Connect with us

छत्तीसगढ़

सेवा केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन का मूल संस्कार है- अमर सुल्तानिया

Published

on

भीषण गर्मी में मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने अपने वजन के बराबर फल सब्जी का गौशाला में दान कर पेश की मिसाल

नैला-जांजगीर। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां जनजीवन प्रभावित है, वहीं मारवाड़ी युवा मंच शाखा नैला जांजगीर द्वारा एक सराहनीय और मानवीय पहल करते हुए गौसेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। मंच के सभी सदस्यों ने नैला गौशाला पहुंचकर अपने-अपने वजन के बराबर फल, सब्जियां, चना और गुड़ का दान किया, जिससे गौवंश को पोषण मिल सके।

इस सेवा कार्य में सदस्यों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने सदस्यों का मनोबल बढ़ाया जिन्होंने इस पहल को संवेदनशील समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने कहा कि सेवा केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन का मूल संस्कार है। जब युवा अपने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर समाज और जीवों के प्रति दायित्व निभाते हैं, तभी सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण संभव होता है। गौसेवा हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है, और ऐसे प्रयास समाज में करुणा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष आकाश सिंघानिया, सचिव अनुभव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल, नवदीप अग्रवाल, चेतन शर्मा सहित सदस्य तुषार गोयल, आदित्य भोपालपुरिया, यश अग्रवाल, केशव सोनी, रमेश शर्मा, रक्षित अग्रवाल और पार्थ अग्रवाल ने सक्रिय भूमिका निभाई।
यह पहल न केवल सेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी प्रेरित करने वाला रहा।

Continue Reading

कोरबा

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा, लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश

Published

on

तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों के आयोजन हेतु सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु किया निर्देशित, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण शीघ्रता से कराने व स्कैनिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने किया निर्देशित

किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने हेतु वितरण में गति लाने के दिए निर्देश

कोरबा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति के साथ टीएल के लंबित प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों के निराकरण में अपेक्षित गति लाते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सके।

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के‘‘ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी अनुविभागों में 18 से 20 जून तक तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को शिविर हेतु उपयुक्त स्थलों का शीघ्र चयन कर आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिविरों में सभी विभागीय अधिकारी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वित प्रयास करते हुए शिविर में आमजनो के नए पंजीयन, त्रुटि सुधार, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता देने को कहा, कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर केवल पंजीयन तक सीमित न रहें, बल्कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनें।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने खरीफ वर्ष के लिए खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसानों तक समय पर खाद पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आए और किसानों को आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो। इसके लिए खाद वितरण की दैनिक प्रगति पर सतत निगरानी रखते हुए नियमित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसानों को केसीसी के माध्यम से ऋण वितरण में भी प्रगति लाने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने जुलाई माह के लिए खाद्यान्न आबंटन एवं भंडारण स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को माह के अंत तक प्रत्येक सोसायटी में खाद्यान्न का पूर्ण भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखते हुए पात्र हितग्राहियों को जुलाई माह का राशन निर्धारित समय पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए शेष पात्र किसानों का पंजीयन अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में तेजी लाकर सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की प्रगति का अवलोकन करते हुए उन्होंने संयुक्त खाताधारक किसानों का भी नियमानुसार पंजीयन कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने नगरीय निकायों में अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों से आवेदन प्राप्त करने तथा उन्हें त्वरित रूप से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्ट्रीट वेंडरों की पहचान कर उन्हें भी योजना से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन के साथ ही कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग प्रक्रिया भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा न आए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे बीईओ से नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त करें तथा वितरण एवं स्कैनिंग कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी विभागीय अधिकारियों को पोर्टल से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को पूर्ण गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा से बाहर न हो।
कलेक्टर ने लम्बित प्रकरणों के निराकरण में  धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत प्रगतिरत व स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्याे को तेजी से पूर्ण कराने के लिए कहा। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणा एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत कार्याे का समय पर प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति हेतु प्रेषित करने निर्देशित किया।
इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं टीएल के लंबित प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।
बैठक में  वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय,  ओएसडी तरुण कुमार किरण, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल  सहित सभी एसडीएम,  तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ नगरीय निकाय सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

सुशासन में आधुनिक कृषि को बढ़ावा, कम लागत में बढ़ी उपज और गुणवत्ता

Published

on

नैनो उर्वरक से बदली खेती की तस्वीर, किसान राममनोहर सोनी को मिल रहा अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ

अन्य कृषकों को भी आधुनिक खेती और नैनो उर्वरकों की दे रहे सीख

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहन मिलने से किसानों को नई दिशा और मजबूती मिल रही है। शासन की किसान हितैषी योजनाओं और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के सकारात्मक परिणाम अब गांव-गांव में दिखाई देने लगे हैं। कोरबा जिले के ग्राम तिलकेजा के प्रगतिशील कृषक राममनोहर सोनी इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरे हैं, जिन्होंने नैनो उर्वरकों के सफल उपयोग से अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाया है।

लगभग साढ़े चार एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले श्री सोनी पिछले वर्ष से नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पारंपरिक उर्वरकों की तुलना में नैनो उर्वरक अधिक प्रभावी सिद्ध हुआ है। प्रारंभिक स्तर पर प्रयोग के रूप में प्राप्त नैनो उर्वरकों के उपयोग से उन्हें उत्साहजनक परिणाम मिले, जिसके बाद उन्होंने इसे अपनी खेती का महत्वपूर्ण हिस्सा बना लिया। श्री सोनी ने बताया कि नैनो उर्वरकों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनके उपयोग में श्रम की आवश्यकता कम होती है। चार एकड़ क्षेत्र में केवल एक से दो व्यक्ति आसानी से इसका छिड़काव कर सकते हैं। इससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है।
उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से फसलों की वृद्धि बेहतर हुई है, गुणवत्ता में सुधार आया है तथा रोगों का खतरा भी कम हुआ है। साथ ही उत्पादन लागत में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन की तैयारियों के दौरान उन्हें सहकारी समिति के माध्यम से समय पर नैनो डीएपी और नैनो यूरिया उपलब्ध हो गया। समिति में परमिट भी तत्काल जारी किया गया और बिना किसी परेशानी के उर्वरक प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि शासन की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की समितियों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है, जिससे किसानों को आवश्यक कृषि आदान सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है। श्री सोनी के अनुसार नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के नियमित उपयोग से फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है तथा उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हुई है। इससे खेती अधिक लाभकारी बन रही है और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल रही है।
अन्य किसानों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि किसान भाई केवल पारंपरिक उर्वरकों पर अधिक निर्भर न रहें, बल्कि नैनो उर्वरकों जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाएं। इससे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है तथा खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाया जा सकता है।
कृषक राममनोहर सोनी ने किसानों के हित में की जा रही व्यवस्थाओं, समय पर उर्वरक उपलब्धता तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : छत्तीसगढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज

Published

on

मुख्य सचिव ने ली उच्च स्तरीय बैठक,  “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम निर्धारित 

मुख्य सचिव ने ली उच्च स्तरीय बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है। आयोजन को व्यापक और सफल बनाने के लिए राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक ली और तैयारियों की समीक्षा की।

सरगुजा में होगा राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन

         बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संभावित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सरगुजा जिले में आयोजित होगा। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को इसके लिए सभी आवश्यक और पुख्ता तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जन-भागीदारी

          मुख्य सचिव श्री विकासशील ने निर्देश दिए कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के सभी जिलों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों पर अनिवार्य रूप से योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए आयुष विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। जिला स्तर पर अधिक से अधिक जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

NEET परीक्षार्थियों का रखा जाएगा विशेष ध्यान

           मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि 21 जून को ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट (NEET) की पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस के आयोजनों के कारण नीट परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा या तकलीफ न हो।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी और डिजिटल पंजीयन

           आयुष विभाग के अधिकारियों के अनुसार, भारत सरकार द्वारा इस बार व्यापक जनभागीदारी के निर्देश हैं। 14 जून 2026 से सुबह 6.15 बजे से 7.35 बजे तक ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर आसानी से पंजीयन कराया जा सकता है। अधिकारियों ने  बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा योग संगम पोर्टल-2026 प्रारंभ किया गया है। जिसके माध्यम से विभिन्न संस्थाएं, विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय,  स्वायत्तशासी संस्थाएं, सार्वजनिक उपक्रम योग संस्थान एवं सामुदायिक संगठन दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों के लिए पंजीयन एवं  कार्यक्रम के उपरांत विवरण एवं फोटोग्राफ अपलोड किये जा सकते है। शासन के समस्त विभागों के सचिव, विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त एवं कलेक्टरों को अधीनस्थ संस्थाओं, कार्यालयों को उक्त पोर्टल पर पंजीयन कराने एवं आयोजन उपरांत कार्यक्रम की जानकारी पोर्टल में अपलोड करने हेतु निर्देशित करने कहा गया है। पंजीयन हेतु वेब पोर्टलhttps//:yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam  है। 

         मंत्रालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद समेत नगरीय प्रशासन, वाणिज्यिक कर, कृषि, श्रम और आयुष विभाग के सचिव एवं योग आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677