रायपुर, एजेंसी। एक्टर शाहरूख खान को धमकी मिलने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने रायपुर के एक वकील को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को ट्रांजिट रिमांड लेने के लिए रायपुर कोर्ट में उसे पेश किया गया था। कोर्ट ने 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी है।
आरोपी वकील फैजान खान को बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचने का नोटिस दिया गया था। नहीं पहुंचने पर उसे रायपुर से गिरफ्तार किया गया। अब उसे बांद्रा कोर्ट में पेश कर रिमांड में लिया जाएगा। इससे पहले वकील ने कहा था कि, उसका फोन गुम हो चुका है। उसे जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है।
वकील ने शाहरुख खान की एक फिल्म के डायलॉग पर आपत्ति जताई थी, जिसमें शाहरुख ने कहा था कि, हिरण को पकाकर खा लो। उन्हें हिरण का शिकार करने में मजा आता है। फैजान ने इसकी शिकायत मुंबई और जोधपुर में की थी, जिसमें बताया कि, हिरण को बिश्नोई समाज पूजता है। इस डायलॉग से उनकी आस्था को ठेस पहुंची है।
पूछताछ में नहीं किया बांद्रा पुलिस का सहयोग
फैजान खान को मुंबई पुलिस ने 7 नवंबर को पूछताछ के लिए नोटिस दिया था, जिसमें फैजान को कहा गया था कि 11 नवंबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उससे शाहरुख खान को फोन से मिली धमकी और 50 लाख रुपए मांगने के मामले में पूछताछ होनी थी। लेकिन 11 नवंबर को फैजान बांद्रा पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा।
जिस वजह से 12 नवंबर यानी आज उन्हें रायपुर से मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की तैयारी हो रही है।
14 नवंबर को आने की बात कहने का दावा
इस मामले में फैजान खान के सहयोगी वकील विराट वर्मा ने दैनिक भास्कर को बताया कि मुंबई पुलिस ने 11 नवंबर को पूछताछ के लिए पेश होने को नोटिस दिया था। लेकिन, हमने 14 नवंबर को आने की बात की थी, जिसमें उन्होंने सहमति दी थी। इसके अलावा विराट वर्मा का दावा है कि उन्होंने मुंबई पुलिस को ऑडियो-वीडियो माध्यम से पूछताछ के लिए भी आवेदन भेजा था। इस पर कोई जवाब नहीं आया।
क्या है शाहरुख को मारने की धमकी का मामला?
मामले की शुरुआत मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन पर आए एक फोन कॉल से हुई। अनजान कॉलर ने फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगी। कॉलर ने कहा कि उसे 50 लाख रुपए चाहिए। वरना वो शाहरुख खान को जान से मार देगा।
इसके बाद मुंबई पुलिस एक्शन मोड पर आई। मुंबई से तीन पुलिस अफसर रायपुर पहुंचे। बुधवार 6 नवंबर की रात वे रायपुर के होटल में रुके। तड़के उन्होंने पंडरी एरिया में मोबाइल सिम की लोकेशन देखने के बाद फैजान के घर गए। धमकी भरे कॉल के संबंध में करीब 2 घंटे पूछताछ की।
शाहरुख खान को धमकी मिलने के बाद उनके घर मन्नत के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई। (फाइल फोटो)
गुम हुए मोबाइल से दी गई धमकी
इस दौरान पूछताछ में फैजान ने बताया कि उसका मोबाइल 2 नवंबर को गुम हो गया था, जिसकी शिकायत उसने 4 नवंबर को खम्हारडीह थाने में कराई थी, जबकि बांद्रा पुलिस स्टेशन में फोन कॉल 5 नवंबर को गया था। थाने में शिकायत की कॉपी दिखाने के बाद फैजान को छोड़ा गया। दोबारा पूछताछ के लिए 14 नवंबर को मुंबई बुलाया है।
फैजान ने अंजाम फिल्म को बैन करने की मांग की है। इसी फिल्म के एक सीन में आपत्तिजनक डायलॉग है।
फैजान ने कहा- मैंने शाहरुख के खिलाफ शिकायत की थी
वकील फैजान खान ने खुलासा करते हुए कहा था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक रील देखी। ये शाहरुख खान की 1994 में रिलीज हुई अंजाम फिल्म की क्लिप थी, जिसमें एक सीन में वह हाथों में बंदूक लिए एक हिरण का शिकार करके आ रहे हैं।
इस दौरान वह अपने नौकर हरि सिंह को कह रहे हैं कि गाड़ी में एक हिरण पड़ा हुआ है, उसे पकाकर खा लो, तभी फिल्म में एक अभिनेत्री शाहरुख खान से कहती हैं कि वह क्यों बेगुनाह जानवरों को मारता है। इस पर शाहरुख खान कह रहे हैं कि उन्हें अच्छा लगता है, बहुत मजा आता है।
फैजान ने सिम गुम होने की शिकायत 4 नवंबर को पुलिस थाने में दी थी।
शाहरुख ने दंगा भड़काने की कोशिश की
फैजान ने शिकायत में अंजाम फिल्म की सीन के बारे में बताते हुए कहा था कि शाहरुख खान एक विशेष धर्म से आते हैं। वे बिश्नोई समाज को ठेस पहुंचाकर दंगा भड़काना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से दो समुदाय के बीच दरार डालने को लेकर राजस्थान के जोधपुर के मथानिया थाना और मुंबई पुलिस कमिश्नर समेत बांद्रा पुलिस को अक्टूबर में शिकायत दी थी।
मुझे फंसाने की साजिश
मामले में फैजान ने बताया था कि धमकी भरे फोन में उनके सिम का इस्तेमाल हुआ है। उन्हें आशंका है कि फंसाने के लिए ये एक साजिश है। उन्होंने रायपुर SSP संतोष सिंह से मामले की शिकायत की है, जिसमें उन्होंने परिवार और खुद की जान को खतरा बताया है।
फैजान ने शिकायत की डिजिटल कॉपी दी थी।
2023 में भी मिली थी धमकियां, बढ़ाई गई थी सिक्योरिटी
साल 2023 में शाहरुख खान को पठान और जवान फिल्म की कामयाबी के बाद लगातार धमकियां मिल रही थीं। मामले की शिकायत दर्ज होने पर सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें Y प्लस सिक्योरिटी दी गई थी। तब से ही शाहरुख खान हर जगह टाइट सिक्योरिटी के साथ ही जाते हैं।
59वें बर्थडे पर इवेंट का हिस्सा बने थे शाहरुख
2 नवंबर को शाहरुख खान ने 59वां जन्मदिन मनाया है। हर साल वो जन्मदिन पर फैंस से मिलने मन्नत की बालकनी पर आते हैं। हालांकि इस साल सिक्योरिटी के मद्देनजर शाहरुख बालकनी में नहीं आए। हालांकि वो शाम करीब 6 बजे बांद्रा स्थित रंग मंदिर ऑडिटोरियम में आयोजित हुए एक इवेंट का हिस्सा बने थे।
कोरबा 30 सितंबर 2026। मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत के संबंध में कोरबा जिले के अधिकारियों का बैठक सम्पन्न हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, श्रीमती नीता यादव की अध्यक्षता में मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत की तैयारी के लिए जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती गरिमा शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा, सुश्री मयुरा गुप्ता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, कु0 डिम्पल, जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व पी.डब्लू.डी. विभाग की ओर से अधिकारीगण उपस्थित रहे। मॉनिटरिंग सेल की बैठक में न्यायालय से संबंधित भवन निर्माण कार्यो की प्रक्रिया शीघ्रता से करने हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कलेक्टर को निर्देश दिए गये तथा विधिक जागरूकता शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु संबंधित विभागों के साथ कैंप लगवाये जाने हेतु संबंधित विभाग को सामंजस्य स्थापित करने हेतु निर्देशित किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में राजस्व मामलों को अधिक से अधिक संख्या में रखकर मामलों को निपटारा करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही पुलिस विभाग को ट्रैफिक चालान को नेशनल लोक अदालत में रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया।
कोरबा 30 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस.एन.केशरी के नेतृत्व में दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को विश्व वयोवृद्ध दिवस पर इंदिरा गाँधी ऑडिटोरियम खेल परिसर टीपी नगर कोरबा में दोपहर 2.00 बजे से स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, नगर निगम तथा राजस्व विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत विभीन्न बिमारियों की स्क्रीनिंग हेतु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में मुख्य रूप से वयोवृद्ध लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जॉंच जैसे बीपी,शुगर, मुख जॉंच, कान की जॉंच तथा अन्य बिमारियों की जॉंच किया जावेगा तथा निःशुल्क दावा का वितरण किया जायेगा। कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील किया है कि वे अपने घर एवं क्षेत्र के अधिक से अधिक संख्या में वयोवृद्ध लोगों को शिविर में जॉच हेतु भेजें जिससे उनका स्वास्थ्य परीक्षण हो सके।
गोद भराई, अन्नप्राशन और पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से दिया स्वास्थ्य का संदेश
कोरबा, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग ने 28 सितंबर को करतला विकासखंड के ग्राम बेहरचुवां में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। परियोजना अधिकारी श्रीमती रागिनी प्रधान के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती द्रौपती बाई राठिया मुख्य अतिथि रहीं।
कार्यक्रम में गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार व नियमित स्वास्थ्य जांच तथा अभिभावकों को बच्चों के पूरक आहार की जानकारी दी गई। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली, मातृ संवाद, न्योता भोज और पोषण प्रदर्शनी में महिलाओं व बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार तैयार करने और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वच्छता एवं देखभाल संबंधी जानकारी दी। पर्यवेक्षक कौशिल्या बरेठ ने बच्चों के प्रारंभिक विकास से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं का नियमित लाभ लेने की अपील की गई।