बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का कराए शीघ्र मरम्मत -कलेक्टर कुणाल दुदावत
एग्रीस्टेक पंजीयन से वंचित किसानों का चिन्हांकन कर शीघ्र पंजीयन कराने किया निर्देशित
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाकर शत-प्रतिशत सर्वे शीघ्रता से पूर्ण करने दिए निर्देश
पीएम धन-धान्य योजना के सभी सूचकांकों में प्रगति लाने अधिकारियों को किया निर्देशित
कोरबा 25 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विभागीय कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने टीएल प्रकरणों सहित विभिन्न लंबित एवं महत्वपूर्ण मामलों की विभागवार स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने बारिश में क्षतिग्रस्त एवं मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग, सेतु विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सभी नगरीय निकाय व जनपद सीईओ को खराब व क्षतिग्रस्त सड़को की आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिन्हांकित सड़कों की मरम्मत में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़कों का नियमित निरीक्षण कर बारिश के कारण खराब हुई सड़को का आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतो का केवल औपचारिक निराकरण ना हो, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक व संतोष जनक समाधान मिले, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का वास्तविक स्थिति की जांच कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से पोर्टल में लॉगिन कर लंबित शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने तथा शिकायतों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण नहीं करने वाले विभागों को शोकॉज नोटिस जारी करने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर शीघ्र ऑनबोर्ड होने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का भी पोर्टल पर समयबद्ध ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करें, जिससे विभागीय मानव संसाधन संबंधी जानकारी का डिजिटल संधारण व्यवस्थित रूप से हो सके। बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत प्रतिशत किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पर पंजीयन होने से किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने पंजीयन से वंचित किसानों का ग्रामवार चिन्हांकन कर अभियान चलाकर शीघ्र पंजीयन पूर्ण कराने को कहा। कलेक्टर ने वनाधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों की सूची भी अद्यतन जानकारी के साथ संकलित करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन समय-सीमा में पूर्ण किया जा सके। कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के सभी गांवों में सर्वे कार्य में तेजी लाने और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे शासन की प्राथमिकता का कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पटवारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से सर्वे कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में सर्वे कार्य अभी शेष है, वहां विशेष टीम गठित कर प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी शेष कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जिले में कोई भी ग्राम सर्वे कार्य से वंचित न रहे और निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत सर्वे कार्य पूर्ण हो। कलेक्टर ने जिले में पीएम धन-धान्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा योजना से जुड़े सभी सूचकांकों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि योजना के निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति के साथ-साथ मैदानी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कृषि विभाग को लक्ष्य के अनुरूप एक्सटेंशन वर्कर एवं किसानों का कृषक विज्ञान केंद्र के माध्यम से शीघ्र प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण कार्य में तेजी लाने तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मत्स्य विभाग के अंतर्गत एफपीओ गठन के कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने तथा मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से लाभान्वित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के अंतर्गत निर्धारित अन्य गतिविधियों एवं लक्ष्यों को भी समय-सीमा में पूर्ण करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि पीएम धन-धान्य योजना में जिले का प्रदर्शन बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विभागवार लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए जिन सूचकांकों में प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, उनमें विशेष प्रयास कर तेजी से सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने मुख्यमंत्री घोषणा, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजीएन पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न जन शिकायतों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठकों में निर्धारित दायित्वों एवं दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित, सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता दें तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा। नवरात्रि से ठीक पहले कोरबा के वार्ड नंबर 29 मुड़ापार में सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे, जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर और नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू के नेतृत्व में पार्षदों ने कचरा यात्रा निकालकर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला।
नालियों में कचरा, घरों में घुस रहे मच्छर और कीड़े
वार्ड के लोगों का कहना है कि नालियां कचरे से भरी हैं और नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। गंदगी के कारण मच्छर और कीड़े घरों में घुस रहे हैं। इससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि नवरात्रि शुरू होने वाली है, लेकिन दुर्गा पंडालों के आसपास भी सफाई नहीं कराई गई है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई
वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे ने बताया कि सफाई को लेकर कई बार ठेकेदार से संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वार्ड में लगातार गंदगी बनी हुई है और लोग इसकी शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद पार्षदों को विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
कई वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब होने का आरोप
जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने आरोप लगाया कि सिर्फ वार्ड 29 ही नहीं, बल्कि शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने पसंदीदा ठेकेदारों को काम दे रहे हैं और कमीशन का खेल चल रहा है। अधिकारी मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा भी नहीं लेते।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि नवरात्रि जैसे बड़े त्योहार पर भी बस्तियों और दुर्गा पंडालों के आसपास गंदगी पसरी हुई है। गंदी नालियों के कारण बीमारी फैलने का खतरा है, लेकिन संबंधित विभाग और ठेकेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सफाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
जिलेभर में लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई से खनिज माफियाओं में मचा हड़कंप कोरबा 10 अक्टूबर 2026। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन परिवहन व भण्डारण पर प्रतिबंध लगाने के लिए खनिज विभाग कोरबा सख्त रुख अपना रहा है।
खनिज उड़नदस्ता दलों द्वारा बुधवार से लगातार तीन दिन खनिज माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जिले के राताखार, सीतामढ़ी, बरमपुर सहित कई स्थानों पर दिन-रात छापा मारकर सघन जांच की गई। जिस दौरान रेत का अवैध परिवहन कर रहे तरदा में 2 ट्रेक्टर, हरदीबाजार में 1 टीपर, बरमपुर में 1 ट्रेक्टर, पाली में 2 ट्रेक्टर, सुराकछार में 1 ट्रेक्टर, उमरेली में 1 ट्रेक्टर, कुदुरमाल व सोनपुरी में रेत का उत्खनन व परिवहन कर रहे 8 ट्रेक्टर, गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 4 हाइवा व 1 ट्रेक्टर सहित कुल 21 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए जब्त कर सर्वमंगला पुलिस चौकी, उरगा थाना, पाली थाना, खनिज जांच चौकी उरगा व खनिज जांच चौकी हरदीबाजार की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रतिबंध सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। नियमों का उल्लघंन करने, अवैध उत्खनन एवं परिवहन तथा भण्डारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान और खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
मुख्य अतिथि होंगे लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल कोरबा कोरबा/कटघोरा। अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा अग्रवाल समाज के आराध्य एवं समाजवाद, समानता और परोपकार के प्रतीक महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती इस वर्ष 11 अक्टूबर को श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह को लेकर अग्रवाल समाज में खासा उत्साह है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। जयंती समारोह के मुख्य अतिथि डॉ राजकुमार अग्रवाल वरिष्ठ एवं प्रतिष्टित समाज सेवी कोरबा होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि गौरव अग्रवाल युवा उद्योगपति एवं समाज सेवी बिल्हा बिलासपुर एवं ललित अग्रवाल प्रतिष्टित उद्योगपति एव धर्मवीर रतनपुर होंगे बिलासपुर एव कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कटघोरा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल करेंगे। समाज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अतिथियों के आगमन को लेकर अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल है। समारोह में उपस्थित समाजजनों को अतिथियों के अनुभवों एवं विचारों से नई और उपयोगी जानकारियां प्राप्त होंगी। बैंड-बाजे ,कर्मा नृत्य,महाराजा अग्रसेन जी की झांकी,और आतिशबाजी के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा अग्रवाल सभा द्वारा जयंती समारोह की शुरुआत 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ की जाएगी। शोभायात्रा चंद्रभान शंकर लाल अग्रवाल भारत शेलेक फैक्ट्री, कारखाना एरिया स्थित निवास से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, आतिशबाजी एवं समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद वीरनारायण चौक पहुंचेगी, जहां से वापस अग्रसेन भवन के लिए रवाना होगी। इसके पश्चात शोभायात्रा अग्रसेन भवन पहुंचकर समारोह के रूप में परिणित होगी। शोभायात्रा को लेकर समाज के सभी वर्गों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में समाजजनों के शामिल होने की संभावना है। विधिवत होगी महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना शोभायात्रा के पश्चात अग्रसेन भवन में आयोजित मुख्य समारोह में मंचस्थ अतिथियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में महाराजा श्री अग्रसेन जी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान समाज की एकता, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक सहभागिता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं का होगा सम्मान जयंती समारोह के अवसर पर अग्रवाल समाज की महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मंचस्थ अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। विजेताओं का सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहेगा। अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा समाज के सभी अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों से जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। आयोजन समिति द्वारा शोभायात्रा एवं मुख्य समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश देगा, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।