Connect with us

छत्तीसगढ़

महिलाएं बोलीं- नहीं चाहिए महतारी वंदन:घर बर्बाद हो रहे, शराब दुकान बंद करो; आबकारी मंत्री ने कहा था- इसी आय से चल रही योजनाएं

Published

on

सरगुजा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सरगुजा के दरिमा में खोले गए अंग्रेजी शराब दुकान के विरोध में महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने कहा कि, शराब दुकान की आय से महतारी वंदन का पैसा दिया जा रहा है, तो हमें महतारी वंदन नहीं चाहिए। उन्होंने सोमवार को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 3 दिन में शराब दुकान हटाने का अल्टीमेटम दिया है, वर्ना महिलाएं आंदोलन करेंगी।

इससे पहले आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा था कि, आबकारी विभाग से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल महतारी वंदन योजना, एमएससी और आवास योजना के तहत गरीबों के लिए घर बनाने में किया जा रहा है। जिसके बाद महिलाओं ने कहा कि, ऐसी योजनाओं का लाभ नहीं चाहिए, जिससे किसी का घर बर्बाद हो।

दरअसल, सरगुजा में आबकारी विभाग ने दरिमा में एयरपोर्ट के बाहर गांव में अंग्रेजी शराब दुकान खोल दिया है। जिसके विरोध में दूसरी बार महिलाएं अंबिकापुर पहुंचीं। एक सप्ताह पहले महिलाओं ने कलेक्टर को जनदर्शन में शराब दुकान हटाने का आवेदन दिया था।

इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाओं ने सोमवार को फिर से अंबिकापुर पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने 3 दिन में शराब दुकान हटाने का अल्टीमेटम दिया है। नहीं तो आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

महिलाएं बोलीं- ऐसे पैसों से हमें योजनाओं का लाभ नहीं चाहिए

आशा दास ने कहा कि, आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने बयान में कहा है कि शराब बेचने से जो आय होती है, उससे महतारी वंदन और बाकी योजनाओं के लिए पैसा दिया जाता है। आशा दास ने कहा कि सरकार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि शराब के पैसे से महतारी वंदन का पैसा दिया जा रहा है, तो हमें महतारी वंदन का पैसा नहीं चाहिए।

हम शराब दुकान नहीं हटाने तक प्रदर्शन करेंगे। सरकार यदि गरीब स्थिति में है, तो वो शराब न बेचे। योजना भी न चलाए। क्योंकि किसी के हाय के पैसे से किसी का भविष्य उज्जवल नहीं होता। किसी का घर उजाड़कर किसी का घर नहीं बसता है।

मंत्री जी शराब से मिलने वाले आया का आंकड़ा लगा लिए, लेकिन मंत्री जी यह आंकड़ा भी लगाए कि, उस शराब को पीने से कितने बहनों का घर उजड़ा। कितनी माताएं अपने बेटे के लिए तरसीं। कितने युवाओं का एक्सीडेंट हुआ। कितने लोगों का लीवर और किडनी खराब हो गए। कितनी महिलाओं को टेंशन में अटैक आया, कितनों ने फांसी लगा ली।

किसी भी शर्त पर शराब दुकान नहीं चलने देंगे

महिलाओं ने कहा कि, पहले इस इलाके के युवा सरकारी भर्तियों में चयनित हो रहे थे। शराब बिकने से आसानी से युवाओं को शराब मिलने लगा है। जिससे उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने कहा कि, किसी भी शर्त पर वे दरिमा में शराब दुकान नहीं चलने देंगे।

शराब दुकान हटाने तक देंगे धरना

महिलाओं ने कहा कि, शराब दुकान को 3 दिन में नहीं हटाया जाता है, तो वे आंदोलन करेंगी। शराब दुकान हटाने तक आंदोलन चलेगा। शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर करीब 30 महिलाएं सरगुजा कलेक्टर के पास पहुंची थीं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

मंत्री ने थानेदार से कहा-मुझे बंधक बनाया, छुड़ाने पुलिस भेजिए:50 लाख की हेराफेरी, व्यापारी बोले-TI को पैसे दिए, फिर भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए

Published

on

सरगुजा , एजेंसी। अंबिकापुर में 50 लाख की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल से शिकायत की। अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

इसके बाद राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है। बांधकर बैठा दिया है, छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।

इस पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कार्रवाई के लिए 2 दिन का समय मांगा है। वहीं, अब बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोमवार देर शाम राजेश अग्रवाल अग्रसेन भवन पहुंचे थे।

सोमवार देर शाम राजेश अग्रवाल अग्रसेन भवन पहुंचे थे।

व्यापारी बोले- शिकायत के बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए

जानकारी के मुताबिक, अग्रसेन भवन पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल से व्यापारियों ने कहा कि उनके कहने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है।

मंत्री ने TI से कहा- आरोपी नहीं पकड़ पा रहे तो मुझे छुड़ाइए

व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है और बांधकर बैठा दिया है। इस पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन में कार्रवाई करके मुझे जानकारी दें।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया।

व्यापारियों ने टीआई को खर्चा-पानी के लिए पैसे देने का आरोप भी लगाया।

फर्जी सील और रसीद बनाकर निकाल रहे थे सामान

मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने कंपनी की फर्जी सील बनाकर बड़े पैमाने पर सामान की हेराफेरी की है।

शिकायत के मुताबिक, दोनों पिछले चार महीने से फर्जी नकदी रसीद बनाकर कंपनी से सामान निकाल रहे थे। पिकअप और दूसरे मालवाहक वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था। यहां से दुकानों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कॉल पर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह से बात की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कॉल पर कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह से बात की।

कर्मचारी ने दी थी हेराफेरी की जानकारी

21 अक्टूबर को कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी नकदी रसीद के जरिए सामान निकालने की जानकारी दी।

इसके बाद संचालक ने रसीदों और हिसाब-किताब की जांच कराई। जांच में ट्रेडिंग कंपनी से 50 लाख से अधिक के सामान की हेराफेरी का पता चला।

शिकायत पर पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ धारा 316(4) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। FIR दर्ज होने के एक महीने बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मकान में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक:घर में सो रहे लोग बाल-बाल बचे, 7 लाख का कबाड़ जब्त, चालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा के राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।

ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।

ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ भरा था। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त किया और चालक को पकड़ लिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

8 फीट का अजगर महिंद्रा वर्कशॉप में घुसा:कोरबा में RCRS टीम ने 20 मिनट में रेस्क्यू किया, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

इसके बाद वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया।

बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा अजगर

उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं।

टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677