शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुख्य अतिथि का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार, जल्द तय होगी तिथि
रायपुर और बिलासपुर प्रेस क्लब ने किया स्वागत, प्रदेश स्तरीय भव्य पत्रकार आयोजन की बनी रूपरेखा
रायपुर/कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने सोमवार 22 जून को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान के नेतृत्व में हुई इस गरिमामय भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का अत्यंत आत्मीयता से स्वागत किया तथा नई टीम को सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कोरबा प्रेस क्लब के आगामी शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने इस स्नेहपूर्ण आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही इस कार्यक्रम के लिए तिथि निर्धारित करेंगे। इस दौरान कोरबा प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष नौशाद खान, पूर्व अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, संरक्षक कमलेश यादव, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य द्वय आकाश शर्मा एवं राजेश कुमार मिश्रा (मिट्टू) उपस्थित थे। इस महत्वपूर्ण और आत्मीय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार श्री कृष्णा दास विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनका इस भेंट को सफल बनाने में सराहनीय सहयोग रहा।
सकारात्मकता के साथ एकजुट होकर करें कार्य : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस क्लब की नई टीम से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा: सभी साथी एकजुट होकर सकारात्मकता के साथ कार्य करें और कोरबा में प्रेस क्लब को एक मजबूत व नई पहचान दिलाएं। पत्रकारिता के क्षेत्र में समाजहित और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हुए बेहतर कार्य करें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूरी कार्यकारिणी को भरोसा दिलाया कि कोरबा के पत्रकारों के कल्याण और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार तथा उनका व्यक्तिगत सहयोग सदैव बना रहेगा। मुख्यमंत्री से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद कोरबा जिले के पत्रकार साथियों में हर्ष की लहर है।
रायपुर और बिलासपुर प्रेस क्लब ने किया सम्मान, प्रदेश स्तरीय आयोजन पर चर्चा
राजधानी प्रवास के दौरान कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की मुलाकात रायपुर प्रेस क्लब और बिलासपुर प्रेस क्लब की टीमों से भी हुई। बिलासपुर के प्रेस क्लब में अध्यक्ष अजीत मिश्रा व उनकी टीम ने स्वागत सम्मान किया। वहीं रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी समेत सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने कोरबा की नवीन कार्यकारिणी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए प्रतीक चिन्ह गमझा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ में पत्रकारों के हितों, उनकी सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। तीनों प्रेस क्लबों ने पत्रकारों के व्यापक हित में एक मंच पर आकर एकजुटता के साथ कार्य करने का दृढ़ भरोसा दिया।
साथ ही आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों को एक सूत्र में पिरोने और पत्रकारिता के स्तर को और ऊंचा उठाने के उद्देश्य से एक भव्य प्रदेश स्तरीय आयोजन को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई, जिसकी रूपरेखा जल्द ही तैयार की जाएगी।
मंच, बैठक, पार्किंग, और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में सीएसईबी ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को आयोजन स्थल पर मंच निर्माण सहित साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीआईएसएफ, पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियां परेड में भाग लेंगी। समारोह का आयोजन प्रातः लगभग 9 बजे किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल विधायक बिलासपुर द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का छत्तीसगढ़वासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, चिकित्सकों, पुलिस कर्मियों, स्वास्थय कर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं विभागों को सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। साथ ही शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्ष तथा नगरीय निकायों में महापौर अथवा अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास और जिला शिक्षा अधिकारी को समन्वय से कार्य करने के निर्देश
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संधारण अवधि पूर्ण हो चुकी पीएमजीएसवाई सड़कों की सूची तैयार करने के दिए निर्देश
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में टीएल के लंबित प्रकरणों, विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के शत-प्रतिशत पात्र अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन सही तरीके से भरवाए जाएं तथा विद्यार्थियों को समय पर इसकी जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न हो।
बैठक में कलेक्टर ने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय फाइलों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित करें। साथ ही ई-एचआरएमएस में शिक्षा, स्वास्थय सहित अन्य विभागों के शेष कर्मचारियों का 31 अगस्त तक अनिवार्य रूप से ऑनबोर्डिंग पूर्ण कराने तथा इसकी पूर्णता का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर श्री दुदावत ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम हरदेवा में गत दिनों किए गए निरीक्षण के दौरान सामने आए कार्यों की समीक्षा करते हुए पुराने पुल की तुलना में बड़े नए पुल के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम सरमा में पीडब्ल्यूडी के पुल की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत ऐसी सड़कों की सूची तैयार की जाए, जिनकी संधारण अवधि समाप्त हो चुकी है, ताकि उनके संधारण एवं आवश्यक मरम्मत की कार्यवाही समयबद्ध रूप से की जा सके। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को आईटीआई रामपुर में शेष मरम्मत कार्यों में आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नवोदय विद्यालय से संबंधित लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। विद्युत विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल जीवन मि शन अन्तर्गत पूर्ण योजनाओं का जनपद सीईओ के समन्वय से सत्यापन कर भुगतान के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरी में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्य को गंभीरता से नहीं लेने पर कार्यपालन अभियंता पीएचई को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। इसके पश्चात सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) एवं विकासखंड स्रोत समन्वयकों (बीआरसी) से विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता का प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने वीबी रामजी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आवश्यक कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को सीमांकन से संबंधित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विकसित भारत माय भारत युवा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को स्वास्थय विभाग के सहयोग से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच कार्य में तेजी लाने तथा सरपंच एवं सचिवों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा समारोह को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उत्पाद खरीदकर बढ़ाया महिलाओं का उत्साह
कोरबा। आजादी का अर्थ केवल बंधनों से मुक्ति नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने और अपने पैरों पर खड़े होने की स्वतंत्रता भी है। यही भावना आज महिला स्व-सहायता समूहों के रूप में साकार हो रही है, जहां महिलाएं अपने हुनर और मेहनत को आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाकर परिवार और समाज की प्रगति में योगदान दे रही हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में लगा ‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह का स्टॉल इसी आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की प्रेरक तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। तिरंगे के रंगों और देशभक्ति की भावना से सजे इस स्टॉल में समूह की महिलाओं के हुनर, रचनात्मकता और मेहनत की झलक देखने को मिल रही है।
रजगामार, कोरबा की श्रीमती कीर्ति प्रजापति से जुड़ा ‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह 13 महिलाओं का समूह है। वर्ष 2019 से समूह के साथ जुड़कर श्रीमती कीर्ति प्रजापति सहित अन्य महिलाएं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने हुनर को आजीविका का साधन बना रही हैं। समूह की महिलाएं रचनात्मकता और मेहनत के साथ आकर्षक उत्पाद तैयार करती हैं, जिन्हें विभिन्न अवसरों पर स्टॉल के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए समूह के स्टॉल को विशेष रूप से देशभक्ति की थीम पर सजाया गया है। यहां कॉफी मग, टी-शर्ट, मैजिक मिरर, मैजिक मग सहित तिरंगा थीम पर आधारित विभिन्न आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध हैं। इन उत्पादों में 15 अगस्त की देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। स्टॉल पर पहुंचने वाले लोग इन उत्पादों को देखकर आकर्षित हो रहे हैं और समूह की महिलाओं के हुनर की सराहना भी कर रहे हैं। समूह की महिलाओं की मेहनत और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्टॉल पर पहुंचे। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और स्टॉल से वस्तुओं की खरीदारी भी की। कलेक्टर श्री दुदावत द्वारा किए गए इस प्रोत्साहन से समूह की महिलाओं में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। श्रीमती प्रजापति बताती हैं कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अपने हुनर को आगे बढ़ाने और नई चीजें सीखने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से महिलाएं एक-दूसरे का सहयोग करते हुए अपने उत्पादों को बेहतर बनाने और उन्हें लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। उनके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में स्टॉल लगाने का अवसर अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने और अपनी पहचान बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। 15 अगस्त के अवसर पर तिरंगे के रंगों में सजा यह स्टॉल केवल देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित नहीं कर रहा, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और स्थानीय हुनर को बढ़ावा देने का संदेश भी दे रहा है।