स्व.केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चतुर्थ दिवस खेले गए तीन मुकाबले
एनटीपीसी, अधिवक्ता 11 और कमिश्नर 11 की टीम ने जीते मैच
कोरबा। प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित स्व.केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चतुर्थ दिवस गुरुवार को तीन मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला कोरबा प्रेस क्लब बनाम अधिवक्ता 11, दूसरा मैच एनटीपीसी बनाम एसईसीएल कुसमुंडा व अंतिम मुकाबला अदानी पावर विरुद्ध कमिश्नर 11 के बीच खेला गया। पहले मैच के मुख्य अतिथि स्टेट बार के मेंबर रविंद्र पाराशर रहे। विशिष्ट के तौर पर बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप, वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल रहमान, वरिष्ठ पत्रकार विकास जोशी, किशोर शर्मा, जयप्रकाश टमकोरिया, विश्वनाथ केडिया की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पहले मुकाबले में कोरबा प्रेस क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ता 11 की टीम ने दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुकाबला अधिवक्ता 11 ने 8 विकेट से जीता।
दूसरे मैच के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, भाजपा नेता अजय विश्वकर्मा, नवदीप नंदा, अजय चंद्रा, रामावतार पटेल, विजय राठौर, लक्ष्य चतुर्वेदी, प्रदीप सिंह, दीपक चावड़ा की उपस्थित रही। इस अवसर पर श्री मोदी ने स्वर्गीय केशव लाल मेहता को याद किया और उनके किए गए सराहनीय कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मेहता की स्मृति में कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम की कोरबा में नहीं बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसकी गूंज पहुंचती है। खास तौर पर राजधानी में इस प्रतियोगिता की चर्चा होती है। प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य श्रवण साहू के निधन पर उन्होंने शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. साहू उत्कृष्ट लेखनी की धनी थे। उनकी पत्रकारिता को उन्होंने नजदीक से देखा है। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. सिंह ने भी प्रेस क्लब के आयोजन की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का यह आयोजन काबिले तारीफ है और आयोजन करने के लिए क्लब के सदस्य बधाई के पात्र हैं।
दूसरा मुकाबला एनटीपीसी बनाम एसईसीएल कुसमुंडा के बीच खेला गया। एनटीपीसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 143 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसईसीएल कुसमुंडा की टीम पांच विकेट खोकर 92 रन ही बना सकी। इस तरह एनटीपीसी की टीम ने 51 रन से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले के मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय व अपर आयुक्त विनय मिश्रा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त श्री पांडेय ने कहा कि किसी आयोजन को कराने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। कोरबा प्रेस क्लब अपने वरिष्ठ सदस्य की स्मृति में यह आयोजन विगत 22 वर्षों से कर रहा है। इतने लंबे समय तक आयोजन को सफलतापूर्वक कराना प्रेस क्लब कोरबा और उसके सदस्यों की दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत का ही नतीजा है। इसके लिए कोरबा प्रेस क्लब के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। आखिरी मुकाबला अदानी पावर और कमिश्नर 11 के बीच खेला गया। अदानी पावर ने निर्धारित ओवर में 9 विकेट होकर 58 रन बनाएं। कमिश्नर 11 की टीम ने दो विकेट के दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। कमिश्नर 11 ने मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, क्लब सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार, अधिवक्तागण, निगम के अधिकारी कर्मचारी सहित गणमान्यजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। मैच में अंपायरिंग आरडी महंत, बलवीर सिंह सोढी, मानस और रामदास महंत ने की।
शोक में बंद रखे गए साउंड सिस्टम
गुरुवार को प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य श्रवण साहू का दुखद निधन होने से क्रिकेट प्रतियोगिता कार्यक्रम शोकाकुल माहौल में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों के दौरान साउंड सिस्टम बंद रहे। उपस्थित अतिथियों ने स्वर्गीय साहू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री साहू के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
कोरबा। 13 नवम्बर से नहाय-खाए के साथ पूर्वांचल वासियों का महापर्व सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) प्रारंभ हुआ और 14 नवम्बर को जगह-जगह पूर्वांचल वासियों ने खरना प्रसाद बनाया और वितरित कर पुण्य लाभ लिया। 15 नवम्बर को संध्याकालीन बेला पर पूर्वांचलवासी हसदेव नदी, तालाबों, पोखरियों एवं नहर में बने छठ घाट पहुंचेंगे और डूबते सूरज को अर्ध्य देंगे।
महापौर निवास में सामूहिक खरना प्रसाद का वितरण किया गया
श्रीमती डॉ. मनीषा सिंह ने घर में खरना प्रसाद सपरिवार बनाया और लोगों को आमंत्रित कर खरना प्रसाद का वितरण किया
छठ पूजा का उल्लास: हर घर रंगोली 14 नवम्बर को छठ महापर्व के दूसरे दिन महापौर निवास में सामूहिक खरना प्रसाद का वितरण किया गया, जहां पर हजारों की संख्या में पूर्वांचलवासी, भाजपा नेता, पत्रकारगण, बुद्धिजीवी वर्ग सहित क्षेत्र के लोग पहुंचे और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया। पूर्वांचल विकास समिति के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रमा सिंह राजपूत, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, ननका उर्फ विजय सिंह राजपूत सहित पूरा परिवार ने उपस्थित अतिथियों को अपने हाथों से खरना प्रसाद का वितरण किया। चंद्रमा सिंह राजपूत, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने उपस्थित अतिथियों को छठ महापर्व की शभकामनाएं दीं। चंद्रमा सिंह राजपूत ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठी मैय्या जीवंत देवी हैं और उनकी उपासना से दम्पत्ति को संतान प्राप्ति और व्रतियों को सुख समृद्धि के साथ जीवन को खुशहाल बनाती हैं। उन्होंने कोरबावासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। श्री राजपूत ने सैकड़ों लोगों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर खरना प्रसाद प्राप्ति के लिए आमंत्रित किया था।
कोरबा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आयुर्वेद सदन:पंचकर्म चिकित्सालय की डायरेक्टर पंचकर्म चिकित्सा विशेषज्ञ, राजपूत क्षत्रीय समाज महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्वांचल विकास समिति की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती डॉ. मनीषा सिंह ने घर में खरना प्रसाद सपरिवार बनाया और लोगों को आमंत्रित कर खरना प्रसाद का वितरण किया। उपस्थित जनों को डॉ. श्रीमती मनीषा सिंह, इंजीनियर कन्हैया सिंह ने छठ पूजा पर सभी को शुभकामनाएं दी।
डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि छठ माता की पूजा, उपासना एवं व्रत करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्वमंत्री जयसिंह अग्रवाल, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, बालको सीईओ आर के सिंह, पूर्वांचल विकास समिति के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष अवधेश सिंह, पूर्वांचल सर्वसमाज के सचिव लायन अरविन्द शर्मा ने भी सभी व्रतियों सहित जिलेवासियों को छठ पूजा की बधाई दी है और कोरबा जिले की समृद्धि एवं सुख-शांति के लिए मंगलकामना की है।
बिलासपुर/कोरबा। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में “मधुमेह की समय पर पहचान” थीम के अंतर्गत ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित करना था।
शिविर के दौरान कुल 332 कर्मचारियों की ब्लड शुगर एवं अन्य प्रमुख स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी–संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी–परियोजना एवं योजना) नृपेंद्र नाथ ने सक्रिय सहभागिता की। उनकी सहभागिता ने कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा बीमारियों से बचाव के लिए नियमित जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया।
चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहे। उन्होंने मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों एवं समय पर चिकित्सा परामर्श के महत्व पर जोर दिया।
इस पहल ने जागरूकता एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति एसईसीएल की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।