माय भारत युवा कार्यक्रम“ अंतर्गत ”नशामुक्त भारत अभियान -2026“ जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता- ”युवा की उड़ान – नशा मुक्त भारत का निर्माण“ थीम पर सफलतापूर्वक हुई संपन्न
कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोरबा जिले में कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में ”माय भारत युवा कार्यक्रम“ का प्रभावी संचालन किया जा रहा हैं।
इस कड़ी में ”माय भारत युवा कार्यक्रम“ के अंतर्गत 27 जुलाई को नशामुक्त भारत अभियान-2026 ”युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण“ थीम पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आशुतोष पाण्डेय (आईएएस) आयुक्त नगर पालिक निगम कोरबा उपस्थित थे। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों एवं युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए ”युवा शक्ति“ का महत्व बताया तथा युवाओं की ऊर्जा को देश और राष्ट्र के विकास में लगाते हुए स्वयं का भविष्य संवर्धन करने के लिए प्रेरित किए। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र के उन्नति के लिए सर्वोपरि बताया।
जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन सत्र में युवाओं को सम्बोधित करते हुए ”माय भारत युवा कार्यक्रम“ के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने जिले में संचालित किए जा रहे ”माय भारत युवा कार्यक्रम“ के राष्ट्रीय महत्व तथा उद्देश्यों के बारें में विस्तार से बताया। जिला नोडल अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि जिले के शहरी- ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं छात्र-छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं हैं, युवाओं के अंदर छिपी हुई प्रतिभा को एक नया आयाम देने के लिए उन्हें ”माय भारत युवा कार्यक्रम“ का सशक्त प्लेटफार्म प्रदान किया जा रहा हैं। जहां युवा, छात्र-छात्राएं नशे के दुष्परिणाम को समझ कर, नशे से दूर रहकर ”नशा मुक्त भारत“ के नव निर्माण के लिए अपनी सकारात्मक ऊर्जा को लगा रहें हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रतीक चतुर्वेदी नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा ने युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने कैरियर को संवारने के लिए प्रेरित किये। उन्होंने ”माय भारत युवा कार्यक्रम“ की सराहना करते हुए पुलिस का पूर्ण सहयोग देने की बात कहीं। इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों के द्वारा माँ सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर अग्रसेन कन्या महाविद्यालय की छात्राओं के द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। उद्घाटन सत्र में जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए ”नशामुक्त प्रतिज्ञा“ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सुश्री ईशा गौतम ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए माय भारत युवा कार्यक्रम से जुड़ने के लिए कहा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बजरंग अग्रवाल अध्यक्ष अग्रवाल सभा कोरबा, गोपाल अग्रवाल अध्यक्ष शिक्षण समिति श्रीअग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा, दीपक अग्रवाल सचिव शिक्षण समिति श्रीअग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा,श्री छेदीलाल अग्रवाल पूर्व अध्यक्ष शिक्षण समिति श्रीअग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा, विक्रम अग्रवाल अध्यक्ष शिक्षण समिति श्रीअग्रसेन विद्यालय कोरबा, डॉ मनोज कुमार झा प्राचार्य श्रीअग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा उपस्थित थे। जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के द्वारा सभी विधाओं में प्रतिभागियों तथा विजेता रहें छात्र-छात्राओं, युवाओं को प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो भेंट कर पुरुस्कृत किया गया। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह एवं जिला युवा अधिकारी सुश्री ईशा गौतम ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सभी विधाओं में चयनित हुए प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन सत्र में उमंग दिव्यांग विद्यालय कोरबा के बच्चों के द्वारा सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी गई। मंच संचालन डॉ. रुचिका कल्ला सहायक प्राध्यापक श्रीअग्रसेन कन्या महाविद्यालय के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बी.एल.साय प्राध्यापक ई.व्ही.पी.जी.कॉलेज कोरबा ने आभार प्रदर्शन किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में डॉ. अर्चना दीवान सहायक प्राध्यापक शासकीय प्यारे लाल कंवर महाविद्यालय भैसमा,डॉ. मधु कंवर सहायक प्राध्यापक, डॉ. अजय पटेल सहायक प्राध्यापक ई.व्ही.पी.जी. कॉलेज कोरबा, डॉ.किरण बाजपेई सहायक प्राध्यापक, डॉ. शकुंतला जायसवाल सहायक प्राध्यापक श्रीअग्रसेन कन्या महाविद्यालय, डॉ.वर्षा सिंह तंवर सहायक प्राध्यापक मिनी माता कन्या महाविद्यालय, सहायक प्राध्यापक डॉ रश्मि शुक्ला कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा, डॉ. कार्तिकेश्वर दुबे सहायक प्राध्यापक शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय हरदीबाजार सहित अन्य महाविद्यालयों, विद्यालयों से आये हुए सहायक प्राध्यापकगण,प्रभारी शिक्षकगण, युवा छात्र-छात्राएं, ”माय भारत यूथ वालेंटिययर्स“, समाजसेवीजन एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!
एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।