Connect with us

कोरबा

पीवीटीजी परिवारों की  स्वास्थ्य जांच के लिए एक माह तक चलाए विशेष अभियानःकुणाल दुदावत

Published

on

दिव्यांगों का सर्वे कर पात्र हितग्राहियों के पहचान पत्र, शासन की योजनाओं से  लाभान्वित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

छात्रावास, आश्रम एवं आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच के निर्देश

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, शासन की फ्लैगशिप योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा

कोरबा, 18 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने टीएल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए चलेगा विशेष अभियान
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्वास्थय विभाग को निर्देशित किया कि विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों वाले ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं सचिव से समन्वय कर विशेष  स्वास्थ्य  शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में पीवीटीजी परिवारों की  स्वास्थ्य   जांच के साथ आवश्यक उपचार एवं स्वास्थय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं  स्वास्थ्य   अधिकारी को इसके लिए विस्तृत कैलेंडर तैयार कर अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी परिवार स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने जिले के सभी छात्रावासों, आश्रमों एवं आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की भी नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएसके कार्यक्रम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

1 से 30 सितंबर तक होगा दिव्यांगों का सर्वे

बैठक में कलेक्टर ने दिव्यांगजनों के सर्वे एवं उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने उप संचालक समाज कल्याण एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 से 30 सितंबर तक जिले के सभी ग्रामों में दिव्यांगजनों की जानकारी एकत्रित करने विशेष अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उनके पहचान पत्र बनाए जाएं तथा पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को भी इस अभियान में आवश्यक सहयोग एवं अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्व में तैयार की गई दिव्यांगजनों की सूची का भी मिलान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन नए सर्वे में छूट न जाए।
शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यकतानुसार मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के सभी एपीसी को विकासखंड आवंटित कर फील्ड में भेजने तथा विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के ऐसे कर्मचारियों, जो वर्तमान में राजस्व विभाग में कार्य कर रहे हैं, के संबंध में शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रतिनियुक्ति की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ई-एचआरएमएस एवं एग्रीस्टैक में जानकारी दर्ज करने के निर्देश

कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थय सहित राजस्व विभाग के कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल में एक सप्ताह के भीतर आवश्यक जानकारी दर्ज कर ऑनबोर्ड होने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल में जानकारी दर्ज करने की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पटवारी सहित अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के कार्यपालन अभियंता को जर्जर सड़कों की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर पीएम सूर्यघर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

त्रुटिरहित गिरदावरी सुनिश्चित करें: कलेक्टर

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने राजस्व विभाग के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अविवादित एवं विवादित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने एग्रीस्टैक में बकेट क्लेम, भू-अर्जन, घरों के खसरे तथा सिंगल एवं जॉइंट खातों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम-तहसीलदारो को सोसायटी की समीक्षा करने और सभी किसानों का पंजीयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमांकन के प्रकरणों में संबंधित पक्षकार को भी सूचना प्रदान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को त्रुटिरहित गिरदावरी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि गिरदावरी धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इसे चरणबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने गलत प्रविष्टि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही तकनीकी समस्या अथवा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर तत्काल इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Continue Reading

कोरबा

हरी मिर्च की बोरियों में 2 करोड़ का गांजा:जशपुर में ट्रक से 440 पैकेट जब्त, ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे, 2 अरेस्ट

Published

on

जशपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक ट्रक ओडिशा से मिर्च लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ऊपर मिर्च से भरी बोरियां रखी थीं और उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने 14 बोरियों में रखे 440 पैकेट गांजे बरामद किए। तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा और वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया है। 2 आरोपियों को अरेस्ट किया गया है। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है।

एक दिन पहले ही सूरजपुर जिले में एक करोड़ का गांजा बरामद हुआ था। दरअसल, घाट पेंडारी में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा ट्रक पलट गया था। प्लास्टिक दाना की बोरियों से कुछ बोरियों को अलग रखने पर लोगों को शक हुआ। जांच करने पर 238 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपए आंकी गई।


ऊपर मिर्च से भरी बोरियां रखी थीं और उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाए थे।

पुलिस ने गांजा तस्करी के केस में 2 आरोपियों को अरेस्ट किया है।

पुलिस ने गांजा तस्करी के केस में 2 आरोपियों को अरेस्ट किया है।

लावाकेरा बैरियर पर तलाशी में खुला राज

कार्रवाई 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे की है। एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर रही थी। ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोका।

ट्रक में सवार 2 युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं।

ऊपर मिर्च की बोरियां, नीचे छिपा था गांजा

पुलिस के मुताबिक ट्रक में लदे सामान के बारे में पूछने पर दोनों ने बताया कि इसमें मिर्च की बोरियां हैं, जिन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की बारीकी से जांच की गई।

ऊपरी हिस्से में मिर्च से भरी बोरियां मिलीं। पुलिस टीम ने उन्हें एक-एक कर हटाया तो नीचे रखी अन्य बोरियां दिखाई दीं। जांच करने पर उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलकर देखने पर गांजा मिला।

जांच के दौरान 14 बोरियों से 440 पैकेट मिले।

जांच के दौरान 14 बोरियों से 440 पैकेट मिले।

14 बोरियों में मिले 440 पैकेट

जांच के दौरान कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर इनमें 440.63 किलो गांजा निकला। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक जब्त कर लिया।

ओडिशा से प्रयागराज ले जाने की बात सामने आई

शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बोध क्षेत्र से गांजा लेकर प्रयागराज जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा किससे खरीदा गया था और प्रयागराज में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

SSP बोले- पूरे नेटवर्क तक पहुंचना लक्ष्य

जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय से मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा पकड़ा गया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग:चेकिंग के नाम पर बुजुर्ग से 80 हजार की अंगूठियां ठगीं, महिला से चेन लूटने की कोशिश

Published

on

कोरबा। कोरबा में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं सामने आई हैं। दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो ठगों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर 65 साल के बुजुर्ग से दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। वहीं, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार दो युवकों ने चेन खींचने की कोशिश की। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस चेकिंग का झांसा देकर 80 हजार की अंगूठियां ले गए

दर्री थाना क्षेत्र के प्रगति नगर रोड पर 65 साल के भागीराम कर्म के साथ ठगी हुई। वह CISF क्वार्टर ऑफिस के सामने मेन रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।

ठगों ने बुजुर्ग से कहा कि आगे पुलिस चेकिंग चल रही है, इसलिए सोना-चांदी उतार दें। उनकी बातों में आकर भागीराम ने अपनी दो सोने की अंगूठियां उतार दीं। आरोपी अंगूठियां लेकर बाइक से फरार हो गए। इनकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 360/26 के तहत BNS की धारा 304(2), 3(5) में मामला दर्ज किया है।

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन खींचने की कोशिश

दूसरी घटना कोरबा शहर के एमपी नगर मुख्य मार्ग की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ घंटाघर की ओर मॉर्निंग वॉक पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की।

अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर गईं। हालांकि चेन नहीं टूटी और बदमाशों की कोशिश नाकाम हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।

सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एक महीने में तीसरी ऐसी घटना

कोरबा में इस तरह की यह हाल की तीसरी घटना बताई जा रही है। करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पुलिस चेकिंग का झांसा दिया था। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन लेकर फरार हो गए थे।

दोनों नए मामलों में पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। व्यस्त सड़कों पर दिनदहाड़े हुई इन घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है।

पुलिस बोली- जांच जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत के बाद दोनों मामलों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और अन्य जानकारी जुटा रही है। आगे की जांच जारी है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में कुआं धंसने से ग्रामीण मलबे में दबा:गुरमा की घटना, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Published

on

कोरबा। कोरबा के ग्राम पंचायत गुरमा में घर के पास बाड़ी में बने कुएं से पानी निकालते समय अचानक कुआं करीब 15 फीट नीचे धंस गया। इसकी चपेट में आने से 55 साल के ग्रामीण सोनसाय मंझवार मलबे में दब गए। घटना को 24 घंटे से ज्यादा समय हो गया है, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल पाया है।

घटना 1 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सोनसाय अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान कुएं की मिट्टी और आसपास का हिस्सा अचानक भरभराकर धंस गया। सोनसाय मलबे के साथ कुएं के अंदर दब गए। बताया गया है कि यह कुआं साल 2017 में सरकारी योजना के तहत बनाया गया था।

आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण

घटना के समय परिजनों की नजर कुएं की ओर गई तो उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सोनसाय को निकालने की कोशिश की, लेकिन कुआं गहरा होने और काफी मिट्टी जमा होने के कारण उन्हें नहीं निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

दो JCB से चल रहा रेस्क्यू

सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिए कुएं के आसपास घेरा बना दिया और लोगों को दूर रहने की हिदायत दी।

जिला प्रशासन ने भी तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। मौके पर दो JCB मशीनों से लगातार मलबा हटाया जा रहा है। इसके अलावा HDRF बिलासपुर और जिला आपदा मोचन बल, नगर सेना कोरबा की टीम भी रेस्क्यू में जुटी हुई है।

24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

घटना के बाद से लगातार मलबा हटाकर सोनसाय की तलाश की जा रही है। रेस्क्यू टीम काफी मशक्कत कर रही है, लेकिन अब तक ग्रामीण का कोई सुराग नहीं मिला है।

हादसे के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे हुए हैं। पुलिस लोगों को कुएं के पास जाने से रोक रही है। प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने की कोशिश की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677