बिज़नस
इस घड़ी के लिए यूरोप से अमेरिका तक बवालः बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस, सब काम छोड़ 5 दिन से लाइनों में लगे लोग
वाशिंगठन, एजेंसी। दुनिया में कुछ घड़ियां सिर्फ समय देखने का साधन नहीं होतीं, बल्कि उन्हें स्टेटस सिंबल और निवेश का जरिया माना जाता है। ऐसी ही एक लिमिटेड एडिशन घड़ी ने इस समय यूरोप और अमेरिका में जबरदस्त उन्माद पैदा कर दिया है। मशहूर स्विस ब्रांड Swatch और लग्जरी वॉचमेकर Audemars Piguet की साझेदारी में लॉन्च हुई “Royal Pop” घड़ी को खरीदने के लिए लोग कई-कई दिन तक दुकानों के बाहर लाइन में खड़े रहे। हालात इतने बिगड़ गए कि कई जगह पुलिस बुलानी पड़ी, आंसू गैस छोड़नी पड़ी और कुछ शहरों में स्टोर तक बंद करने पड़े।

घड़ी में क्या है खास?
ऑडेमर्स पिगुएट दुनिया के सबसे महंगे और प्रतिष्ठित लग्जरी वॉच ब्रांड्स में गिना जाता है। इसकी घड़ियां आमतौर पर लाखों से करोड़ों रुपये तक में बिकती हैं। लेकिन “Royal Pop” मॉडल को अपेक्षाकृत कम कीमत यानी करीब 400 से 420 डॉलर (लगभग 40 हजार रुपए) में लॉन्च किया गया। यही वजह रही कि लोगों को लगा कि इस घड़ी को खरीदकर बाद में कई गुना ज्यादा कीमत पर बेचा जा सकता है। लिमिटेड स्टॉक और हाई रीसेल वैल्यू की उम्मीद ने इस घड़ी को “कलेक्टर आइटम” बना दिया।
ब्रिटेन में बेकाबू हुई भीड़
ब्रिटेन के मैनचेस्टर, कार्डिफ, बर्मिंघम, लिवरपूल और शेफील्ड में दुकानों के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। कई खरीदार पूरी रात सड़कों पर बैठे रहे, जबकि कुछ लोग पांच-पांच दिन पहले से लाइन में लग गए थे। बर्मिंघम में पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए विशेष आदेश लागू किए। कार्डिफ में 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर “सेक्शन 35” नोटिस दिया गया। लंदन के बैटरसी पावर स्टेशन और वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर में हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को डॉग स्क्वॉड तैनात करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग सुरक्षा बैरिकेड तोड़कर स्टोर के अंदर घुसते दिखाई दिए। मैनचेस्टर के ट्रैफर्ड सेंटर में खरीदारों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की खबरें भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ती देख Swatch ने मैनचेस्टर और लिवरपूल के कुछ स्टोर अस्थायी रूप से बंद कर दिए।
पेरिस में छोड़ी गई आंसू गैस
फ्रांस की राजधानी पेरिस में भी घड़ी को लेकर भारी अफरा-तफरी देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वॉच स्टोर के बाहर करीब 300 लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस छोड़नी पड़ी। इस दौरान दुकान का मेटल शटर और दो सुरक्षा गेट टूट गए। फ्रांस के अलावा इटली के मिलान में भी स्टोर खुलते ही लोगों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
न्यूयॉर्क में ‘कॉन्सर्ट जैसी भीड़’
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित टाइम्स स्क्वायर स्टोर पर भी हजारों लोग उमड़ पड़े। बुधवार से लाइन में लगे एक खरीदार जॉन मैकिन्टॉश ने कहा कि हालात किसी बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसे थे। उन्होंने बताया कि कई लोग लाइन तोड़कर आगे घुस रहे थे और जो सबसे ज्यादा धक्का दे रहा था, वही आगे पहुंच पा रहा था। एक अन्य खरीदार ने दावा किया कि उसने पांच दिन लाइन में लगने के बाद घड़ी खरीदी और तुरंत उसे 4,000 डॉलर में बेच दिया। यानी करीब दस गुना ज्यादा कीमत।
सोशल मीडिया पर भी बवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल लिमिटेड एडिशन लग्जरी आइटम्स का “रीसेल मार्केट” तेजी से बढ़ रहा है। लोग सिर्फ इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि निवेश और मुनाफे के लिए ऐसे उत्पाद खरीद रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, इन्फ्लुएंसर्स का प्रचार और कम स्टॉक की रणनीति ने इस घड़ी को “वैश्विक क्रेज” में बदल दिया। TikTok, Instagram और X पर इस घड़ी के वीडियो लाखों बार देखे जा चुके हैं। कई वीडियो में लोग स्टोर के बाहर जमीन पर सोते, धक्का-मुक्की करते और पुलिस से बहस करते दिखाई दिए। कुछ यूजर्स ने इसे “घड़ी नहीं, नया क्रिप्टो क्रेज” बताया, जबकि कई लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर एक घड़ी के लिए लोग अपनी सुरक्षा तक क्यों दांव पर लगा रहे हैं।
देश
रुपया 25 पैसे की बढ़त के साथ 95.36 प्रति डॉलर पर
मुंबई, एजेंसी। अमेरिका-ईरान तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें और डॉलर सूचकांक में नरमी के बीच रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 25 पैसे मजबूत होकर 95.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, इजराइल और ईरान के बीच तनाव में नरमी के संकेतों, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा संभावित हस्तक्षेप, सकारात्मक घरेलू बाजार और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में कमी ने रुपए को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.47 पर खुला। कारोबार के दौरान 95.23 के उच्चतम स्तर और 95.67 के न्यूनतम स्तर को छूते हुए अंत में यह 95.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 25 पैसे की बढ़त है। रुपया सोमवार को 43 पैसे कमजोर होकर 95.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ”पश्चिम एशिया में अनिश्चितता के कारण रुपए में गिरावट की आशंका है और युद्ध में किसी भी नए तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में फिर से उछाल आ सकता है तथा रुपए पर दबाव पड़ सकता है।”
उन्होंने कहा, ”हालांकि, अगर तनाव कम होने का सिलसिला जारी रहता है तो रुपए में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। कारोबारियों की नजर एडीपी के साप्ताहिक रोजगार, व्यापार संतुलन और अमेरिका से जारी मौजूदा गृह बिक्री आंकड़ों पर रहेगी। डॉलर के मुकाबले रुपए की हाजिर दर 95.10 से 95.80 के बीच रहने की संभावना है।” इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.80 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.04 प्रतिशत गिरकर 92.33 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 394.50 अंक चढ़कर 73,918.76 अंक पर और निफ्टी 119.10 अंक बढ़कर 23,242.10 अंक पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,555.67 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
देश
गोदरेज प्रॉपर्टीज ने बेंगलुरु की नई परियोजना में 1,000 फ्लैट बेचे
नई दिल्ली, एजेंसी। रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी ‘गोदरेज प्रॉपर्टीज’ ने बेंगलुरु में अपनी नई आवासीय परियोजना में 2,000 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के 1,000 से ज्यादा फ्लैट बेचे हैं। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि बेंगलुरु स्थित उसकी आवासीय परियोजना ‘गोदरेज वनतारा’ में 2,000 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के मकानों की बिक्री हुई है। यह परियोजना 36 एकड़ में फैली हुई है, जिसकी कुल संभावित विकास क्षमता 35.3 लाख वर्ग फुट है। परियोजना से लगभग 3,700 करोड़ रुपए की आय की संभावना है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने इस परियोजना की शुरुआत जून के पहले सप्ताह में की थी और शुरुआती सप्ताह के भीतर 1,000 से अधिक घरों की बिक्री दर्ज की गई। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडेय ने कहा कि ग्राहकों की ओर से मिली मजबूत प्रतिक्रिया कंपनी के ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण में उसके विश्वास को और मजबूत करती है।
देश
SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, YONO App में होने जा रहा बदलाव
मुंबई, एजेंसी। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI के करोड़ों ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। अगर आप एसबीआई योनो ऐप (YONO App) का इस्तेमाल करते हैं तो जल्द ही इसका बड़ा फायदा मिलने वाला है। एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी ने बताया कि बैंक ने दिसंबर 2025 में एसबीआई के YONO ऐप 2.0 का वर्जन लॉन्च किया था। बैंक जल्द ही YONO 3.0 को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।

एसबीआई चेयरमैन ने बताया कि YONO 2.0 को शानदार प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने बताया कि जून 2026 की शुरुआत तक ऐप से 4.5 करोड़ से अधिक ग्राहक जुड़ चुके हैं और यह संख्या जल्द ही 5 करोड़ के पार हो सकती है।
शेट्टी ने बताया कि YONO पर रोजाना करीब 2 करोड़ ग्राहक लॉग इन करते हैं और मुझे नहीं लगता कि अन्य कोई भी ऐसा बैंकिंग ऐप होगा, जिस पर इतनी बड़ी संख्या में ट्रैफिक आता है। बैंक का दावा है कि ऐप 99.9 फीसदी उपलब्धता और स्थिकता के लक्ष्य को पूरा कर चुका है।
योनो ऐप पर फंड ट्रांसफर, बिना कार्ड के एटीएम से पैसे निकालने की सुविधा, पानी-बिजली-गैस-मोबाइल और कार्ड के बिल भरने की सुविधा भी मिलती है। इसके अलावा सभी तरह के लोन का एप्लीकेशन, बीमा प्रोडक्ट खरीदने की सुविधा, निवेश और बचत के प्रोडक्ट भी यहां मिलते हैं। आप एफडी, आरडी, एमएफ, टैक्स का भुगतान करना, खरीदारी और होटल-फ्लाइट बुकिंग जैसी सर्विस भी इस ऐप पर मिल जाती है। योनो के 3.0 वर्जन में इन सभी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
