Connect with us

कोरबा

कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मिला भविष्य निर्माण का मार्गदर्शन

Published

on

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कैरियर काउंसिलिंग के हुआ आयोजन

विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के विविध अवसरों की दी गई जानकारी

सही मार्गदर्शन और सतत प्रयास से हासिल करें सफलता – मंत्री लखन लाल देवांगन

लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें -कलेक्टर कुणाल दुदावत

जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर बेहतर कैरियर निर्माण के लिए दिया मार्गदर्शन

कोरबा। जिला प्रशासन  द्वारा राजीव गांधी ऑडिटोरियम, ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा में 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर  विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, आयुक्त नगर निगम आशुतोष पांडेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य 10वीं एवं 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के विविध अवसरों की जानकारी प्रदान कर उनके भविष्य निर्माण के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और सही कैरियर मार्गदर्शन की महत्ता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं होती हैं, आवश्यकता उन्हें पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य शासन युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा  संदर्शिका किताब  का विमोचन भी किया गया, जिसमें राज्य स्तर एवं अखिल भारतीय स्तर पर परीक्षाओं का आयोजन किस प्रकार किया जाता है, उनकी चयन प्रक्रिया क्या है, इसके संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। उक्त पुस्तकें सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को उपलब्ध कराई गई हैं तथा प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि पुस्तकों में दिए गए विषयों के संबंध में विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को विद्यालय स्तर पर कैरियर काउंसलिंग का आयोजन कर विस्तार से अवगत कराया जाए।

कार्यक्रम  में विधायक कटघोरा श्री पटेल द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर कैरियर चयन हेतु मार्गदर्शन करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर  कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में 10वीं कक्षा उत्तीर्ण कोरबा जिले के समस्त हाई स्कूलों से लगभग 600 से अधिक विद्यार्थी एवं उनके पालक उपस्थित हुए।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कलेक्टर श्री दुदावत द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित करने तथा निरंतर परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि कौशल, नवाचार और सकारात्मक सोच भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी। उन्होंने  10वीं उत्तीर्ण छात्रों को 11वीं कक्षा में किस प्रकार अपने कैरियर का चयन करना है तथा कौन-कौन से क्षेत्र हैं, जिनमें अध्ययन कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है, इसकी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में कक्षा 12वीं के 450 विद्यार्थियों द्वारा सहभागिता निभाई गई। कलेक्टर  श्री  दुदावत व पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी द्वारा 12वीं कक्षा के छात्रों का मार्गदर्शन किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को क्या करना है और क्या नहीं करना है, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी ।

कलेक्टर  द्वारा बच्चों के बीच जाकर उनसे उनके संबंध में जानकारी ली गई तथा यह आश्वासन दिया गया कि देश के किसी भी कोने में कोरबा जिले के किसी भी विद्यार्थी को पढ़ाई पूरी करने में आर्थिक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। विद्यार्थियों द्वारा भी अधिकारियों से अनेक प्रश्न पूछे गए, जिनमें कॉमर्स, गणित एवं विज्ञान विषयों से संबंधित प्रश्न प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। आयुक्त नगर  निगम श्री पांडेय कोरबा के परिवेश को कहानी के माध्यम से बताते हुए मोबाइल के लाभ एवं हानियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।  सीईओ श्री नाग  द्वारा बच्चों को आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी दी गई। हेमंत जायसवाल, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी (आई.टी.) के क्षेत्र तथा मोबाइल के माध्यम से समय का सदुपयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई। विशाल राजपूत, जिला चिकित्सालय कोरबा द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावनाओं, उसकी शाखाओं तथा तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसी प्रकार दीपेश भारती, जिला रोजगार अधिकारी द्वारा विभिन्न प्रकार के रोजगार अवसरों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। राजीव लिल्हारे, प्रबंधक (तकनीकी), सीपेट कोरबा द्वारा प्लास्टिक के उपयोग एवं विभिन्न तकनीकों के संबंध में जानकारी दी गई। देवेंद्र कंवर, उप संचालक, कृषि विभाग, कोरबा द्वारा कृषि विज्ञान, खाद उत्पादन, मत्स्य पालन, कृषि कार्य तथा मधुमक्खी पालन जैसे रोजगारोन्मुखी कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। एम.एम. जोशी, शासकीय महाविद्यालय कटघोरा द्वारा कला संकाय (आर्ट्स) की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि आर्ट्स के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं होते तथा स्वयं पर किया गया विश्वास ही सफलता की ओर ले जाता है। श्रीमती उपासना पाठक, व्याख्याता, शासकीय हाई स्कूल अजगरबहार द्वारा कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। सुश्री तस्कीन, डी.आई.ओ., एन.आई.सी. द्वारा एम.एससी., एम.सी.ए., एम.टेक., सेट इत्यादि पाठ्यक्रमों एवं परीक्षाओं के संबंध में जानकारी दी गई, जिनके माध्यम से आई.टी. कंपनियों एवं अन्य क्षेत्रों में अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं तथा कौशल विकास किया जा सकता है।

पूरे कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु
सक्रिय सहभागिता निभाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय द्वारा सभी अतिथियों एवं अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए।  दोनों सत्रों में कुल 1047 विद्यार्थी एवं 200 अभिभावकों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति एवं विशेषज्ञों के उपयोगी मार्गदर्शन से कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं सार्थक रहा।

Continue Reading

कोरबा

श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा दिनांक 08 जून 2026 को माता रानी की कुटिया वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्ध महिलाओं के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर मंडल की आदरणीय उपाध्यक्षगण भी उपस्थित रहीं। सभी ने वृद्धाश्रम में रह रही वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

शिविर में* डॉ पारुली साहू एवं उनकी टीम द्वारा 25 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया* गया। शिविर में रक्तचाप (BP), नाड़ी (Pulse), CBC, RBS, HbA1c, लिवर प्रोफाइल, किडनी प्रोफाइल एवं लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती शशि दुहन ने वृद्धाश्रम की महिलाओं को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल हेतु प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की।
शिविर के उपरांत वृद्धाश्रम में निवासरत 25 बुजुर्गों को पौष्टिक नाश्ता एवं फल की टोकरियाँ वितरित की गईं, जिससे उनके प्रति स्नेह, सम्मान एवं अपनत्व का भाव व्यक्त किया जा सके।
इस सेवा कार्य में समिति की सदस्याओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
यह स्वास्थ्य शिविर श्रद्धा महिला मंडल की सामाजिक सेवा, करुणा एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का एक सराहनीय प्रयास रहा, जिससे वृद्धाश्रम की महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त हुआ तथा उनमें सुरक्षा एवं अपनत्व की भावना का संचार हुआ।

Continue Reading

कोरबा

क्षतिग्रस्त और अधूरी पुलिया-एप्रोच रोड से बारिश में आवाजाही होगी बाधित, ग्रामीणों को घूमकर जाना पड़ेगा

Published

on

कोरबा। क्षतिग्रस्त व अधूरी पुलिया-एप्रोच रोड से बारिश में फिर से आवाजाही बाधित होगी। इससे उपनगर बांकीमोंगरा, हरदीबाजार, चैतमा के ग्रामीणों को वैकल्पिक सड़क से घूमकर जाना पड़ेगा। बारिश में संपर्क टूटने पर स्कूली छात्रों, कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी होगी, जो सड़क मार्ग से रोज आवाजाही करनी पड़ती है। हरदीबाजार से नेवसा, उतरदा, सिल्ली, बोईदा, निरतु की ओर आवाजाही के लिए लीलागर नदी पर बनी पुरानी पुलिया की ऊंचाई कम है। 24 घंटे से भी कम बारिश में नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुलिया के ऊपर से पानी बहता है। इससे गांवों को संपर्क टूटने पर सबसे अधिक परेशानी नेवसा समेत आसपास गांवों के स्कूली छात्रों को होती है, जो हरदीबाजार व दीपका के स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। यह सड़क हरदीबाजार को बलौदा सीपत व मस्तूरी से भी जोड़ती है, इस कारण यात्री बसें भी मार्ग से गुजरती है।

हरदीबाजार से नेवसा की दूरी लीलागर नदी का पुलिया पारकर 2 किलोमीटर है। वहीं रतिजा की ओर से बायपास सड़क से आवाजाही पर 5 किलोमीटर दूरी पड़ेगी। पुलिया की कम ऊंचाई के मद्देनजर नया पुल का निर्माण कराया है, जो बनकर तैयार हो गया है, लेकिन पुल के दोनों ओर की एप्रोच रोड अब तक नहीं बनाया है। सड़क पर मिट्‌टी पड़ी है। नौतपा की विदाई से मानसून भी अब करीब है। आने वाले दिनों प्री-मानसून बारिश की संभावना है। एप्रोच रोड को पुल के लेवल के हिसाब से निर्माण नहीं कराने पर वाहनों से आवाजाही मुश्किल होगी। पिछले साल बारिश में पश्चिम क्षेत्र बांकीमोंगरा के + लीलागर नदी पर निर्मित पुल का अधूरा एप्रोच रोड।

Continue Reading

कोरबा

लो वोल्टेज और कटौती पर ग्रामीणों का हल्लाबोल

Published

on

कोरबा/पाली। 5 ग्राम पंचायतों में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था पर ग्रामीणों ने पाली सब स्टेशन कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। लगभग 2 घंटे धरना देने के बाद पुलिस शासन की मौजूदगी में सब स्टेशन के बिजली अफसरों के साथ परिसर में ही वार्ता हुई। इसके बाद ग्रामीणों का आंदोलन समाप्त हुआ। सब स्टेशन कार्यालय के निकट से ग्रामीणों ने रैली की शक्ल में बिजली दफ्तर पहुंचे। इस दौरान गांवों में बिजली कटौती व लो वोल्टेज का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि अनाफ-शनाफ बिजली बिल भेजा रहा है। खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने में ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सिल्ली, परसदा, शिवपुर, निरधी, पोलमी पंचायत के गांवों के हजारों उपभोक्ता लो वोल्टेज व बिजली कटौती से परेशान हैं। कई बार मौखिक व लिखित शिकायत के बाद भी अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। दफ्तर परिसर में ग्रामीणों के साथ बिजली अधिकारियों की वार्ता हुई। उनकी बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर यदि 10 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो चक्काजाम आंदोलन करने मजबूर होंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677