शिक्षकों को शाल एवं उपहार भेंट कर किया सम्मान, विद्यार्थियों ने खेलों और कार्यक्रमों के माध्यम से जताया आभार
कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री, कोरबा में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करना रहा।
शिक्षकों के समर्पण को किया नमन, शाल एवं उपहार भेंट कर हुआ सम्मान शिक्षक सम्मान समारोह की अध्यक्षता हसदेव शिक्षण समिति के अध्यक्ष धनंजय सिंह ने की। कार्यक्रम में व्यवस्थापक भीष्म देव सिंह, संस्थान प्रतिनिधि नरेश जायसवाल, अर्जुन लाल पटेल एवं पूर्व छात्र आशीष अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। समारोह के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों का शाल एवं अन्य उपहार भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम के अंत में श्रवण कुमार गुप्ता ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अन्य जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
भैया-बहनों ने भी गुरुजनों के प्रति जताई कृतज्ञता, मनोरंजक खेलों से बढ़ा उत्साह शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा भी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति आदर और प्रेम व्यक्त करते हुए आयोजन को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में शिशु भारती एवं कन्या भारती के अध्यक्ष भैया अभिषेक भारिया तथा द्वादश एवं एकादश कक्षा के भैया-बहनों की प्रमुख भूमिका रही। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहभागिता की और अपने शिक्षकों के सम्मान में आयोजित विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती लक्ष्मी पांडेय एवं श्रवण कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों और विद्यालय परिवार की उपस्थिति में कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगे बढ़ा।
प्राचार्य ने बताई गुरु की महत्ता, खेलों में शिक्षकों ने भी लिया उत्साह से हिस्सा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में शिक्षक के महत्व और विद्यार्थियों के जीवन में गुरु की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। इसके पश्चात भैया-बहनों द्वारा शिक्षकों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न रोचक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों द्वारा अपने गुरुजनों के लिए आयोजित इन गतिविधियों ने पूरे कार्यक्रम में आनंद और उत्साह का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रज्ञा यादव एवं खुशी श्रीवास ने किया। दोनों ने कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया। अंत में भैया आशीष कंवर द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों को स्वल्पाहार एवं उपहार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों की ओर से गुरुजनों के सम्मान में आयोजित यह पहल शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता एवं सम्मान की भावना को और मजबूत करने वाली रही।
सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता से यादगार बना शिक्षक दिवस समारोह सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान की भावना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। एक ओर जहां विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को शाल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर भैया-बहनों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। शिक्षकों के सम्मान, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, प्रेरणादायी उद्बोधन और मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार में सौहार्द, उत्साह और आत्मीयता का वातावरण बना रहा। इस प्रकार शिक्षक दिवस का यह आयोजन गुरुजनों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की भावना को समर्पित एक सफल एवं आनंदमय कार्यक्रम के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को गरिमापूर्ण और यादगार बनाया।
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के कर्री मार्ग पर बैरा उदरदा पर्यटन स्थल तक आवाजाही का मार्ग गेवरा-पेंड्रा रोड रेल लाइन बिछाने से बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने अब इस मुद्दे को लेकर सड़क चक्काजाम आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने 10 दिनों का अल्टीमेटम देकर वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की है।
सोमवार को ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता युसूफ खान के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा है कि पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक का बैरा उदरदा पर्यटन स्थल प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यह 70 किलोमीटर के आसपास के लोगों का एकमात्र प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी है। पर्यटन स्थल पर घने जंगल और विशाल जलराशि पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। लेकिन यहां तक पहुंचने का मार्ग गेवरा-पेंड्रा रोड रेल कॉरिडोर की लाइन बिछाने से बाधित हो गया है। 5 साल से काम जारी है। कई दशकों से आवाजाही के मार्ग के बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी होगी। इस मार्ग पर अंडरपास, ओवरब्रिज या फिर वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कराकर ग्रामीणों को राहत दी जाए। अन्यथा चक्काजाम आंदोलन के लिए विवश होंगे। ज्ञापन में इस मांग के समर्थन में ग्राम पंचायत अड़सरा, बैरा, लैंगी, कुम्हारसानी, पसान, पुटीपखना समेत आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने भी हस्ताक्षर किए हैं।
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन का आजीवन संगठन सेवा सम्मान समारोह जमनीपाली के परमेश्वरी होटल में हुआ। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी से सेवानिवृत्त संगठन के वरिष्ठ सदस्यों को शॉल, श्रीफल, सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। 28 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आजीवन संगठन सेवा सम्मान दिया गया।
जनता यूनियन के प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने कहा कर्मचारी की सेवानिवृत्ति केवल शासकीय सेवा से है, संगठन से नहीं। प्रांताध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि वरिष्ठ साथियों का लगाव, अनुभव व चिंतन बना रहता है। उनके मार्गदर्शन से वर्तमान पीढ़ी को नई दिशा मिलती है। विशिष्ट अतिथि प्रदीप पाठक ने कहा कि संगठन की मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ साथियों के सम्मान से है।
अतिविशिष्ट अतिथि उमाशंकर वर्मा ने कहा कि कर्मचारी हितों के संघर्ष में सेवानिवृत्त साथियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का संचालन उदय राठौर व दिनेश कुमार चंद्रा ने किया।इस मौके पर संगठन के सचिव घनश्याम गबेल, प्रांतीय सदस्य संजय लसार, प्रमोद राठौर, प्रकाश सिंह राठौर, अरुण सागर, पुष्पेंद्र सिंह बैस, दिलेश्वर प्रजापति, मो. नासिर खान, मुरलीधर सोनिकर, त्रिलोक पटेल, सुधेश पाठक आदि मौजूद रहे।
सेवानिवृत्त अतिविशिष्ट अतिथि एसए सईद ने कहा कि यह सम्मान सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भावुक और यादगार क्षण है। युवा संगठन की अमूल्य धरोहर हैं। वरिष्ठों के अनुभव से सीख लेकर संगठन को आगे बढ़ाएं। सम्मानित सेवानिवृत्त डीएस दीक्षित ने संगठन से अपने लंबे जुड़ाव के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में संगठन की आजीवन सेवा और कर्मचारी हितों में योगदान के लिए उमेश कुमार श्रीवास्तव, लक्ष्मी नारायण यादव, दुर्गा शंकर दीक्षित, टीपी गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, सत्यनारायण राठौर, सुंदरलाल साहू, उमाशंकर सिंह, छविराम साहू, जोहित राम राठौर, विजय मेहरा समेत अन्य का सम्मान किया।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की लत ने एक महिला की जान ले ली। 52 साल की मंगलो बाई ने रील देखते समय नेटवर्क चले जाने से गुस्से में कीटनाशक पी लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दरअसल, शनिवार दोपहर वह खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी, तभी नेटवर्क गायब हो गया। काफी देर तक रील नहीं चली तो उसने गुस्से में मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया। अंदर उसने कीटनाशक पी लिया।
पति को जब यह बात पता चली तो उल्टी कराने महिला को गोबर पानी पिला दिया। लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजन उसे करतला स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रविवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
यह घटना करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव की है। वहीं, कोरबा मेडिकल कॉलेज में पिछले 8 महीनों में आत्महत्या से जुड़े मामलों में 57 लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस परिजनों को बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, केराकछार गांव में रहने वाला प्रेमलाल सारथी मजदूरी करता है। वह पत्नी मंगलो बाई (52) और 3 बच्चों का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, मंगलो बाई को मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की आदत थी।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो खाना खा रही थी और साथ में मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल में नेटवर्क चला गया। उसने कुछ देर इंतजार किया, लेकिन नेटवर्क नहीं आया और रील शुरू नहीं हुई। इससे वह गुस्सा हो गई और मोबाइल को जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया।
इसके बाद मंगलो कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह कमरे से बाहर आई और बरामदे में जाकर बैठ गई। कुछ देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगी।
मोबाइल पर रील नहीं चली तो महिला ने कीटनाशक पी लिया।
कमरे में मिला कीटनाशक का खाली डिब्बा
शुरुआत में परिजनों को लगा कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। लेकिन उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। परिजनों ने कमरे की जांच की तो वहां कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद उन्हें अंदेशा हुआ कि मंगलो ने कीटनाशक पी लिया है।
परिजन तुरंत डायल-112 की मदद से उसे करतला स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे संजीवनी एक्सप्रेस से कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां उसका इलाज चल रहा था। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल ले जाने से पहले गोबर पानी पिलाया
मृतका के पति प्रेमलाल ने पुलिस को बताया कि गांव में चली आ रही पुरानी मान्यता के चलते अस्पताल ले जाने से पहले उन्होंने मंगलो को उल्टी कराने के लिए गोबर पानी भी पिलाया था। हालांकि, उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया।
मोबाइल की लत को लेकर एक्सपर्ट ने दी चेतावनी
मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित गुप्ता के मुताबिक, आजकल कई परिवारों में माता-पिता काम में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में बच्चों को व्यस्त रखने के लिए उन्हें मोबाइल दे दिया जाता है। धीरे-धीरे मोबाइल ही उनका साथी बन जाता है।
उन्होंने बताया कि स्कूल-कॉलेज में भी मोबाइल का इस्तेमाल और उससे जुड़ी बातें आम हो गई हैं। ऐसे में जब मोबाइल छीन लिया जाता है या ज्यादा इस्तेमाल करने पर डांट पड़ती है तो कुछ बच्चों और युवाओं में अकेलापन, चिड़चिड़ापन और तनाव बढ़ सकता है।
गंभीर स्थिति में वे आत्मघाती कदम तक उठा सकते हैं। ऐसे मामलों में परिवार को बच्चों से बातचीत करने और उनकी परेशानी समझने पर ध्यान देना चाहिए।
8 महीने में 57 लोगों की सुसाइड से मौत
कोरबा मेडिकल कॉलेज में आत्महत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इनमें कई मरीजों को समय पर इलाज मिलने से बचा लिया जाता है, लेकिन पिछले 8 महीनों में ऐसे मामलों में 57 लोगों की मौत हो चुकी है।
यानी औसतन हर महीने करीब 7 लोगों की जान सुसाइड से जा रही है। इन मामलों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं।