Connect with us

कोरबा

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक की पिटाई:कोरबा में बदमाशों ने बीच सड़क बाइक में लगाई आग, सिर पर भी किया हमला

Published

on

कोरबा। कोरबा में मंगलवार रात शराब के लिए पैसे देने से इनकार करने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। फिर बीच सड़क उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अटल चौक गोढ़ी की है।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9.30 बजे बेनदरकोना का रहने वाला निखिल कुमार बंजारे (22) अपने दोस्त की बाइक (क्रमांक CG 12 BG 3218) पर अटल चौक स्थित राजकुमार महिलोंगे की दुकान के पास बैठा था। इसी दौरान आदिल प्रकाश मार्तंड अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और निखिल से शराब के लिए पैसे मांगे।

जान से मारने की भी दी धमकी

निखिल के पैसे देने से मना करने पर आदिल और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने निखिल को जान से मारने की धमकी भी दी। आदिल ने सड़क पर पड़े पत्थर से निखिल के सिर पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

आगजनी के बाद जान बचाकर भागा युवक

इसके बाद आदिल और उसके साथियों ने सड़क पर खड़ी निखिल की बाइक को आग के हवाले कर दिया। वहीं, किसी तरह अपनी जान बचाकर निखिल बाजार चौक पहुंचा, जहां वह बेहोश हो गया। परिचितों ने उसे तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया।

सिविल लाइन थाने में केस दर्ज

घटना के बाद निखिल के परिजनों ने उसके साथ सिविल लाइन थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कृषक उन्नति योजना से मिली सहायता, खेती की जरूरतें पूरी कर पा रहे मनी प्रसाद

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। जिले के पाली क्षेत्र के ग्राम जोरहाडबरी निवासी किसान मनी प्रसाद यादव के लिए खेती ही परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। पांच सदस्यों के परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ खेती के खर्च का इंतजाम करना उनके लिए चुनौती थी।
श्री यादव को कृषि विभाग के माध्यम से कृषक उन्नति योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उन्हें लगभग 89 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस राशि से खाद, बीज और कीटनाशक जैसी खेती की आवश्यक सामग्री खरीदने में मदद मिली। समय पर संसाधन जुटा पाने से खेती का काम आसान हुआ और परिवार को आर्थिक सहारा मिला।

श्री यादव का कहना है कि योजना का लाभ मिलने से खेती की लागत वहन करने में राहत मिली है। उन्होंने सहायता के लिए राज्य शासन और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना से बेटी की पढ़ाई को मिला सहारा

Published

on

कोरबा 30 सितंबर 2026। ग्राम दोन्दरो निवासी श्रीमती सावित्री यादव निर्माण श्रमिक के रूप में काम करती हैं। उनका पंजीयन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में मजदूर रेजा-कुली के रूप में 11 जुलाई 2019 से है। तलाक के बाद बेटी की परवरिश और उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से आर्थिक सहारा मिला है।
श्रीमती सावित्री यादव ने बताया कि श्रम विभाग से उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उनकी पहली बेटी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने बेटी की आगे की पढ़ाई में किया। उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
सावित्री कहती हैं कि इन योजनाओं से बेटी की शिक्षा जारी रखने में मदद मिली है। उन्होंने सहायता के लिए श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

नकाबपोश चोर ने आंगन से हीरो स्प्लेंडर चुराई:CCTV में कैद हुई वारदात, साइकिल-चप्पल छोड़ भागा, लगातार चोरी से लोग परेशान

Published

on

कोरबा। कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में बीती रात करीब 3:35 बजे एक नकाबपोश चोर घर के आंगन में खड़ी बाइक चोरी कर ले गया। चोर अपनी साइकिल और चप्पल घर के पास ही छोड़ गया और बाइक लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। यह घटना रामपुर थाना क्षेत्र की है।

घर के आंगन से बाइक हुई चोरी

सिंचाई विभाग में मानचित्रकार के पद पर कार्यरत गिरधारी लाल खरिया सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर A1-3 में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (CG 12 AQ 7329) घर के आंगन में खड़ी की थी। सुबह उठने पर बाइक वहां नहीं मिली।

इसके बाद उन्होंने CCTV फुटेज देखा। इसमें एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया। खास बात यह है कि चोर अपनी साइकिल और चप्पल घर के पास ही छोड़ गया और बाइक लेकर निकल गया।

पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी से दहशत

चोरी की लगातार घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। पूर्व पार्षद पालू राम साहू ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में लगातार चोरी हो रही है। कुछ दिन पहले इसी कॉलोनी के एक सूने मकान में भी चोरी हुई थी, लेकिन उसका आरोपी अभी तक पकड़ा नहीं गया है। इसके अलावा बाइक और घरों में चोरी की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।

बताया गया कि गणेश उत्सव के दौरान तीजा के दिन रामपुर जंगल बस्ती निवासी कौशल्या बरेठ के सूने घर का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर ले गए थे। इस मामले में भी अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।

लगातार हो रही चोरियों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रात में गश्त बढ़ाने और चोरियों के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677