Connect with us

कोरबा

कोरबा महत्वपूर्ण जिला, सभी जिम्मेदारियों को समझते हुए शासन की योजनाओं का प्राथमिकता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : प्रभारी सचिव

Published

on

श्रमिकों के लिए कैम्प लगाकर योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए निर्देश

प्रभारी सचिव श्रीमती अलरमेल मंगई डी. ने ली अधिकारियों की बैठक

कोरबा । कोरबा जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती अलरमेल मंगई डी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरबा एक महत्वपूर्ण जिला है। यहां बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोग तथा बड़ी संख्या में श्रमिक निवास करते हैं। यहां शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए एवं आपस में समन्वय बनाकर टीम भावना से कार्य करने और कोरबा जिला को सभी योजनाओं में आगे बढ़ाने कहा। प्रभारी सचिव श्रीमती मंगई डी ने कोरबा जिले में महत्वपूर्ण स्थानों पर शिविर आयोजित करने और उनका पंजीयन कर श्रम विभाग योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण से जुड़े विभागों को भी श्रमिकों के हित में कार्य करते हुए योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। इस अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा डीएमएफ से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में सभी अधिकारियों के समन्वय और सहयोग से कार्य करेंगे।
बैठक में प्रभारी सचिव ने राजस्व विभाग, जिला पंचायत, नगरीय निकाय, वन विभाग, खाद्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, आदिवासी विकास विभाग सहित अन्य विभागों में संचालित योजनाओं एवं महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। राजस्व विभाग अंतर्गत समीक्षा करते हुए उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, डायवर्सन, विवादित एवं अविवादित प्रकरण की जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने ऑनलाइन प्रकरण दर्ज होने के पश्चात् समय सीमा के भीतर ऑनलाइन निराकरण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अंतर्गत उन्होंने मनरेगा, अमृत सरोवर, वनाधिकार पट्टाधारियों के अंतर्गत स्वीकृत कार्य, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की और पीएम आवास निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने नगरीय निकाय अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, मोर मकान मोर चिन्हारी, मोर जमीन मोर मकान, मदवार स्वीकृत निर्माण कार्यों की जानकारी, पीएम स्वनिधि योजना, स्वच्छ भारत मिशन सर्वे तथा निकाय अंतर्गत आय-व्यय एवं राजस्व वसूली की जानकारी ली। उन्होंने जिले में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्लम सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर शिविर लगाकर लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कोरबा एवं कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत उन्होंने हाथियों सहित अन्य वन्य प्राणियों से होने वाले जनहानियों, फसल हानि आदि की जानकारी ली और समय सीमा के भीतर संबंधितों को मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए। वनमण्डलाधिकारियों द्वारा वन विभाग अंतर्गत किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों, हाथी विचरण वाले आबादी क्षेत्रों में रेस्क्यू, ड्रोन के माध्यम से जंगली हाथियों पर नजर रखने और एआई सहित अन्य तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को जागरूक करने, तेंदूपत्ता संग्रहण एवं भुगतान की स्थिति, बोनस राशि के वितरण, समूह बीमा योजना, मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति आदि की जानकारी दी। बैठक में खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड की संख्या, नवीनीकरण, धान खरीदी, बारदाने की स्थिति सहित अवैध धान की खरीदी को रोकने गठित निगरानी दल आदि के संबंध में जानकारी दी गई। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा बताया गया कि जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू ढंग से संचालित हो इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बनाई गई है। एसडीएम को कोचियों पर नजर रखने और उनकी सूची तैयार रखने के निर्देश देते हुए अनुभाग स्तर पर उन्हें नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि शासकीय भूमि पर जिन्होंने भी अतिक्रमण कर धान लिया है, उसकी जब्ती की जा रही है। इसके साथ ही जो भी गलत तरीके से धान बेचेंगे उस पर रोक लगाने के साथ ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। प्रभारी सचिव ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा करते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सतर्क रहते हुए समय पर शिविर लगाने के निर्देश दिए। आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत योजनाओं की जानकारी लेते हुए प्रभारी सचिव ने बालिका आश्रम एवं छात्रावासों में किसी भी पुरूष के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने और अनिवार्य रूप से महिला सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजनांतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को निर्धारित योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने समय सीमा के भीतर घरों में पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, महतारी वंदन योजना की जानकारी लेते हुए जिले के कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने और समय पर महिलाओं एवं बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम विभाग अंतर्गत जिले में लगाए गए पंजीयन शिविर की जानकारी लेते हुए श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में, निर्माण गतिविधि वाले क्षेत्रों में शिविर लगाने और श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालयों एवं शिक्षकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिले के विद्यालयों में डीएमएफ से शिक्षकों एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती किए जाने तथा जिले से कोचिंग के लिए 100 विद्यार्थियों को रायपुर भेजे जाने की जानकारी प्राप्त होने पर जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की। बैठक में वनमण्डलाधिकारी कोरबा अरविंद पीएम, कटघोरा कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत संबंधी बैठक आयोजित

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत के संबंध में कोरबा जिले के अधिकारियों का बैठक सम्पन्न हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, श्रीमती नीता यादव की अध्यक्षता में मॉनिटरिंग सेल एवं नेशनल लोक अदालत की तैयारी के लिए जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती गरिमा शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा, सुश्री मयुरा गुप्ता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, कु0 डिम्पल, जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व पी.डब्लू.डी. विभाग की ओर से अधिकारीगण उपस्थित रहे। मॉनिटरिंग सेल की बैठक में न्यायालय से संबंधित भवन निर्माण कार्यो की प्रक्रिया शीघ्रता से करने हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कलेक्टर को निर्देश दिए गये तथा विधिक जागरूकता शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु संबंधित विभागों के साथ कैंप लगवाये जाने हेतु संबंधित विभाग को सामंजस्य स्थापित करने हेतु निर्देशित किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में राजस्व मामलों को अधिक से अधिक संख्या में रखकर मामलों को निपटारा करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही पुलिस विभाग को ट्रैफिक चालान को नेशनल लोक अदालत में रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया।

Continue Reading

कोरबा

राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत विश्व वयोवृद्ध दिवस पर इंदिरा गाँधी स्टेडियम टी.पी. नगर कोरबा में  स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कल

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस.एन.केशरी के नेतृत्व में दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को विश्व वयोवृद्ध दिवस पर इंदिरा गाँधी ऑडिटोरियम खेल परिसर टीपी नगर कोरबा में दोपहर 2.00 बजे से स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, नगर निगम  तथा राजस्व विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत  विभीन्न बिमारियों की स्क्रीनिंग हेतु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।  
इस शिविर में मुख्य रूप से वयोवृद्ध लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जॉंच जैसे बीपी,शुगर, मुख जॉंच, कान की जॉंच तथा अन्य बिमारियों की जॉंच किया जावेगा तथा निःशुल्क दावा का वितरण किया जायेगा।
  कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के  जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील किया है कि वे अपने घर एवं क्षेत्र के अधिक से अधिक संख्या में वयोवृद्ध लोगों को शिविर में जॉच हेतु भेजें जिससे उनका स्वास्थ्य परीक्षण हो सके।

Continue Reading

कोरबा

बेहरचुवां में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

Published

on

गोद भराई, अन्नप्राशन और पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से दिया स्वास्थ्य का संदेश

कोरबा, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग ने 28 सितंबर को करतला विकासखंड के ग्राम बेहरचुवां में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। परियोजना अधिकारी श्रीमती रागिनी प्रधान के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती द्रौपती बाई राठिया मुख्य अतिथि रहीं।

कार्यक्रम में गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार व नियमित स्वास्थ्य जांच तथा अभिभावकों को बच्चों के पूरक आहार की जानकारी दी गई। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली, मातृ संवाद, न्योता भोज और पोषण प्रदर्शनी में महिलाओं व बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार तैयार करने और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।

स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वच्छता एवं देखभाल संबंधी जानकारी दी। पर्यवेक्षक कौशिल्या बरेठ ने बच्चों के प्रारंभिक विकास से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं का नियमित लाभ लेने की अपील की गई।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677