उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में 03 करोड़ रू. के विभिन्न विकास कार्यो का उनके हाथों किया गया भूमिपूजन व लोकार्पण
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में निरंतर रूप से जारी विकास यात्रा की अगली कड़ी में आज दर्री जोन के अंतर्गत विभिन्न वार्डो में 03 करोड रूपये के विविध विकास कार्यो की सौगात प्राप्त हुई। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित विविध कार्यक्रमों में इन सभी विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण किया गया, इसके तहत दर्री जोन में 28 नवीन आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे, वहीं आज नवनिर्मित सामुदायिक भवन व बस स्टाप को भी जनसेवा में समर्पित किया गया, वहीं बाउण्ड्रीवाल, मंच निर्माण व सामुदायिक भवन मरम्मत कार्य हेतु भी भूमिपूजन किया गया।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा दर्री जोन के अंतर्गत विभिन्न वार्डो में 02 करोड़ 64 लाख रूपये की लागत से 28 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जहॉं पर हमारे नौनिहालों को पठन, पाठन, खेलकूद व पोष्टिक आहार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, इसके साथ ही दर्री जोन के वार्ड क्र. 59 अंतर्गत नवधा पण्डाल के पास बाउण्ड्रीवाल मंच निर्माण एवं सामुदायिक भवन मरम्मत का कार्य 15 लाख रूपये की लागत से किया जाएगा, आज इनका भूमिपूजन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के करकमलों से सम्पन्न किया गया। इसी प्रकार निगम द्वारा वार्ड क्र. 59 दर्रीखार में एन.टी.पी.सी. सीएसआर मद के अंतर्गत 09 लाख रूपये की लागत से बस स्टाप यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है, वहीं वार्ड क्र. 58 कबीर भवन के पीछे साडा कालोनी दर्री में सामुदायिक भवन निर्माण का कार्य 10 लाख रूपये की लागत से पूर्ण किया गया है, आज इस मौके पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने उक्त दोनों नवनिर्मित विकास कार्यो को फीता काटकर व लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर जनताजनार्दन की सेवा में समर्पित किया।
भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रशासन दिया हमारी सरकार ने
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में विगत दो वर्षो में हमारी सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त शासन प्रशासन के हम सबके सपने को पूरा किया है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास होने के साथ-साथ गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा व समाज के सभी वर्ग के लोगों के लिए दर्जनों कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर योजनाओं का लाभ लोगों को पहुंचाया गया है। उन्होने कहा कि डॉ.रमन सिंह 15 वर्ष तक प्रदेश् के मुख्यमंत्री रहे, उन पर कभी केाई भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे, उन्होने पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य किया तथा हमारे छत्तीसगढ़ राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया था, वहीं अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनने के बाद फिर से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि हमारी सरकार जो कहती है, वह निश्चित रूप से करती भी है, हम खोखले वादे नहीं करते। उन्होने कहा कि जहॉं तक कोरबा के विकास का प्रश्न है तो कोरबा के सर्वांगीण विकास में कोई अवरोध कभी भी नहीं आने दिया जाएगा।
हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था और अब उसे संवारने, आगे बढ़ाने एवं देश के विकसित राज्यों के समकक्ष ला खड़ा करने का काम हम सबका है, उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश को संवारने का लगातार कार्य कर रहे हैं, तो वहीं कोरबा के विकास के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव व उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का लगातार मार्गदर्शन व आशीर्वाद हमें प्राप्त हो रहा है। उन्होने कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन जब नगर निगम कोरबा के महापौर थे, तो उन्होने कोरबा के विकास के लिए ऐतिहासिक रूप से कार्य किया तथा कोरबा के विकास पुरूष की संज्ञा उन्हें प्राप्त हुई, आज भी उन्हीं के मार्गदर्शन में कोरबा का तेजी से विकास हो रहा है।
भूूमिपूजन कार्यक्रमों के दौरान निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, कल्याणी यादव, जनकसिंह राजपूत, फिरतराम साहू, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, अयोध्याबाई कंवर, प्रीति दिनेश शर्मा, अजय चन्द्रा, सम्मतकुंवर कंवर, किशन कैवर्त, विनम्र तिवारी, सुखविंद कौर, मण्डल अध्यक्ष मनोज लहरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नारायण सिंह ठाकुर, तुलसी ठाकुर, तोमेश यादव, नरेन्द्र पाटनवार, लक्ष्य चतुर्वेदी, आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह राजपूत, दादूराम यादव, पूर्व संजय कुर्मवंशी, पूर्णिमा वैष्णव प्रमिला बाई, नीलिमा तिवारी, अनिल भारिया, अनिल यादव, नवीन सिंह आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।
कोरबा। कोरबा के राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।
ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।
ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला
पुलिस के मुताबिक, ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ भरा था। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त किया और चालक को पकड़ लिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
कोरबा। कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इसके बाद वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया।
बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा अजगर
उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।
सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें
RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं।
टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और कोरबा जिले में हाथियों का आतंक जारी है। सरगुजा के जंगल में एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाया और एक युवक को बुरी तरह कुचल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक का इलाज जारी है।
वहीं, कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। दोनों घटनाएं सोमवार (23 नवंबर) सुबह की हैं।
घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी है।
हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।
हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।
ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।
केस 1 – हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला
सरगुजा के टीरंग गांव में सोमवार को हाथी ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। हाथी के हमले में युवक बाल-बाल बचा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीन हाथियों का दल जशपुर से सरगुजा वन क्षेत्र में पहुंचा है। इनमें से दो हाथी लुंड्रा पहुंच गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन परिक्षेत्र से सरगुजा वन परिक्षेत्र में घुसे तीन हाथी सोमवार को टीरंग गांव पहुंचे। हाथियों के दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। टीरंग में फसल बचाने की कोशिश में ग्रामीण हाथियों को खदेड़ रहे थे। इसी दौरान नर हाथी ने ग्रामीण जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया।
हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।
केस 2 – कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर तोड़ा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है।
धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा पहुंचा झुंड
जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा है। हाथियों के आबादी वाले इलाके में आने और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका थी। इसी वजह से ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।
ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी
सोमवार सुबह जिल्गा के कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।
हाथी को अपनी ओर आते देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर गांव लाए
घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। बाद में वे दूसरे किसान का ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाए। कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कुदमुरा और करतला में भी हाथियों की मौजूदगी
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक और हाथी घूम रहा है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड मौजूद है।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को मुनादी कर जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की समझाइश दी गई है।