Connect with us

देश

कन्फर्म टिकट के बावजूद नहीं मिली सीट, अब रेलवे को देना होगा 50,000 रुपए मुआवजा

Published

on

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। ट्रेन में कन्फर्म टिकट होने के बावजूद सीट न मिलना कई यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। केरल में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक यात्री को कन्फर्म टिकट होने के बावजूद पूरी रात भीड़ के बीच खड़े होकर सफर करना पड़ा। इस मामले में उपभोक्ता आयोग ने भारतीय रेलवे को सेवा में लापरवाही का दोषी मानते हुए यात्री को 50,000 रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है।

कंज्यूमर आयोग ने रेलवे को ठहराया जिम्मेदार

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, केरल के उपभोक्ता आयोग ने दक्षिणी रेलवे, दक्षिण पश्चिमी रेलवे और तिरुवनंतपुरम के एडिशनल डिविजनल रेलवे मैनेजर (ADRM) को संयुक्त रूप से मुआवजा देने का निर्देश दिया है। आयोग ने मानसिक प्रताड़ना के लिए 50,000 रुपए और मुकदमे के खर्च के रूप में 3,000 रुपए देने का आदेश भी दिया। 

क्या था पूरा मामला?

शिकायतकर्ता ने बेंगलुरु से कोचुवेली (केरल) की यात्रा के लिए तत्काल कोटे से एक कन्फर्म टिकट बुक किया था। जब वह ट्रेन में चढ़ा, तो उसने देखा कि उसका आरक्षित (Reserved) कोच पूरी तरह से जनरल/अनारक्षित यात्रियों से ठसाठस भरा हुआ था।

यात्री ने रेलवे के कस्टमर केयर से संपर्क किया लेकिन अधिकारियों ने पूजा/नवरात्रि की छुट्टियों की भीड़ का हवाला देकर कोई मदद नहीं की और उसे सहयोग करने को कहा। इसके बाद यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शिकायत दर्ज कराई और कोच की तस्वीरें शेयर कीं लेकिन किसी भी अधिकारी ने उसकी सुध नहीं ली। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि चलने का रास्ता भी भरा हुआ था, जिससे वहां खड़े होना भी दूभर था और यात्री पूरी रात सो नहीं सका।

रेलवे की दलील आयोग ने नहीं मानी

सुनवाई के दौरान रेलवे ने कहा कि त्योहारों के कारण असाधारण भीड़ थी और शिकायत मिलने के बाद टीटीई ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से अगले स्टेशन पर अनारक्षित यात्रियों को कोच से बाहर कर दिया था। हालांकि आयोग ने कहा कि रेलवे अपने दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका। तस्वीरों और सोशल मीडिया शिकायतों के आधार पर आयोग ने रेलवे को सेवा में कमी का दोषी माना और एक महीने के भीतर मुआवजा देने का आदेश दिया। 

Continue Reading

देश

ट्रंप के एक ऐलान के बाद सोने-चांदी में आई जबरदस्त गिरावट, बाजार में मची हलचल

Published

on

मुंबई, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने US-ईरान के सीजफायर को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिसके बाद आज सोने- चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई। ट्रंप ने US-ईरान को खत्म करने का ऐलान किया। जिसके बाद वैश्विक कमोडिटी बाजार में अचानक हलचल बढ़ गई, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ भारत के घरेलू वायदा बाजार पर भी दिखाई दिया। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी में गिरावट
COMEX में दोपहर करीब 2:30 बजे तक सोने के भाव में लगभग 2 फीसदी की गिरावट के बाद यह करीब 4,075 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं चांदी की कीमत करीब 3.5 फीसदी टूटकर 60 डॉलर प्रति औंस से नीचे पहुंच गई।

MCX पर सोना चांदी

इसका असर घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी पड़ा। अगस्त डिलीवरी वाला सोना 2,291 रुपये टूटकर 1,43,101 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी के वायदा भाव में 7,355 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। जिसके बाद चांदी 2,23,502 रुपये प्रति किलोग्राम के निचले स्तर पर आ गई।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक घटनाक्रम और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों की रणनीति में बदलाव देखने को मिला, जिससे सोना-चांदी में तेज गिरावट आई।

Continue Reading

देश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन: 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर 3 आरोपी, 40 दिनों में 70 बार हाथ साफ करने का सनसनीखेज खुलासा

Published

on

अयोध्या, एजेंसी। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार 3 आरोपियों को एक स्थानीय अदालत के आदेश पर बुधवार को 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच कर रहे अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने सुबह करीब 7 बजे जिला जेल से अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। विशेष अदालत (भ्रष्टाचार रोधी) के आदेश के अनुसार रिमांड की यह अवधि बुधवार सुबह 7 बजे शुरू हुई। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए नए सुबूतों के बारे में आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और पुलिस उन जगहों पर तलाशी भी ले सकती है जिनकी आरोपियों ने निशानदेही की है ताकि चोरी की गई नकदी और अन्य सामान बरामद किया जा सके। 

अधिकारियों के मुताबिक अभियोजन पक्ष ने रिमांड की मांग इसलिए की थी ताकि मामले में गिरफ्तार अन्य लोगों से पूछताछ के दौरान इकट्ठा की गई सामग्री और सबूतों के आधार पर इन तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा सके। मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम (SIT) द्वारा इस मामले में सबसे पहले मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस रिमांड पर लिया गया था। अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती तफ्तीश के अनुसार, जांचकर्ताओं ने 40 दिनों की अवधि में चोरी की लगभग 70 संदिग्ध घटनाओं की पहचान की है और वे आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ मंदिर में दान की रकम की गिनती की व्यवस्था में कथित प्रक्रियागत और सुरक्षा सम्बन्धी खामियों की भी जांच कर रहे हैं।

Continue Reading

देश

NEET के बाद अब UGC- NET को लेकर राहुल गांधी बोले- मोदी सरकार से कोई कार्यवाही की उम्मीद नहीं

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यूजीसी-नेट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि नीट-यूजी के बाद अब इस परीक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं, लेकिन मोदी सरकार सो रही है, क्योंकि लाखों छात्रों की वर्षों की मेहनत उसके लिए कोई मायने नहीं रखती।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक खबर साझा करते हुए दावा किया कि हरियाणा में यूजीसी-नेट परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र का पीडीएफ प्रसारित कर दिया गया जो केवल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के पास उपलब्ध होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पीडीएफ के लगभग 90 प्रश्न समाजशास्त्र के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं तथा यही प्रश्नपत्र बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में दो लाख 25 हजार रुपये में बेचा जा रहा था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का कहना था कि इसी नेटवर्क ने सीएसआईआर-नेट, हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) और एडीए जैसी आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का भी दावा किया है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि नीट और नेट परीक्षाओं में बार-बार कथित घोटाले सामने आने के बावजूद मोदी सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है क्योंकि लाखों छात्रों की रात-रात जागकर की गई वर्षों की मेहनत उसके लिए कोई मायने नहीं रखती। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से किसी जवाबदेही या कार्रवाई की उम्मीद करना बेकार है क्योंकि न तो जांच होगी और न ही छात्रों को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि बदलाव का एकमात्र रास्ता सामूहिक आवाज़ है, देश भर के ‘छात्रों की गूंज’ है, जो भारत में शिक्षा क्रांति लाकर रहेगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677