Connect with us

कोरबा

सुशासन तिहार 2026 का शुभारंभ: जनसंवाद, पारदर्शिता और त्वरित समाधान का सशक्त अभियान’

Published

on

किसान को मिला संसाधन, किताब सिंह की खेती को मिली नई दिशा

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2026 का शुभारंभ आज से उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ हुआ। यह अभियान केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जन केन्द्रित कार्यप्रणाली का जीवंत उदाहरण है। इसके माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रही है, उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर रही है तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचा रही है।

सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और आमजन के बीच की दूरी को कम करना, पारदर्शिता को बढ़ावा देना तथा सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। इसके अंतर्गत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी सरल एवं त्वरित बनाई गई है।
इसी कड़ी में आज कटघोरा विकासखंड के ग्राम धनरास में एक बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का वातावरण बना।
शिविर के दौरान कोरबा जिले के जमनीपाली निवासी किसान किताब सिंह कंवर को कृषि विभाग द्वारा 1.5 एचपी इलेक्ट्रिक मोटरपंप प्रदान किया गया। श्री कंवर के पास लगभग साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे परंपरागत रूप से धान की खेती करते हैं। सिंचाई के सीमित संसाधनों के कारण उन्हें खेती में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मोटरपंप मिलने से अब उन्हें समय पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी कृषि उत्पादकता में वृद्धि और उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगी।

श्री कंवर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविर आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले जहां छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों में जाना पड़ता था, वहीं अब शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है। साथ ही, विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी सीधे प्राप्त हो रही है, जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करती है तथा यह दर्शाती है कि शासन वास्तव में जनहित के प्रति प्रतिबद्ध और उत्तरदायी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास निश्चित रूप से प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Continue Reading

कोरबा

हत्या के प्रकरणों के अनुसंधान पर पुलिस अधिकारियों का हुआ प्रशिक्षण, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने दिया प्रशिक्षण

Published

on

  • Asp से उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी हुए सम्मिलित
  • हत्या के प्रकरणों में शत-प्रतिशत दोषसिद्धि (Conviction) सुनिश्चित करने हेतु आईजी बिलासपुर ने जारी किए ‘स्मार्ट विवेचना’ निर्देश

कोरबा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के द्वारा हत्या (Homicide) के गंभीर मामलों में विवेचना के स्तर को वैश्विक मानकों के अनुरूप सुधारने और न्यायालयों में सजा की दर बढ़ाने के उद्देश्य से एक विस्तृत कार्ययोजना और दिशा-निर्देश जारी करते हुए आज दिनांक 28/4/26 को रेंज स्तर के पुलिस अधिकारियों का एक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।आईजी श्री गर्ग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस का उद्देश्य केवल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उसे वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सजा दिलाना है।
इस नई रणनीति के तहत बिलासपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए हैं, जिसमें एक चेकलिस्ट को जारी किया गया है। अब से हत्या के हर प्रकरण के चालान (Charge-sheet) में इस चेकलिस्ट का पालन अनिवार्य होगा।

प्रमुख दिशा-निर्देश और नई कार्यप्रणाली
‘ई-साक्ष्य’ (e-Sakshya) और नए कानूनों का अनुपालन: भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 105 के तहत अब सभी प्रकार की जप्ती ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी करते हुए की जाएगी। इससे साक्ष्यों की विश्वसनीयता बढ़ेगी और गवाहों के मुकर जाने (Hostile) की स्थिति में भी तकनीकी साक्ष्य प्रभावी रहेंगे।
क्राइम सीन का वैज्ञानिक प्रबंधन: घटनास्थल पर ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व को समझते हुए क्षेत्र को तत्काल टेप लगाकर सील किया जाएगा। फोरेंसिक, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की उपस्थिति में ही साक्ष्य संकलन होगा। किसी भी साक्ष्य को बिना दस्ताने (Gloves) के छूना प्रतिबंधित रहेगा।
चेकलिस्ट के आधार पर समीक्षा: विवेचना में मानवीय त्रुटि को शून्य करने के लिए 124 बिंदुओं का एक प्रोटोकॉल तैयार किया गया है। इसमें एफआईआर से लेकर चार्जशीट फाइल करने तक की हर प्रक्रिया का प्रलेखन (Documentation) शामिल है, ताकि बचाव पक्ष को तकनीकी खामियों का लाभ न मिल सके।
उन्नत डिजिटल और साइबर फॉरेंसिक: विवेचक अब आरोपियों के डिजिटल फुटप्रिंट्स जैसे गूगल टेकआउट (Google Takeout), इंटरनेट हिस्ट्री और व्हाट्सएप लॉग्स की बारीकी से जांच करेंगे। घटनास्थल के आसपास के 100 किमी के दायरे*में लगे सीसीटीवी कैमरों की त्रिनयन ऐप के जरिए मैपिंग की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज को सीधे डीवीआर (DVR) से जप्त कर भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की धारा 63(4)(c) के प्रमाण पत्र के साथ केस डायरी का हिस्सा बनाया जाएगा।
DNA एवं जैविक साक्ष्यों से लिंक स्थापित करना: मृतक के नाखूनों में फंसे आरोपी की स्किन, संघर्ष के दौरान टूटे बाल और कपड़ों पर मौजूद डीएनए (DNA) ट्रेस करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वैज्ञानिक रूप से आरोपी की उपस्थिति घटनास्थल पर सिद्ध की जा सके।
रात्रिकालीन पोस्टमार्टम एवं वीडियोग्राफी: संवेदनशील मामलों में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पर्याप्त रोशनी में रात में भी पोस्टमार्टम कराया जा सकेगा, जिसकी वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। पीएम रिपोर्ट में स्पष्टता न होने पर डॉक्टरों से अनिवार्य रूप से एफएसएल (FSL) क्वेरी कराई जाएगी।
साक्ष्यों की अटूट श्रृंखला (Chain of Custody): साक्ष्यों के संकलन से लेकर उन्हें थाने के मालखाने और फिर एफएसएल (FSL) तक भेजने का पल-पल का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा, जिससे साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ की किसी भी संभावना को खत्म किया जा सके।
लक्ष्य: त्रुटिहीन विवेचना
आईजी बिलासपुर ने कड़े निर्देश दिए हैं कि अप्रैल 2026 के बाद होने वाले सभी हत्या के प्रकरणों की विवेचना इन नए वैज्ञानिक और तकनीकी प्रोटोकॉल के माध्यम से की जाए। बिलासपुर रेंज पुलिस अब सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रविष्टि से लेकर साइबर साक्ष्यों (CDR, IPDR, IMEI) के संकलन तक पूरी तरह से पारदर्शी और पेशेवर दृष्टिकोण अपनाएगी, ताकि अपराधियों को कानून के शिकंजे में कसकर सख्त सजा दिलाई जा सके।आज के प्रशिक्षण सत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के अलावा रेंज के सभी जिलों के एएसपी से लेकर उपनिरीक्षक तक के अधिकारी सम्मिलित हुए।इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन virtual mode पर किया गया। आईजीपी श्री गर्ग ने स्वयं पुलिस अधिकारियों को हत्या के प्रकरणों की विवेचना के लिए प्रशिक्षक के रूप में मार्गदर्शन देते हुए, पीपीटी के माध्यम से विवेचना के की-पॉइंट्स और अमल में लाने वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी प्रशिक्षण के दौरान दी। रामगोपाल गर्ग ने जानकारी दी है, की ऐसे प्रशिक्षण के सत्र प्रति सप्ताह, अलग अलग विषयों पर रेंज के पुलिस अधिकारियों केलिए आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस अधिकारी नवीनतम अनुसंधान तकनीकों से खुद को अपग्रेड कर , कमियों को दूर कर सकें।

Continue Reading

कटघोरा

10वीं बोर्ड में छात्र ऋतू राज यादव ने लहराया परचम

Published

on

कोरबा/कटघोरा। आत्मानंद विद्यालय के होनहार छात्र ऋतू राज यादव ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 79% अंकों के साथ प्रवीणता प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अटूट लगन, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों, नाना-नानी, मामा कोमल, प्रियंका छाबड़ा, मौसी निशु एवं अपने मित्रों को दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से वे इस मुकाम तक पहुँचे। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं कि वे आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊँचाइयाँ छूते रहें।

Continue Reading

कटघोरा

नदी में छोड़ा जा रहा दूषित पानी, ग्रामीणों में आक्रोश

Published

on

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा जनपद पंचायत कटघोरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत धवाईपुर के आश्रित ग्राम डूडगा में इन दिनों गंभीर जल प्रदूषण की समस्या सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कटघोरा नगर पालिका द्वारा दूषित पानी को नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का जल पूरी तरह प्रदूषित हो गया है।

इस मामले में भाजपा प्रदेश सहसंयोजक राजेश यादव (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नदी के प्रदूषित होने से ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इसी नदी के पानी का उपयोग झिरिया खोदकर पीने एवं दैनिक कार्यों के लिए करते आ रहे हैं, लेकिन अब पानी अत्यधिक दूषित हो चुका है। इसके सेवन से विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने लगी हैं।

गंदे पानी से फैलने से ग्रामीणों में

डायरिया (दस्त), हैजा, टायफाइड (मियादी बुखार), पीलिया (जॉन्डिस), त्वचा रोग (खुजली, एलर्जी, फोड़े-फुंसी), पेट संक्रमण, उल्टी-दस्त, तथा बच्चों में कुपोषण एवं कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नल-जल योजना के तहत गांव में पानी टंकी और पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन योजना का लाभ अब तक लोगों तक नहीं पहुंच पाया है, जिससे यह योजना “सफेद हाथी” साबित हो रही है।

साथ ही, आसपास के कुछ कारखानों द्वारा भी प्रदूषित पानी नदी में छोड़े जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है। वर्तमान में हालात ऐसे हैं कि इस पानी का उपयोग पशुओं के लिए भी सुरक्षित नहीं रह गया है।

वहीं, एक कटघोरा के स्थानीय कांग्रेस नेता ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि इस समस्या की शुरुआत पूर्व में नगर पालिका के अध्यक्ष भाजपा का तथा डूडगा के बेटी नेतृत्व के दौरान हुई थी। जिन्होंने नाला बनवा कर पुरे ग्रामीणों को प्रदूषण युक्त जहरिले पानी से कहर मचाई है.हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

भाजपा नेता राजेश यादव सहित ग्रामवासियों ने शासन से मांग की है कि नदी को जल्द से जल्द प्रदूषण मुक्त कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677