Connect with us

कोरबा

प्रदेश गठन की 25वीं वर्षगांठ : कोरबा की औद्योगिक उड़ान की 25 साल की यात्रा

Published

on

हर हाथ को हुनर, हर विचार को अवसर व हर सपने को दिशा के उद्देश्य  से औद्योगिक यात्रा की ओर बढ़ा रहा कदम

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शासन की उद्योग अनुकूल नीतियों से जिले में स्वरोजगार व उद्योगों के क्षेत्र में आई क्रांति’

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के साथ वर्ष 2000 में विकास की एक नई यात्रा का प्रारंभ हुआ। इस यात्रा में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा ने बीते 25 वर्षों में स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन देने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। रजत जयंती वर्ष (2025) का अवसर उस विकास यात्रा का साक्षी है, जिसमें कोरबा जिले ने औद्योगिक और स्वरोजगार क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
स्थापित उद्योगों की सशक्त वृद्धि
कोरबा जो कभी सिर्फ ऊर्जा नगरी के नाम से जाना जाता था, आत्मनिर्भर भारत और मजबूत छत्तीसगढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कोरबा द्वारा स्वरोजगार और उद्योगों के क्षेत्र में क्रांति लाई।  वर्ष 2000 के दौरान  जिले में केवल 57 स्थापित उद्योग पंजीकृत थे। समय के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शासन की उद्योग अनुकूल नीतियों के फलस्वरूप यह संख्या वर्ष 2025 तक बढ़कर 391 उद्योगों तक पहुँच गई है। यह केवल आँकड़ा नहीं है, यह सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी, हजारों सपनों की उड़ान, और एक जिले की सामूहिक प्रगति की कहानी है। यह वृद्धि न केवल स्थानीय आर्थिक विकास को दर्शाती है, बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में भी सहायक रही है।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम  – स्वरोजगार की दिशा में मजबूत कदम
वर्ष 2000 में इस योजना के अंतर्गत कोई भी लाभार्थी नहीं था, लेकिन वर्ष 2025 तक 451 हितग्राहियों को योजना के तहत बैंक ऋण के माध्यम से सहायता प्राप्त हुई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना (पीएमईजीपी) का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है, जिससे वे अपने स्वयं के सूक्ष्म और लघु उद्योग स्थापित कर सकें। इससे न केवल आत्मनिर्भरता को बल मिला, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियाँ भी सशक्त हुईं।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना  से मिली खाद्य प्रसंस्करण में नई दिशा
कोरबा की पहचान अब केवल कोयला और बिजली से बढ़कर खाद्य उत्पादों तक पहुँच गई है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत राज्य गठन के समय हितग्राहियों की संख्या निरंक थी, वर्ष 2025 तक 30 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। इस योजना के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर पारंपरिक खाद्य उत्पादों को आधुनिक प्रसंस्करण इकाइयों के माध्यम से बढ़ावा दिया गया। बैंक से ऋण सहायता और क्रेडिट लिंक्ड पूंजी अनुदान के माध्यम से इन इकाइयों की स्थापना हुई, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लघु खाद्य उद्योगों का विकास हुआ।
ये सिर्फ योजनाएँ नहीं, बदलाव की दिशाएँ हैं
विभाग की इन योजनाओं के जरिए आम लोगों की जिंदगी  में बदलाव आया है। अनेक बेरोजगार युवा अब उद्यमी है, महिलाएं अब अपने ब्रांड चला रही हैं, शहर के साथ साथ गाँवों में भी उद्योगों की नींव रखी जा चुकी है। रजत जयंती वर्ष न केवल बीते समय की उपलब्धियों को देखने का अवसर है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए नई ऊर्जा और नई योजनाएं बनाने का भी समय है। प्रदेश गठन की रजत जयंती पर कोरबा जिले की यह उपलब्धियाँ दर्शाती हैं कि योजनाओं के  सही दिशा में क्रियान्वयन होने से समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को सशक्त किया जा सकता है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र  कोरबा आगामी वर्षों में भी जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु हर हाथ को हुनर, हर विचार को अवसर एवं हर सपने को दिशा की लक्ष्य के साथ औद्योगिक यात्रा की ओर अग्रसर रहेगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा में शराब में मिलावट, 6 कर्मचारी हटाए गए:आबकारी मंत्री के निर्देश पर विभाग ने की कार्रवाई

Published

on

कोरबा। कोरबा के रामपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान के 6 कर्मचारियों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। इन कर्मचारियों को शराब में मिलावट के आरोप में दुकान से हटा दिया गया है।

जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें सुपरवाइजर विकास साहू, सूरज, लोकनाथ और सुजल शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य कर्मचारियों को भी हटाया गया है। जानकारी के अनुसार, इन पर शराब में मिलावट कर बेचने का आरोप था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

यह जानकारी होली से पहले शराब में मिलावट कर बेचे जाने के संदर्भ में सामने आई है। ये सभी कर्मचारी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के हैं, जो जिले की सभी शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती करती है। कंपनी पर शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेनदेन के आरोप भी पहले सामने आ चुके हैं।

इस कार्रवाई के संबंध में जिला आबकारी प्रभारी राकेश राठौर से संपर्क करने पर उन्होंने मीटिंग के बाद बात करने को कहा, लेकिन दोबारा संपर्क नहीं हो पाया। ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रभारी शिव नायक से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

यह कार्रवाई आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन के हालिया निर्देशों के बाद हुई है। उन्होंने कुछ दिनों पहले आबकारी विभाग के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी या निजी कंपनियों द्वारा अनियमितता या लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने मिलावटी शराब, अवैध बिक्री, शराब तस्करी और महुआ शराब पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

Continue Reading

कोरबा

पुलिस ने वृद्ध-आश्रम में बुजुर्गों संग खेली फूलों की होली:थानों में भी मना रंगोत्सव; स्वयंसेवकों ने भी उत्साह से मनाई होली

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में बुधवार को होली मनाए जाने के बाद गुरुवार सुबह पुलिसकर्मियों ने भी रंगोत्सव मनाया। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में शांतिपूर्ण ढंग से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी गई।

शहर के कोतवाली थाना, सिविल लाइन थाना, मानिकपुर चौकी, दर्री, बालको और सीएसईबी चौकी में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। औद्योगिक नगरी कुसमुंडा, दीपका और हरदी बाजार थानों में भी होली का माहौल रहा। करतला, उरगा, बांगो थानों और मोरगा चौकी में भी पर्व शांतिपूर्वक मनाया गया।

इसी क्रम में, सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मां सर्वमंगला मंदिर परिसर से लगे प्रशांति वृद्ध आश्रम में पुलिसकर्मियों ने एक अनूठी पहल की। यहां पुलिस के आला अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी वृद्ध आश्रम पहुंचे। उन्होंने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली, उन्हें भोजन कराया और जिले की सुख-शांति के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रगति नगर स्थित छठ घाट पर वंदे मातरम प्रभात शाखा के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक होली उत्सव मनाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एकत्रित हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक फाग गीतों के साथ उत्सव का माहौल बना रहा।

नगर संघ सह कार्यवाहक खगेंद्र कौशिक ने उपस्थित सभी लोगों को होली से जुड़ी कहानियां सुनाने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवक अरुण सोनी ने होली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हिरण्यकश्यप और भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि होली असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक पर्व है।

हरदी बाजार में भी होली पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम गांव के मुखिया सरपंच लोकेश्वर कंवर और बुजुर्गों द्वारा होलिका की पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया, जिसके बाद रंगों का पर्व खेला गया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में कुएं में गिरने से मां की मौत:पानी निकालते समय हुआ हादसा, बेटियों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी

Published

on

कोरबा। कोरबा के बालको थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। गुरुवार शाम पानी निकालते समय 38 वर्षीय चंदा देवी साह का पैर फिसल गया और वह 30 फीट गहरे कुएं में गिर गईं।

घटना के वक्त चंदा देवी की दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने मां को कुएं में गिरते देख चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला।

उन्हें तुरंत बालको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।

बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौजूद थीं और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पति लकवाग्रस्त है और इलाज चल रहा है। महिला बालको चौक के पास मूंगफली बेचकर छह बेटियों का भरण-पोषण करती थी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677