गई एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसका उद्देश्य देशवासियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध परंपराओं से परिचित कराना तथा घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को अपने ही देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए प्रेरित किया जाता है, ताकि वे भारत की अद्भुत विविधता को निकट से जान सकें और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में योगदान दे सकें। ‘देखो अपना देश’ अभियान के अंतर्गत वेबिनार श्रृंखलाएँ, ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताएँ, वर्चुअल टूर, रचनात्मक प्रतियोगिताएँ तथा पर्यटन शिक्षा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह पहल विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से अवगत कराने का भी कार्य करती है। साथ ही, डिजिटल माध्यमों और जनसहभागिता के जरिए देश के कम प्रसिद्ध लेकिन संभावनाशील पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जाता है। इस प्रकार ‘देखो अपना देश’ पहल न केवल नागरिकों में अपने देश के प्रति गर्व और जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करती है, बल्कि पर्यटन उद्योग को नई ऊर्जा प्रदान कर आर्थिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

Continue Reading

कोरबा

भगवान श्री सहस्रबाहु जयंती पर 16 नवंबर को कोरबा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

Published

on

कटघोरा, पाली, दीपका, बालको, जमनीपाली सहित जिले के ग्रामीण अंचलों से जुटेंगे स्वजातीय बंधु

कोरबा। कलचुरी–कलार समाज के आराध्य देव, शौर्य, पराक्रम, न्याय और धर्म के प्रतीक भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी की जयंती के पावन अवसर पर कोरबा में इस वर्ष भव्य धार्मिक एवं सामाजिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सर्ववर्गीय जायसवाल–कलार समाज, कोरबा, युवा सभा एवं महिला सभा के संयुक्त तत्वावधान में 16 नवंबर 2026, सोमवार को भगवान श्री सहस्रबाहु जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
भगवान श्री सहस्रबाहु जयंती समारोह को लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उत्साह और तैयारियां की जा रही हैं। इस आयोजन में कोरबा शहर के साथ-साथ जिले के कटघोरा, पाली, दीपका, बालको, जमनीपाली सहित विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोगों की सहभागिता इस आयोजन को व्यापक सामाजिक स्वरूप प्रदान करेगी। समाज के पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर स्वजातीय बंधुओं को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण भगवान श्री सहस्रबाहु जी की भव्य शोभायात्रा होगी। 16 नवंबर, सोमवार को दोपहर 3 बजे रामजानकी मंदिर, पुराना बस स्टैंड, कोरबा से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मिशन रोड स्थित कलचुरी भवन पहुंचेगी। शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक कला की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। पारंपरिक लोकनृत्य दल, ढोल-धुमाल की गूंज, मनमोहक झांकियां और भगवान श्री सहस्रबाहु जी की आकर्षक साज-सज्जा शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएगी। समाज के लोग पारंपरिक परिधान में शामिल होकर भगवान श्री सहस्रबाहु जी के जयकारों के साथ नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करेंगे।
शोभायात्रा के कलचुरी भवन, मिशन रोड पहुंचने के पश्चात भगवान श्री सहस्रबाहु जी का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, सामाजिक बंधुओं का आपसी मेल-मिलाप तथा नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने पर भी विशेष जोर रहेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी का जीवन शौर्य, साहस, पराक्रम, न्यायप्रियता और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक पहचान को मजबूत करने का अवसर भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सर्ववर्गीय जायसवाल–कलार समाज, कोरबा की ओर से जिले के समस्त स्वजातीय बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों से सपरिवार समारोह में शामिल होने की अपील की गई है। समाज के पदाधिकारियों ने सभी से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री सहस्रबाहु जी की जयंती को ऐतिहासिक, भव्य और यादगार बनाने में सहभागी बनें।

Continue Reading

कोरबा

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) की शुभकामनाएँ देते हुए की जनकल्याण एवं समृद्धि की कामना

Published

on

कोरबा। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) की शुभकामनाएँ देते हुए की जनकल्याण एवं समृद्धि की कामना। लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता एवं सूर्य उपासना के महापर्व सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ।
भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की असीम कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और खुशहाली लेकर आए।
छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, त्याग, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं पारिवारिक एकता का संदेश देता है। मेरी कामना है कि आस्था और विश्वास का यह महापर्व हम सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और नई खुशियों का उजाला लेकर आए।
आप सभी को सूर्यषष्ठी (छठ पूजा) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

Continue Reading

कोरबा

वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को कोरबा में मिला व्यापक जनसमर्थन

Published

on

नवज्योत पटनायक ने कहा—लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी
जयसिंह अग्रवाल ने कहा—मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास कायम होना चाहिए, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की आवश्यकता
कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत कोरबा में ब्लॉक स्तरीय जन चौपालों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 22, कांशीनगर स्थित सामुदायिक पंडाल के समीप कोरबा शहरी क्षेत्र की जन चौपाल आयोजित की गई। जन चौपाल में इस अभियान के लिए AICC द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में कोरबा शहरी क्षेत्र के चारों ब्लॉकों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं संगठनों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान के उद्देश्यों एवं पार्टी के दिशा-निर्देशों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी पूर्व एवं मधुबनी पश्चिम जिलों में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित बैठकों एवं अपने सांगठनिक अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इन जिलों के दौरे और कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान मतदान व्यवस्था को लेकर आम लोगों में असंतोष एवं अनेक सवाल सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा चुनावों में अनुचित तौर-तरीके अपनाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि देश में लोकतंत्र की मजबूती और चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बहाल करने के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित सभी जिम्मेदार कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से विशेष आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी वास्तविक एवं पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले एवं बूथ स्तर पर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सजगता के साथ मतदाता सूची का सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए कांग्रेसजनों को बूथ स्तर तक संगठित होकर जनता के बीच जागरूकता पैदा करनी होगी और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
AICC के केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योत पटनायक ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उसकी पहचान कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करें, ताकि उसका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

श्री पटनायक ने जोर देते हुए कहा कि मतदान केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र के निर्माण, संरक्षण और उसकी निरंतर मजबूती का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सतर्क रहना होगा और मतदाता सूची की जांच से लेकर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सजगता, संगठनात्मक सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने से संभव है।
जन चौपाल में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ नेताओं के विचारों एवं दिशा-निर्देशों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, बूथ स्तर तक पहुंचने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता के नाम की पुष्टि करने का संकल्प व्यक्त किया।
जन चौपाल ने यह संदेश दिया कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए जन-जागरूकता का एक व्यापक प्रयास है।
जन चौपाल कार्यक्रम में कोरबा जिला प्रभारी विजय केशरवानी, कोरबा शहर जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण मनोज चौहान सहित सभी वार्डों के कांग्रेस कार्यकर्त्ता, कांग्रेस पार्षदगण, ब्लाक एवं मंडल अध्यक्षगण, महिला,युवा, सेवादल आदि प्रकोष्ठों. के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे.

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677