भू विस्थापितों की रैली में शामिल होंगे लोकसभा सांसद अमराराम
आंदोलन को सफल बनाने के लिए पोस्टर के साथ गांव-गांव माइक प्रचार ,बैठक के साथ घर-घर पर्चे वितरण कर भू विस्थापितों को किया जा रहा एकजुट
आंदोलन में कोरबा के चारों परियोजना के साथ रायगढ़ और सरगुजा संभाग के भी भू विस्थापित होंगे शामिल
कोरबा। छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में छोटे खातेदारों को रोजगार देने,भूविस्थापितों के लंबित रोजगार प्रकरणों के निराकरण,पूर्व में अधिग्रहित जमीन की वापसी,पट्टा,आंशिक अधिग्रहण पर रोक लगाने,पेयजल की व्यवस्था करने,बसावट एवं खनन प्रभावित गांवों की अन्य समस्याओं को लेकर 15 जून को जन आक्रोश रैली निकालकर कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा की है किसान सभा द्वारा शुरू किया गया आंदोलन भू विस्थापितों का जन सैलाब बनकर कोरबा की सड़कों पर दिखने वाला है कई भू विस्थापित संगठन इस घेराव में शामिल हो रहे है। जिला प्रशासन से भी कई बार हस्तक्षेप कर समस्याओं के समाधान की मांग की गई लेकिन प्रशासन ने समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया इस लिए विस्थापितों ने किसान सभा के नेतृत्व में अब आर पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए गांव गांव में बैठक कर पर्चे वितरण के साथ भू विस्थापितों को एकजुट भी किया जा रहा है और किसान सभा ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए पोस्टर,पर्चे के साथ गांव गांव माइक प्रचार कर भू विस्थापितों को संगठित करने का काम कर रही है। कलेक्ट्रेट घेराव और जन आक्रोश रैली को लेकर भू विस्थापित संगठनों के साथ आम जनता का व्यापक जन समर्थन मिल रहा है।
जन आक्रोश रैली और कलेक्ट्रेट घेराव से पहले घंटाघर में सभा आयोजित होगी जिसे प्रमुख रूप से माकपा के लोकसभा सांसद और किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड अमराराम,किसान सभा के राष्ट्रीय नेता अवधेश कुमार, आदिवासी एकता महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और सचिव सुरेंद्र लाल सिंह एवं बाल सिंह सहित किसान सभा के प्रदेश के नेता और भू विस्थापित संगठनों के नेता संबोधित करेंगे।
जनआक्रोश रैली और कोरबा कलेक्टर घेराव लोकसभा के सांसद अमराराम के नेतृत्व में होगा
कलेक्ट्रेट घेराव को सफल बनाने के लिए गांव गांव में नुक्कड़ सभा,घर घर पर्चे वितरण एवं भू विस्थापितों को एकजुट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है आंदोलन में कोरबा जिले के कोरबा,दीपका,गेवरा,कुसमुंडा के साथ रायगढ़ और सरगुजा संभाग के भी प्रभावित शामिल होंगे।
किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने कहा कि एसईसीएल के कुसमुंडा,गेवरा,दीपका,कोरबा सभी क्षेत्रों में छोटे खातेदारों को रोजगार देने,भू विस्थापितों के लंबित रोजगार,जमीन वापसी,पट्टा,बसावट एवं प्रभावित गांव की मूलभुत समस्याओं के निराकार के लिए जिला प्रशासन और एसईसीएल के अधिकारियों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है जिससे भू विस्थापितों के सब्र का बांध टूट चुका है। 15 जून को कोरबा की सड़को पर भू विस्थापितों। का आक्रोश जन सैलाब के रूप में दिखने वाला है। प्रबंधन और प्रशासन पहले एकजुट था अब सभी क्षेत्रों के भू विस्थापित अपने अधिकार को लेने के लिए एकजुट हो रहे है। किसानों की जमीन का अधिग्रहण जिला प्रशासन द्वारा किया जाता है और उद्योगों को जमीन नियमों के पालन के तहत सौंपा जाता है लेकिन उद्योग जमीन तो ले लेती है लेकिन विस्थापित जमीन अधिग्रहण के बाद रोजगार और पुनर्वास के लिए भटकते हैं जिला प्रशासन को जमीन अधिग्रण के साथ विस्थापित किसानों के अधिकार को दिलाने के लिए भी सामने आना होगा।
किसान सभा नेता जवाहर सिंह कंवर, दीपक साहू,जय कौशिक,पवन यादव यादव,अमरजीत कंवर आदि ने भू-विस्थापितों की समस्याओं के लिए जिला प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन दोनों को ही जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कुसमुंडा में जमीन के बदले रोजगार की मांग को लेकर 1685 दिनों से धरना प्रदर्शन चल रहा है और समस्याओं की ओर कई बार प्रशासन और प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया गया है, लेकिन भू-विस्थापितों की समस्याओं के निराकरण के प्रति कोई भी गंभीर नहीं है।
भू-विस्थापित रोजगार एकता संघ के अध्यक्ष रेशम यादव, सचिव दामोदर श्याम ने कहा कि जिनकी जमीन एसईसीएल ने ली है, उन्हें बिना किसी शर्त के रोजगार दिया जाये क्योंकि जमीन ही उनके जीने का एकमात्र सहारा थी जबरन नए नए नियम बनाना बंद किया जाए । छोटे बड़े खातेदार के नाम पर किसानों को बांटने का काम बंद किया जाए। 15 जून को चारों क्षेत्र से पूरे परिवार सहित हजारों भू-विस्थापित कलेक्ट्रेट घेराव में शामिल होंगे। कलेक्ट्रेट घेराव में कई भू विस्थापित संगठन शामिल होंगे।
प्रमुख मांगे´
1) छोटे खातेदार के नाम पर भू विस्थापितों के रोके गए रोजगार में तत्काल रोजगार दो ।एसईसीएल में जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण की गई है और की जा रही है हर खाते में स्थायी रोजगार प्रदान किया जाये।
2) बांगों बांध के जलाशय के ठेका प्रणाली समाप्त किया जाए।और विस्थापित आदिवासी एवं स्थानीय मछुवारा समितियों को मछली पकड़ने का अधिकार दिया जाए।
3) वन टाइम सेटलमेंट कर रोजगार के पुराने लंबित मामलो का जल्द से जल्द निराकरण किया जाये | अर्जन के बाद जन्म वाले प्रकरण और एक खाता एक रोजगार नियम के विरुद्ध अलग अलग खाता का सयोंजन के कारण रोजगार से वंचितों को रोजगार प्रदान किया जाये |
4) बसावट के नाम पर 3 लाख और 15 लाख रुपए के नाम से भेदभाव बंद किया जाए और सभी क्षेत्रों के भू विस्थापितों को एक समान बसावट की 15 लाख राशि दी जाए।
5) शासन की योजनाओं से प्राप्त पट्टों एवं शासकीय और वन भूमि पर बने मकानों का मुआवजा एवं सौ प्रतिशत सोलिशियम और बसाहट की पात्रता का लाभ दिया जाये ।
6) पुराने अर्जित भूमि को मूल खातेदारों को वापस करायी जाये | अधिग्रहण के बाद जिन जमीनों पर 40 सालों में भी कोल इंडिया ने भौतिक कब्जा नहीं किया है और जिन जमीनों पर किसान ही पीढ़ियों से काबिज हैं उन्हें किसानों के नाम वापस किया जाए।
7)अर्जित गाँव से विस्थापन से पूर्व उनके पुनर्वास स्थल की सर्वसुविधायुक्त व्यवस्था किया जाये |
8) एसईसीएल में आऊट सोर्सिंग से होने वाले कार्यों में भू विस्थापितों एवं प्रभावित गांव के बेरोजगारों को 100% रोजगार में रखा जाये।
9) प्रभावित एवं पुनर्वास गांव की महिलाओं को स्वरोजगार योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जाये।
10) पुनर्वास गांव में कबीज भू विस्थापित परिवार को पूर्ण काबिज भूमि का पट्टा दिया जाये।
11) डिप्लेयरिंग प्रभावित गांव सुराकछार बस्ती में किसानों को हुये नुकसान का क्षतिपूर्ति मुआवजा प्रदान किया जाये।
12) पूर्व में विस्थापित ग्रामों के भू विस्थापित जिन्हें बसावट नहीं दिया गया है उन्हें बसावट प्रदान किया जाए।
13) डंपिंग की मिट्टी को वापस खोदे गए खदान में भरा जाए इस डंपिंग के मिट्टी का प्रयोग दूसरे कार्यों में ना किया जाए।
14) एसईसीएल कुसमुंडा द्वारा गेवरा का अधिग्रहण 2018 में हो चुका है लेकिन अभी तक वहां पर किसानों को मुआवजा,रोजगार आदि की सुविधा नहीं दी गई है उन्हें तत्काल रोजगार मुआवजा दिया जाए नहीं तो पूर्व में जारी अधिग्रहण रद्द किया जाए।
15) खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था किया जाए। 16) आंशिक अधिग्रहण पर रोक लगाई जाए।
राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोपरि दायित्व : सीएमडी हरीश दुहन
पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने साझा किए अपने अनुभव, भावी प्रगति पर हुआ विचार-विमर्श
सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए प्रदान किए गए 13 पुरस्कार
बिलासपुर/कोरबा। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस बुधवार, 25 नवंबर 2026 को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने शिरकत की तथा एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा से जुड़े अपने अनुभवों एवं स्मृतियों को साझा किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी–संचालन) रमेश चंद्र महापात्र एवं निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में हमारे पूर्व नेतृत्व एवं कोयला कर्मवीरों का अमूल्य योगदान रहा है। राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोपरि दायित्व है। हमें अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान देना है। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए सभी से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कंपनी के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने तथा एसईसीएल को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी, प्रेम सागर मिश्रा, पूर्व निदेशक (तकनीकी–योजना/परियोजना) एवं एनसीएल के पूर्व सीएमडी पी.के. सिन्हा, पूर्व निदेशक (कार्मिक) के.के. श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, पूर्व निदेशक (वित्त) ए.के. कोमावार, पूर्व निदेशक (कार्मिक) अनिल कुमार सिंह, पूर्व निदेशक (तकनीकी–संचालन) आर.पी. ठाकुर, पूर्व निदेशक (वित्त) श्याम मुरारी चौधरी, पूर्व निदेशक (तकनीकी–संचालन) मनोज प्रसाद एवं पूर्व निदेशक (वित्त) जी. श्रीनिवासन उपस्थित रहे।
इसके पूर्व मुख्यालय परिसर में सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा एवं श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत एवं आकाश में गुब्बारों के विमोचन के साथ स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा सिस्टा, कौंसिल एवं ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘ज्ञान साझा सत्र’ रहा, जिसमें एसईसीएल के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने अपने दीर्घकालीन अनुभवों, संस्थान से जुड़ी स्मृतियों एवं नेतृत्व यात्रा को साझा किया। इस दौरान कंपनी की विकास यात्रा, चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। खुले संवाद सत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व के अनुभवों एवं मार्गदर्शन से लाभान्वित होने का अवसर मिला।
इसके पश्चात सायंकाल वसंत विहार खेल मैदान में ‘सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट’* का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों, विभागों एवं अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता एवं विशेष योगदान पुरस्कार प्रमुख रहे। साथ ही सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
डोमार समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर किया नमन, सामाजिक एकता, भाईचारे और समाज के उत्थान का लिया संकल्प
कोरबा। संत सुदर्शन डोमार समाज कल्याण समिति द्वारा 24 नवंबर को संत सुदर्शन जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं सदस्यों ने एकत्रित होकर संत सुदर्शन जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों एवं आदर्शों को स्मरण किया।
जयंती कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, भाईचारा, आपसी सद्भाव और संगठन की मजबूती को लेकर विशेष संदेश दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि समाज के महापुरुषों और संतों के विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में शिक्षा, जागरूकता, समानता और सामाजिक विकास को आगे लग जा सकता है।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष छबिलाल बाल्मिकी, उपाध्यक्ष मनोज कुमार बक्सेल, कोषाध्यक्ष रामकिशीर मांझरे, सचिव कुंजीलाल चुंदटेल, मीडिया प्रभारी जितेन्द्र हथठेल, जिला महामंत्री बब्बू मांझरे, उप कोषाध्यक्ष बबलू सह सचिव राजन मालिक चौधरी अशोक मल्लिक, सहित संतोष हथठेल, संतोष केन,सोनू केन, जोगीलाल, दिनेश हथठेल, गोपाल चुंदटेल, चुन्नीलाल अरखेल, राम मनोहर सखटेल, केशव जी, जोगीलाल कलसे, महेश चुंदटेल, विनोद कलसे एवं तुलसी राने सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी सदस्यों ने समाज को संगठित रखने, नई पीढ़ी को सामाजिक संस्कारों से जोड़ने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए मिलकर कार्य करने की भावना व्यक्त की।
संत सुदर्शन जी की जयंती के इस आयोजन ने समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित होने और आपसी एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज के विकास और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को और अ मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित युवक-युवतियाँ कराएं पंजीयन, आवास एवं भोजन की रहेगी व्यवस्था
कोरबा, 25 नवंबर 2026। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार कोरबा जिले के पहाड़ी कोरवा समुदाय के युवक-युवतियों के लिए 28 से 30 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा में होने वाले इस प्रशिक्षण में 100 युवक-युवतियों को वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से राशि की गणना, आर्थिक लेन-देन, आय-व्यय का लेखा-जोखा, बचत, निवेश और उचित स्रोत से ऋण लेने के संबंध में जानकारी दी जाएगी। पहाड़ी कोरवा समुदाय के अनेक परिवार लघु वनोपज, कृषि उपज एवं अन्य वन उत्पाद स्थानीय व्यापारियों, लैम्प्स, सोसायटी और मंडियों में बेचकर आय अर्जित करते हैं। समुदाय के सदस्य शासकीय संस्थानों में भी कार्यरत हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें अपनी कमाई का हिसाब रखने, बचत की योजना बनाने और वित्तीय निर्णय सोच-समझकर लेने में सक्षम बनाना है। आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवास, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल तथा आने-जाने के लिए वाहन किराये की व्यवस्था की गई है। कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित पहाड़ी कोरवा युवक-युवतियाँ प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए कार्यालयीन स्टाफ के मोबाइल नंबर 9589656658 या 7999021609 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।