Connect with us

कोरबा

बालको उत्पादन के साथ ही सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैः सीईओ राजेश कुमार

Published

on

बालको ने बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में धूमधाम से मनाया 77वां गणतंत्र दिवस

बालकोनगर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया। गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा विविधता, समानता और समावेशिता के प्रतीक स्वरूप एक ट्रांस महिला के नेतृत्व में प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। इस अवसर पर सीईओ ने सुरक्षा कर्मियों की अनुशासित एवं जोशपूर्ण परेड की सराहना की।

समारोह में देशभक्ति का रंग भरते हुए बालको के आसपास स्थित 10 स्कूलों के 1,900 से अधिक विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विभिन्न नृत्य और कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और साझा विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। बालको द्वारा आकर्षक झांकियों की शोभायात्रा भी निकाली गई। इन झांकियों में पॉटलाइन, पावर, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन और फायर सेफ्टी सहित विभिन्न व्यावसायिक कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। झांकियों ने बालको के कार्यों के साथ-साथ समावेशी विकास और सामूहिक प्रगति के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।

भारत की विकास यात्रा में बालको के योगदान की चर्चा करते हुए कंपनी के सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि बालको में हम राष्ट्र निर्माण को एक साझा जिम्मेदारी मानते हैं। कंपनी उत्पादन के साथ ही सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। भारत की एल्यूमिनियम इंडस्ट्री के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में, हम अपने औद्योगिक क्षमताओं को सशक्त बनाते हुए सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास को अपने कार्यों का अभिन्न हिस्सा बनाए रखते हैं। समुदायों और साझेदारों के साथ मिलकर कार्य करते हुए हम दीर्घकालिक मूल्य सृजन और भारत की प्रगति में सार्थक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसमें हमारी 1 मिलियन टन विस्तार योजना एक महत्वपूर्ण कदम है।

नगर गौरव पुरस्कार समारोह में बालकोनगर क्षेत्र के सेंट्रल बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ बोर्ड के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं के दो टॉप विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं ₹10,000 नकद राशि प्रदान की गई, जबकि कक्षा 12वीं के दो टॉप विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं लैपटॉप देकर उनके परिजनों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, परेड और झांकी प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली टीमों को भी पुरस्कृत किया गया।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के उपरांत सीईओ श्री कुमार ने बालको अस्पताल, में जाकर मरीजों को फल वितरित किया। यह पहल समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति बालको की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

गणतंत्र दिवस समारोह में 6,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, व्यावसायिक साझेदार, उनके परिवारजन, यूनियन के पदाधिकारी तथा स्थानीय समुदाय के सदस्य शामिल हुए। सभी ने एक साथ मिलकर एकता, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय गौरव की भावना का उत्सव मनाया।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा

Published

on

आवास प्लस 2.0 की सूची का होगा सार्वजनिक वाचन एवं अनुमोदन

ग्राम सभा की मंजूरी के बाद फाइनल सूची आवास सॉफ्टवेयर में होगी अपलोड

विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम एवं रोजगार संबंधी प्रावधानों की दी जाएगी जानकारी

कोरबा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार हितग्राहियों की सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पात्र एवं प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन भी किया जाएगा।

ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 के तहत तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है, तो ग्रामीण मौके पर ही अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित सूची को अंतिम रूप देकर आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।

बैठक में पंचायतों के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा तथा पूर्व में पारित प्रस्तावों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी। ग्राम पंचायतों की परिसंपत्तियों के रखरखाव, नए विकास कार्यों की प्राथमिकताओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

ग्राम सभा में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के उद्देश्यों एवं विभिन्न प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके अंतर्गत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार गारंटी अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, मजदूरी भुगतान की व्यवस्था, बेरोजगारी भत्ते के प्रावधानों तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

ग्राम सभा में स्थानीय विकास योजनाओं के निर्माण, श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने के विषय में भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

जिला प्रशासन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने अधिकारों एवं गांव के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में शराब दुकान शिफ्टिंग पर विवाद:आबकारी इंस्पेक्टर के व्यवहार से भड़के स्थानीय लोग, हंगामा बढ़ने पर बिना निरीक्षण लौटी टीम

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के दीपका नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 में प्रस्तावित शराब दुकान के स्थल निरीक्षण के दौरान गुरुवार को विवाद हो गया। तहसील कार्यालय के पास दुकान खोलने के प्रस्ताव पर स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद अधिकारी बिना निरीक्षण पूरा किए लौट गए।

यह विवाद आबकारी विभाग द्वारा तहसील कार्यालय के समीप शराब दुकान संचालित करने के प्रस्ताव को लेकर था। स्थल की स्थिति का जायजा लेने के लिए कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, नगर पालिका सीएमओ नेतराम रत्नेश, नपा अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत और आबकारी इंस्पेक्टर सुकांत पांडे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।

निरीक्षण की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल अपने समर्थकों और स्थानीय निवासियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित स्थल पर शराब दुकान खोलने का कड़ा विरोध किया।

पार्षद ने तर्क दिया कि आवासीय क्षेत्र और तहसील कार्यालय के पास दुकान खुलने से कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है, जिससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और महिलाओं को परेशानी होगी।

पार्षद और एसडीएम के बीच तीखी बहस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्षद कमलेश जायसवाल और एसडीएम तन्मय खन्ना के बीच तीखी बहस हुई। एसडीएम ने पार्षद को कार्यालय आकर चर्चा करने का सुझाव दिया, जिस पर पार्षद ने जवाब दिया कि वे कार्यालय में भी आपत्ति दर्ज कराएंगे, लेकिन वार्ड में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने देंगे।

इसी दौरान आबकारी इंस्पेक्टर सुकांत पांडे और पार्षद के बीच भी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने ऊंची आवाज में चिल्लाते हुए और उंगली उठाकर बात की, जिससे स्थानीय लोग और भड़क गए। लोगों ने जनप्रतिनिधि से इस तरह के व्यवहार को अनुचित बताया।

हंगामा बढ़ने पर बिना निरीक्षण लौटी टीम

हंगामा और नारेबाजी बढ़ने पर, एसडीएम सहित पूरी टीम बिना निरीक्षण पूरा किए ही वापस लौट गई। बाद में, एसडीएम तन्मय खन्ना ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल प्रस्तावित स्थल की स्थिति जानने के लिए था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जमीन वन विभाग की पाई जाती है, तो वहां शराब दुकान नहीं खोली जा सकती।

Continue Reading

कोरबा

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई:अडानी पावर प्लांट में चोरी की साजिश नाकाम, 04 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता एवं सीसीटीवी निगरानी से मिली महत्वपूर्ण मदद
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी पकड़ाए
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल

कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई एवं औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु चलाए जा रहे “ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा ” अभियान के अंतर्गत थाना उरगा पुलिस द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को विफल करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था से पकड़ी गई संदिग्ध गतिविधि

दिनांक 18.06.2026 की रात्रि अडानी पावर प्लांट पताढ़ी परिसर में स्थापित सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा कर्मियों द्वारा तत्काल सजगता दिखाते हुए संदिग्धों की निगरानी की गई तथा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।

सुरक्षा कर्मियों की तत्परता एवं सीसीटीवी निगरानी के कारण चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले 04 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से असफल हुई चोरी की योजना

घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी करने के उद्देश्य से प्लांट परिसर में प्रवेश करना स्वीकार किया गया।

प्रकरण में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 346/2026 धारा 331(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 18.06.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपीगण –

  1. कुंदन कुमार श्रीवास उर्फ दाऊ, उम्र 20 वर्ष, निवासी तिलकेजा, थाना उरगा, जिला कोरबा।
  2. सोमेंद्र कुमार कर्ष उर्फ अप्पी, उम्र 24 वर्ष, निवासी खैरभांठ (तिलकेजा), थाना उरगा, जिला कोरबा।
  3. शिवकुमार श्रीवास उर्फ शिव, उम्र 26 वर्ष, निवासी संजय नगर अकलतरा, हाल मुकाम कुदरूमाल, थाना उरगा, जिला कोरबा।
  4. संपत कुमार धीवर, उम्र 20 वर्ष, निवासी कलमीभांठ (तिलकेजा), थाना उरगा, जिला कोरबा। कोरबा पुलिस की अपील – सजग रहें, सुरक्षित रहें

औद्योगिक क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं आम नागरिकों की सतर्कता अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा ” अभियान के माध्यम से अपराध रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677