देश
भारत की सैन्य ताकत होगी और घातक, अमेरिका ने 4555 करोड़ की रक्षा डील को दी मंजूरी
वाशिंगठन/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को और मजबूत करते हुए अमेरिका ने भारतीय सेना के AH-64E अपाचे अटैक हेलीकॉप्टरों और M777A2 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर तोपों के लिए 482.2 मिलियन डॉलर (लगभग ₹4,555 करोड़) के सपोर्ट पैकेज को मंजूरी दे दी है। इस पैकेज में रखरखाव, तकनीकी सहायता, स्पेयर पार्ट्स और अन्य लॉजिस्टिक सेवाएं शामिल हैं। अमेरिका की Defense Security Cooperation Agency (DSCA) ने 17 जून को इस प्रस्तावित सौदे की आधिकारिक सूचना जारी की। यह एजेंसी अमेरिकी सरकार के फॉरेन मिलिट्री सेल्स (FMS) कार्यक्रम का संचालन करती है।

इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने भी अमेरिकी कांग्रेस को इस संभावित रक्षा सौदे के बारे में जानकारी दी थी। भारत में अमेरिका के राजदूत Sergio Gor ने कहा कि दोनों देश प्रतिदिन रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि M777A2 हॉवित्जर तोपों के लिए लगभग 230 मिलियन डॉलर का सपोर्ट पैकेज भी अंतिम चरण में है। राजदूत ने कहा कि यह प्रस्ताव अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के अनुरूप है और साथ ही भारत की रक्षा क्षमताओं को बनाए रखने और मजबूत करने में मदद करेगा।
भारत ने M777A2 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर तोपों को अमेरिका से खरीदा था। इन हल्की लेकिन अत्यधिक प्रभावी तोपों को विशेष रूप से पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में तेजी से तैनात करने के लिए डिजाइन किया गया है। लद्दाख और उत्तरी सीमाओं पर इनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। वहीं, भारतीय वायुसेना और थलसेना के पास मौजूद AH-64E Apache हेलीकॉप्टर दुनिया के सबसे उन्नत लड़ाकू हेलीकॉप्टरों में गिने जाते हैं। ये सटीक हमले, टैंक रोधी अभियानों और युद्धक्षेत्र में सैनिकों को समर्थन देने में सक्षम हैं।
अमेरिकी रक्षा विभाग का कहना है कि यह पैकेज भारत को मौजूदा और भविष्य के सुरक्षा खतरों का सामना करने में मदद करेगा। इससे भारतीय सेना के महत्वपूर्ण हथियार प्लेटफॉर्म अधिक समय तक प्रभावी और संचालन योग्य बने रहेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सौदा केवल उपकरणों के रखरखाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते रणनीतिक सहयोग और भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों की गहराई को भी दर्शाता है। विश्लेषकों के अनुसार, भारत की सीमाओं पर बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सामरिक समीकरणों के बीच यह सौदा भारतीय सेना की परिचालन क्षमता को मजबूत करेगा। साथ ही यह दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच रक्षा सहयोग के लगातार विस्तार का संकेत भी है।
खेल
भारत की श्री चरणी दुनिया की नंबर-1 टी-20 गेंदबाज बनी:विमेंस वर्ल्डकप में 10 विकेट ले चुकीं, बैटिंग में मंधाना टॉप-5 में
मुंबई, एजेंसी। 21 साल की भारतीय स्पिनर श्री चरणी विमेंस टी-20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गई हैं। उन्होंने इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

श्री चरणी को महिला टी-20 वर्ल्डकप 2026 में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। वह फिलहाल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने 3 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। वहीं, 6 विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा गेंदबाजी रैंकिंग में 8वें स्थान पर हैं।
बैटिंग रैंकिंग में स्मृति मंधाना टॉप-5 में बनी हुई हैं। उन्होंने इस वर्ल्डकप में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा शेफाली वर्मा 6वें और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर हैं।
चरणी ने दीप्ति को पीछे छोड़ा, यंगेस्ट इंडियन बनीं
चरणी भारत की ओर से बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 बनने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन गई। इससे पहले भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 27 साल की उम्र में 23 दिसंबर 2025 को पहली बार नंबर-1 बनी थीं।
बाएं हाथ की स्पिनर चरणी ने पिछले साल 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी-20 मैच खेला था। वे एक साल के भीतर दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बन गईं। वहीं दीप्ति ने 31 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और टॉप रैंकिंग तक पहुंचने में उन्हें लगभग 10 साल लगे थे।
चरणी ने मौजूदा महिला टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 3/21, नीदरलैंड्स के खिलाफ 4/19 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3/24 के आंकड़े दर्ज किए हैं। उन्होंने अब तक 23 टी-20 मैचों में 38 विकेट लिए हैं। बेस्ट 12 रन देकर 4 विकेट हैं।
पूर्व नंबर-1 गेंदबाज लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर पहुंचीं
इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन 3 मैचों में 5 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं पूर्व नंबर-1 गेंदबाज लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर खिसक गईं। इंग्लैंड की ही स्टार स्पिनर सोफी एकलस्टन चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं।
वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज 9 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें, ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज किम गार्थ 25 स्थान की छलांग लगाकर 20वें और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना10 स्थान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
बैटर्स रैंकिंग में 3 भारतीय
भारत की तीन बल्लेबाज टॉप-10 में शामिल हैं। उपकप्तान स्मृति मंधाना 749 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। ओपनर शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान के फायदे के साथ 10वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

स्मृति मंधाना पाकिस्तान के खिलाफ शॉट खेलते हुए।
ऑस्ट्रेलियन ओपनर जॉर्जिया वॉल नंबर-1 बैटर
ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वॉल 829 रेटिंग के साथ नंबर-1 बैटर बनी हुई हैं। उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड कप के 3 मैचों में 62 रन बनाए हैं। उनकी हमवतन बेथ मूनी एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट तीसरे स्थान पर हैं।
ऑलराउंडर में दीप्ति चौथे नंबर पर बरकरार
भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 364 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। वह ऑलराउंडर रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज टॉप पर कायम हैं। न्यूजीलैंड की अमिलिया कर दूसरे नंबर पर हैं।
श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू तीसरे, आयरलैंड की ऑर्ला प्रेंडरगास्ट पांचवें और पाकिस्तान की फातिमा सना छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर मारीजान कैप भारत के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच प्रदर्शन के बाद पांच स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने 81 रन बनाने के साथ 2 विकेट लिए थे।
देश
क्रिकेटर रोहित शर्मा पद्मश्री से सम्मानित:सिंगर अलका याग्निक ने पद्म भूषण लेने से पहले मोदी के पैर छुए, 65 हस्तियों को मिले पद्म अवॉर्ड
नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में पद्म अवॉर्ड के दूसरे फेज में 65 हस्तियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री दिए गए।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस केटी थॉमस को जनसेवा, सीनियर मलयालम जर्नलिस्ट पी नारायणन को साहित्य के लिए पद्म विभूषण दिया गया। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया। अवॉर्ड लेने उनकी पत्नी रूपी सोरेन पहुंची।

सिंगर अलका याग्निक ने अवॉर्ड लेने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी के पैर छुए। क्रिकेटर रोहित शर्मा, एक्टर आर माधवन को पद्मश्री से नवाजा गया। पुरस्कार पाने वालों में एक्टर ममूटी और पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज भी शामिल रहे।

2026 के पद्म पुस्कारों के लिए कुल 131 लोगों को चुना गया था। इससे पहले 25 मई को पहले चरण में भारतीय वुमन क्रिकेट टीम कैप्टन हरमनप्रीत कौर, एक्टर धर्मेंद्र समेत 66 हस्तियों पद्म अवॉर्ड दिए गए थे।
देश
रेलवे का महिलाओं को बड़ा तोहफा… दिल्ली-लखनऊ समेत इन स्टेशनों पर मुफ्त में मिलेंगे सैनिटरी पैड
नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय रेलवे ने ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं की सुविधा को लेकर एक अहम कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने महिलाओं को माहवारी (पीरियड्स) से जुड़ी जरूरी चीजें मुहैया करवाने का आदेश जारी किया है। उत्तर रेलवे ने दूरसंचार अवसंरचना क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंडस टावर्स के सहयोग से 175 रेलवे स्टेशनों पर 500 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की हैं।
दिल्ली, लखनऊ, अंबाला, फिरोजपुर समेत कई स्टेशनों पर महिलाओं को 24 घंटे ही इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इंडस टावर्स के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम ‘नारी सम्मान’ के अंतर्गत अब तक 3 करोड़ से अधिक सैनिटरी पैड वितरित किए जा चुके हैं।

सफर के दौरान महिलाओं की बड़ी समस्या का समाधान
रेल यात्रा के दौरान कई बार महिलाओं को अचानक सैनिटरी पैड की आवश्यकता पड़ जाती है, लेकिन स्टेशन पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। इंडस टावर्स ने अपने प्रमुख CSR कार्यक्रम ‘प्रगति’ के तहत इस परियोजना को लागू किया है, जिसका उद्देश्य मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं को आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराना है।
स्मार्ट तकनीक से लैस हैं मशीनें
स्थापित की गई वेंडिंग मशीनें इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तकनीक से जुड़ी हुई हैं। इस तकनीक की मदद से मशीनों में पैड का स्टॉक कम होने पर कंट्रोल सेंटर को स्वतः सूचना मिल जाती है। इससे समय रहते मशीनों को फिर से भरने की व्यवस्था की जा सकती है और महिलाओं को किसी भी समय सुविधा उपलब्ध रहती है।
महिलाओं के अनुकूल सार्वजनिक स्थान बनाने की दिशा में कदम
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने कहा कि भारतीय रेलवे प्रतिदिन लाखों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाता है, जिनमें बड़ी संख्या में छात्राएं और कामकाजी महिलाएं शामिल हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इंडस टावर्स के साथ यह साझेदारी सार्वजनिक स्थानों को महिलाओं के लिए अधिक समावेशी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
2030 तक 15 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
इंडस टावर्स के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) तेजिंदर कालरा ने कहा कि रेलवे जैसे देश के सबसे व्यस्त सार्वजनिक नेटवर्क पर इस तरह की सुविधा उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कंपनी तकनीक आधारित समाधानों के माध्यम से वर्ष 2030 तक 15 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। यह परियोजना उसी व्यापक विजन का एक अहम हिस्सा है।
महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह पहल न केवल उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता और सम्मान को भी बढ़ावा देगी।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
