Connect with us

छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में 3 दुकानों में लगी आग:सारा सामान जलकर राख, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी चौक के पास देर रात तीन ठेला दुकानों में भीषण आग लग गई। इस घटना में तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपए का सामान नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे हुई। आग की चपेट में कोल्ड्रिंक की दुकान, मुर्रा की दुकान और गन्ने के रस की दुकान आ गईं। दुकान संचालकों को इस अग्निकांड से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

आग लगने का कारण अभी अज्ञात है। हालांकि, होली पर्व से ठीक पहले हुई इस घटना को देखते हुए असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफल रही। गनीमत रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

लाखों का नुकसान

सिटी कोतवाली पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। दुकान संचालकों के अनुसार, उन्हें इस आगजनी से लगभग 1 से 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है, जिसमें फ्रिज, कूलर, कुर्सियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए हैं।

पुलिस नुकसान का आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

Continue Reading

कोरबा

बालको चिमनी हादसा…होटल के कमरे से गवाह-आरोपी पकड़े गए:गवाहों को प्रभावित करने के आरोप, कंपनी ने कराया था कमरा बुक

Published

on

कोरबा। कोरबा में बालको चिमनी हादसे के मामले में एक महत्वपूर्ण गवाह को प्रभावित करने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी सगामसेट्टी व्येंकतेश के साथ गवाह पृथ्वीनाथ सिंह को होटल ग्रैंड गोविंदा के कमरा नंबर 202 से पकड़ा।

यह कमरा जीडीसीएल कंपनी ने बुक कराया था। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और बिलासपुर हाईकोर्ट ने इसकी सुनवाई समय-सीमा में पूरी करने का आदेश दिया है।

बता दें कि 2009 में बालको प्लांट में निर्माणाधीन चिमनी ढहने से 40 मजदूरों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। इस मामले में जीडीसीएल कंपनी और सेपको चीनी कंपनी के लोग आरोपी हैं।

लंबे समय से जीडीसीएल कंपनी पर गवाहों को प्रभावित करने का आरोप लग रहा था, जिसके कारण गवाह पेशी में नहीं आ रहे थे। न्यायालय ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

होटलों में छापेमारी

एसपी सिद्धार्थ तिवारी को सूचना मिली थी कि गवाह पृथ्वीनाथ सिंह आरोपी पक्ष कोरबा लाकर छिपाकर रखे हुए है, जो कि बिहार के छपरा का रहने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने होटलों में छापेमारी शुरू की।

होटल के कमरे से गवाह और आरोपी पकड़े गए

पुलिस ने होटल ग्रैंड गोविंदा के कमरा नंबर 202 में गवाह पृथ्वीनाथ सिंह को उनके बेटे और एनएसजीएल कंपनी के पूर्व कर्मचारी और आरोपी सगामसेट्टी व्येंकतेश के साथ पाया। जांच में होटल के रजिस्टर से पता चला कि यह कमरा जीडीसीएल कंपनी की ओर से बुक किया गया था।

पूछताछ में आरोपी घबराया

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी व्येंकतेश घबरा गया और उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि वह गवाह को पहले से जानता था। जांच में यह भी सामने आया कि गवाह के बयान की फोटो व्हाट्सएप के जरिए आरोपी के बेटे के मोबाइल पर भेजी गई थी।

पुलिस ने तैयार किया पंचनामा

पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाया और जरूरी फोटोग्राफ्स के साथ पूरी जानकारी अदालत को भेजी। लोक अभियोजक ने बताया कि गवाह को प्रभावित कर अपने पक्ष में गवाही दिलाने की साजिश की गई थी। इस पर आपत्ति भी दर्ज कराई गई।

अदालत में दोनों पक्षों की बहस

बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष के बीच अदालत में जोरदार बहस हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने मामले में आगे की गवाही के लिए अभियोजन पक्ष को समय दे दिया है।

Continue Reading

कोरबा

आयमूलक गतिविधियों से समूह की महिलाओं के जीवन में लाएं सकारात्मक बदलाव- प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह

Published

on

स्व सहायता समूह की महिलाओं की आय में करें वृद्धि

आजीविका गतिविधियों के विषय में चर्चा कर, महिलाओं का किया उत्साहवर्धन

संचालक एवं मनरेगा आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने किया आवास निर्माण का निरीक्षण

मनरेगा के कार्यों में पारदर्शिता हेतु अपनाई जा रही क्यू आर कोड स्कैन प्रणाली की सराहना

कोरबा। जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विभिन्न महिला स्व सहायता समूह कार्य कर रहे हैं। इन महिला समूहों को विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की जाए। इस प्रकार की कार्ययोजना तैयार की जाए कि प्रति महिला सदस्य की मासिक आमदनी कम से कम 25 हजार रूपए हो। उक्त निर्देश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग छत्तीसगढ़ की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने गुरुवार को कोरबा जिले भ्रमण के दौरान पाली जनपद पंचायत के ग्राम डोंगानाला में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं।

गुरुवार को प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह आईएएस,संचालक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं आयुक्त महात्मा गांधी नरेगा छत्तीसगढ़ तारन प्रकाश सिन्हा आईएएस, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण छत्तीसगढ़ के एम डी अश्विनी देवांगन आईएएस,कोरबा जिले के दौरे पर रहे।

प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने ग्राम डोंगानाला के हरि बोल स्व सहायता महिला समूह के द्वारा संचालित वन धन केंद्र का निरीक्षण किया। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे वन ओषधि, लड्डू अचार आदि उत्पादों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने समूह की महिलाओं से विभिन्न आजीविका गतिविधियां अपनाकर आर्थिक सशक्तिकरण की बात कही। महिलाओं द्वारा अपनाई गई आयमूलक गतिविधियों की तारीफ करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया।

संचालक,प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण छत्तीसगढ़ एवं मनरेगा आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत धवईपुर में हितग्राही नन्हा सिंह एवं नीरेश बाई के आवास निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री सिन्हा ने आवास के हितग्राहियों से मुलाकात कर आवास निर्माण के बाद उनके जीवन में आए बदलाव के संदर्भ में चर्चा की । इसके साथ ही किश्त प्राप्ति एवं मनरेगा मजदूरी की जानकारी भी ली। श्री सिन्हा ने जनपद एवम् जिला स्तर के अधिकारियों को बरसात के पूर्व अधिक से अधिक आवास निर्माण पूर्ण कराने निर्देशित किया।

मनरेगा आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने ग्राम पंचायत धबईपुर में मनरेगा के कार्यों में पारदर्शिता हेतु अपनाई जा रही क्यू आर कोड स्कैन प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने इस पद्धति की सराहना करते हुए ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को क्यू आर कोड स्कैन प्रणाली अपनाने की बात कही।

निरीक्षण की दौरान सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, ईई आरईएस अशोक कुमार जोगी, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती इंदिरा भगत, श्रीमती अमिता साहू, सीईओ जनपद पंचायत कटघोरा यशपाल सिंह, सीईओ जनपद पंचायत पाली मोहनीश देवांगन सहित विकासखंड के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा पुलिस को 02 दिन में महत्वपूर्ण सफलता 07 स्थायी वारंट, 41 गिरफ्तारी वारंट की तामिली कुल 48 वारंटियों को पकड़ा

Published

on

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 2 दिन में 24 शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ख़िलाफ़ चालानी कार्यवाही

सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत “ऑपरेशन शांति” चलाकर कोरबा पुलिस की व्यापक कार्यवाही

लंबे समय से फरार वारंटियों की त्वरित पहचान एवं गिरफ्तारी

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ समन्वित कार्यवाही

कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु निरंतर दबिश एवं निगरानी

यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण एवं चालानी कार्यवाही

कोरबा। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत “ऑपरेशन शांति” चलाकर स्थायी वारंट एवं गिरफ्तारी वारंट की तामिली हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को सघन अभियान चलाकर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष निर्देश दिए गए थे। इसके पालन में पुलिस टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई एवं तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश की गई।

उक्त अभियान के तहत दिनांक 15.04.2026 एवं 16.04.2026 के दौरान कोरबा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई, जिसमें—
▪️07 स्थायी वारंट की तामिली
▪️41 गिरफ्तारी वारंट की तामिली
▪️कुल 48 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेजा गया।

इसके अतिरिक्त, जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कोरबा पुलिस के द्वारा दो दिवस के भीतर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 24 शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर चालानी कार्यवाही की गई।

पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना/पुलिस को दें। वारंटियों को शरण देना या उनकी जानकारी छिपाना कानूनन अपराध है।

कोरबा पुलिस – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677