कोरबा
जन्म के पहले अर्जन के मामले में भू-विस्थापितों की ऐतिहासिक जीत, सुप्रीम कोर्ट ने एसईसीएल की याचिका खारिज की
कोरबा। ऊर्जाधानी भू-विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई में एक ऐतिहासिक जीत मिली है । 27 अक्टूबर 2025 को भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड) प्रबंधन द्वारा दायर की गई विशेष अनुमति याचिका (Special Leave Petition) को सिरे से खारिज कर दिया है ।
यह मामला (SLP (C) डायरी सं. 41528/2025) एसईसीएल प्रबंधन द्वारा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के एक फैसले (WA No. 250/2025, दिनांक 17-04-2025) के खिलाफ दायर किया गया था । उच्च न्यायालय ने भू-विस्थापित ( राहुल जायसवाल) के पक्ष में फैसला सुनाया था, जो सेवा कानूनों और अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित था।
एसईसीएल प्रबंधन ने उच्च न्यायालय के इस जन-हितैषी फैसले के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था । कल माननीय न्यायाधीश जे.के. माहेश्वरी और माननीय न्यायाधीश विजय बिश्नोई की खंडपीठ ने एसईसीएल के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद, उनकी याचिका में कोई मेरिट नहीं पाया और उसे “Delay Condoned and matter dismissed” (देरी माफ और मामला खारिज) कर दिया । यह केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं है, बल्कि यह ऊर्जाधानी के उन सभी भू-विस्थापित किसानों और उनके परिवारों की जीत है, जो वर्षों से एसईसीएल प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ अपने वैध अधिकारों (जैसे नौकरी और अनुकंपा नियुक्ति) के लिए संघर्ष कर रहे हैं । सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला एसईसीएल प्रबंधन के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि वे भू-विस्थापितों के अधिकारों को और अधिक समय तक दबा नहीं सकते । इस फैसले से उच्च न्यायालय का आदेश बरकरार रहेगा और न्याय की जीत हुई है ।

ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति एसईसीएल प्रबंधन से मांग करती है कि वे माननीय सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले का सम्मान करें और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन करते हुए प्रभावित भू-विस्थापितों को उनका संपूर्ण अधिकार प्रदान करें ।
समिति अपने हक़ और न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेगी ।

कोरबा
पत्नी को हाथ-मुक्कों और डंडे से पीट-पीटकर मार डाला: अधमरा कर चादर ओढ़ाकर छोड़ा, मौत, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
कोरबा। कोरबा में चरित्र संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने अधमरी पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय खाट पर चादर ओढ़ाकर छोड़ दिया था। सुबह घरवालों को महिला मृत मिली। पुलिस ने आरोपी पति बिहानू सिंह मंझवार को हिरासत में ले लिया है। यह मामला लेमरू थाना क्षेत्र का है।

यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे मुड़ापार अरसेना गांव में हुई। आरोपी बिहानू सिंह मंझवार (45) को अपनी पत्नी बिरसो बाई (45) के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
मंगलवार तड़के जब परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे, तब बिहानू और बिरसो बाई के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि बिहानू ने हाथ-मुक्कों और डंडे से बिरसो बाई की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह अधमरी हो गई।

अधमरी हालत में पत्नी को खाट पर डालकर चादर ओढ़ा दी
इसके बाद आरोपी ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय खाट पर सुलाकर चादर ओढ़ा दी। करीब दो घंटे बाद जब बिरसो बाई नहीं उठी, तो परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने जाकर देखा तो बिरसो बाई की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना गांव के सरपंच ने लेमरू पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुमन पोया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी बिहानू सिंह मंझवार को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह चरित्र संदेह ही सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
कोरबा
कोरबा में पटाखा गोदाम में भीषण आग:धमाकों से दहला इलाका, दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित शर्मा पटाखा गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में लगातार जोरदार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई देने लगा।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने के कारण लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची

दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
धमाकों के बीच आग बुझाने की चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के चलते दमकलकर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य स्थानों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
पुलिस ने घेरा इलाका, लोगों को हटाया
घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया।
गोदाम में विस्फोटों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीम भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्य में जुटी हुई है।

आग लगने के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी
लाखों के नुकसान की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। ऐसे में पूरा स्टॉक जलकर खाक होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हो सकता है।
जनहानि की सूचना नहीं, जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा। साथ ही आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4399 दिन के सफल कार्यकाल पर कोरबा में भाजपा ने मनाया गौरव दिवस, आध्यात्मिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
जनविश्वास के 12 वर्ष: कोरबा में भाजपा ने आध्यात्मिक कार्यक्रमों से मनाया गौरव दिवस
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों ने राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 17 स्थित ढोढ़ीपारा के हनुमान मंदिर में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मुख्य आतिथ्य में धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संकटमोचक प्रभु श्री हनुमान जी के मूल मंत्र का 108 बार सामूहिक जप किया गया। इसके पश्चात राष्ट्र की सुख-समृद्धि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी नेतृत्व की कामना करते हुए श्रद्धापूर्वक महाआरती की गई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम”, “जय हनुमान” और “भारत माता की जय” के उद्घोषों से गुंजायमान रहा।

12 वर्षों की राष्ट्रसेवा और जनविश्वास का प्रतीक हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : गोपाल मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में देश ने आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देशवासियों का विश्वास अर्जित किया है। लगातार तीसरी बार देश की जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल करना उनके प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ देश प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी नेतृत्व की कामना की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस अवसर को केवल राजनीतिक उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व के सम्मान का प्रतीक बताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पुनः दोहराते हुए देशहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस पुनीत एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, देवेंद्र पांडेय, रुक्मणी नायर, प्रिती स्वर्णकार, डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, मनीष मिश्रा, शैलेंद्र यादव, अखिलेश पांडेय, दीप नारायण सोनी, नीरज ठाकुर, संजीव शर्मा, मिलाप बरेठ, मुनीराम साहू, लक्ष्मण श्रीवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
