Connect with us

देश

चंद्रशेखरन की तीसरे कार्यकाल के लिए नियुक्ति को बंबई उच्च न्यायालय में चुनौती देगा टाटा ट्रस्ट

Published

on

मुंबई, एजेंसी। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आर डी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) बंबई उच्च न्यायालय में टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे। वे एन चंद्रशेखरन को कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने को चुनौती देंगे। एसडीटीटी 50 करोड़ रुपए और आरडीटीटी 15 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग करेंगे। दोनों ट्रस्ट इस राशि पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगेंगे। 

दोनों ट्रस्टों की ओर से दायर किए जाने वाले मुकदमों के अनुसार, चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने का 17 सितंबर का फैसला अमान्य था, क्योंकि इसे कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन में मत नहीं मिला था। यह विवाद 17 सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रशेखरन को टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन अगले पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के बाद शुरू हुआ। दोनों ट्रस्ट ने बुधवार रात बंबई उच्च न्यायालय जाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी। उनका कहना है कि 17 सितंबर के बाद से इस मामले में भेजे गए पत्रों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। 

ट्रस्ट तत्काल राहत के तौर पर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि 30 नवंबर की बैठक में निदेशकों के बीच मतभेद होने की स्थिति में चेयरमैन अपने निर्णायक मताधिकार का इस्तेमाल न कर सकें। नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ट्रस्ट ने 17 सितंबर को पारित निदेशक मंडल के प्रस्ताव को चुनौती दी है। ट्रस्ट ने 20 सितंबर को जारी बयान में कहा था कि यह प्रस्ताव वैध रूप से पारित नहीं हुआ और इसका कोई कानूनी प्रभाव नहीं है। इस विवाद के केंद्र में टाटा संस के अंतर्नियम और ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों को दिए गए विशेष अधिकार हैं। टाटा संस के निदेशक मंडल में ट्रस्ट के दो नामित निदेशक नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन हैं। 

17 सितंबर को नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ मतदान किया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके समर्थन में मतदान किया था। ट्रस्ट के अनुसार, दोनों नामित निदेशकों का इस फैसले के समर्थन में मतदान करना जरूरी था। ट्रस्ट ने सितंबर में जारी बयान में कहा था कि टाटा संस के अंतर्नियमों के मुताबिक, टाटा ट्रस्ट की ओर से नामित कम से कम अधिकतर निदेशकों का समर्थन मिले बिना कोई फैसला नहीं लिया जा सकता। उसने कहा था कि अंतर्नियमों में यह एक अलग शर्त है और निदेशक मंडल का कोई फैसला केवल निदेशकों की कुल संख्या के आधार पर नहीं लिया जा सकता।  

Continue Reading

देश

CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस:सरकार बोली- पासपोर्ट पर पिता के नाम का कॉलम खाली, जन्मस्थान और पते में भी फर्क

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है।

सरकार के मुताबिक, उनके पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली है। इसके अलावा जन्मस्थान, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर मिला है। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।

दरअसल, 23 नवंबर को सौरव को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया था। उन्हें ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलना था।

इसके बाद 24 नवंबर को सौरव दास ने विदेश जाने से रोके जाने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी। सुनवाई के दौरान केंद्र ने बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।

वहीं, मुंबई पुलिस ने CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके और को-कन्वीनर आशुतोष रांका के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। यह कार्रवाई गांधी जयंती के दिन दादर के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन से जुड़ी FIR के सिलसिले में की गई है।

23 नवंबर की रात सौरव को लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोका गया था। उन्होंने इंस्टाग्राम में वीडियो पोस्ट करके इसकी जानकारी दी थी।

23 नवंबर की रात सौरव को लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोका गया था। उन्होंने इंस्टाग्राम में वीडियो पोस्ट करके इसकी जानकारी दी थी।

दास बोले- मुझे नोटिस की जानकारी नहीं दी गई

दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि सौरव को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश जाने से रोकने के बारे में पहले नहीं बताया गया था। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था।

वकील ने कोर्ट से लुकआउट नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। इस पर केंद्र ने कहा कि लुकआउट नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती। हालांकि, अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।

सरकार बोली- पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया, सिर्फ विदेश जाने से रोका

केंद्र ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को नोटिस भेजा गया था। इसके 4 मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।

सरकार ने कहा कि दास का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है। उन्हें सिर्फ विदेश यात्रा न करने को कहा गया था।

सौरव का आरोप- मेरा पासपोर्ट लीक किया गया

सौरव ने बुधवार को X पर लिखा कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने मेरा पासपोर्ट लीक कर दिया है। यह चिंता का विषय है। क्या विदेश मंत्रालय बताएगा कि नागरिकों के पासपोर्ट इस तरह लीक होना सामान्य बात है? क्या नए भारत में किसी की निजी जानकारी सार्वजनिक करना कानूनी कर दिया गया है?

सौरव को ऑक्सफोर्ड ने कॉकरोच मूवमेंट पर बोलने के लिए बुलाया

सौरव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके बताया था कि मुझे ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए यूके जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन मुझे इसमें जाने नहीं दिया गया। इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया था।

उन्होंने बताया कि मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के इनवाइट किया गया था।

हालांकि, आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है। इसमें सौरव को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है। यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

Continue Reading

देश

सपा का घोषणापत्र- युवाओं को हर महीने रू.5000 बेरोजगारी भत्ता:शिक्षा मित्रों को टीचर जैसा वेतन, गांवों में 300 यूनिट बिजली फ्री, किसानों का कर्ज माफ

Published

on

लखनऊ, एजेंसी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को घोषणा-पत्र जारी किया। इसमें युवाओं को हर महीने रू.5,000 बेरोजगारी भत्ता देने, वृद्ध महिलाओं को सालाना रू.40 हजार और 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को टीचर्स के बराबर वेतन देने का ऐलान किया है।

इसके अलावा, गरीब परिवारों को रू.10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा देने, बंद स्कूलों को फिर से खोलने और पुरानी पेंशन बहाल करने की दिशा में काम करने का वादा किया।

अखिलेश ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को अच्छा वेतन दिया जाएगा। उन्हें नौकरी में पक्का करने के लिए भी काम करेंगे।

अखिलेश के बड़े ऐलान: किसानों का कर्जा माफ, होगा 25 लाख सरकारी नौकरियां

गन्ना किसान: 24 घंटे में भुगतान के लिए रू.15 हजार करोड़ का फंड।

ग्रामीण विकास: गांवों के बुनियादी ढांचे पर रू.1.5 लाख करोड़ खर्च होंगे।

समाजवादी कैंटीन: महिलाओं और गरीबों को रू.5 में भोजन।

कर्ज माफी: किसानों का तत्काल कर्ज माफ होगा।

रोजगार: 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां और 2-3 करोड़ युवाओं को रोजगार।

शहरी रोजगार: शहरों में रोजगार के लिए अर्बन एम्प्लॉयमेंट गारंटी एक्ट।

पेंशन: बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों, महिला श्रमिकों और कारीगरों को ₹40 हजार सालाना पेंशन।

अखिलेश बोले- गोमती के साथ वरुणा नदी भी साफ कराते

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर गोमती नदी की सफाई का काम एक किलोमीटर के दायरे में पूरा हो गया होता तो यह शहर के अंदर साफ बहने वाली पहली नदी होती। उन्होंने कहा कि लखनऊ के साथ वरुणा नदी को भी साफ कराने का काम करते।

अखिलेश बोले- माफिया और गुंडों पर तत्काल कार्रवाई होगी

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में किसी भी माफिया या गुंडे को पनपने नहीं दिया जाएगा। उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। व्यापारी, दुकानदार और उद्यमियों को कोई बाहुबली या गुंडा परेशान नहीं कर पाएगा। उनके उत्पीड़न को रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। इसके तहत डायल-112 की गाड़ियां तैनात रहेंगी।

अखिलेश बोले- सरकारी अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत

अखिलेश यादव ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब वहां मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मेडिकल लापरवाही का उदाहरण देते हुए बताया कि एक मरीज पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल में भर्ती हुआ था। सही इलाज न मिलने के कारण एक हफ्ते में उसका हाथ काटना पड़ा।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने उस मरीज का पूरा इलाज कराया। उसे आधुनिक कृत्रिम हाथ भी लगवाया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही उस व्यक्ति को कृत्रिम हाथ लगा हुआ दिखेगा, जिसका भाजपा सरकार में इलाज न मिलने के कारण हाथ काटना पड़ा था।

Continue Reading

देश

Credit Card Spending: त्योहारों में भारतीयों ने जमकर स्वाइप किए क्रेडिट कार्ड, अक्टूबर में खर्च किए रू.2.45 लाख करोड़

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में दशहरा और दिवाली के त्योहारों के दौरान खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान और दूसरी जरूरतों पर जमकर पैसा खर्च किया। इस दौरान क्रेडिट कार्ड से भुगतान भी तेजी से हुआ। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल 2.45 लाख करोड़ रुपए खर्च किए गए। सितंबर में यह रकम 2.04 लाख करोड़ रुपए थी यानी एक महीने में क्रेडिट कार्ड खर्च में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले भी इस बार क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में 14.4 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। आंकड़ों से साफ है कि त्योहारी खरीदारी के दौरान लोगों ने डिजिटल भुगतान के साथ-साथ क्रेडिट कार्ड को भी खूब पसंद किया।

HDFC Bank के ग्राहकों ने सबसे ज्यादा खर्च किए पैसे

क्रेडिट कार्ड से खरीदारी के मामले में HDFC Bank ने अपनी बादशाहत कायम रखी। अक्टूबर में बैंक के ग्राहकों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए 70,115 करोड़ रुपए खर्च किए। सितंबर के मुकाबले इसमें 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, SBI Card इस सूची में दूसरे स्थान पर रहा। इसके ग्राहकों ने अक्टूबर में 45,797 करोड़ रुपए की खरीदारी की, जो सितंबर की तुलना में 31 फीसदी अधिक है।

ICICI Bank के क्रेडिट कार्ड खर्च में सबसे तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। बैंक का कुल खर्च 37 फीसदी उछलकर 42,295 करोड़ रुपए पहुंच गया। दूसरी तरफ, Axis Bank के ग्राहकों ने अक्टूबर में 30,211 करोड़ रुपए खर्च किए। इसमें महीने-दर-महीने आधार पर 30.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दुकानों से ज्यादा ऑनलाइन शॉपिंग पर खर्च

त्योहारी सीजन में लोगों का रुझान ऑनलाइन खरीदारी की तरफ ज्यादा रहा। कुल 2.45 लाख करोड़ रुपए के क्रेडिट कार्ड खर्च में से 1.54 लाख करोड़ रुपए ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खर्च किए गए। यह कुल खर्च का लगभग 63 फीसदी है।

इसके मुकाबले दुकानों और शोरूम में लगी पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इससे पता चलता है कि ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट लोगों की खरीदारी का अहम हिस्सा बन चुके हैं।

अक्टूबर में जुड़े 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड

क्रेडिट कार्ड से खर्च बढ़ने के साथ ही नए कार्ड जारी होने की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अक्टूबर में देश के प्रमुख बैंकों ने करीब 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए। इसके साथ ही देश में सक्रिय क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या सितंबर के 12.53 करोड़ से बढ़कर अक्टूबर में 12.67 करोड़ हो गई। यह दर्शाता है कि देश में क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोगों का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

छोटे खर्चों के लिए भी बढ़ा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल

क्रेडिट कार्ड अब केवल बड़ी खरीदारी या महंगे सामान लेने तक सीमित नहीं रह गए हैं। लोग इनका इस्तेमाल रोजमर्रा के छोटे भुगतान के लिए भी कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, सालाना आधार पर क्रेडिट कार्ड से होने वाले कुल ट्रांजैक्शन की संख्या 32 फीसदी बढ़कर 68.3 करोड़ हो गई। हालांकि, इस दौरान प्रति ट्रांजैक्शन औसत खर्च में गिरावट आई है।

एक साल पहले जहां क्रेडिट कार्ड से एक ट्रांजैक्शन पर औसतन 4,133 रुपए खर्च किए जाते थे, वहीं अक्टूबर में यह रकम घटकर 3,585 रुपए रह गई। इससे संकेत मिलता है कि अब लोग बड़े बिलों के साथ-साथ छोटे-मोटे भुगतान के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। त्योहारी खरीदारी के आंकड़े देश में बढ़ते डिजिटल भुगतान और बदलती उपभोक्ता आदतों की तस्वीर पेश करते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677