Connect with us

विदेश

ट्रम्प ने इंडिया को डेड इकोनॉमी बताया

Published

on

कहा- भारत और रूस अपनी अर्थव्यवस्था को साथ ले डूबें, मुझे क्या, कल से 25% टैरिफ लगेगा

वॉशिंगटन,एजेंसी। भारत पर 25% टैरिफ लगाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत और रूस को डेड इकोनॉमी बताया। उन्होंने कहा- भारत और रूस अपनी अर्थव्यवस्था को साथ ले डूबें, मुझे क्या।

एक दिन पहले ट्रम्प ने 1 अगस्त 2025 से भारत पर टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। अभी भारत पर अमेरिका का टैरिफ सामान के हिसाब से औसतन 10% के आसपास है।

ट्रम्प के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर उनकी पूरी पोस्ट…

अब समझिए डेड इकोनॉमी क्या होती है

डेड इकोनॉमी उस स्थिति को कहते हैं जब किसी देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाए या बिल्कुल सुस्त पड़ जाए। इसमें व्यापार, उत्पादन, नौकरियां और लोगों की कमाई लगभग रुक सी जाती है। विकास रुक जाता है और लोग आर्थिक तंगी में फंस जाते हैं।

डेड इकोनॉमी कोई आधिकारिक आर्थिक टर्म नहीं है। ये एक बोलचाल का शब्द है, इसलिए इसे मापने का कोई सटीक पैमाना भी नहीं है। हालांकि इसे समझने के लिए कुछ आर्थिक संकेतकों का इस्तेमाल किया जा सकता है- जैसे जीडीपी, महंगाई, बेरोजगारी दर और व्यापार घाटा।

ट्रम्प को भारत-रूस व्यापार पर आपत्ति, 25% टैरिफ लगाया

डोनाल्ड ट्रम्प ने 30 जुलाई को ऐलान किया कि भारतीय सामानों पर अमेरिका में 1 अगस्त से 25% टैरिफ लगेगा। उन्होंने रूस से व्यापार के चलते भारत पर पेनल्टी लगाने की बात भी कही। अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर उन्होंने यह बात लिखी।

ट्रम्प के 29 जुलाई को किए गए सोशल मीडिया पोस्ट का हिंदी अनुवाद

भारत हमारा दोस्त है, लेकिन हमने पिछले कई सालों में उनके साथ ज्यादा कारोबार नहीं किया, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं, शायद दुनिया में सबसे ज्यादा। साथ ही उनके यहां गैर-आर्थिक व्यापारिक रुकावटें भी बहुत सख्त और परेशान करने वाली हैं। इसके अलावा, भारत हमेशा से अपनी ज्यादातर सैन्य चीजें रूस से खरीदता है और चीन के साथ रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार है। ये सब तब हो रहा है, जब हर कोई चाहता है कि रूस यूक्रेन में लोगों को मारना बंद करे। ये सब ठीक नहीं है! इसलिए, भारत को 1 अगस्त से 25% टैरिफ और ऊपर बताई गई वजह (रूस से व्यापार) से पेनल्टी भी देनी होगी। ध्यान देने के लिए शुक्रिया। मेक अमेरिका ग्रेट अगेन!

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिज़नस

केवल विमानन कंपनियां ही नहीं, समग्र विमानन क्षेत्र को भी सतत बदलाव में योगदान देना होगा: एएपीए

Published

on

कुआलालंपुर, एजेंसी। एशिया पैसिफिक एयरलाइंस एसोसिएशन (एएपीए) ने शुक्रवार को कहा कि विमानन उद्योग आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं से परेशान है और यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियां ही उठाएं। पश्चिम एशिया संकट के कारण विमानन कंपनियों को परिचालन और वित्तीय चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस संकट से ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर भी पाबंदियां लगी हैं। 

एएपीए के महानिदेशक वोंग होंग ने कहा, ”संघर्ष, तेल की आपूर्ति में बाधाएं, वैश्विक व्यापार तनाव और तेजी से बदलती नीतियां हवाई क्षेत्र तक पहुंच, हवाई यातायात के प्रवाह, ईंधन बाजारों और यहां तक कि विमानन कंपनियों के पूरे नेटवर्क के अर्थशास्त्र को बदल रही हैं।” संगठन के अध्यक्षों की 70वीं सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ”आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाएं हमारी सुधार और वृद्धि की महत्वाकांक्षाओं के रास्ते में लगातार परेशानी पैदा कर रही हैं।” 

वोंग ने कहा, ”विमानों की आपूर्ति सीमित बनी हुई है। इंजन की उपलब्धता और रखरखाव में आ रही अड़चनें विमानों के बेड़े के इस्तेमाल को प्रभावित कर रही हैं। वहीं, आपूर्ति में लंबे समय तक हो रही देरी से क्षमता की योजना बनाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।” आपूर्ति श्रृंखला की समस्याओं के कारण विमानों के लंबित ऑर्डर की संख्या 16,000 से अधिक होने का अनुमान है। विमानों की आपूर्ति में लंबा समय लगने से विमानन कंपनियों के अधिक ईंधन दक्षता वाले विमानों को बेड़े में शामिल करने के प्रयासों में भी देरी हो रही है। वोंग ने विमानन उद्योग के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की योजना पर कहा, ”हम सभी विमानन क्षेत्र के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की तात्कालिकता को समझते हैं। हकीकत यह है कि यह बदलाव अब भी कठिन, महंगा और असमान है।” 

उन्होंने साथ ही कहा कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियों पर नहीं डाला जा सकता। वोंग ने जोर दिया कि सरकारों, ईंधन उत्पादकों, हवाई अड्डों, निवेशकों और व्यापक विमानन क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा, ”बेशक, हम सभी चाहते हैं कि हवाई यात्रा अधिक पर्यावरण अनुकूल हो, लेकिन एसएएफ की मौजूदा कीमतों पर चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि पर्यावरण अनुकूल उड़ानें भरते हुए हमारा वित्तीय प्रदर्शन और खराब न हो जाए।” दीर्घकाल में एशिया प्रशांत क्षेत्र में वृद्धि की मजबूत संभावनाओं पर महानिदेशक ने कहा, ”मध्यम वर्ग का विस्तार, लोगों की खर्च करने योग्य आय में वृद्धि, बढ़ता शहरीकरण और अंतरराष्ट्रीय यात्रा के प्रति बढ़ती रुचि एशिया प्रशांत क्षेत्र की विमानन कंपनियों के लिए वृद्धि के मजबूत आधार हैं।”  

Continue Reading

देश

ब्रिटेन में दिवाली समारोह के ऐतिहासिक पल, संसद में पहली बार गूंजा हनुमान चालीसा, तबले और हारमोनियम की धुन पर गूंजी चौपाइयां

Published

on

लंदन, एजेंसी। ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में दिवाली समारोह के दौरान पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। 9 नवंबर को वेस्टमिंस्टर स्थित पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर के चोलमोंडेली कक्ष और छत पर आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रिटिश सांसदों, सामुदायिक नेताओं और ब्रिटिश एशियाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया। लेबर एशियंस सोसायटी की ओर से आयोजित इस समारोह का नेतृत्व हियर एंड नाउ365 के संस्थापक मनीष तिवारी ने किया, जबकि इसकी मेजबानी लेबर एशियंस सोसायटी के संरक्षक लॉर्ड उदय नागराजू ऑफ ब्लूम्सबरी ने की। कार्यक्रम में तबले और हारमोनियम की सजीव संगत के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। ब्रिटिश संसद के इस प्रतिष्ठित सदन में पहली बार हुए इस आयोजन को समुदाय के लिए एक यादगार क्षण बताया गया।

दोनों विश्व युद्धों में शहीद भारतीय सैनिकों को भी किया याद
यह कार्यक्रम ब्रिटेन में रिमेंबरेंस संडे के एक दिन बाद आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत मनीष तिवारी के नेतृत्व में एक मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान युद्धों में देश के लिए अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। विशेष रूप से भारतीय उपमहाद्वीप के उन सैनिकों को भी याद किया गया, जिन्होंने दोनों विश्व युद्धों में ब्रिटिश सेनाओं के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी। मनीष तिवारी ने अपने संबोधन में दिवाली को विभिन्न समुदायों और धर्मों को जोड़ने वाला प्रकाश पर्व बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली समुदायों के बीच की दूरियों को मिटाने वाली रोशनी है और हमारी साझा प्राचीन विरासत का अहम हिस्सा है। यह पर्व हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समुदायों के साथ-साथ आज ब्रिटेन में हर पृष्ठभूमि के लोगों द्वारा मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ लॉर्ड्स में पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ होना ऐसा पल है, जिसे समुदाय लंबे समय तक याद रखेगा।

लॉर्ड उदय नागराजू ने बताई दिवाली की अहमियत
मेहमानों का स्वागत करते हुए लॉर्ड उदय नागराजू ने सार्वजनिक जीवन में लेबर एशियंस सोसायटी के योगदान और विभिन्न समुदायों को एक साथ लाने के उसके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। हाउस ऑफ लॉर्ड्स में इस समारोह की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने मनीष तिवारी और लेबर एशियंस सोसायटी की पूरी टीम का आभार भी जताया। लेबर एशियंस सोसायटी के अध्यक्ष अत्ता हक ने लॉर्ड उदय नागराजू, हियर एंड नाउ365 और कार्यक्रम में शामिल हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने ब्रिटिश एशियाई समुदाय की सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न समुदायों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए संगठन के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
समारोह में स्मेथविक से सांसद गुरिंदर सिंह जोसन, ईलिंग साउथॉल के पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा, मानवीय सहायता संगठन गो धर्मिक के संस्थापक हनुमान दास और ग्रांट थॉर्नटन से चंद्रू अय्यर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनके अलावा समुदाय के नेताओं, कारोबार जगत के प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मारिया सरोया हक ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले मेजबान, प्रायोजकों, संगीतकारों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। समारोह का समापन छत पर मेहमानों के एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

Continue Reading

देश

कोरोना ने फिर बढ़ाई टेंशन; कनाडा से निकला नया वेरिएंट कई देशों तक पहुंचा, अमेरिका और यूरोप भी चपट में

Published

on

वाशिंगठन, एजेंसी। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट PJ.2.1 दुनिया के कई देशों में फैल रहा है। मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार इसकी पहचान हुई थी। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी इसके संक्रमण सामने आए हैं। इसके तेजी से बढ़ते प्रसार ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है और एक बार फिर कोरोना संक्रमण की नई लहर की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।  ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शुरुआती शोध के मुताबिक, PJ.2.1 कोरोना वायरस का एक अत्यधिक परिवर्तित रूप है। इसके स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में आनुवंशिक बदलाव हुए हैं। हालांकि, शुरुआती प्रयोगों से संकेत मिला है कि इसके तेजी से फैलने की वजह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को चकमा देने की क्षमता के बजाय इंसानी कोशिकाओं से मजबूती से जुड़ने की क्षमता हो सकती है।
 

कोरोना वायरस का स्पाइक प्रोटीन उसकी बाहरी सतह पर मौजूद संरचना होती है। इसी की मदद से वायरस इंसानी कोशिकाओं तक पहुंचता है और उनमें प्रवेश करता है। PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में बदलाव पाए गए हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इतने अधिक बदलाव वाले वायरस को ‘साल्टेशन वेरिएंट’ कहा जाता है। ऐसे वेरिएंट में सामान्य रूप से धीरे-धीरे बदलाव होने के बजाय एक साथ बड़ी संख्या में आनुवंशिक परिवर्तन दिखाई देते हैं। ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शोध के अनुसार, PJ.2.1 की तेजी से फैलने की एक संभावित वजह ACE2 रिसेप्टर से इसका मजबूत जुड़ाव है। ACE2 इंसानी कोशिकाओं की सतह पर मौजूद एक रिसेप्टर है, जिसका इस्तेमाल कोरोना वायरस कोशिकाओं में प्रवेश करने के लिए करता है। प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन ने कुछ अन्य वेरिएंट की तुलना में कोशिकाओं में प्रवेश की अधिक क्षमता दिखाई। शोधकर्ताओं का मानना है कि ACE2 से मजबूत जुड़ाव इस वेरिएंट के प्रसार को बढ़ावा दे सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी और अध्ययन की जरूरत है।

क्या वैक्सीन की इम्युनिटी को दे सकता चकमा ? 
नए वेरिएंट को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्या यह पहले से बनी प्रतिरक्षा को कमजोर कर सकता है। शुरुआती शोध में इस सवाल का कुछ हद तक जवाब मिला है।  शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने नए वेरिएंट के अनुरूप तैयार की गई वैक्सीन की खुराक ली थी, उनके शरीर में बनी एंटीबॉडी PJ.2.1 को निष्क्रिय करने में प्रभावी रहीं। अध्ययन में इस वेरिएंट ने दूसरे प्रमुख वेरिएंट की तुलना में एंटीबॉडी से बच निकलने की असाधारण क्षमता नहीं दिखाई।  इससे संकेत मिलता है कि इसका तेजी से फैलना केवल प्रतिरक्षा को चकमा देने की वजह से नहीं है। हालांकि, अलग-अलग लोगों में प्रतिरक्षा का स्तर अलग हो सकता है और इस विषय पर निगरानी जरूरी है।

कनाडा से अमेरिका और यूरोप तक फैला
शोध के अनुसार, PJ.2.1 की पहली पहचान 2 मई 2026 को कनाडा के ओंटारियो में हुई थी। इसके बाद कनाडा के अन्य प्रांतों में भी इसके मामले सामने आए।30 जून को अमेरिका के न्यूयॉर्क में इसका पहला मामला मिला। इसके बाद कैलिफोर्निया, एरिजोना, न्यू जर्सी, वर्जीनिया, फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई। इसके अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजराइल, फ्रांस और स्पेन में भी इस वेरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई है।  PJ.2.1 के तेजी से फैलने से कोरोना संक्रमण की एक और लहर को लेकर सवाल उठने लगे हैं।  शुरुआती शोध में इस वेरिएंट के अधिक गंभीर बीमारी पैदा करने, अस्पताल में भर्ती होने या मौतों का खतरा बढ़ाने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके व्यवहार, प्रसार और मौजूदा प्रतिरक्षा पर प्रभाव को समझने के लिए लगातार निगरानी और विस्तृत अध्ययन जरूरी है। 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677