नई दिल्ली, एजेंसी। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को अगले पांच साल में समुद्री खाद्य निर्यात को मौजूदा के 8.5 अरब डॉलर के स्तर से बढ़ाकर 30 अरब डॉलर करने का आह्वान किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी कीमत पाने के लिए गुणवत्तापूर्ण और मूल्यवर्धित उत्पादों के विनिर्माण पर ध्यान केन्द्रित करने की भी बात कही। उन्होंने यहां समुद्री खाद्य निर्यात पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में कहा, ”आइए अगले पांच साल में 30 अरब डॉलर का लक्ष्य रखें।”
उन्होंने कहा कि उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाने पर ध्यान केन्द्रित करके यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। गोयल ने कहा कि भारत ने पिछले साढ़े तीन साल में विकसित देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है, और इससे इस क्षेत्र को बाजार तक बेहतर पहुंच मिलेगी। उन्होंने कहा, ”भारत की मछली को दुनिया भर में पहुंचाएं। कच्चे झींगा का आयात कम करें और मूल्यवर्धित सामान निर्यात करें और ब्रांड बनाएं।” इस कार्यक्रम में मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि वैश्विक मछली निर्यात में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि निर्यातक और छोटे मछुआरों के लिए ज्यादा से ज्यादा फायदा सुनिश्चित करने के लिए मछली निर्यात में मूल्यवर्धन बढ़ाने की कोशिशें की जा रही हैं।
सिंह ने उन राज्यों से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचा बनाने का भी आह्वान किया, जिनकी हिस्सेदारी कम है। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा ऊंचे शुल्क (55.8 प्रतिशत) के बावजूद, भारत के निर्यातकों ने किसी भी नुकसान की भरपाई के लिए यूरोपीय संघ (ईयू), जापान, चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया में निर्यात में बढ़ोतरी सुनिश्चित की। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि नेशनल फिशरीज बोर्ड जल्द ही आंध्र प्रदेश में एक क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करेगा, जो भारत में मछली और समुद्री खाद्य का सबसे बड़ा उत्पादक और निर्यातक है। आंध्र प्रदेश का ‘एक्वाकल्चर’ उत्पादन वर्ष 2025-26 में 55.39 लाख टन था और झींगा निर्यात में इसकी 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
भारत का समुद्री उत्पाद निर्यात वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 73,890.46 करोड़ रुपए (8.45 अरब डॉलर) तक पहुंच गया, जिसमें निर्यात की मात्रा 19.72 लाख टन थी, जबकि इस क्षेत्र ने निर्यात में एक लाख करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा है। भारतीय समुद्री खाद्य निर्यात के लिए अमेरिका और चीन मुख्य गंतव्य बने रहे, जबकि फ़्रोज़न झींगा निर्यात का मुख्य उत्पाद बना रहा। नागर विमानन मंत्री, राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार निर्यातकों की संख्या को दोगुना करके 350 से ज़्यादा करने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में और कार्गो हवाई अड्डे जोड़ने की योजना है। नायडू ने कहा कि ‘एक ज़िला, एक उत्पाद’ की तर्ज़ पर मंत्रालय ‘एक हवाई अड्डा, एक उत्पाद’ अवधारणा को विकसित करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कार्गो टर्मिनल पर निर्यात खेप के लिए प्रसंस्करण का समय कम करने का भी सुझाव दिया।
इस्लामाबाद/नई दिल्ली, एजेंसी। ऑपरेशन सिंदूर में मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान अब हवाई हमले पर काम कर रहा है। आर्मी चीफ आसिम मुनीर के प्लान में ड्रोन वॉर फेयर को ‘फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस एंड फर्स्ट लाइन ऑफ अटैक’ बनाया गया है।
LoC (नियंत्रण रेखा) के सामने वाले पाकिस्तान के इलाकों में 50 से ज्यादा स्पेशल एंटी-ड्रोन यूनिट तैनात की गई हैं।
खास बात है कि नवंबर में ही 20 नई यूनिट तैनात की गई हैं। इनका टारगेट भारतीय ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन की पहचान करना, उनकी गतिविधियों पर नजर रखना और उन्हें निष्क्रिय करना है।
पुंछ, राजौरी, नौशेरा के ठीक सामने इनकी तैनाती
पाकिस्तान ने एंटी ड्रोन सिस्टम खास तौर पर पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) के रावलकोट, कोटली और भिंबर सेक्टर में तैनात किए हैं। इनकी तैनाती में पाकिस्तान की 12वीं और 23वीं इन्फैंट्री डिवीजन की भूमिका है।
रावलकोट में दूसरी, कोटली में तीसरी और भीमबर में सातवीं आजाद कश्मीर ब्रिगेड को इनकी जिम्मेदारी दी गई है। ये क्षेत्र भारतीय सेना के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर के ठीक सामने पड़ते हैं।
पाकिस्तान की सैन्य रणनीति में AI पर फोकस
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की सैन्य रणनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक निगरानी तकनीक (सर्विलांस टेक्नोलॉजी) की भूमिका भी काफी हद तक बढ़ रही है।
एआई की मदद से कैमरों और सेंसर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
चीन और तुर्किये से एंटी-ड्रोन तकनीक ले रहा
पाकिस्तान ने चीन से एचक्यू 17एई शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम और तुर्किये से कोरकुट एंटी-एयरक्राफ्ट गन तथा एहिन काउंटर-ड्रोन सिस्टम की खरीद की है।
पाक ने 35 एमएम आइरलिकॉन एंटी-एयरक्राफ्ट गन और एनजा एमके 2 मिसाइलों को भी एयर डिफेंस में शामिल किया है।
स्पाइडर-सफरा से भी ड्रोन को रोकने की तैयारी
सफरा जैमिंग गन को पाकिस्तान के नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स (NECOP) ने विकसित किया है।
पाकिस्तान ने LoC पर अपने काउंटर-ड्रोन सिस्टम में स्पाइडर और सफरा को शामिल किया है। स्पाइडर सिस्टम रेडियो फ्रीक्वेंसी डिटेक्शन और दिशा निर्धारित करने की तकनीक से ड्रोन का पता लगाने के लिए इस्तेमाल होता है।
इसकी रेंज 10 किमी तक है। सफरा पोर्टेबल ड्रोन जैमिंग गन है। 15 किमी रेंज वाला सफरा ड्रोन के कंट्रोल, वीडियो और जीपीएस सिग्नल को बाधित कर सकता है।
यूएवी कोर बनाने की दिशा में बढ़ रहा पाक
पाकिस्तान की सेना ड्रोन युद्ध के लिए अलग यूएवी (अनमैन्ड एरियल वीकल) कोर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
इसके तहत ड्रोन संचालन, प्रशिक्षण, तकनीकी विकास और सैन्य अभियानों में इनके इस्तेमाल को संस्थागत रूप देने की तैयारी है।
मई में पाकिस्तान के रक्षा उत्पादन मंत्रालय ने रावलपिंडी में प्राइवेट सेक्टर की ड्रोन बनाने वाली कंपनियों के साथ बैठक की थी।
पाक के ड्रोन को गाइड कर रहा चीन का बाइदो नेविगेशन
पाकिस्तान ने अपने सैन्य ड्रोन और मिसाइलों की नेविगेशन क्षमता बढ़ाने के लिए चीन के सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम ‘बाइदो’ का भी सहारा लिया है। यह अमेरिकी जीपीएस की तरह काम करने वाला चीन का ग्लोबल सैटेलाइट नेविगेशन नेटवर्क है। पाकिस्तान ने 2020 में इसे अपनाया था।
इसके बाद दोनों देशों के बीच नेविगेशन तकनीक, प्रशिक्षण और ग्राउंड आधारित सपोर्ट सिस्टम पर सहयोग बढ़ा। पाकिस्तान के सैन्य नेविगेशन और टारगेटिंग सिस्टम में बाइदो का इस्तेमाल हो रहा है।
इसका दायरा सैन्य ड्रोन, जेएफ-17 लड़ाकू विमानों, मिसाइल गाइडेंस और नौसैनिक प्रणालियों तक बताया गया है। बाइदो से ड्रोन अपनी भौगोलिक स्थिति (जियो लोकेशन) पता लगा सकते हैं और पहले से निर्धारित रास्तों पर उड़ान भर सकते हैं। बाइदो लक्ष्य तक पहुंचने और नेविगेशन की सटीकता बढ़ाने में भी मदद करता है। ये अमेरिकी जीपीएस पर निर्भरता को कम करता है।
नई दिल्ली, एजेंसी। सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि राहुल को पिता राजीव की हत्या की आशंका थी।
मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए घर आना पड़ेगा।
सोनिया के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी की जान को खतरा लगातार बढ़ रहा था, लेकिन उनकी सुरक्षा के इंतजाम कमजोर कर दिए गए थे। प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद भी खतरा कम नहीं हुआ था। इसके बावजूद उन्हें पहले जैसी सुरक्षा नहीं मिल रही थी।
इसके 2 महीने बाद ही 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान आत्मघाती बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी।
सोनिया की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को मार्केट में आ गई। किताब के कवर पर जो फोटो है, इसे राजीव गांधी ने 1966 में क्लिक किया था।
राहुल ने बिहार दौरे में देखी थी पिता की सुरक्षा में चूक
सोनिया लिखती हैं कि मार्च 1991 में ईस्टर की छुट्टियों के दौरान राहुल अमेरिका से घर आए थे। उस समय वे पढ़ाई के लिए अमेरिका में थे। उन्होंने अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर जाने की जिद की।
इस दौरे में राहुल ने जो देखा, उससे वे हैरान रह गए। राजीव जिस खुली जीप में सफर कर रहे थे, उस पर विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पत्थर और ईंटें बरसाईं।
यह सब स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में हो रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। उन्होंने राजीव को बचाने या हमले रोकने के लिए कुछ नहीं किया।
1984 में 3 आतंकी संगठनों से खतरा था, 1990 तक कई और संगठन सामने आए
सोनिया लिखती हैं कि 1984 में प्रधानमंत्री बनने के समय राजीव गांधी को 3 आतंकी संगठनों से खतरा था। 1990 तक ऐसे कई और चरमपंथी संगठन सामने आ चुके थे, जिनके निशाने पर राजीव सबसे प्रमुख व्यक्ति थे। अधिकारियों को भी इन खतरों की जानकारी थी।
सोनिया के मुताबिक, दिसंबर 1990 में हुई एक समिति की बैठक में फैसला लिया गया था कि राजीव को मिलने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की सुरक्षा जारी रहेगी। इसे तभी बदला जाएगा, जब खतरे का नए सिरे से आकलन करने पर इसकी जरूरत महसूस हो।
लेकिन वीपी सिंह सरकार ने अगले ही महीने SPG सुरक्षा हटा दी। राजीव की नजदीकी सुरक्षा के लिए खासतौर पर प्रशिक्षित सुरक्षा बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया।
वीपी सिंह और चंद्रशेखर से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी
सोनिया लिखती हैं कि कांग्रेस पार्टी ने वीपी सिंह और चंद्रशेखर, दोनों प्रधानमंत्रियों से राजीव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया।
राजीव जब भी किसी दौरे पर जाते थे, उनके साथ सिर्फ एक निजी सुरक्षाकर्मी (PSO) होता था। वह भी एक पुलिसकर्मी था। बाद में बारी-बारी से दो पुलिसकर्मी उनके साथ रहने लगे। उनके पास सिर्फ एक पिस्तौल होती थी।
सोनिया के मुताबिक, देश के किसी भी राज्य की पुलिस को किसी बड़े राजनीतिक व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए न तो खास प्रशिक्षण मिला था और न ही जरूरी संसाधन थे। सोनिया लिखती हैं कि अगर राजीव के विरोधियों ने सोचा था कि सुरक्षा कम करके उन्हें दबा लेंगे, तो वे गलत थे।
हालांकि, सोनिया और प्रियंका हर वक्त उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं। जब तक राजीव किसी दौरे से सुरक्षित घर नहीं लौट आते थे, तब तक दोनों चैन से नहीं रह पाती थीं।
दिल्ली के बुक स्टोर्स की तस्वीरें, जहां सोनिया की किताब बिक्री के लिए रखी है…
खान मार्केट में सोनिया गांधी की किताब को बाहरी हिस्से में डिस्प्ले के लिए लगाया गया है।
कई बुक स्टोर्स में सोनिया गांधी की किताब को स्पेशल कॉर्नर में डिस्प्ले किया गया है।
‘बिलॉन्गिंग..’ के बारे में सोनिया ने क्या कहा है…
सोनिया गांधी ने किताब की शुरुआत में बताया है कि उन्होंने अपनी जिंदगी की कहानी लिखने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी और परिवार की कहानी है।
वे अपने परिवार को उसी रूप में दिखाना चाहती थीं, जैसा उन्होंने उसे जाना और प्यार किया। परिवार के लोगों के बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन उनके स्वभाव, संघर्ष और भावनाओं को समझने की कोशिश कम हुई।
सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने अपनी निजी दुनिया को लोगों से दूर रखा। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद दुख ने उन्हें राजनीति में ला दिया, लेकिन उन्होंने निजी जिंदगी को बचाए रखने की कोशिश की।
अपने जीवन के बारे में खुलकर लिखना उन्हें लगभग असंभव लगता था। अब सार्वजनिक जीवन की भागदौड़ से दूर होकर उन्हें अपनी कहानी को पीछे मुड़कर देखने का मौका मिला।
वे भारत में बिताए पांच दशक से ज्यादा समय के अनुभव भी साझा करना चाहती थीं। उन्होंने लिखा कि इस दौरान उन्होंने देश को बदलते देखा। शुरुआत में वे इस बदलाव को दूर से देख रही थीं, लेकिन बाद में खुद इसका हिस्सा बन गईं। यह किताब उसी सफर और उस देश की कहानी है, जिसे उन्होंने अपना घर माना।
श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी।
आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
घटना करीब 2:15 बजे की है। इसमें तीन जवान घायल हो गए। उन्हें अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
हमले के बाद कीतस्वीरें…
गंभीर रूप से घायल जवानों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
आतंकी हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद सुरक्षाबल गाड़ियों की तलाशी ले रहे हैं।
गोलीबारी में घायल कॉन्स्टेबल, इसके पैर में गोली लगी है।
घायल जवान को पहले GMC में भेजा गया, बाद में श्रीनगर रेफर किया गया।
CRPF के IG ने अनंतनाग पहुंचकर घायल जवानों का हाल जाना और हमले की जानकारी ली।
चेकपॉइंट पर जवान तैनात थे, अचानक चली गोलियां
हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में काफी अंधेरा है। इसमें कुछ सेकेंड तक जवान इधर-उधर जाते दिखाई देते हैं। तभी अचानक गोलियां चलने और चीखने की आवाज आती है। वीडियो में एक जवान चिल्लाते हुए कहता सुनाई देता है, ‘इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है।’ इसके बाद फिर लगातार गोलियां चलने लगती हैं।
कुलगाम में पहले भी CRPF पर हमला हुआ
कुलगाम दक्षिण कश्मीर का संवेदनशील इलाका है। यहां सबसे ज्यादा आतंकी गतिविधियां होती हैं। यह श्रीनगर से करीब 70-75 किलोमीटर दूर है। कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां के साथ उस इलाके का हिस्सा है, जहां पहले भी आतंकी गतिविधियां होती रही हैं।
3 साल में 548 आतंकी घटनाएं हुईं
जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।
4 दिन पहले आतंकियों के 2 मददगार गिरफ्तार, महिलाओं को निशाना बनाते थे
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकियों की मदद करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ये लोग आतंकी मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाते थे और अलगाववादी विचारधारा और प्रचार को बढ़ावा दिया जा रहा था।