Connect with us

छत्तीसगढ़

रायपुर : जनसेवा ही प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च उद्देश्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Published

on

संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का करें निर्वहन : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने की मुलाकात

बस्तर से सरगुजा तक के अनुभव साझा कर प्रशिक्षु अधिकारियों ने बताया छत्तीसगढ़ को अद्भुत प्रदेश

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने की मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के तीन प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनकी सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  कि प्रशासनिक सेवा जनसेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रशासनिक अधिकारी के रूप में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी के निर्णय हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए प्रत्येक निर्णय में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग समाज और आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संभावनाओं से परिपूर्ण प्रदेश है। यहां के लोग सरल, सहज, मेहनती और आत्मीय स्वभाव के हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों, तेजी से विकसित हो रही कनेक्टिविटी, पर्यटन की संभावनाओं, नक्सल उन्मूलन की सफलता तथा राज्य के विकास की यात्रा से अवगत कराया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय परंपराओं और विकास के नए अवसरों पर भी अपने अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को कहा कि ईमानदारी, निष्ठा और जनहित की भावना से लिया गया प्रत्येक निर्णय प्रदेश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों सहित सरगुजा संभाग के जशपुर, सरगुजा और कोरिया जिलों का भ्रमण करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनजीवन, संस्कृति, विकास गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अध्ययन किया तथा मां दंतेश्वरी के दर्शन भी किए।

अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विविधताओं, सांस्कृतिक समृद्धि और आत्मीयता से भरपूर प्रदेश है। यहां के लोगों के स्नेह, जनजातीय परंपराओं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की संभावनाओं ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से जनहित में कार्य करना उनके लिए गौरव और जिम्मेदारी दोनों है।

मुलाकात के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रशासनिक सेवा की तैयारी से जुड़े अनुभव, चुनौतियां और प्रेरणादायक प्रसंग भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्हें निरंतर सीखते रहने, जमीनी स्तर से जुड़े रहने तथा मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर कार्य करने की प्रेरणा दी।

उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी गोकुल आर. के., वी. यशवंत नायक एवं ईशांत जायसवाल वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। तीनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ है। जिला प्रशिक्षण पर रवाना होने से पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के महानिदेशक एवं अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, संचालक टी.सी. महावर तथा संयुक्त संचालक प्रणव सिंह उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

सावन में उत्पात मचाने वालों पर कोरबा पुलिस सख्त:बाइकर्स गिरोह, शराबियों पर रहेगी पैनी नजर, हिंदू नारायणी सेना ने सौंपा ज्ञापन

Published

on

कोरबा। कोरबा पुलिस ने सावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है। प्रत्येक सावन सोमवार को कनकीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस पेट्रोलिंग टीम गश्त करेगी। चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले वर्षों में सावन सोमवार के दौरान कुछ बाइकर्स गिरोहों द्वारा फटे साइलेंसर, तेज आवाज में डीजे और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर उत्पात मचाने की शिकायतें मिली थीं। ऐसे मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को जेल भेजा था।

उन्होंने कहा कि इस बार भी ऐसे तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, मारपीट, छेड़छाड़ या शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू नारायणी सेना ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को लेकर हिंदू नारायणी सेना के प्रमुख अरविंद अग्रवाल और उनकी टीम ने कोरबा एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कनकीधाम जाने वाले रास्ते में श्रद्धालुओं के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अभद्रता की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में तेज आवाज में डीजे बजाने और फटे साइलेंसर वाली बाइकों से धार्मिक माहौल खराब होने की शिकायत भी की गई। सेना ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और निर्विघ्न हो सके।

रविवार शाम से शुरू हो जाती है कांवड़ यात्रा

सावन सोमवार से एक दिन पहले रविवार शाम से ही कांवड़िया भक्त कनकीधाम के लिए रवाना होना शुरू हो जाते हैं। श्रद्धालु पैदल, वाहनों से और समूहों में कांवड़ लेकर ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए कनकीधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह को बख्शा नहीं जाएगा। सावन सोमवार के दौरान शांति भंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

टाटा-गल्फ के नाम पर नकली उत्पादों का कारोबार:कोरबा में पेट्रोल पंप के गोदाम से 192 DEF बकेट जब्त, संचालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में नामी ऑटोमोबाइल और लुब्रिकेंट कंपनियों के नाम पर नकली उत्पादों का कारोबार चल रहा था। पुलिस और बौद्धिक संपदा संरक्षण संस्था EIPR (India) की संयुक्त टीम ने दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरता स्थित श्रद्धा फ्यूल्स पर छापा मारकर इसका भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल के नाम से पैक नकली उत्पाद बरामद किए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रद्धा फ्यूल्स का संचालक चैतन्य मनहर टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल जैसी कंपनियों के नाम से जाली उत्पाद बेच रहा है। कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर दीपका थाना के उपनिरीक्षक प्रेमचंद साहू और उपनिरीक्षक ललित कुमार गावड़े के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

गोदाम से 192 DEF बकेट बरामद

पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम की तलाशी के दौरान गोदाम से टाटा मोटर्स के नाम से पैक 20-20 लीटर के 192 सीलबंद DEF बकेट बरामद किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत 2.67 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। इसके अलावा गल्फ ऑयल के नाम से पैक अन्य लुब्रिकेंट उत्पाद भी मिले। पुलिस ने सभी संदिग्ध उत्पादों को जब्त कर उनकी वास्तविकता की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।

19 वर्षीय संचालक गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान श्रद्धा फ्यूल्स के संचालक चैतन्य मनहर (19) को गिरफ्तार किया गया। वह ग्राम तिवरता निवासी कुशल मनहर का पुत्र है। पूछताछ में आरोपी ने इस कारोबार के कथित मास्टरमाइंड के रूप में अनूप गोयल का नाम बताया है। पुलिस अब अनूप गोयल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत FIR

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दीपका थाने में FIR क्रमांक 0356/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 347 और 349, कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई है।

नकली DEF से वाहन को हो सकता है नुकसान

डीईएफ (Diesel Exhaust Fluid) का इस्तेमाल डीजल वाहनों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किया जाता है। नकली DEF और लुब्रिकेंट के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन और अन्य सिस्टम में गंभीर खराबी आ सकती है। इससे ग्राहकों को आर्थिक नुकसान होने के साथ प्रतिष्ठित कंपनियों की साख भी प्रभावित होती है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में युवा कांग्रेस ने मनाया स्थापना दिवस:पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने युवाओं को समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

Published

on

कोरबा। कोरबा में भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस कार्यालय, एसईसीएल मुड़ापार में वृक्षारोपण और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कार्यकर्ताओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल थे। उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने जोर दिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे से आने वाली पीढ़ी को जीवन मिलेगा। अग्रवाल ने उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं को समाज सेवा, संगठन की मजबूती और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई।

जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की आधारशिला होती है और उनमें बदलाव लाने की क्षमता होती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया, जिससे देश की दिशा और दशा बदली जा सके।

उन्होंने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से केवल राजनीति तक सीमित न रहकर गांव-गांव में स्वच्छता, नशा मुक्ति और हरियाली के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

इस कार्यक्रम में पीसीसी सचिव विकास सिंह, डीसीसी उपाध्यक्ष अशोक लोढ़ा, पवन विश्वकर्मा, बृजभूषण, सुनील निर्मलकर, अजित बर्मन, विवेक श्रीवास, अमित सिंह सहित निकिता खलखो, ईशा, मुस्कान, नितेश, कुलदीप, नारायण, सुजीत बर्मन, मनीष, बाबिल, आकाश प्रजापति, मिनकेतन, वीरेन्द्र, लगन, हेमंत और निखिल समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी प्रण किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहयोग करेंगे।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए पूरे जिले में सप्ताहभर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ तथा देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677