बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग चार सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हैं। पहली घटना कोरबा की है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में NSUI के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और ऑटोमोबाइल एजेंसी मालिक की मौत हो गई, जबकि कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दूसरी घटना रायपुर की है। सीएम हाउस के पास तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने स्कूल जा रहे EV स्कूटर सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
तीसरी घटना बिलासपुर की है, जहां पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई। तीनों बेलपान मेला देखकर लौट रहे थे। ग्राम तेंदुआ मोड़ के पास सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
वहीं चौथी घटना कांकेर की है। जन्मदिन मनाने के लिए कार से माकड़ी ढाबा जा रहे दो नाबालिगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलटते हुए पेड़ से टकरा गई। कार में छह दोस्त सवार थे, जिनमें से चार घायलों का इलाज जारी है।
कोरबा एक्सीडेंट की तस्वीरें –
कार गड्ढे में गिरकर तीन बार पलटी मारते हुए सड़क से दूर जा गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
पीछे आ रहे दोस्तों ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दिए बिना ही घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया।
राहुल राय एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक रह चुके हैं।
केस-1युवा कांग्रेस नेता और कारोबारी की मौत
पहली घटना कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, बिलासपुर के एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार (सीजी 10 बीएफ 9922) में सवार होकर गुरुवार की रात बालको में अपने परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी के मालिक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल सवार थे। चारों रात करीब 9.30 बजे बिलासपुर के ढेका से निकलकर उरगा पहुंचे थे। इस दौरान कोरबा शहर में प्रवेश करते समय वो रास्ता भटक गए थे।
एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय की फाइल फोटो।
स्पीड में थी कार, निर्माणाधीन लेन में उतरी
भारतमाला नेशनल हाईवे अभी निर्माणाधीन है। लिहाजा, उनकी तेज रफ्तार कार हाईवे के आखिर में खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। कार से ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इस दौरान अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरकर तीन बार पलटी मारते हुए सड़क से दूर जा गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर और सीने में गंभीर चोट आई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे दोस्तों ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दिए बिना ही घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है।
शादी अटेंड कर बालको के लिए हुए थे रवाना
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को केजीएन अस्पताल में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे से महज 40 मिनट पहले चारों युवक बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां उन्होंने अन्य कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात की।
यहां पार्टी में शामिल होने के बाद वो बालको के लिए रवाना हुए थे। फिलहाल, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच पड़ताल में जुट गई है।
इसी कार में सभी सवार होकर बारात के लिए निकले थे।
केस-2रायपुर में सरकारी वाहन की टक्कर से छात्र की मौत
दूसरी घटना रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। छत्तीसगढ़ क्लब के सामने शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे EV स्कूटर भाई-बहन को सरकारी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में भाई की मौके पर मौत हो गई। जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह 7.50 बजे सीएम हाउस के पास हुआ है। मृतक की पहचान अंश आठवानी (14) के रूप में हुई है। जो कि स्कूटर चला रहा था। हादसे के बाद ड्राइवर सरकारी वाहन छोड़कर फरार हो गया है।
रायपुर में सरकारी गाड़ी ने पीछे से स्कूटर को टक्कर मारी।
हादसे में अंश आठवानी (14) की मौत हो गई। (फाइल फोटो)
आरोपी ड्राइवर की तलाश में पुलिस
इस हादसे में घायल नमिसा को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले में सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि पुलिस वाहन तेज रफ्तार में था। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोडर वाहन के ड्राइवर ने बच्चों को कुचला।
केस-3
बिलासपुर में पति-पत्नी, बेटी की मौत
बिलासपुर में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई। तीनों बेलपान मेला देखकर लौट रहे थे। ग्राम तेंदुआ मोड़ के पास सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद जमनेश यादव (40), उनकी पत्नी संतोषी यादव (39) और बेटी अनीषा यादव (13) सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने 112 की मदद से उन्हें कोटा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोटा पुलिस ने मर्ग कायम कर केस डायरी जूनापारा चौकी को भेज दी है।
हादसे में पति-पत्नी और 13 साल की बेटी की भी जान चली गई
केस-4
कांकेर में बर्थ-डे सेलिब्रेट करने जा रहे 2 दोस्तों की मौत
कांकेर में तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से 2 नाबालिगों की मौत हो गई। 6 दोस्त माकड़ी ढाबा में बर्थडे सेलिब्रेशन करने जा रहे थे। तभी NH-30 पर गोविंदपुर स्थित रामदेव टाइल्स के सामने कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में चार अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए।
बेकाबू कार सड़क से नीचे उतकर पेड़ से टकरा गई, कार के परखच्चे उड़ गए।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।