82 लोग घायल, ब्रेक फेल था, सड़क पर बिखरी रहीं लाशें
बलरामपुर/लातेहार,एजेंसी। छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर तेज रफ्तार स्कूल बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 लोग घायल हो गए हैं। इनमें 30 से ज्यादा की हालत गंभीर है। बताया जा जा रहा है कि बस का ब्रेक फेल हो गया था। मामला महुआडांड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक लातेहार जिले में हादसे में 4 महिलाएं और एक पुरुष की जान गई है। इनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मरने वाले सभी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे। स्थानीय और राहगीरों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। बस में 87 लोग सवार थे।
हादसे से जुड़ी तस्वीरें ….
तेज रफ्तार स्कूल बस बेकाबू होकर पलट गई गई। सड़क किनारे घायल पड़े हैं।
हादसे के बाद सड़क किनारे घायलों पड़े नजर आ रहे हैं। लोग मदद की गुहार लगा रहे थे।
घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
हादसा कैसे और कहां हुआ ?
दरअसल, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के 87 लोग ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोध गांव सगाई कार्यक्रम में जा रहे थे। ओरसा बंगलादारा घाटी में उतरते समय बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया।
इस दौरान तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर करीब 20 फीट खाई में जाकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया।
बस का ब्रेक हो गया था फेल, नहीं हुई कंट्रोल
वहीं बस ड्राइवर विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही ब्रेक नहीं लगने का अहसास हुआ। स्थिति को संभालने के लिए हैंड ब्रेक का उपयोग किया। इसके बाद इंजन भी बंद कर दिया, लेकिन ढलान होने के कारण बस पर बेकाबू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री बस के भीतर ही दब गए, जबकि कुछ यात्री उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। महुआडांड़ पुलिस मौके पर पहुंची।
भीषण बस हादसे के बाद लोगों की चीख-पुकार मच गई। कई जगह चोटें आई हैं। लोगों को अस्पताल लाया जा रहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल अस्पताल में घायल भर्ती
महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। कई घायलों की हालत गंभीर है।
वहीं बलरामपुर के सामरी के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया है। घायलों को महुआडांड स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घायलों को स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घायलों को रांची रेफर किया जा रहा
सामरी के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के मुताबिक कुछ घायलों की हालत नाजुक है, जिन्हें रांची रेफर किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अमित के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
पुलिस के मुताबिक घायलों में 60 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में और 22 को कार्मेल हॉस्पिटल में दाखिल किया गया है। वहीं हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। वहीं हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
भीषण सड़क हादसे में मौत के बाद ग्रामीणों के शवों को मॉर्च्युरी में रखा गया है।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।