Connect with us

कटघोरा

राजेश यादव की शिकायत के बाद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित

Published

on

राजेश यादव बोले—किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, महिला अधिकारियों पर कथित टिप्पणी की भी हो निष्पक्ष जांच

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा कृषि विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के बिना सूचना लंबे समय तक कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहने के मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी देवशरण पैकरा को निलंबित कर दिया है।

ज्ञात हो कि भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने किसानों की समस्याओं तथा संबंधित अधिकारी की कार्यक्षेत्र से अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए 24 अगस्त 2026 को उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, जिला कलेक्टर सहित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई।

उप संचालक कृषि, जिला-कोरबा द्वारा जारी आदेश क्रमांक स्थापना-01/निलं./2026-27/3921, दिनांक 15 सितंबर 2026 के तहत देवशरण पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

बिना सूचना कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित

विभागीय आदेश के अनुसार देवशरण पैकरा, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, क्षेत्र कटघोरा एवं जेंजरा, 1 अगस्त 2026 से बिना सूचना एवं बिना अवकाश के अपने कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहे। विभागीय स्तर पर इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया।

संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव एवं विभागीय पत्राचार के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

किसानों के काम प्रभावित होने की भी हो जवाबदेही तय

राजेश यादव ने कहा कि यह मामला केवल अधिकारी के निलंबन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण कटघोरा एवं जेंजरा क्षेत्र के किसानों के विभागीय कार्य अथवा शासन की कृषि योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हुआ है, तो उसकी भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “विभाग ने निलंबन की कार्रवाई कर दी है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इस दौरान किसानों को जो परेशानी हुई और जिनके काम प्रभावित हुए, उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? किसान किसी अधिकारी की अनुपस्थिति का खामियाजा क्यों भुगते?”

राजेश यादव ने कहा कि किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए कटघोरा-जेंजरा क्षेत्र में तत्काल वैकल्पिक अधिकारी की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसानों के कार्य प्रभावित न हों।

महिला अधिकारियों पर कथित टिप्पणी की भी निष्पक्ष जांच की मांग

राजेश यादव ने संबंधित अधिकारी पर महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां किए जाने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि विभाग के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसी टिप्पणियां की गई हैं, तो इसकी तथ्यात्मक जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, “महिला शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति है। यदि किसी महिला अधिकारी या कर्मचारी के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की गई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।”

कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए सवाल

राजेश यादव ने कहा कि वे पूरे मामले से कृषि मंत्री रामविचार नेताम, कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव एवं कलेक्टर कोरबा को अवगत कराएंगे तथा किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि किसानों के हितों की रक्षा करना है। निलंबन कार्रवाई के साथ यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि भविष्य में किसी अधिकारी की लापरवाही का असर किसानों पर न पड़े।”

Continue Reading

कटघोरा

आद्या फ्यूल्स प्रांगण में लहराया तिरंगा, लायन राजकुमार अग्रवाल ने कहा- जिन्होंने आजादी के संघर्षों को जिया है, उनसे पूछो आजादी के मायने

Published

on

कोरबा/सुतर्रा। आजादी की 79वीं वर्षगांठ सरोवरों, मैदानों से लेकर, गांव से लेकर शहरों तक उल्लास, उमंग और नई ऊर्जा के साथ आम आदमी से लेकर खास लोगों ने मनाई। इसी कड़ी में कोरबा के लब्ध प्रतिष्ठित समाजसेवी छत्तीसगढ़ रत्न पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने सुतर्रा (कटघोरा) स्थित आद्या फ्यूल्स के विशाल प्रांगण में ध्वजारोहण कर सलामी ली।

इस कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों, क्षेत्र के नागरिकों को अपने संक्षिप्त उद्बोधन में आद्या फ्यूल्स के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि हमें देश के महापुरूषों ने अपने कठिन परिश्रम एवं बलिदान देकर हमें स्वतंत्र भारत की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आजादी के संघर्षों को जिया है, उनसे आजादी के मायने पूछो कि आजादी क्या होती है। आज हमें संकल्प लेना होगा कि हम अपनी आजादी को अखंड और अक्षुण बनाए रखने के लिए संविधान के नियमों का पालन करते हुए देश को आगे बढ़ाने के लिए अपनी-अपनी भूमिका निभाएं और राष्ट्रीय संकल्प-नशा मुक्त भारत अभियान में शामिल होकर सामाजिक चेतना जागृत करें, यही हमारे वीर शहीदों, सेनानियों एवं आजादी के दिवानों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के अध्यक्ष लायन दर्शन अग्रवाल, सचिव ला. सुरेंद्र कुमार डनसेना, आद्या फ्यूल्स के कर्मचारी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में माँ सरस्वती, महापुरूषों के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण किया गया और ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय गीत वंदेमारतम् एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन अधिनायक गाते हुए भारत माता के जयकारों से परिसर गूंज उठा। लायन डॉ. अग्रवाल ने उपस्थित जनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की।

Continue Reading

कटघोरा

अजय धनोंदिया मल्टीपल अवॉर्ड से सम्मानित

Published

on

कोरबा/कटघोरा। लॉयन्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी सत्र 25-26 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF ला. विजय अग्रवाल के द्वारा अपने कार्यकाल में ला. अजय धनोंदिया को डिस्ट्रिक्ट के महत्वपूर्ण पद डिस्ट्रिक्ट PRO की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दायित्व का निर्वहन करते हुए अजय धनोंदिया ने पूरे डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत आने वाले सभी लॉयन्स क्लबों द्वारा संचालित शासकीय, प्रशासनिक एवं सेवा गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने विभिन्न क्लबों की सामाजिक सेवा से जुड़ी उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को समाचार पत्रों एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक पहचान दिलाई, जिससे डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों को नई पहचान मिली।

इसी उत्कृष्ट कार्य, सक्रियता एवं समर्पण को देखते हुए 24 मई 26 को इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित लॉयन्स मल्टीपल कन्वेंशन के दौरान मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन पीएमजेएफ ला मनीष शाह के द्वारा डिस्ट्रिक्ट पीआरओ ला. अजय धनोंदिया को ‘मल्टीपल अवॉर्डÓ से सम्मानित किया गया। हालांकि व्यक्तिगत कारणों से वे इंदौर में आयोजित सम्मान समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
इसके बाद 29 जुलाई को होटल मायरा जमनीपाली में आयोजित लॉयन्स क्लब एनटीपीसी जमनीपाली के शपथ ग्रहण समारोह में इस सम्मान को औपचारिक रूप से प्रदान किया गया समारोह में मुख्य अतिथि निवृत्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF ला. विजय अग्रवाल तथा पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन एमजेएफ ला. राजेन्द्र तिवारी,पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एम जे एफ एम ड़ी माखीजा,एम जे एफ बसन्त मिश्रा ने अजय धनोंदिया को मल्टीपल अवॉर्ड भेंट कर उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय अग्रवाल ने कहा कि अजय धनोंदिया ने डिस्ट्रिक्ट पीआरओ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का अत्यंत निष्ठा, सक्रियता और कुशलता के साथ निर्वहन किया। उनके प्रयासों से डिस्ट्रिक्ट की सेवा गतिविधियों को व्यापक प्रचार मिला तथा समाज में लॉयन्स इंटरनेशनल की सकारात्मक छवि और अधिक सुदृढ़ हुई। उन्होंने न केवल डिस्ट्रिक्ट स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया, बल्कि अपने होम क्लब लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी में संरक्षक के रूप में भी निरंतर सक्रिय रहकर सेवा कार्यों को नई गति प्रदान की।
सम्मान प्राप्त करने पर अजय धनोंदिया ने लॉयन्स इंटरनेशनल के वरिष्ठ पदाधिकारियों, अपने क्लब के सदस्यों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे डिस्ट्रिक्ट एवं सभी लॉयन्स साथियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी समाजसेवा एवं संगठन के प्रचार-प्रसार के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
यह सम्मान समारोह उपस्थित सभी लॉयन सदस्यों के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय रहा। अजय धनोंदिया की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों एवं लॉयन्स परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Continue Reading

कटघोरा

सलोरा एकलव्य विद्यालय में छात्रों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर हो कार्रवाई, सहायक आयुक्त को हटाकर हो निष्पक्ष जांच – राजेश यादव

Published

on

कोरबा। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने कोरबा जिले के कटघोरा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सलोरा में बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में छात्रों द्वारा मुख्य सड़क पर किए गए चक्काजाम को अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक बताया है।

श्री यादव ने कहा कि आदिवासी छात्र-छात्राएं लंबे समय से दूषित पेयजल, स्तरहीन भोजन, मूलभूत सुविधाओं के अभाव तथा शिकायत करने पर कथित रूप से टीसी देने की धमकी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। बार-बार शिकायतों और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में मामला लाए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण विद्यार्थियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा, जो प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि 29 जुलाई 2026 को संबंधित अधिकारियों द्वारा शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, किंतु उसके अनुरूप कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो पहले जनप्रतिनिधियों का घेराव और बाद में सैकड़ों विद्यार्थियों को मुख्य सड़क पर बैठकर चक्काजाम करने की नौबत नहीं आती।

श्री यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त को तत्काल पद से हटाकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि शिकायतों और दिए गए आश्वासनों के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि यह भी गंभीर जांच का विषय है कि आखिर मासूम आदिवासी छात्र-छात्राओं को सड़क पर उतरकर चक्काजाम करने की नौबत क्यों आई। जिला प्रशासन इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच करे कि कहीं पर्दे के पीछे से किसी व्यक्ति या समूह द्वारा विद्यार्थियों को प्रभावित या प्रोत्साहित तो नहीं किया गया। यदि जांच में ऐसी कोई भूमिका सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

श्री यादव ने कलेक्टर कोरबा से पूरे घटनाक्रम का तत्काल संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय जांच कराने तथा विद्यालय में स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित कराने की मांग की।

उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम से प्रदेश के शिक्षा मंत्री तथा आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री को भी अवगत करा दिया गया है और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई का आग्रह किया गया है।

अंत में श्री यादव ने कहा कि आदिवासी विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677