Connect with us

छत्तीसगढ़

दो बार सड़क जाम के बाद पेंड्रावन पहुंचे शिक्षा मंत्री:छात्रों से की मुलाकात, सेल्फी लेकर बनाया वीडियो, स्टूडेंट्स बोले-पानी की समस्या भी दूर कराइए

Published

on

दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। शिक्षकों की कमी को लेकर दो बार सड़क पर उतरकर धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग जाम करने वाले पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्रों से मिलने गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव पहुंचे। प्रदर्शन खत्म होने के दो दिन बाद स्कूल पहुंचे मंत्री ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की।

मंत्री ने बताया कि छात्रों की मांग को देखते हुए उसी दिन जरूरी व्यवस्था करने के आदेश दे दिए गए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ सेल्फी ली और वीडियो भी बनाया। छात्रों ने वीडियो में मंत्री को धन्यवाद दिया।

मंत्री ने छात्रों से कहा, आपने फोन पर बात करने की बात कही थी, लेकिन हम खुद आपसे मिलने आए हैं। उन्होंने छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कही। स्कूल में पहुंचे तीन नए शिक्षकों से भी मंत्री ने बात की और बेहतर पढ़ाई कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि एक और शिक्षक जल्द ही स्कूल में पदस्थ होगा। उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्कूल की व्यवस्थाएं ठीक हैं, लेकिन लगातार मॉनिटरिंग की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

प्रदर्शन खत्म होने के दो दिन बाद स्कूल पहुंचे मंत्री ने छात्र-छात्राओं से की मुलाकात।

प्रदर्शन खत्म होने के दो दिन बाद स्कूल पहुंचे मंत्री ने छात्र-छात्राओं से की मुलाकात।

बोले- बच्चों की मांग पर उसी दिन निकाला आदेश

पत्रकारों से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि जब उन्हें छात्रों के आंदोलन की जानकारी मिली, उसी समय विभागीय बैठक में निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पर तीन शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था की गई और प्राचार्य का दूसरी जगह तबादला कर दिया गया। अंडा गांव से नए प्राचार्य की व्यवस्था की गई है।

400 बच्चों के लिए मांगे थे 17 शिक्षक, आंदोलन के बाद 3 पहुंचे

पेंड्रावन स्कूल में करीब 400 से 500 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। छात्रों का कहना था कि 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं और उन्हें कम से कम 17 शिक्षकों की जरूरत है। खासकर आर्ट्स और कॉमर्स विषयों में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।

इसी मांग को लेकर छात्रों ने 21 अगस्त और फिर 25 अगस्त को धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था। 25 अगस्त का प्रदर्शन करीब 12 घंटे चला और रात 12 बजे छात्रों ने शिक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत और आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म किया था।

इसके बाद विभाग ने प्राचार्य को हटाने, तीन नए शिक्षकों की व्यवस्था करने और एक अन्य शिक्षक की जल्द पदस्थापना का निर्णय लिया। गुरुवार को शिक्षा मंत्री खुद स्कूल पहुंचे और नई व्यवस्था का जायजा लिया।

पानी की समस्या बताई तो दो दिन में व्यवस्था के निर्देश

स्कूल में बातचीत के दौरान एक छात्रा ने मंत्री को शिक्षकों की समस्या के अलावा पानी की परेशानी भी बताई। छात्रा ने स्कूल में पर्याप्त पानी और वाटर कूलर की व्यवस्था नहीं होने की बात कही। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

उन्होंने दो दिनों के भीतर स्कूल में पानी और वाटर कूलर की व्यवस्था करने की बात कही। स्कूल पहुंचने के बाद मंत्री ने प्रदर्शन में शामिल रहे छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी ली। इसके बाद बच्चों के साथ एक वीडियो भी बनाया गया, जिसमें छात्रों ने शिक्षा मंत्री को उनकी मांगों पर कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।

गांव के बच्चों को ई-पोर्टल से JEE-NEET की तैयारी कराने की योजना

मंत्री ने कहा कि दुर्ग जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ाई नियमित कराने पर विभाग का फोकस है। उन्होंने बताया कि दुर्ग में JEE और NEET की तैयारी की व्यवस्था की जा रही है। गांवों के विद्यार्थियों को भी इसका लाभ देने के लिए ई-पोर्टल के जरिए बड़े कोचिंग संस्थानों और उनके फैकल्टी की मदद से विशेष कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना है।

उन्होंने कहा कि स्कूलों में विषयवार विशेषज्ञों की मदद से पढ़ाई बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए गुरुवार शाम 5 बजे दुर्ग जिले के हायर सेकेंडरी स्कूलों को लेकर संयुक्त संचालकों की बैठक भी रखी गई थी।

Continue Reading

कोरबा

महिला सुरक्षा के लिए कोरबा पुलिस की विशेष पहल : शहर के साथ संवेदनशील क्षेत्रों एवं पिकनिक स्पॉट्स पर भी होगी पिंक पेट्रोलिंग

Published

on

कोरबा। आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “ पिंक पेट्रोलिंग ” की शुरुआत की गई है।

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा से पिंक पेट्रोलिंग का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पिंक पेट्रोलिंग का उद्देश्य केवल शहर के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं है। महिला सुरक्षा की दृष्टि से चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, पिकनिक स्पॉट्स एवं ऐसे स्थानों जहां महिलाओं एवं बालिकाओं की आवाजाही अधिक रहती है, वहां लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी।

महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम रहेगी सक्रिय

पिंक पेट्रोलिंग में महिला थाना की टीम सहित विभिन्न थानों एवं पुलिस इकाइयों में कार्यरत महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। ये टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर महिला सुरक्षा की स्थिति पर नजर रखेंगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगी।

आज पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। आगामी त्यौहारों को देखते हुए भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजार क्षेत्रों, पिकनिक स्पॉट्स एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पिंक पेट्रोलिंग नियमित रूप से जारी रहेगी।आगामी त्यौहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों एवं पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने अथवा अन्य किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ

पिंक पेट्रोलिंग के शुभारंभ अवसर पर एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी यातायात श्रीमती ज्योत्सना चौधरी, प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक सुश्री आस्था शर्मा एवं रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा मौजूद रहे।वहीं महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती रश्मि थॉमस एवं सुश्री सौम्या सरस्वती कौशिक द्वारा पिंक पेट्रोलिंग टीम का नेतृत्व किया जा रहा है।

कोरबा पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा अथवा परेशानी महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस द्वारा उनकी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा प्रेस क्लब में नवीन सदस्यता के लिए आवेदन आमंत्रित, 15 सितंबर तक जमा किए जा सकेंगे फॉर्म

Published

on

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब के प्रबंध कार्यकारिणी सत्र 2026-28 द्वारा निर्धारित फॉर्मेट में नवीन सदस्यता के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक और पात्र पत्रकार प्रेस क्लब के टी.पी. नगर स्थित कार्यालय तिलक भवन में 15 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।
आवेदन पत्र के साथ निर्धारित शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। आवेदक को कम से कम 3 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव होना आवश्यक है। आवेदन के साथ स्व-प्रमाणित शपथ पत्र, पहचान पत्र, वर्तमान संस्थान का परिचय पत्र या नियुक्ति पत्र, तथा प्रकाशित समाचारों या कतरनों की प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
संपादक या ब्यूरो प्रमुख की अनुशंसा भी फॉर्म में अनिवार्य रूप से दर्ज होनी चाहिए। प्रेस क्लब प्रबंधन ने सभी आवेदकों से समय-सीमा के भीतर पूर्ण जानकारी एवं स्व-सत्यापित शपथ पत्र के साथ आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Continue Reading

कोरबा

मानिकपुर में ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की:कोरबा में रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, शिनाख्त जारी

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डंपर फाटक के पास यात्री ट्रेन की चपेट में आने से करीब 65 से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग के शरीर के कई टुकड़े हो गए। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक ने कपड़े और माला पहन रखी थी। उनके हाथ में घड़ी भी थी। पुलिस ने पहचान के लिए इन हुलियों और अन्य उपलब्ध जानकारी को सुरक्षित रखा है।

सोशल मीडिया और मुनादी से पहचान की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और रेलवे RPF मौके पर पहुंची। शव के टुकड़ों को एकत्र कर आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया पर फोटो और हुलिया प्रसारित कर रही है। इसके अलावा आसपास की बस्तियों में मुनादी कराकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के लिए सामने नहीं आया है।

पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि बुजुर्ग को पहले किसी ने देखा था या वह इलाके में भटक रहे थे। फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हादसा मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

अंडरब्रिज की मांग फिर उठी

स्थानीय लोगों के अनुसार, डंपर फाटक क्षेत्र में पहले भी रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि फाटक के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अंडरब्रिज बनाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके कारण लोग आज भी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं।

पुलिस ने अपील की है कि किसी का बुजुर्ग परिजन लापता है और उसका हुलिया मृतक से मिलता-जुलता है, तो मानिकपुर चौकी से संपर्क कर पहचान में मदद करें।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677