Connect with us

कोरबा

पाली रोड दीपका की दारू भट्टी को तहसील रोड एवं गोवरघोरा वार्ड क्र. 01 में स्थानांतरित करने का उग्र विरोध, पार्षद कमलेश जायसवाल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

Published

on

कोरबा/दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका के अंतर्गत पाली रोड में लंबे समय से संचालित शराब दुकान (दारू भट्टी) को तहसील रोड एवं गोवरघोरा वार्ड क्रमांक 01 में स्थानांतरित किए जाने के शासन-प्रशासन के प्रयास का स्थानीय स्तर पर प्रखर विरोध शुरू हो गया है। वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इस संवेदनशील जन-मुद्दे को लेकर कलेक्टर – कोरबा को एक औपचारिक आपत्ति पत्र सौंपकर इस दुर्भावनापूर्ण स्थानांतरण पर तत्काल प्रभाव से स्थायी प्रतिबंध लगाने की मांग की है ।

पार्षद कमलेश जायसवाल ने अत्यंत चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इस मदिरा दुकान को घनी आबादी वाले वार्ड क्रमांक 01 और तहसील रोड के समीप खोला जाता है तो इससे क्षेत्र की शांति-व्यवस्था पूरी तरह भंग हो जाएगी। इस निर्णय से स्थानीय निवासियों विशेषकर अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) बाहुल्य वर्ग के हितों और सुरक्षा को भारी क्षति पहुंचेगी। शराब दुकान के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे आए दिन अप्रिय घटनाएं होने की प्रबल आशंका बनी रहेगी ।

मदिरा दुकान स्थानांतरण के विरोध में मुख्य व अकाट्य बिंदु

  1. नौनिहालों के भविष्य पर संकट:- प्रस्तावित शराब दुकान प्राथमिक शाला बिंझवार पारा स्कूल के मात्र 100 मीटर के दायरे में आ रही है, जिससे स्कूली बच्चों के मानस पटल पर अत्यंत विपरीत प्रभाव पड़ेगा ।
  2. सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील:- प्रस्तावित स्थल के महज 100 मीटर की दूरी पर गैस एजेंसी और 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप संचालित हैं, ऐसे ज्वलनशील व संवेदनशील प्रतिष्ठानों के पास दारू भट्टी का होना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण देने जैसा है ।
  3. शासकीय कार्य व जन-आस्था को ठेस:- यह स्थल तहसील कार्यालय से बेहद निकट है जिससे शासकीय कार्यों में बाधा आएगी, इसके साथ ही स्थानीय पूर्वजों की आदिशक्ति मां मरकी माता का पवित्र मंदिर (0.5 मीटर) और पूर्वजों का पूजनीय देवस्थल ढोढ़ी (0.2 मीटर) भी इसके बिल्कुल करीब हैं, जिससे जन-आस्था और धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचेगी ।
  4. बीच बस्ती में स्थान:- यह पूरी तरह से घनी रिहायशी बस्ती से लगा हुआ क्षेत्र है, जहां महिलाओं और बेटियों का सुरक्षित आवागमन दूभर हो जाएगा ।

पार्षद जायसवाल ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जनभावनाओं, धार्मिक आस्था और बच्चों के भविष्य को दरकिनार कर इस दारू भट्टी को जबरन हमारे गांव/वार्ड में संचालित करने का प्रयास किया गया तो समस्त वार्डवासी और क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, इस जन-आंदोलन और चक्काजाम से उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की कानून-अव्यवस्था की स्थिति और अप्रिय परिस्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं स्थानीय प्रशासन की होगी ।

इस आपत्ति पत्र की प्रतिलिपियाँ उचित एवं त्वरित दंडात्मक व निरोधात्मक कार्रवाई हेतु दीपका तहसीलदार तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नगर पालिका परिषद दीपका को भी प्रेषित कर दी गई हैं, ताकि समय रहते इस जनविरोधी निर्णय को बदला जा सके ।

Continue Reading

कोरबा

उल्लास से रोशन होगा कोरबा, युवाओं के साथ जन-जन लेगा साक्षरता का संकल्प

Published

on

14–15 अगस्त को जिलेभर में होंगे साक्षरता के विविध आयोजन, नवसाक्षरों को आगे बढ़ाने का लिया जाएगा संकल्प

कोरबा। भारत सरकार के उल्लास–नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को वर्ष 2026-27 में शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य को लेकर कोरबा जिले में भी व्यापक जनभागीदारी के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान में बच्चों, युवाओं, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 14 अगस्त को गांवों एवं मोहल्लों में साक्षरता संबंधी नारा लेखन, साक्षरता रैली एवं मशाल रैली तथा शाम 7 बजे कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। कैंडल मार्च में युवा-युवतियों, महिलाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं सहित आमजन की भागीदारी रहेगी।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम स्थलों पर हेल्प डेस्क, डिजिटल साक्षरता एवं सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। नवसाक्षर बुजुर्ग महिला-पुरुष, युवक-युवतियां, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थी सामूहिक रूप से ध्वजारोहण एवं उल्लास शपथ में शामिल होंगे तथा नवसाक्षरों को महापरीक्षा अभियान में सफल कराने का संकल्प लिया जाएगा।

इस दौरान उल्लास महा-चौपाल में नवसाक्षर अपने पढ़ने-लिखने के अनुभव साझा करेंगे। दादी-नानी की कहानी, लोकगीत, कविता एवं स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। साथ ही ‘अंगूठे से कलम तक’ अभियान के अंतर्गत सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, उल्लास घंटी, उल्लास दीवार, सुपर-30 का उद्घाटन एवं उल्लास ज्ञान रथ को रवाना किया जाएगा।

अभियान में युवाओं की भूमिका को विशेष महत्व दिया जा रहा है। युवा स्वयंसेवक डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया तथा स्थानीय स्तर की गतिविधियों के जरिए लोगों को साक्षरता अभियान से जोड़ेंगे। विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा नवसाक्षरों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें आगामी उल्लास महापरीक्षा के लिए तैयार किया जाएगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में उल्लास अभियान की गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय एवं जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) श्रीमती ज्योति शर्मा द्वारा अभियान की गतिविधियों का सतत समन्वय एवं निगरानी की जा रही है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि साक्षरता केवल किसी एक विभाग का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सभी नागरिक 14 एवं 15 अगस्त के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर “हर व्यक्ति साक्षर–कोरबा साक्षर” के संकल्प को मजबूत करें और उल्लास अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।

Continue Reading

कटघोरा

अजय धनोंदिया मल्टीपल अवॉर्ड से सम्मानित

Published

on

कोरबा/कटघोरा। लॉयन्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी सत्र 25-26 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF ला. विजय अग्रवाल के द्वारा अपने कार्यकाल में ला. अजय धनोंदिया को डिस्ट्रिक्ट के महत्वपूर्ण पद डिस्ट्रिक्ट PRO की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दायित्व का निर्वहन करते हुए अजय धनोंदिया ने पूरे डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत आने वाले सभी लॉयन्स क्लबों द्वारा संचालित शासकीय, प्रशासनिक एवं सेवा गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने विभिन्न क्लबों की सामाजिक सेवा से जुड़ी उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को समाचार पत्रों एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक पहचान दिलाई, जिससे डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों को नई पहचान मिली।

इसी उत्कृष्ट कार्य, सक्रियता एवं समर्पण को देखते हुए 24 मई 26 को इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित लॉयन्स मल्टीपल कन्वेंशन के दौरान मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन पीएमजेएफ ला मनीष शाह के द्वारा डिस्ट्रिक्ट पीआरओ ला. अजय धनोंदिया को ‘मल्टीपल अवॉर्डÓ से सम्मानित किया गया। हालांकि व्यक्तिगत कारणों से वे इंदौर में आयोजित सम्मान समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
इसके बाद 29 जुलाई को होटल मायरा जमनीपाली में आयोजित लॉयन्स क्लब एनटीपीसी जमनीपाली के शपथ ग्रहण समारोह में इस सम्मान को औपचारिक रूप से प्रदान किया गया समारोह में मुख्य अतिथि निवृत्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF ला. विजय अग्रवाल तथा पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन एमजेएफ ला. राजेन्द्र तिवारी,पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एम जे एफ एम ड़ी माखीजा,एम जे एफ बसन्त मिश्रा ने अजय धनोंदिया को मल्टीपल अवॉर्ड भेंट कर उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय अग्रवाल ने कहा कि अजय धनोंदिया ने डिस्ट्रिक्ट पीआरओ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का अत्यंत निष्ठा, सक्रियता और कुशलता के साथ निर्वहन किया। उनके प्रयासों से डिस्ट्रिक्ट की सेवा गतिविधियों को व्यापक प्रचार मिला तथा समाज में लॉयन्स इंटरनेशनल की सकारात्मक छवि और अधिक सुदृढ़ हुई। उन्होंने न केवल डिस्ट्रिक्ट स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया, बल्कि अपने होम क्लब लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी में संरक्षक के रूप में भी निरंतर सक्रिय रहकर सेवा कार्यों को नई गति प्रदान की।
सम्मान प्राप्त करने पर अजय धनोंदिया ने लॉयन्स इंटरनेशनल के वरिष्ठ पदाधिकारियों, अपने क्लब के सदस्यों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे डिस्ट्रिक्ट एवं सभी लॉयन्स साथियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी समाजसेवा एवं संगठन के प्रचार-प्रसार के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
यह सम्मान समारोह उपस्थित सभी लॉयन सदस्यों के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय रहा। अजय धनोंदिया की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों एवं लॉयन्स परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Continue Reading

E-Paper

Divya Akash E-Paper 07 to 13 August 2026

Published

on

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677