Connect with us

कोरबा

कोरबा में बाइक की टक्कर से टीचर की मौत:स्कूल के पास सड़क पार करते समय हुआ हादसा, बाइक सवार एक घायल और दूसरा फरार

Published

on

कोरबा/कटघोरा। कोरबा के कटघोरा विकासखंड के ग्राम जेजरा में बुधवार को एक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। उन्हें तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, जेजरा निवासी शिक्षक अजय थवाईत स्कूल जा रहे थे। उनकी पत्नी उन्हें स्कूल छोड़कर वापस लौट चुकी थी। अजय थवाईत पैदल स्कूल के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में घायल टीचर की अस्पताल में मौत

स्थानीय लोगों ने तत्काल कटघोरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्कूल के साथी मौके पर पहुंच गए।

इस हादसे में बाइक सवार एक युवक भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

हादसे की वजह बनी तेज रफ्तार बाइक

कटघोरा पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जेजरा स्कूल के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, लेकिन यहां स्पीड ब्रेकर या ट्रैफिक नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से स्कूल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Continue Reading

कोरबा

बेकाबू ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा, 9 की मौत:बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हादसा, हाईकोर्ट ने सरकार से कहा था- प्रभावी कदम उठाइए

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को कुचल दिया। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में 9 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।

1 साल में मवेशियों के कुचले जाने की यह चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले जुलाई 2025 में मस्तूरी-रायपुर नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने 23 गायों को कुचल दिया था, इनमें से 18 गायों की मौत हुई थी। इस घटना से पहले बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर ट्रक ने 15 गायों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी थी, हादसे में सभी गायों की मौत हो गई थी।

वहीं, सितंबर 2025 में रतनपुर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने गायों के झुंड को रौंद दिया था। इसमें एक गर्भवती गाय समेत 8 गायों की जान चली गई। गर्भवती गाय का पेट फट गया था, जिससे बछड़ा बाहर आ गया था। इन सभी बड़ी घटनाओं पर हाईकोर्ट सख्ती दिखा चुका है। इसके अलावा भी प्रदेश में कई हादसे आए दिन होते रहते हैं।

मृत 9 मवेशियों का अंतिम संस्कार

बुधवार सुबह गतौरी के पास ग्रामीणों और राहगीरों ने सड़क पर लहूलुहान पड़े मवेशियों को देखा और इसकी सूचना पुलिस व गौसेवकों को दी।

मौके पर पहुंची टीम ने गौसेवकों की मदद से घायल नंदी का रेस्क्यू कर उसे छतौना स्थित गौरी गोपाल गौसेवा धाम भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मृत 9 मवेशियों का गौसेवकों ने अंतिम संस्कार किया।

हाईकोर्ट में लगातार सुनवाई जारी

दरअसल, सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर लगातार सुनवाई चल रही है। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट कई बार राज्य सरकार और एनएचएआई पर नाराजगी जता चुका है।

हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव और एनएचएआई के अधिकारियों को मवेशियों को सड़कों पर आने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं। इसके बावजूद हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी कम नहीं हो रही है और लगातार हादसे हो रहे हैं।

हाईकोर्ट कितनी बार सख्त हुआ?

1. जुलाई 2025: रतनपुर हाईवे हादसे पर स्वत: संज्ञान

  • 17 गोवंश की मौत की घटना पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया।
  • मुख्य सचिव से व्यक्तिगत हलफनामा मांगा।
  • पूछा कि इतनी बड़ी लापरवाही के लिए किस अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई।
  • कोर्ट ने कहा कि पहले भी कई बार निर्देश देने के बावजूद ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय हैं।

2. 2025 में लंबित जनहित याचिका की निगरानी

  • हाईकोर्ट ने सड़कों पर आवारा गोवंश के मुद्दे पर सुनवाई जारी रखी।
  • सरकार और NHAI से प्रभावी कार्ययोजना मांगी।
  • कहा कि केवल गौधाम बनाना पर्याप्त नहीं, उनका संचालन भी प्रभावी होना चाहिए ताकि गोवंश सड़क पर न आए।
  • मुख्य सचिव, पशुपालन विभाग और अन्य एजेंसियों से नियमित प्रगति रिपोर्ट मांगी गई।

सरकार ने कोर्ट को क्या बताया?

  • गोवंश के लिए नए शेड स्वीकृत किए गए।
  • हाईवे पर गोवंश के गले में रेडियम पट्टी लगाने का अभियान शुरू किया गया।
  • कुछ गो-मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
  • NHAI ने बैरियर और शेड निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
  • फेंसिंग, स्पीड लिमिट और गौ एम्बुलेंस की मांग
  • 4 अगस्त को हुए हादसे के बाद सामाजिक संगठनों और गौसेवकों ने नेशनल और स्टेट हाईवे पर गौ सुरक्षा फेंसिंग लगाने की मांग उठाई। गौसेवकों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।
  • साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में गति सीमा निर्धारित करने, प्रत्येक जिले में गौ एम्बुलेंस की व्यवस्था करने और आवारा मवेशियों के लिए पर्याप्त शेड व चारे की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।

Continue Reading

कोरबा

बाइक विवाद में दोस्तों में मारपीट, एक घायल:कोरबा रेलवे स्टेशन के सामने हुई घटना, पुलिस ने की कार्रवाई

Published

on

कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर सोमवार को दो दोस्तों के बीच मारपीट हो गई। बाइक को लेकर हुए विवाद में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक के हाथ में चोट आई और वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सीतामढ़ी स्टेशन क्षेत्र के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। घटना के समय उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।

राहगीरों ने तुरंत 112 और कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायल को इलेक्ट्रिक ऑटो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद बाइक को लेकर सामने आया है। आरोप है कि एक दोस्त बाइक लेकर चला गया था और उसे वापस नहीं कर रहा था, इसी बात पर दोनों में मारपीट हुई।

पुलिस ने घायल युवक का अस्पताल में बयान लेने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित ने अपने दोस्त के खिलाफ किसी भी तरह की शिकायत या कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।

सीएसपी के मुताबिक, पीड़ित युवक ने बताया कि उसे अपने दोस्त पर भरोसा है। उसने कहा कि यह घटना गलती से हुई थी और वह कोई कार्रवाई नहीं चाहता।

फिर भी, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। सीएसपी ने बताया कि उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में धर्म सेना ने फूंका पप्पू यादव का पुतला:राम मंदिर पर कथित टिप्पणी का विरोध, आंदोलन की चेतावनी दी

Published

on

कोरबा। कोरबा में धर्म सेना ने जिला अध्यक्ष साकेत शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए संसद के बाहर राम मंदिर और पुजारियों के खिलाफ कथित अभद्र नाटक का विरोध किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

धर्म सेना के जिला अध्यक्ष साकेत शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संसद परिसर के बाहर राम मंदिर और पुजारियों के खिलाफ कथित रूप से अभद्र नाटक किया, जिससे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

आक्रोशित कार्यकर्ता बुधवारी स्थित राम मंदिर से रैली निकालते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंचे। यहां नारेबाजी के बाद पप्पू यादव और अन्य ‘सनातन विरोधी’ बताए गए लोगों का पुतला फूंका गया।

60 से 70 कार्यकर्ता हुए शामिल

प्रदर्शन में करीब 60 से 70 धर्म सेना कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हाथों में भगवा झंडे और तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

मीडिया से चर्चा में साकेत शर्मा ने कहा कि जनता पहले भी ऐसे लोगों को जवाब दे चुकी है और आगे भी देगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों सनातनियों की आस्था का केंद्र है और उसका अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। धर्म सेना ने इस मुद्दे पर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही।

शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

पुलिस की मौजूदगी में पुतला दहन की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रदर्शन के बाद सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वापस लौट गए।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677