Connect with us

कोरबा

बालको के माध्यम से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है-लखन लाल देवांगन

Published

on

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने स्थानीय समुदाय को समर्पित चिल्ड्रेंस पार्क का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन तथा विशिष्ट अतिथि कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने फीता काटकर पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

लगभग 13,000 वर्ग फुट में विकसित यह पार्क पहले एक अनुपयोगी एवं कचरा-प्रभावित क्षेत्र था, जिसे विकसित कर बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित और आधुनिक सामुदायिक स्थल के रूप में परिवर्तित किया गया है। पार्क में बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, एक्यूप्रेशर पाथवे, हरित लॉन तथा परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए अरेका पाम का रोपण किया गया है। पार्क के रखरखाव को पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सौर ऊर्जा संचालित जल आपूर्ति प्रणाली भी स्थापित की गई है।

लोकार्पण के पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने पार्क का भ्रमण कर बच्चों के खेल उपकरण, ओपन जिम, एक्यूप्रेशर पाथवे, हरित लॉन तथा अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही समुदाय के लिए विकसित इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने कहा, “बालको के माध्यम से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भवन, नाली निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों के माध्यम से कंपनी क्षेत्र की उन्नति और तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। कोरबा में औद्योगिक विकास के कारण प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।”

विशिष्ट अतिथि श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा, “बालको निरंतर क्षेत्र के विकास को नई गति दे रहा है। सामुदायिक भवन, आधुनिक पार्क, सड़क निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में कंपनी का महत्वपूर्ण योगदान है। कंपनी द्वारा किए गए कार्य क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।”

इस अवसर पर परसाभाठा के पार्षद बद्री किरण ने चिल्ड्रेंस पार्क को लेकर बालको के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बालको आसपास के क्षेत्रों में निरंतर जनहितकारी कार्य कर रहा है। उन्नति परियोजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा मशरूम उत्पादन, कोसाकारी सहित विभिन्न आजीविका कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कंपनी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ आंगनवाड़ी एवं विद्यालयों के उन्नयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने नागरिकों से पार्क को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह सामुदायिक संपत्ति है और इसकी देखभाल हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

यह पहल समुदाय के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ एवं बेहतर जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में बालको की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हाल के महीनों में कंपनी ने सामुदायिक भवन, सड़क, पार्क एवं अन्य आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं को पूर्ण कर स्थानीय प्रशासन एवं समुदाय को समर्पित किया है। इन पहलों के माध्यम से बालको आसपास के क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता में सुधार तथा सतत एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर के सख्त निर्देश:नल से पानी आने पर ही होगा जल जीवन मिशन के कार्यों का भुगतान

Published

on

कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति
कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।

Continue Reading

कोरबा

डीईओ को नोटिस जारी: छात्र सुरक्षा बीमा प्रभारी क्लर्क के खिलाफ होगी कड़ी कार्यवाही

Published

on

मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश
कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

Continue Reading

कोरबा

एकलव्य आवासीय स्कूल में अव्यवस्था का मामला : जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित

Published

on

कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव

गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!

एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677