जगदलपुर,एजेंसी। महाराष्ट्र के एक कारोबारी ने छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार जैसे 4 राज्यों में 10 लोगों से 26 करोड़ 36 लाख 74 हजार की ठगी की है। इसने कई राज्यों में पिग आयरन (कच्चा लोहा) खरीदी कर पैसे नहीं दिए। सभी पैसे गबन कर लिए थे।
इसमें बस्तर के एक युवक से भी 64 लाख 51 हजार 143 रुपए की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी को एमपी के इंदौर से गिरफ्तार किया है। जिसे जेल भेज दिया गया है। मामला जगदलपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
दरअसल, कुछ दिन पहले जगदलपुर निवासी मोहित चावड़ा ने कोतवाली पहुंचकर धोखाधड़ी की FIR दर्ज कराई थी। इसने पुलिस को बताया था कि, ऑर्बिट इलेक्ट्रोमेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कंपनी का संचालक अनिल राय और कंपनी के परचेस मैनेजर राहुल चौहान ने पिग आयरन लिया।
पिग आयरन (कच्चा लोहा) फाइल फोटो।
पुलिस ने दर्ज की थी FIR
जिसके 64 लाख 51 हजार 143 रुपए हुए, लेकिन पैसे नहीं दिए गए। इसे हैदराबाद की एक कंपनी से पैसे मिल गए थे। उसने इन पैसों का इस्तेमाल दूसरे काम में कर फ्रॉड किया। युवक की शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।
आरोपी इंदौर से पकड़ाया
SP शलभ सिन्हा ने कोतवाली प्रभारी भोला सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की। कंपनी के बारे में पूरी हिस्ट्री खंगाली गई। पुलिस को पता चला कि आरोपी अनिल राय इंदौर में है।
जगदलपुर से टीम को इंदौर (मध्य प्रदेश) भेजा गया। टीम ने इंदौर में एक ठिकाने से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। जिसे जगदलपुर लेकर आए। आरोपी से पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपी अनिल राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानिए कैसे की ठगी
आरोपी अनिल राय ORBIT ELECTROMECH INDIA PVT LTD COMPANY के साथ ही इंदौर और कोलकाता स्थित BOLSTER TRADELINK LIMITED COMPANY का संचालक है। पिग आयरन खरीदने के लिए जगदलपुर निवासी मोहित चावड़ा से संपर्क किया था।
कंपनी के परचेस मैनेजर राहुल चौहान ने मोहित चावड़ा के पर्सनल वॉट्सऐप नंबर में मैसेज कर अपना परिचय ब्लास्टर ट्रेडलिंग प्राइवेट लिमिटेड का सीनियर मैनेजर होना बताया था।
209 टन आयरन बेचा था
राहुल चौहान ने मैसेज में 2 हजार मीट्रिक टन पिग आयरन की रिक्वायरमेंट बताकर मोहित चावड़ा से रेट मांगा। राहुल चौहान ने GST डिटेल भेजा था। जिसके बाद मोहित चावड़ा ने राहुल चौहान के नंबर पर 26 अप्रैल 2025 को ऑफर लेटर सेंड किया था।
मोहित चावड़ा ने कंपनी के परचेस मैनेजर राहुल चौहान के कहे अनुसार हैदराबाद के एमपीएल नाम की एक कंपनी को 209 टन आयरन दिया।
जिसका अमाउंट लगभग 64 लाख 51 हजार रुपए हुआ। संचालक और परचेस मैनेजर ने हैदराबाद के एमपीएल कंपनी से रकम ले ली। जिसे मोहित चावड़ा को न देकर अन्य कंपनी में उपयोग कर लिया। उसके साथ धोखाधड़ी की गई।
यह मामला जगदलपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
4 राज्यों में 10 केस
ASP महेश्वर बघेल ने कहा कि, जब आरोपी की हिस्ट्री खंगाली तो पता चला कि, छत्तीसगढ़ के दुर्ग और रायपुर में भी इसके खिलाफ 3 केस दर्ज हैं। कुल 4 राज्यों में 10 प्रकरण अलग-अलग पुलिस थाने में दर्ज हैं।
ये महाराष्ट्र का रहने वाला है, लेकिन मध्यप्रदेश में रह रहा था। अलग-अलग राज्यों की पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। लेकिन बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अन्य लोगों से भी आयरन के पैसे न देकर ठगी की है।
इन राज्यों में 10 लोगों से की है ठगी
जगदलपुर में मोहित चावड़ा से 64 लाख 51 हजार 143 रुपए की ठगी की।
रायपुर में एक शख्स से 9 करोड़ 33 लाख 92 हजार रुपए ठगे। आमानाका थाना में FIR।
दुर्ग के भिलाई में एक शख्स से 37 लाख 33 हजार रुपए की ठगी की। पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज।
दुर्ग के भिलाई में ही एक और शख्स से 25 लाख 48 हजार की ठगी की। पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज।
महाराष्ट्र के औरंगाबाद से एक शख्स से 6 करोड़ 78 लाख की ठगी की। MIDC याकूज थाना में मामला दर्ज।
महाराष्ट्र के औरंगाबाद के सिडको थाना इलाके के एक युवक से 93 लाख 63 हजार की ठगी।
बिहार के पटना कोतवाली थाना इलाके से एक शख्स से 3 करोड़ की ठगी की।
बिहार के पटना में ही बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से एक युवक से 3 करोड़ 58 लाख की ठगी।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बीटा-2 थाना क्षेत्र से एक शख्स से 65 लाख 63 हजार रुपए की ठगी।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ताल कटोरा थाना क्षेत्र से एक युवक से 80 लाख 69 हजार रुपए की ठगी।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।