Connect with us

देश

17 लाख करोड़ का अडानी साम्राज्य कौन संभालेगा? Gautam Adani ने बताया किसे सौंपेंगे गद्दी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। देश के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी ने अपने कारोबारी साम्राज्य के भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। करीब चार दशक पहले कोयले के कारोबार से शुरुआत करने वाले गौतम अडानी ने आज लगभग 17 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण वाला अडानी ग्रुप खड़ा कर दिया है। अब उन्होंने यह भी तय कर लिया है कि भविष्य में उनके कारोबार की कमान किसके हाथों में होगी। फॉर्च्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडानी अपना पूरा कारोबार किसी एक उत्तराधिकारी को सौंपने के बजाय परिवार के चार युवाओं की टीम को सौंपना चाहते हैं।

इस टीम को ‘G2 लीडरशिप’ नाम दिया गया है। इसमें उनके दो बेटे करण अडानी और जीत अडानी के साथ दो भतीजे प्रणव अडानी और सागर अडानी शामिल हैं। ये चारों पहले से ही समूह की अलग-अलग कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

उत्तराधिकारियों से क्या चाहते हैं गौतम अडानी?

गौतम अडानी का मानना है कि नेतृत्व केवल विरासत में नहीं मिलता, बल्कि इसे अपनी योग्यता से साबित करना पड़ता है। वह चाहते हैं कि अगली पीढ़ी उनसे भी बड़े स्तर पर सोचे, पुरानी धारणाओं को चुनौती दे और भविष्य के कारोबार खड़े करने का धैर्य रखे।

उनके मुताबिक, उत्तराधिकारियों में जोखिम उठाने का साहस, दूसरों से सीखने की क्षमता और विनम्रता होनी चाहिए। साथ ही उन्हें यह समझना होगा कि कोई भी संस्थान किसी व्यक्ति या परिवार से बड़ा होता है।

कौन हैं G2 लीडरशिप के चार चेहरे?

1. प्रणव अडानी: 48 वर्षीय प्रणव चारों में सबसे अनुभवी हैं। वह अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। अडानी टोटल गैस और रियल्टी कारोबार में भी उनकी अहम भूमिका है।

2. करण अडानी: गौतम अडानी के बड़े बेटे करण 39 वर्ष के हैं। वह अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और सीमेंट कारोबार की जिम्मेदारी उनके पास है।

3. सागर अडानी: 32 वर्षीय सागर अडानी ग्रीन एनर्जी कारोबार का प्रमुख चेहरा हैं। वह अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और सोलर तथा विंड एनर्जी कारोबार संभालते हैं।

4. जीत अडानी: गौतम अडानी के छोटे बेटे 29 वर्षीय जीत अडानी एयरपोर्ट कारोबार के डायरेक्टर हैं। वह AI, डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल जैसे नए क्षेत्रों पर भी ध्यान दे रहे हैं।

17 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबारी साम्राज्य

अडानी ग्रुप पोर्ट्स, पावर, सीमेंट, एयरपोर्ट, गैस और ग्रीन एनर्जी समेत 24 से अधिक क्षेत्रों में कारोबार करता है। वित्त वर्ष 2026 में समूह का राजस्व करीब 3 लाख करोड़ रुपए रहा। अब G2 लीडरशिप के जरिए समूह भविष्य की पीढ़ी के नेतृत्व के लिए तैयारी कर रहा है।

Continue Reading

देश

मोदी शुक्रवार को कर्नाटक और गुजरात जायेंगे, 15,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार और शनिवार को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे जहां वह बेंगलुरु में 15,600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें शहरी परिवहन, बिजली, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम, कचरा प्रबंधन और रेलवे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को बताया कि मोदी बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे खंड का उद्घाटन करेंगे और तावरेकेरे से भारतीय प्रबंधन संस्थान बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक यात्रा भी करेंगे। वह मंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित चार रेलवे स्टेशनों चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु- मंगलुरु- मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखायेंगे। यह रेल सेवा कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा के बीच तेज रेल संपकर् उपलब्ध कराएगी। वह 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वंडाल रेल लाइन दोहरीकरण खंड और 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेल खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। बेंगलुरु में प्रधानमंत्री प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह स्वर्ण जयंती प्रशासनिक भवन की आधारशिला रखेंगे और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के नए परिसर की शुरुआत करेंगे।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के संपीड़ति बायोगैस संयंत्र की आधारशिला भी रखेंगे। यह संयंत्र प्रतिदिन लगभग 300 टन नगरपालिका ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन संपीड़ति बायोगैस का उत्पादन करेगा। शुक्रवार को मैसूरु में प्रधानमंत्री‘भारत वन’में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। यह देश का पहला एलईडी गुंबद वाला तारामंडल है। चौदह नवंबर को प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा स्थित अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है। 

Continue Reading

देश

कोरोना ने फिर बढ़ाई टेंशन; कनाडा से निकला नया वेरिएंट कई देशों तक पहुंचा, अमेरिका और यूरोप भी चपट में

Published

on

वाशिंगठन, एजेंसी। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट PJ.2.1 दुनिया के कई देशों में फैल रहा है। मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार इसकी पहचान हुई थी। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी इसके संक्रमण सामने आए हैं। इसके तेजी से बढ़ते प्रसार ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है और एक बार फिर कोरोना संक्रमण की नई लहर की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।  ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शुरुआती शोध के मुताबिक, PJ.2.1 कोरोना वायरस का एक अत्यधिक परिवर्तित रूप है। इसके स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में आनुवंशिक बदलाव हुए हैं। हालांकि, शुरुआती प्रयोगों से संकेत मिला है कि इसके तेजी से फैलने की वजह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को चकमा देने की क्षमता के बजाय इंसानी कोशिकाओं से मजबूती से जुड़ने की क्षमता हो सकती है।
 

कोरोना वायरस का स्पाइक प्रोटीन उसकी बाहरी सतह पर मौजूद संरचना होती है। इसी की मदद से वायरस इंसानी कोशिकाओं तक पहुंचता है और उनमें प्रवेश करता है। PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में बदलाव पाए गए हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इतने अधिक बदलाव वाले वायरस को ‘साल्टेशन वेरिएंट’ कहा जाता है। ऐसे वेरिएंट में सामान्य रूप से धीरे-धीरे बदलाव होने के बजाय एक साथ बड़ी संख्या में आनुवंशिक परिवर्तन दिखाई देते हैं। ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शोध के अनुसार, PJ.2.1 की तेजी से फैलने की एक संभावित वजह ACE2 रिसेप्टर से इसका मजबूत जुड़ाव है। ACE2 इंसानी कोशिकाओं की सतह पर मौजूद एक रिसेप्टर है, जिसका इस्तेमाल कोरोना वायरस कोशिकाओं में प्रवेश करने के लिए करता है। प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन ने कुछ अन्य वेरिएंट की तुलना में कोशिकाओं में प्रवेश की अधिक क्षमता दिखाई। शोधकर्ताओं का मानना है कि ACE2 से मजबूत जुड़ाव इस वेरिएंट के प्रसार को बढ़ावा दे सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी और अध्ययन की जरूरत है।

क्या वैक्सीन की इम्युनिटी को दे सकता चकमा ? 
नए वेरिएंट को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्या यह पहले से बनी प्रतिरक्षा को कमजोर कर सकता है। शुरुआती शोध में इस सवाल का कुछ हद तक जवाब मिला है।  शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने नए वेरिएंट के अनुरूप तैयार की गई वैक्सीन की खुराक ली थी, उनके शरीर में बनी एंटीबॉडी PJ.2.1 को निष्क्रिय करने में प्रभावी रहीं। अध्ययन में इस वेरिएंट ने दूसरे प्रमुख वेरिएंट की तुलना में एंटीबॉडी से बच निकलने की असाधारण क्षमता नहीं दिखाई।  इससे संकेत मिलता है कि इसका तेजी से फैलना केवल प्रतिरक्षा को चकमा देने की वजह से नहीं है। हालांकि, अलग-अलग लोगों में प्रतिरक्षा का स्तर अलग हो सकता है और इस विषय पर निगरानी जरूरी है।

कनाडा से अमेरिका और यूरोप तक फैला
शोध के अनुसार, PJ.2.1 की पहली पहचान 2 मई 2026 को कनाडा के ओंटारियो में हुई थी। इसके बाद कनाडा के अन्य प्रांतों में भी इसके मामले सामने आए।30 जून को अमेरिका के न्यूयॉर्क में इसका पहला मामला मिला। इसके बाद कैलिफोर्निया, एरिजोना, न्यू जर्सी, वर्जीनिया, फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई। इसके अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजराइल, फ्रांस और स्पेन में भी इस वेरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई है।  PJ.2.1 के तेजी से फैलने से कोरोना संक्रमण की एक और लहर को लेकर सवाल उठने लगे हैं।  शुरुआती शोध में इस वेरिएंट के अधिक गंभीर बीमारी पैदा करने, अस्पताल में भर्ती होने या मौतों का खतरा बढ़ाने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके व्यवहार, प्रसार और मौजूदा प्रतिरक्षा पर प्रभाव को समझने के लिए लगातार निगरानी और विस्तृत अध्ययन जरूरी है। 

Continue Reading

देश

अचानक सोने के गिरे दाम, चांदी भी 5,000 हुई सस्ती

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। दिवाली की छुट्टियों के कारण कारोबार सुस्त रहने से सोना 800 रुपये टूटकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार के कारोबारी सत्र में 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को इसकी कीमत 800 रुपये घटकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई। चांदी की कीमतें भी दो सत्र तक स्थिर रहने के बाद नीचे आईं। यह 5,000 रुपये लुढ़ककर 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जबकि मंगलवार को इसका भाव 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ”दिवाली की छुट्टियों के दौरान घरेलू कारोबार सुस्त रहने और कई स्थानीय बाजार बंद होने के कारण बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई।” उन्होंने कहा कि लगातार बनी महंगाई और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख के संकेतों से कीमती धातुओं का परिदृश्य अनिश्चित बना हुआ है। इससे डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल ऊंचा रह सकता है, जिससे सोने की कीमतों में तेजी की संभावनाएं सीमित होंगी। वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,047.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 52.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि पिछले कारोबारी सत्र में तेज गिरावट के बाद हाजिर सोना 4,051 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर होने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक घटनाक्रम भी बाजार के केंद्र में रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि संघर्ष अब खत्म हो चुका है, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध प्रभावी रूप से समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की संभावनाएं बढ़ी हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677