नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों ने समाज, संस्कृति और बचपन के भावों को किया जीवंत बिलासपुर। दीनदयाल कॉलोनी, मंगला स्थित न्यू एम्बिशन पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हें-मुन्ने बच्चों ने नृत्य, नाटक एवं गीतों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पार्षद रमेश पटेल, पूर्व पार्षद श्याम पटेल एवं जीत सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। सोशल मीडिया पर आधारित ड्रामा के माध्यम से बच्चों ने बताया कि किस प्रकार इसका हमारी निजी जिंदगी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और यह हमें अपनों से दूर कर मानसिक तनाव, चिंता और अकेलेपन को बढ़ावा दे रहा है। यह प्रभावशाली प्रस्तुति जतिन हार्सिका, सिद्धी, दिशू, वैभव और कुनाल द्वारा दी गई। नर्सरी के बच्चों ने मधुर गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इनमें मानवी, तन्मय, दृष्टि, सौम्या सहित अन्य बच्चे शामिल रहे। वहीं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और नारी शक्ति को दर्शाता नाटक सिद्धी शर्मा, सुभरत एवं उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। केजी-2 के बच्चों ने “हम तो ऐसे हैं भैया” गीत पर नृत्य कर बचपन की मासूमियत और निश्चिंत जीवन को दर्शाया। इस प्रस्तुति में प्रियांशी, प्रगा, लोकिता, खुशी, तानिया, निहारिका और आज्ञा शामिल रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों की संस्कृति को भी दर्शाया गया। कक्षा दूसरी के बच्चों द्वारा पंजाबी डांस प्रस्तुत किया गया, जिसमें साक्षी, मानस, मुस्कान, राजवीर, सुहानी, अंशिका, पुष्कल और हर्ष शामिल थे। वहीं तमिल डांस की प्रस्तुति हर्ष कुमार, रागिनी, सेजल, मानस, पुष्कल, देवांशी, नौरिन, शिवांश, स्वाती और उमंग ने दी। कॉमेडी ड्रामा ‘हेरा-फेरी’ को लवी, खिलेश, सुभरत, आयुष, ऋषभ एवं उनके साथियों ने प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब हंसाया। इसके अलावा कक्षा आठवीं के छात्रों द्वारा दोस्ती की अहमियत और आवश्यकता को दर्शाता नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रिंस, शौर्य, नीता, संगीता, स्वेता सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर स्कूल संचालक सुनील उपाध्याय सहित डेविड साहू, पंकज तिवारी, वर्षा उपाध्याय, संजना प्रधान, ममता चौधरी, राजेश्वरी कल्यानी, नेहा सिंह, पिंकी मिश्रा, श्रेया श्रीवास्तव, प्रज्ञा तिवारी, कल्पना ठाकुर, पूजा देवांगन, प्रतिभा चंद्रकांता, किशोरी गुप्ता, स्मिता दिनकर, सुनीति कश्यप एवं संगीता साहू उपस्थित रहीं।
कोरबा। कोरबा जिले के मुड़ा पार स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सोमवार को शाम 7:00 बजे समय से पहले ही बंद मिला। स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ की अनुपस्थिति के कारण केंद्र में ताला लगा हुआ था, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे निर्धारित समय के भीतर इलाज की उम्मीद लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, लेकिन शाम 7:00 बजे केंद्र बंद मिला। स्टाफ के नदारद रहने से मरीजों को बिना उपचार लौटना पड़ा। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार स्टाफ समय पर उपस्थित नहीं रहता। लोगों ने जिला स्वास्थ्य प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और केंद्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और लोगों को बुनियादी सुविधा का लाभ मिल सके।
कोरबा। नगर निगम ने 84 बड़े बकाएदारों के नाम सार्वजनिक करते हुए जमा नहीं करने पर संपत्ति कुर्की की चेतावनी दी है। कई लोगों का 4 से 7 लाख टैक्स बकाया है। नोटिस जारी करने के बाद भी टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कम टैक्स वसूली पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद संपत्ति कर, जल कर, मकान और दुकान किराया समेत अन्य कर जमा नहीं करने वालों का नाम सार्वजनिक किया है। टैक्स जमा नहीं होने पर निगम को नुकसान भी हो रहा है। अभी नगर निगम टैक्स वसूली के लिए वार्डों में शिविर भी आयोजित कर रहा है।
इस साल 144 करोड़ टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा है। इसमें करीब 45 प्रतिशत की वसूली हो पाई है। आयुक्त ने निगम के ठेकेदारों को टेंडर भरने से अयोग्य घोषित करने कहा है। ऐसे लोगों की सूची तैयार की जा रही है, जिनका टैक्स बकाया है। सबसे अधिक बकाया वालों में रामभगत मित्तल का 3 लाख 35 हजार 347, मोहनलाल अग्रवाल का 7 लाख 31 हजार 624, शकुंतला देवी का 3 लाख 92 हजार, शिवकुमार अग्रवाल और गोपाल प्रसाद अग्रवाल का 4 लाख 91207, बलविंदर सिंह का 3 लाख 70 हजार, विनय शंकर द्विवेदी का 1 लाख 22 हजार 574, राजकुमार मोदी का 1 लाख 29101 रुपए बकाया है। 50 हजार से अधिक बकाया वालों को पहले नोटिस जारी किया है।
कोरबा। श्री अग्रसेन पब्लिक स्कूल के शिक्षक शिक्षकाओं के द्वारा शहर से 20 किलोमीटर दूर परसाखोला में वन भोज का आयोजन किया गया। जिसमें श्री अग्रसेन शिक्षक समिति के अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि वनभोज में विद्यालय के शिक्षक शामिल हुए। पढाई के साथ साथ विद्यालय के द्वारा वनभोज से शिक्षकों के मानसिक शांति के अनुभव होने के साथ-साथ बच्चों के पढाई में एक अभिरूचि भी पैदा होती है।
आने वाला समय परीक्षाओं का होगा, जिससे मानसिक शांति से वे अच्छी तैयारी भी करा सकते हैं। ताकि स्कूल के छात्र अच्छे अंक अर्जित कर सकें। इस अवसर पर प्राचार्य रीना चौधरी ने बताया कि वनभोज से हमारे बीच उत्साह पूर्व वार्तावरण बनता है। वनभोज के साथ साथ विभिन्न प्रतियोगिता का अयोजन भी किया गया जिसमें विजेताओं को पुरस्कार भी दिए गए।