Connect with us

छत्तीसगढ़

पैसों के विवाद में युवक की पत्थर से हत्या:मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, दूसरा आरोपी पहले ही जा चुका है जेल

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर जिले के ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40) को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा के सूर्या चौक पर कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और देवनारायण सूर्यवंशी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ। आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (SOCU) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा। पुलिस जब घर पहुंची, तब कौशल वहां नहीं मिला।

पुलिस ने 19 नवंबर को सूर्या चौक खोखरा के इतवारी सूर्यवंशी (42) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कौशल सूर्यवंशी (40) की तलाश जारी थी। पुलिस टीम उसे रायपुर से हिरासत में लेकर जांजगीर लाई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कौशल ने पैसों के विवाद में देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी:TV-होम थिएटर और बर्तन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सामान और बाइक जब्त

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर के विद्या नगर में सूने मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 26 साल के संतोष कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान के साथ चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

20 नवंबर को मकान में लगाकर गए थे ताला

पुलिस के अनुसार, मकान मालकिन मोंगरा बाई अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं। वह बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान आती थीं। 20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने बेटे के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं।

तीन दिन बाद लौटीं तो टूटी मिली कुंडी

23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे मोंगरा बाई मकान लौटीं तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने जांजगीर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी

मोंगरा बाई की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार विश्वकर्मा (26), निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को हिरासत में लिया।

चोरी का सामान और बाइक जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Continue Reading

कोरबा

चार ग्रामीणों ने फंदा लगाकर भालू का शिकार किया:शव जलाकर अवशेष नदी किनारे फेंका, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में भालू का फंदा लगाकर शिकार करने और उसके शव को जलाकर सबूत मिटाने के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी जिला कोरबा के ग्राम दम्हामुड़ा के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कटघोरा की अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया परिसर में फंदा लगाकर भालू का शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां खून के निशान और फंदे में इस्तेमाल किया गया क्लच वायर मिला। इससे भालू के शिकार की पुष्टि हुई।

शव जलाकर नदी किनारे फेंका

जांच में पता चला कि आरोपियों ने अगले दिन भालू के शव को झिनपुरी परिसर में ले जाकर जला दिया था। उन्होंने सबूत मिटाने के लिए शव के जले हुए अवशेष अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिए थे। वन विभाग की टीम ने नदी किनारे से जले हुए अवशेष भी बरामद किए हैं।

इस मामले में वन विभाग ने वन अपराध क्रमांक 12606/11 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार, भालू अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित वन्यप्राणी है। इसके शिकार के मामले में 3 से 7 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है।

वन विभाग का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनसे जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

गुरु नानक जयंती पर कीर्तन और लंगर का आयोजन:कोरबा में रक्तदान शिविर लगाया, समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में गुरु नानक देव जी की जयंती मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम कुसमुंडा के विकास नगर गुरुद्वारे में हुआ। यहां सुबह से ही सिख समाज के लोग पहुंचने लगे। गुरुद्वारे में कीर्तन हुआ। ग्रंथी ने गुरु नानक देव जी की वाणी और जीवन के बारे में बताया।

उन्होंने लोगों को सत्य, सेवा और समानता के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने कीर्तन में हिस्सा लिया।

कीर्तन के बाद लंगर लगाया

कीर्तन के बाद गुरुद्वारे में लंगर लगाया गया। इसमें सिख समाज के सदस्यों के साथ आसपास के इलाकों से आए लोगों ने भी प्रसाद और भोजन ग्रहण किया। सभी ने एक साथ बैठकर लंगर खाया।

युवाओं समेत कई लोगों ने किया रक्तदान

इस मौके पर सिख समाज ने रक्तदान शिविर भी लगाया। युवाओं समेत कई लोगों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि गुरु नानक देव जी की मानव सेवा की सीख से प्रेरित होकर शिविर लगाया गया, ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके।

वरिष्ठ सदस्यों का किया सम्मान

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने समाज को जोड़ने में उनके योगदान की सराहना की।

शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी हुए आयोजन

कोरबा शहर, दीपका और दर्री के गुरुद्वारों को भी सजाया गया। यहां कीर्तन और लंगर का आयोजन हुआ। सिख समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुरु नानक जयंती की बधाई दी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677