Connect with us

कुसमुंडा

SECL कुसमुंडा में स्थानीय भू-विस्थापितों व मजदूरों के हकों पर कुठाराघात, 20 वर्षों से कार्यरत श्रमिकों को दरकिनार कर KNRCL कंपनी में गुपचुप बाहरी भर्ती का आरोप

Published

on

कोरबा/कुसमुंडा। SECL कुसमुंडा क्षेत्र में गोदावरी डिफाई जेवी (Godavari Defai JV) का कार्य समाप्त होने के बाद नई ठेका कंपनी KNRCL द्वारा की जा रही भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितता तानाशाही और स्थानीय हितों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं सांसद प्रतिनिधि तनवीर अहमद ने SECL कुसमुंडा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) को पत्र लिखकर प्रबंधन व KNRCL की सांठगांठ से की जा रही गुपचुप बाहरी भर्तियों पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है ।

20 वर्षों से सेवाएं दे रहे मजदूर हुए बेरोजगार

सांसद प्रतिनिधि तनवीर अहमद ने बताया कि गोदावरी कंपनी में पिछले लगभग 20 वर्षों से लगातार अपनी निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे ऑपरेटर ड्राइवर सहित सैंकड़ों स्थानीय श्रमिक कंपनी का ठेका समाप्त होते ही अचानक बेरोजगार हो गए हैं ।

प्रबंधन के वादे और आश्वासन की उड़ीं धज्जियां

उन्होंने बताया कि पूर्व में SECL कुसमुंडा के मुख्य महाप्रबंधक एवं गोदावरी कंपनी प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया था कि नई ठेका कंपनी KNRCL में सर्वप्रथम स्थानीय भू-विस्थापितों को प्राथमिकता दी जाएगी, तत्पश्चात गोदावरी कंपनी में कार्यरत सभी पुराने व अनुभवी श्रमिकों को शत-प्रतिशत काम पर वापस लिया जाएगा ।

इस आधिकारिक आश्वासन के बाद सभी गरीब मजदूर व भू-विस्थापित शांतिपूर्ण ढंग से SECL द्वारा जारी की जाने वाली रोजगार सूची का इंतजार कर रहे थे ।

पीठ पीछे बाहरी व्यक्तियों की गुपचुप भर्ती

तनवीर अहमद ने आरोप लगाया कि SECL प्रबंधन के संरक्षण में KNRCL कंपनी द्वारा स्थानीय भू-विस्थापितों और 20 वर्षों से कार्यरत अनुभवी श्रमिकों के पेट पर लात मारते हुए चुपके-चुपके बाहरी व्यक्तियों की भर्ती की जा रही है। यह न केवल स्थानीय युवाओं के साथ छल और अन्याय है, बल्कि प्रबंधन के वादे की सीधी खिलाफत है ।

आंदोलन की चेतावनी

तनवीर अहमद ने SECL एवं KNRCL प्रबंधन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए निम्नलिखित मांगें रखी हैं:-

  1. 100% समायोजन:- KNRCL कंपनी में स्थानीय भू-विस्थापितों के अतिरिक्त गोदावरी कंपनी के प्रतीक्षाचरत सभी 100% श्रमिकों की तत्काल नियुक्ति सुनिश्चित की जाए ।
  2. बाहरी भर्ती पर रोक:- बाहरी व्यक्तियों की गैर-कानूनी व गुपचुप भर्ती पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए ।
  3. आर-पार की लड़ाई:- यदि पात्र स्थानीय श्रमिकों को तत्काल रोजगार से वंचित किया गया तो कांग्रेस पार्टी मजदूरों और भू-विस्थापितों के साथ मिलकर SECL व KNRCL प्रबंधन के खिलाफ विशाल जन-आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा। जिसकी पूरी नैतिक व प्रशासनिक जिम्मेदारी SECL एवं KNRCL प्रबंधन की होगी ।

उच्च अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि

मामले की गंभीरता को देखते हुए, इस ज्ञापन की प्रतिलिपि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, जिलाध्यक्ष मनोज चौहान (ग्रामीण) , कलेक्टर कोरबा एवं SDM कटघोरा को प्रेषित कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है ।

Continue Reading

कुसमुंडा

कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की कुसमुंडा क्षेत्रीय समिति का पुनर्गठन, वसन्त कुमार बने अध्यक्ष एवं मिलन पाण्डेय बने महामंत्री

Published

on

कोरबा/कुसमुंडा। हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन से संबद्ध श्रमिक संगठन कोयला मजदूर पंचायत (HMS) ने एस.ई.सी.एल. (SECL) कुसमुंडा क्षेत्र की अपनी नई क्षेत्रीय समिति का पुनर्गठन कर दिया है। संगठन के महामंत्री विनय सिंह द्वारा इस संबंध में औपचारिक पत्र महाप्रबंधक (खनन) एस.ई.सी.एल. कुसमुंडा क्षेत्र सहित प्रशासनिक एवं श्रम अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है ।

औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 की धारा 33.4 औद्योगिक विवाद सेन्ट्रल रूल्स 1957 की धारा 61.1 तथा आई.आर. कोड सेन्ट्रल रूल 2026 की धारा 39.1 के तहत गठित इस समिति के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को संरक्षित कर्मचारी (Protected Workman) की श्रेणी में माना जाएगा ।

नवगठित क्षेत्रीय समिति के प्रमुख पदाधिकारी

अध्यक्ष बसन्त कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष जनार्दन यादव, उपाध्यक्ष विनोद कुमार यादव, नारायण प्रसाद चन्द्रा, इमामुद्दीन अंसारी, राजदेव सिंह, सुशील कुमार साहू, कौशिक नवरंगे, महामंत्री मिलन पाण्डेय, उपमहामंत्री राजू राजभर, अशोक कुमार, सचिव मनोज कुमार सिंह, चंपालाल बंजारे, जगजीत सिंह, भगवत, हरपाल सिंह, राज बहादुर थापा, सह सचिव करण कुमार, दीपक पटेल, भुपेन्द्र कुमार, कमल कुमार यादव, अनिकेत कुमार, रामायण यादव, संगठन सचिव बालबीर सिंह, सरफराज अहमद, नवल किशोर सिंह, सूर्यप्रकाश बंजारे, विरेन्द्र यादव, जय किशन, कार्यालय सचिव सुनील साहू, सजल मलिक, कोषाध्यक्ष हरि शंकर जायसवाल ।

इनके अलावा संगठन में 30 से अधिक वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है ।

श्रमिक हितों और संगठन की मजबूती पर जोर

पुनर्गठन की घोषणा करते हुए केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रेशमलाल यादव ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम कुसमुंडा खदान क्षेत्र में कार्यरत कोयला श्रमिकों के अधिकारों सुरक्षा वेतन-भत्तों और कल्याणकारी सुविधाओं के लिए पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ संघर्ष करेगी ।

पत्र की प्रतिलिपि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक SECL बिलासपुर निदेशक (HR) उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय) कलेक्टर कोरबा एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा को आवश्यक कार्यवाही व सूचनार्थ प्रेषित कर दी गई है ।

Continue Reading

कुसमुंडा

SECL कुसमुंडा में कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, लिये गए कई बड़े फैसले, मजदूर हित सर्वोपरि

Published

on

​कोरबा/कुसमुंडा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कुसमुंडा क्षेत्र में 29 जुलाई को कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और आवश्यक बैठक संपन्न हुई। यह बैठक हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन के अध्यक्ष व कोयला मजदूर पंचायत (केंद्रीय) के अध्यक्ष रेशम लाल यादव एवं केंद्रीय महामंत्री विनय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित की गई ।

​बैठक में संगठन की मजबूती और मजदूर हितों को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए जिसने क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है ।

भेदभाव और परिवारवाद के खिलाफ नाराजगी, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने छोड़ी सभा

​इस बैठक के दौरान कुसमुंडा क्षेत्र में कोयला मजदूर सभा (HMS) को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब संगठन के क्रियाकलापों आंतरिक भेदभाव वित्तीय अनियमितताओं और हावी हो चुके परिवारवाद से असंतुष्ट होकर सैकड़ों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कोयला मजदूर सभा का परित्याग कर दिया इन सभी साथियों ने पूरी निष्ठा के साथ कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की सदस्यता ग्रहण की।

​केंद्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव एवं महामंत्री विनय कुमार सिंह ने संगठन में शामिल हुए सभी साथियों का फूल-माला पहनाकर ससम्मान स्वागत किया और उन्हें पार्टी की मुख्यधारा में शामिल किया ।

​मजदूर हित सर्वोपरि, एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में होगा दौरा

​बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष एवं महामंत्री ने संगठन के उद्देश्यों और विचारों को विस्तार से साझा किया उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हमारे संगठन के लिए मजदूर हित सर्वोपरि है श्रमिकों के अधिकारों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा ​इसके साथ ही बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया कि कोयला मजदूर पंचायत की क्षेत्रीय कमेटियों द्वारा जल्द ही एसईसीएल (SECL) के सभी क्षेत्रों का सघन दौरा किया जाएगा और नई कमेटियों का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जाएगा ।

इन्होंने ली सदस्यता (प्रमुख नाम):-

​कोयला मजदूर पंचायत की नीति और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कुसमुंडा क्षेत्र से मिलन पाण्डेय मनोज सिंह राजदेव सिंह सुशील साहू सरफराज अहमद संतान सोभन दास साहू अभिलाष मिश्रा राजू राजभर विजय गुप्ता जनार्दन यादव उत्तम दास विजय साहू जीवनलाल साहू किरण कुमार विनोद यादव अभिजीत भारद्वाज, दिनेश कुमार भूपेंद्र यादव कमल यादव जयप्रकाश यादव श्रवण कुमार योगेश राजेंद्र सहित सैकड़ों श्रमिक साथियों ने संगठन का दामन थामा ।

​नए शामिल हुए सदस्यों ने संकल्प लेते हुए कहा कि वे सभी कोयला मजदूर पंचायत में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे ।

​बैठक में ये रहे उपस्थित:-

​इस महत्वपूर्ण बैठक में गेवरा दीपका एवं कुसमुंडा क्षेत्र के कोयला मजदूर पंचायत के वरिष्ठ पदाधिकारी संजय सिंह जुगनू खान गजेंद्र सिंह तंवर तरुण राहा अनिरुद्ध सिंह एस. डी. मानिकपुरी एस. सी. मंसूरी उड्डयन रविन्द्र स्वर्णकार बसंत कुमार राजन कुमार सोनू राम आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

Continue Reading

कुसमुंडा

SECL कुसमुंडा खदान में डंपर पलटा, कर्मचारी की मौत:आक्रोशित कर्मचारियों ने हड़ताल की, मैनेजर हटाने और परिजन को अनुकंपा नियुक्ति की मांग

Published

on

कोरबा/कुसमुंडा । कोरबा जिले की SECL की कुसमुंडा खदान में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मिट्टी अनलोड करते समय 60 टन क्षमता का डंपर अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गया।

हादसे में डंपर चालक और विभागीय कर्मचारी सत्यनारायण (38) की मौत हो गई। घटना के बाद खदानकर्मियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है।

मिट्टी अनलोड करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण शनिवार रात करीब 1 बजे कुसमुंडा खदान के खोदरी फेस में डंपर से मिट्टी अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन की एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कर्मचारी की मौत हो चुकी थी। मृतक कुसमुंडा स्थित पंप हाउस कॉलोनी के SECL क्वार्टर जी-25 में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं।

कर्मचारियों ने काम बंद कर शुरू की हड़ताल

घटना से नाराज कर्मचारियों ने रविवार सुबह खोदरी फेस में काम बंद कर दिया और हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों का आरोप है कि खदान प्रबंधन और मैनेजर कैलाशचंद बल लगातार काम का दबाव बनाते हैं, लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा और समस्याओं पर ध्यान नहीं देते।

उनका कहना है कि खदान में सुरक्षा उपकरण और इंतजाम नाकाफी हैं, और मैनेजर का व्यवहार भी कर्मचारियों के प्रति ठीक नहीं है। सुरक्षा इंतजामों और कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की जाती है।

मैनेजर को हटाने और अनुकंपा नियुक्ति की मांग

हड़ताली कर्मचारियों ने खदान प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मैनेजर कैलाशचंद बल को तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही मृतक कर्मचारी के परिवार के एक सदस्य को सात दिन के भीतर अनुकंपा नियुक्ति और उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677