Connect with us

छत्तीसगढ़

वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन बिलासपुर ने मनाया रंगारंग सावन उत्सव

Published

on

जिलाध्यक्ष प्रभा तिवारी की अध्यक्षता में हुआ भव्य आयोजन, सावन सुंदरी प्रतियोगिता में सुषमा तिवारी ने जीता खिताब

बिलासपुर (सुनील चिंचोलकर)। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन बिलासपुर द्वारा होटल प्रीत में जिलाध्यक्ष प्रभा तिवारी की अध्यक्षता में रंगारंग सावन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावन की उमंग, संस्कृति और नारी प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं फेडरेशन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हर्षिता पाण्डेय, प्रदेश मंत्री भाजपा छत्तीसगढ़ रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में किरण सिंह, अध्यक्ष सहयोग फाउंडेशन एवं नमिता शर्मा, महिला प्रांताध्यक्ष, वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन उपस्थित रहीं।

जिलाध्यक्ष प्रभा तिवारी के नेतृत्व में आयोजित सावन उत्सव में विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं। सावन सुंदरी (क्वीन) प्रतियोगिता में सुषमा तिवारी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।

संगीत प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसमें रत्ना पाण्डेय ने प्रथम, रश्मि चौबे ने द्वितीय तथा पुष्पा पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में रवीना दुबे प्रथम, मंजूषा पाण्डेय द्वितीय और रिचा दुबे तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रभा तिवारी के साथ ज्योति तिवारी, राखी दुबे, रेखा दुबे, पुष्पा पाण्डेय, रिकीं पाण्डेय, सविता पाठक, सुषमा तिवारी सहित वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन बिलासपुर की टीम एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। रायपुर से प्रदेश पदाधिकारी सुमन मिश्रा, सुमन पाण्डेय एवं कल्पना मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। भाई शुभम तिवारी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

जिलाध्यक्ष प्रभा तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन पर कल से चलेगी स्पेशल ट्रेन:रायपुर-बिलासपुर, रायगढ़ और दुर्ग के यात्रियों को मिलेगी सुविधा, 27 से 29 अगस्त तक लगाएगी तीन-तीन फेरे

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यानी बिलासपुर रेलवे ने रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 27, 28 और 29 अगस्त को दोनों दिशाओं में 3-3 फेरे लगाएगी। सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा। इससे रक्षाबंधन पर्व पर यात्रा करने वाले भाई-बहनों को आने-जाने में सुविधा होगी।

रेलवे अफसरों के मुताबिक, भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के पर्व रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। ट्रेन चलने से रक्षाबंधन पर परिवार और प्रियजनों से मिलने जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

27 से 29 अगस्त तक चलेगी रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन

गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 और 29 अगस्त को दुर्ग से रायगढ़ के लिए चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 और 29 अगस्त को रायगढ़ से दुर्ग के लिए चलेगी। इस स्पेशल ट्रेन का दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

इससे सभी स्टेशनों के यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस स्पेशल ट्रेन में 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच सहित कुल 10 कोच रहेंगे।

जानिए रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन का टाइम-टेबल

गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को दुर्ग से सुबह 10.30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मार्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकते हुए बिलासपुर 14.45 बजे, अकलतरा 15.27 बजे, जांजगीर-नैला 15.44 बजे, चांपा 15.55 बजे, बाराद्वार 16.13 बजे, सक्ती 16.59 बजे और खरसिया 17.16 बजे पहुंचेगी। इसके बाद रायगढ़ 19.00 बजे पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 और 29 अगस्त को रायगढ़ से शाम 19.40 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मार्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकते हुए खरसिया 20.13 बजे, सक्ती 20.30 बजे, बाराद्वार 20.43 बजे, चांपा 21.00 बजे, जांजगीर-नैला 21.12 बजे, अकलतरा 21.25 बजे और बिलासपुर 22.20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन दुर्ग 2.00 बजे पहुंचेगी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

2023 चुनाव…सुप्रीम कोर्ट ने देवेंद्र यादव की SLP खारिज की:31 अगस्त से हाईकोर्ट में ट्रायल, प्रेम प्रकाश पांडेय ने जीत को दी है चुनौती

Published

on

दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को चुनावी विवाद में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी विशेष अनुमति याचिका खारिज (Special Leave Petition) कर दी है। इसके साथ ही भिलाई नगर विधानसभा चुनाव को चुनौती देने वाले पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय की याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है।

इस मामले में 31 अगस्त से आगे की सुनवाई शुरू होगी। दरअसल, मामला 2023 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। चुनाव में देवेंद्र यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय को हराया था। चुनाव परिणाम के बाद प्रेम प्रकाश पांडेय ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर देवेंद्र यादव के चुनाव को चुनौती दी। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में जरूरी जानकारी पूरी तरह नहीं दी गई थी।

चुनाव परिणाम के बाद प्रेम प्रकाश पांडेय ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर देवेंद्र यादव के चुनाव को चुनौती दी। (फाइल फोटो)

चुनाव परिणाम के बाद प्रेम प्रकाश पांडेय ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर देवेंद्र यादव के चुनाव को चुनौती दी। (फाइल फोटो)

हाईकोर्ट में मामला रोकना चाहते थे देवेंद्र

विधानसभा चुनाव याचिका पर सुनवाई के दौरान देवेंद्र यादव की ओर से हाईकोर्ट में अर्जी लगाई गई थी। इसमें मांग की गई थी कि मामले के कुछ मुद्दों को शुरुआती स्तर पर ही तय कर चुनाव याचिका को आगे बढ़ने से रोका जाए।

30 जून 2026 को हाईकोर्ट ने यह मांग खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि मामले में ऐसे सवाल हैं, जिनका फैसला केवल कागज देखकर नहीं किया जा सकता। इसके लिए दोनों पक्षों के सबूत, गवाह और दस्तावेज सामने आने जरूरी हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया मना

इसी फैसले के खिलाफ देवेंद्र यादव सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने विशेष अनुमति याचिका दायर कर हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी। 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद हाईकोर्ट के आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया और याचिका खारिज कर दी।

इस पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। कोर्ट में वो अपनी बात रख रहे हैं, हम अपनी बात रख रहे हैं।

विधानसभा चुनाव याचिका पर सुनवाई के दौरान देवेंद्र यादव की ओर से हाईकोर्ट में अर्जी लगाई गई थी। (फाइल फोटो)

विधानसभा चुनाव याचिका पर सुनवाई के दौरान देवेंद्र यादव की ओर से हाईकोर्ट में अर्जी लगाई गई थी। (फाइल फोटो)

पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश की याचिका में क्या है आरोप ?

प्रेम प्रकाश पांडेय की चुनाव याचिका में देवेंद्र यादव के चुनावी हलफनामे और उसमें दी गई जानकारियों पर सवाल उठाए गए हैं। याचिका में आरोप है कि नामांकन के समय जरूरी जानकारी पूरी तरह नहीं दी गई। इसमें आपराधिक मामलों, संपत्ति और अन्य जरूरी जानकारियों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

प्रेम प्रकाश पांडेय का कहना है कि इन जानकारियों का असर चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के सामने उम्मीदवार की सही तस्वीर पर पड़ सकता है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी कोर्ट का अंतिम फैसला नहीं आया है। हाईकोर्ट ने भी कहा है कि आरोप सही हैं या नहीं, यह सबूत और गवाही के बाद ही तय होगा।

31 अगस्त से हाईकोर्ट में चलेगा मामला

सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब देवेंद्र यादव को हाईकोर्ट में चुनाव याचिका का सामना करना होगा। 31 अगस्त से मामले में नियमित सुनवाई शुरू होगी। इसमें दोनों पक्ष अपने दस्तावेज और सबूत पेश करेंगे। गवाहों के बयान भी हो सकते हैं।

इसके बाद कोर्ट पूरे मामले पर फैसला करेगा। यह पहली बार नहीं है जब इस चुनाव विवाद में देवेंद्र यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। इससे पहले भी इसी चुनाव याचिका से जुड़े एक मामले में उनकी एक अन्य विशेष अनुमति याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो चुकी है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

IGKV में पेपर लीक का तीसरा मामला:फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स का पेपर लगभग पांच घंटे पहले व्हाट्सएप पर वायरल, कुलपति बोले- जानकारी नहीं

Published

on

रायपुर, एजेंसी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक का एक और मामला सामने आया है। बीएससी फर्स्ट ईयर के फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स का पेपर 19 अगस्त को सुबह 10 बजे होना था। लेकिन परीक्षा से करीब 5 से 6 घंटे पहले ही सुबह 4 से 5 बजे के बीच पेपर की PDF स्टूडेंट्स के बीच वायरल हो गई।

वायरल हुई PDF और एग्जाम में पूछे गए सवाल बिल्कुल एक जैसे थे। PDF में पेपर के तीनों पार्ट के सभी सवाल मौजूद थे। इतना ही नहीं, 6 नंबर वाले लॉन्ग आंसर क्वेश्चन भी पहले से PDF में मौजूद थे और उनके आंसर भी दिए गए थे।

सुबह वायरल हुआ पेपर, सुबह 10 बजे एग्जाम

19 अगस्त की सुबह जेनेटिक्स का पेपर स्टूडेंट्स के बीच पहुंच गया। वायरल PDF में पार्ट-ए, पार्ट-बी और पार्ट-सी के सवाल मौजूद थे।

पार्ट-ए में लिंकज, सेल साइकिल, ट्रांसक्रिप्शन, मल्टीपल एलील्स, डबल हैप्लायड और प्लियोट्रापी से जुड़े सवाल थे।

पार्ट-बी में यूकैरियोटिक क्रोमोसोम, एपिस्टेसिस, जीन इंटरैक्शन, मेंडल के लॉज, म्यूटेशन, क्वांटिटेटिव और क्वालिटेटिव ट्रेट्स और जेनेटिक कोड से जुड़े सवाल पूछे गए।

असल पेपर

असल पेपर

वायरल पेपर।

वायरल पेपर।

वायरल पेपर।

वायरल पेपर।

वायरल चैट।

वायरल चैट।

6 नंबर के सवाल भी PDF में पहले से थे

मामले का सबसे गंभीर हिस्सा पार्ट-सी है। इसमें 6 नंबर के लॉन्ग क्वेश्चन पूछे गए थे। वायरल PDF में ये सवाल पहले से मौजूद थे और इनके डिटेल्ड आंसर भी दिए गए थे।

इनमें मीयोसिस-1, स्ट्रक्चरल और न्यूमेरिकल क्रोमोसोमल एबरेशन, क्रोमोसोमल थ्योरी ऑफ इनहेरिटेंस, साइटोप्लाज्मिक इनहेरिटेंस, सेक्स लिमिटेड और सेक्स इन्फ्लुएंस्ड ट्रेट्स, हैप्लायड-डिप्लायड, क्रॉसिंग ओवर-ट्रांसलोकेशन और DNA स्ट्रक्चर से जुड़े सवाल शामिल थे।

पहले कीट विज्ञान, फिर प्लांट पैथोलॉजी का पेपर लीक

IGKV में पेपर लीक का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एंटोमोलॉजी यानी कीट विज्ञान का पेपर परीक्षा से करीब 2 घंटे पहले वायरल हुआ था। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने परीक्षा कैंसिल कर दी थी। पुलिस जांच में एक प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद प्लांट पैथोलॉजी का पेपर लीक होने का मामला भी सामने आया। जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों ने ही यह पेपर भी लीक किया था। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि दोनों पेपर छात्रों तक पैसे लेकर पहुंचाए गए थे। अब इन दोनों परीक्षाओं को सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा कराया जाएगा।

कुलपति बोले- अभी एक ही पेपर लीक की सूचना मिली थी

आईजीकेवी के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि उन्हें अभी तक सिर्फ एक पेपर लीक होने की जानकारी मिली थी। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। पुलिस जांच में दो पेपर लीक होने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों परीक्षाएं कैंसिल कर दोबारा कराने के निर्देश दिए गए।

कुलपति ने कहा कि अगर जेनेटिक्स के पेपर में भी लीक की जानकारी सामने आती है तो इस मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677