Connect with us

कोरबा

कोरबा में 68 केंद्रों पर धान खरीदी शुरू:हरदीबाजार में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी का शुभारंभ, पहली किसान ने बेचा 12.80 क्विंटल धान

Published

on

कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत शनिवार 15 नवंबर से हो गई। जिले के सभी 68 धान उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना के बाद खरीदी का काम शुरू किया गया।

हरदीबाजार उपार्जन केंद्र में भी विधि-विधान से पूजा-पाठ कर खरीदी का शुभारंभ हुआ। इस दौरान केंद्र में धान बेचने पहुंची पहली किसान ग्राम हरदीबाजार निवासी गीतांजलि डहरिया का माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।

पहली किसान ने बेचा 12 क्विंटल 80 किलो धान

खरीदी के पहले दिन किसान गीतांजलि डहरिया पति नंद कुमार डहरिया ने उपार्जन केंद्र में 12 क्विंटल 80 किलो धान का विक्रय किया। पहली किसान के रूप में उनका सम्मान किया गया। खरीदी शुरू होने के साथ ही केंद्र में किसानों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में सरपंच लोकेश्वर कंवर, विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन, जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन, नोडल अधिकारी मनमोहन पैकारा, प्रबंधक डाकेश्वर पांडे, फड़ प्रभारी पंचराम यादव, पुरुषोत्तम कैवर्त, अभिषेक तिवारी, कंप्यूटर ऑपरेटर सविता कंवर, अमर राठौर, विनोद उपाध्याय, जगभुवन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचना चाहिए। धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

निगरानी के लिए बनाया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर

इधर, जिला प्रशासन ने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के आदेश पर 4 नवंबर को जिला एवं तहसील स्तर पर जांच समितियों और उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है।

कमांड सेंटर का नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव (9826915486) को बनाया गया है। सेंटर में सहायक प्रोग्रामर शिवानंद राठौर (7999714099), प्राची चंद्रा (7999406910) और रेचल प्रधान (9098679001) सहित अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

धान खरीदी की निगरानी से संबंधित रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी। वहीं, शिकायत और सुझाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 9691901259 जारी किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया पर नजर रखते हुए किसानों को किसी तरह की परेशानी से बचाना और व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना है।

Continue Reading

कोरबा

65 हाथियों के दल ने बनखेता में मकान तोड़ा:परिवार जान बचाकर भागा, धान की फसल रौंदी, 52 हाथी कटघोरा और 13 करतला रेंज में

Published

on

कोरबा। कोरबा के पसान क्षेत्र के बनखेता गांव में बीती रात 65 हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखा धान-चावल खा गए। इसके बाद खेतों में पहुंचकर कई एकड़ में लगी धान की फसल को रौंद दिया।

हाथियों के डर से एक परिवार को घर छोड़कर भागना पड़ा। जिले में इस समय कुल 65 हाथी घूम रहे हैं। पिछले एक महीने में हाथियों ने 33 एकड़ धान की फसल बर्बाद की है और 250 से ज्यादा मकानों को नुकसान पहुंचाया है। किसानों ने वन विभाग से फसल और मकान के नुकसान का मुआवजा मांगा है।

65 हाथियों ने गांव में मचाया उत्पात

ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच 65 हाथियों का दल चिंघाड़ते हुए गांव में घुस आया। हाथियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। एक परिवार ने हाथियों को अपने घर की ओर आते देखा तो जान बचाने के लिए घर छोड़कर भाग गया।

हाथियों ने परिवार के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी। घर के अंदर रखा धान और चावल खा गए। साथ ही बर्तनों को पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। इसके बाद हाथियों का दल खेतों की ओर बढ़ गया।

खेतों में धान की फसल में बालियां आ चुकी हैं। हाथियों ने कई एकड़ में लगी फसल को पैरों से रौंद दिया और कुछ फसल खा भी गए।

जिले में 65 हाथियों का दल सक्रिय

कटघोरा वनमंडल में इस समय 52 हाथियों का दल घूम रहा है। मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद यह दल पसान सर्किल के तराईनार जंगल में डेरा जमाए हुए है। रात होते ही हाथियों का दल दो-तीन टुकड़ों में बंट जाता है और भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता जैसे गांवों में पहुंच रहा है।

वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 13 हाथी घूम रहे हैं। इस तरह जिले में कुल 65 हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग अलर्ट पर है।

एक महीने में 33 एकड़ फसल और 250 मकानों को नुकसान

वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में दोनों वनमंडलों में हाथियों ने करीब 33 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद की है। इसके अलावा 250 से ज्यादा मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है।

वन विभाग की टीम कर रही निगरानी

पसान वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि हाथियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम 24 घंटे गश्त कर रही है। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि रात में जंगल की ओर न जाएं, खेतों में न सोएं और हाथियों को भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें।

Continue Reading

कोरबा

राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ

Published

on

माखनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां,अतिथियों ने स्वयंसेवकों को दिया सेवा और समर्पण का संदेश
पाली। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ उत्साह,उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में माखनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य एस.के. पटेल के विशेष मार्गदर्शन में शिविर का विधिवत आगाज किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी, मां सरस्वती, मां भारती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई तथा अभ्यागत अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया गया।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की शानदार झलक प्रस्तुत की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत जसगीत, सुआ नृत्य एवं कर्मा नृत्य ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पारंपरिक लोकगीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उल्लास एवं उत्साह से सराबोर हो उठा।हजारों रुपए की नगद राशि बच्चों ने ईनाम में प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती संगीता सूरज कोराम,अध्यक्ष सरपंच अशोक कुमार कोराम,अति विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, पुरुषोत्तम टेकाम, चंद्रभवन टेकाम, जीतलाल बिंझवार, दिलीप मरकाम उपसरपंच, प्राचार्य एस के पटेल, व्याख्याता जीवन लाल ठाकुर,कार्यक्रम अधिकारी जी आर देवांगन, उपेश सिंह ठाकुर, सतीश साहू, विजय महिलांगे, प्रदीप सूर्यवंशी, सीएसी वीरेंद्र जगत, श्रीमती सावित्री साहू, श्रीमती मंजू रानी विशवास,संचालन सुनील जायसवाल, मनोज राजपुत, श्रीमती सविता सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
प्रतिवेदन जी आर देवांगन,उद्बोधन कुलदीप मरकाम विधायक प्रतिनिधि, पुरुषोत्तम टेकाम एवं माखनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य ने शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्वयंसेवकों को सेवा,अनुशासन, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता का महत्व बताया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में समाज के प्रति उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, श्रम की गरिमा और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थी समाज के बीच रहकर जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं तथा सेवा और सहयोग की भावना को आत्मसात करते हैं।
शिविर के सफल आयोजन में कार्यक्रम अधिकारी जी.आर. देवांगन एवं उनकी टीम ने विशेष परिश्रम एवं सक्रिय भूमिका निभाई।
सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ विद्यार्थियों के लिए सेवा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित रहने का प्रेरणादायी संदेश लेकर आया ।

Continue Reading

कोरबा

बच्चों को दिया गया पौष्टिक भोजन

Published

on

पाली। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की पावन अवसर पर स्कूलों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य वर्धक एवं पौष्टिक, सुस्वादिष्ट आहार मिले ,जिससे भावी राष्ट्र निर्माता का सेहत बेहतर बने, इसे चरितार्थ करते हुए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय लाफा में पदस्थ व्याख्याता महावीर प्रसाद चंद्रा की सदप्रेरणा से सेवानिवृत्त ब्रांच मैनेजर भारतीय स्टेट बैंक शाखा पाली बी चंद्रशेखर सपरिवार की ओर से प्राथमिक शाला छपराही पारा में नोडल प्राचार्य जी पी बंजारे, समिति के सदस्यों की उपस्थिति में खीर, पुड़ी, केला , आचार, पापड़, दाल ,चावल, सब्जी सलाद के साथ नेवता भोज कराया गया, जिसे खाकर छात्र-छात्राओं की प्रसन्नता मुख पर स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

बी चंद्रशेखर के परिवार ने बच्चों को खाना खिलाने का अवसर मिलने को अपना सौभाग्य बताया ,तो साला परिवार की ओर से सीएससी जबान सिंह पैकरा , प्रधान पाठक गुरदीप सिंह नेताम, सहायक शिक्षक गायत्री कुर्रे, प्रीतम सिंह वरकडे सहायक शिक्षक, भवानी शंकर जगत प्रधान पाठक नवापारा, द्वारा इस, पुनीत, प्रेरणादाई, अनुकरणीय पहल के लिए धन्यवाद देते हुए ,आभार ज्ञापित किया गया, तो नोडल प्राचार्य ने इस पहल की एक कड़ी बनते हुए, छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए कहा कि जिस प्रसन्नता के साथ खाना मन लगाकर, प्रसन्न मन से खा रहे हैं ,उसी उत्साह और प्रसन्नता के साथ ,लगन और दृढ़ निश्चय के साथ , मन लगाकर पढ़ाई लिखाई कर एक श्रेष्ठ नागरिक बनकर ,अपने परिवार, गांव ,समाज ,राष्ट्र के नाम को रोशन करने का आह्वान किया गया।

इसे समुदाय का स्कूलों के प्रति अपनापन का भाव पैदा करने का एक छोटी सी पहल बताया। तो चंद्रा ने बताया कि नेवता भोज के माध्यम से समाज के सभी वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर, मिलकर, भोजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दियाद्य आयोजन को सफल बनाने में स्वसहायता समूह के सदस्य राजकुमारी, सरिता बाई, ललिता बाई, रमा बाई, अनीता बाई, दिनेश्वरी ,गीतांजलि, लक्ष्मींन आदि मातृ शक्तियों का सराहनीय सहयोग रहा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677