Connect with us

कोरबा

St. Xaviers Public School से अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र को निष्कासित करने का मामला तूल पकड़ा, परिजन ने शिक्षक जितेन्द्र कुमार पांडेय और प्रबंधन पर अपराध दर्ज करने की मांग

Published

on

कोरबा। St. Xaviers Public School, कोरबा से कक्षा 12वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र को निष्कासित किए जाने का मामला अब गरमा गया है। परिजन का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक जितेन्द्र कुमार पांडेय ने व्यक्तिगत दुर्भावना के चलते छात्र को झूठे प्रकरण में फंसाया और विद्यालय प्रबंधन ने भी शिक्षक का साथ देते हुए छात्र को बीच सत्र में निकाल दिया।
परिवार का कहना है कि छात्र ने पूर्व में शिक्षक की अनुचित गतिविधियों और धमकियों का विरोध किया था। इसी के बाद से शिक्षक ने बदले की भावना से उसे निशाना बनाना शुरू कर दिया। 22 जुलाई 2025 को हुई कथित मारपीट की घटना में छात्र का कोई प्रत्यक्ष संबंध न होने के बावजूद उसका नाम एफआईआर में दर्ज कराया गया। जबकि अन्य आरोपियों को “साथी” बताकर छोड़ दिया गया।
पीड़ित छात्र की जन्मतिथि 19 दिसंबर 2007 है, यानी वह नाबालिग है। इसके बावजूद उसके खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2), 3(5) में FIR दर्ज कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि यह Juvenile Justice Act, 2015 का उल्लंघन है, क्योंकि 7 वर्ष से कम सजा वाली धाराओं में नाबालिग पर एफआईआर दर्ज नहीं होनी चाहिए। शिकायत में कहा गया है कि पुलिस ने FIR को CCTNS पोर्टल पर सार्वजनिक भी कर दिया, जबकि JJ Act की धारा 74 स्पष्ट रूप से नाबालिग की पहचान छिपाने का प्रावधान करती है।
परिजन बताते हैं कि उन्होंने पहले विद्यालय प्रबंधन और प्रिंसिपल से बात की और इसके बाद लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब मजबूर होकर उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत शिक्षक जितेन्द्र कुमार पांडेय और विद्यालय प्रबंधन पर अपराध दर्ज करने की मांग की है।
इस घटना ने शिक्षा जगत और अभिभावकों के बीच चिंता पैदा कर दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब JJ Act और SC/ST Act जैसे कड़े कानून मौजूद हैं, तो फिर नाबालिग छात्र के साथ इस तरह का अन्याय कैसे हो गया और क्यों शिक्षा विभाग ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया। अब सबकी नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

भगवान सहस्त्रबाहु जयंती समारोह में शामिल हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूजा-अर्चना कर समाज को दी शुभकामनाएं

Published

on

जायसवाल कलार समाज का सामाजिक विकास एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठित करने में महत्वपूर्ण योगदान : जयसिंह अग्रवाल

कोरबा। भगवान सहस्त्रबाहु जयंती के पावन अवसर पर आज छत्तीसगढ़ कलार महासभा परिक्षेत्र, कोरबा द्वारा SECL हेलीपैड के समीप स्थित जायसवाल समाज के सामाजिक भवन में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के प्रथम सत्र में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय जायसवाल प्रथम सत्र के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता कर समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर समाज के लोगों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने समस्त समाजजनों को भगवान सहस्त्रबाहु जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जायसवाल कलार समाज ने सामाजिक एकता, संगठन, शिक्षा, संस्कृति एवं समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाज की संगठित शक्ति और आपसी सहयोग ही उसकी प्रगति का आधार है। उन्होंने समाज द्वारा आयोजित भव्य समारोह एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजकों और समस्त समाजजनों को बधाई दी।

श्री अग्रवाल ने कहा कि अपने मंत्रीत्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सभी समाजों की सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनेक समाजों को भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने की पहल की थी। उनका सदैव प्रयास रहा है कि प्रत्येक समाज को अपने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवसर मिलने पर समाज की आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे कोरबा नगर पालिक निगम के पार्षद एवं समाज के कोरबा अध्यक्ष अनुज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जयसिंह अग्रवाल का समाज के प्रति योगदान केवल भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भवन में पानी, बिजली सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उनके प्रयासों से उपलब्ध कराई गईं।

उन्होंने कहा कि श्री अग्रवाल ने हमेशा समाज के सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान, सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा आपसी सद्भाव एवं समरसता को बढ़ावा देने के लिए सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने समाज की ओर से श्री अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

समारोह में समाज के पदाधिकारीगण, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

Continue Reading

कोरबा

उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की लोकमंगल एवं जनकल्याण की कामना

Published

on

कोरबा। पूर्वांचल के लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल आज प्रातः कोरबा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ उदीयमान भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली बनाए रखने की मंगल कामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है, जो आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है।

इस अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बी.एन. सिंह, दर्री ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित पूर्वांचल समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का समापन, ई-आवास पोर्टल का शुभारंभ

Published

on

पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी आवास आवंटन की दिशा में महत्वपूर्ण डिजिटल पहल

बिलासपुर/कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में 17 अगस्त 2026 से 16 नवंबर 2026 तक संचालित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल का लोकार्पण किया गया। यह पोर्टल आवास आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एसईसीएल की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है।

पोर्टल का लोकार्पण हरीश दुहन, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एसईसीएल द्वारा बिरंची दास, निदेशक (मानव संसाधन); डी. सुनील कुमार, निदेशक (वित्त); हिमांशु जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा नृपेंद्र नाथ, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

‘ई-आवास’ पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन विभाग एवं सिस्टम विभाग के समन्वित सहयोग से किया गया है। यह पोर्टल कर्मचारियों को आवास संबंधी सेवाएँ एकीकृत एवं डिजिटल माध्यम से प्रदान करेगा तथा आवास आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को न्यूनतम करते हुए पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करेगा।

अपने संबोधन में हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन एवं सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विशेष रूप से मानव संसाधन विभाग द्वारा कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई इस प्रणाली की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि इससे आवास प्रबंधन और आवंटन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनेगी।

ई-आवास पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं ट्रैकिंग, HR/SAP आधारित सत्यापन, स्वचालित वरिष्ठता सूची निर्माण, नियमानुसार आवास आवंटन, आरक्षण एवं विशेष प्रावधानों का अनुपालन, डिजिटल आवंटन आदेश जारी करना, आवासों की रियल-टाइम स्थिति, आवास परिवर्तन एवं पारस्परिक विनिमय की सुविधा तथा सुरक्षित डिजिटल अभिलेख एवं ऑडिट ट्रेल जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

श्री दुहन ने यह भी कहा कि तीन माह के सतर्कता अभियान की समाप्ति के बाद भी इस दौरान प्राप्त सीख और अपनाई गई सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि पारदर्शिता, सतर्कता तथा सत्यनिष्ठा संगठन के प्रत्येक स्तर पर और अधिक सुदृढ़ हो सके।
निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ई-आवास पोर्टल का लोकार्पण एसईसीएल में डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन एवं कर्मचारी-केंद्रित मानव संसाधन प्रबंधन को नई दिशा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677