Connect with us

कोरबा

हरदीबाजार में अनिल राठौर का आतंक:भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला व टैंकर रोककर पंचायत की जल आपूर्ति ठप करने के खिलाफ भारी आक्रोश, थाने में शिकायतें दर्ज

Published

on

कोरबा/हरदीबाजार। ग्राम पंचायत हरदीबाजार में पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्था को जबरन ठप करने, पंचायत कर्मियों के साथ मारपीट करने और भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला कर महिलाओं को डराने-धमकाने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत हरदीबाजार और पीड़ित महिला नेत्री द्वारा थाना प्रभारी हरदीबाजार को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी अनिल राठौर के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है ।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला और ट्रैक्टर फूंकने की धमकी

मामले में सबसे गंभीर मोड़ तब आया जब आरोपी ने राजनैतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं को भी निशाना बनाया। भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्रीमती अनुसूईया राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि दिनांक 22.05.2026 की रात लगभग 8:00 बजे आरोपी अनिल राठौर दो अन्य गुंडों के साथ उनके घर पर धमक गया, उस वक्त घर पर केवल महिला नेत्री और उनकी पुत्री ही मौजूद थीं, जबकि पुरुष सदस्य काम से बाहर गए हुए थे। आरोपी ने उनके बंद दरवाजे को लात-घूंसों से तोड़ने का प्रयास किया और मां-बहन की अत्यंत भंद्दी-भंद्दी गालियां दीं ।

शिकायत के मुख्य अंश

भाजपा की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी के घर को घेरकर आरोपी ने धमकी दी कि बाहर खड़े ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को आग के हवाले कर देगा। इस घटना से महिला नेत्री और उनका परिवार खौफ के साए में है। एक महिला पदाधिकारी और उनके परिवार पर इस तरह का हमला क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है ।

ग्राम पंचायत की शिकायत प्रमुखता से, शासकीय कार्य में बाधा और पेयजल संकट पैदा करने का प्रयास

इस घटना से ठीक पहले उसी शाम आरोपी ने पूरे गांव की प्यास बुझाने वाली सरकारी व्यवस्था पर भी हमला किया था। ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, उपसरपंच और सचिव द्वारा दी गई आधिकारिक शिकायत के अनुसार SECL दीपका परियोजना के तहत ग्राम पंचायत हरदीबाजार के आम नागरिकों तक पानी के टैंकरों के माध्यम से पेयजल की सप्लाई की जाती है, दिनांक 22.05.2026 को शाम लगभग 6:00 बजे आरोपी अनिल राठौर द्वारा दुर्भावनापूर्वक बीच रास्ते में पानी की सप्लाई में लगे टैंकर को रोक लिया गया। आरोपी ने पानी सप्लाई के काम की देखरेख करने वाले मुंशी जय कुमार साहू और टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की ।

ग्राम पंचायत का वक्तव्य

इस मारपीट और जबरन रुकावट के कारण ग्राम पंचायत की आवश्यक पानी सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, लोक संपत्ति की सेवा को रोकने और कर्मियों से मारपीट करने के खिलाफ अनिल राठौर पर तत्काल कड़ी कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाए ।

पीड़ित टैंकर चालक की आपबीती, ड्यूटी के दौरान रास्ते में रोककर की पिटाई

टैंकर चालक ओमप्रकाश रोहिदास (ट्रैक्टर क्रमांक:- CG 22 U 8421) ने भी पृथक से थाना हरदीबाजार में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ओमप्रकाश ने बताया कि वह SECL गेवरा क्षेत्र से टेंडर का पानी लेकर उमेंदीभांठा जा रहा था, रास्ते में हरि साइकिल स्टोर (शिक्षक नगर) के पास आरोपी अनिल राठौर ने जबरन रास्ता रोका और उस क्षेत्र में पानी खाली करने का दबाव बनाया, जब चालक ने बताया कि उसका टेंडर उमेंदीभांठा क्षेत्र के लिए है तो आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की ।

क्षेत्र में भारी आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग

भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हुए हमले और ग्राम पंचायत की पेयजल व्यवस्था को ठप करने की इस दोहरी वारदात के बाद पूरे हरदीबाजार क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। एक तरफ जहां ग्राम पंचायत ने इसे सरकारी काम में बाधा और आवश्यक सेवा को रोकने का गंभीर अपराध माना है, वहीं दूसरी तरफ महिला नेत्री पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी उबाल है। ग्राम पंचायत हरदीबाजार भाजपा संगठन और समस्त पीड़ित पक्षों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी मांग की है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए आरोपी अनिल राठौर और उसके सहयोगियों को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए ।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में घर के छज्जे पर लटका मिला कोबरा:रेस्क्यू के लिए तोड़ना पड़ा छज्जा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बरमपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में कोबरा घुस गया। करीब 5 फीट लंबा कोबरा कच्चे मकान के छज्जे पर लटका फुंकार रहा था। सांप को देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छज्जे से लटका दिखाई दिया और फुंकार मार रहा था।

मकान कच्चा और खपरैल का होने के कारण कोबरा आसानी से अंदर घुस आया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

17 फीट ऊंचाई पर चढ़कर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए घर के एक हिस्से को हल्का तोड़ना भी पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

जंगल में छोड़ा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं।

लोगों से की अपील

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

पिता से पूछा-मां मुझसे नाराज क्यों है, फिर फूट-फूटकर रोया:सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बेटा, सेलून में करता था काम

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगा। कुछ देर बाद उसने कॉल काट दी।

शुक्रवार सुबह जब उसके माता-पिता किराए के कमरे पर पहुंचे, तो युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

सेलून में करता था काम

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) है, जो ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से वह बरपाली का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है।

देर रात पिता को किया था फोन

रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने फिर कॉल किया। कॉल पर वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला

शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर माता-पिता तुरंत उसके कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में लाखों की चोरी:सूने मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी, नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत लाल साहू, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे और मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

अलमारी तोड़कर ले गए गहने और नकदी

शुक्रवार (24 जुलाई ) सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी भी तोड़ी गई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677