Connect with us

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान:सौर सिंचाई पंप ने खोली खेती की नई राह, अब दो एकड़ खेत में सालभर फसल से बढ़ रही अब्राहम कुजूर परिवार की आमदनी

Published

on

अब बारिश का इंतजार नहीं, सिंचाई की सुविधा ने खेती को सालभर के काम से जोड़ा -अब्राहम कुजूर
कोरबा 20 सितम्बर 2026। सिंचाई के भरोसेमंद साधन की उपलब्धता खेती को नई दिशा देती है। कोरबा जिले के करतला विकासखंड के ग्राम बोतली निवासी अब्राहम कुजूर के परिवार को क्रेडा विभाग द्वारा उनके पिता फिलमोन कुजूर के नाम से 3 एचपी का सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराया गया। दो एकड़ कृषि भूमि वाले कुजूर परिवार के लिए यह सुविधा खेती को मौसम की अनिश्चितता से आगे बढ़ाकर वर्षभर कृषि गतिविधियों से जोड़ने का माध्यम बनी है।
अब्राहम कुजूर बताते हैं कि पहले खेत पूरी तरह बारिश पर निर्भर था। सिंचाई के लिए कोई दूसरा साधन उपलब्ध नहीं था और बिजली की समस्या के कारण भी खेत तक पानी पहुंचाना आसान नहीं था। बारिश के समय पर्याप्त पानी मिल जाने पर खेती हो जाती थी, गर्मी के मौसम में खेत का उपयोग सीमित रह जाता था। इससे खेती से मिलने वाली आय भी एक ही मौसम तक सिमटी रहती थी।

सोलर सिंचाई पंप लगने के बाद खेत में पानी की सुविधा उपलब्ध हुई और फसल लेने की संभावनाएं बढ़ीं। अब बारिश के मौसम में धान के साथ उड़द, मूंग, तिवरा और मक्का जैसी फसलें लेते हैं। गर्मी के दिनों में खेत में मूंगफली और अलग-अलग प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। फसलों में विविधता आने से खेत का बेहतर उपयोग हो रहा है और कृषि से होने वाली आमदनी में भी वृद्धि हो रही है।
अपने अनुभव साझा करते हुए अब्राहम कुजूर कहते हैं, “पहले खेती के लिए बारिश का इंतजार करना पड़ता था। सिंचाई की कोई सुविधा नहीं थी, इसलिए गर्मी में खेती करना मुश्किल था। अब सोलर पंप से खेत में जरूरत के अनुसार पानी मिल जाता है। बारिश में धान, उड़द, मूंग, तिवरा और मक्का लेते हैं, गर्मी में मूंगफली और सब्जियां उगाते हैं। दो फसल लेने से खेत से आमदनी बढ़ रही है और खेती को आगे बढ़ाने का हौसला मिला है।”
वे बताते हैं कि सौर ऊर्जा से संचालित पंप ने बिजली की अनियमितता से जुड़ी चिंता भी कम की है। धूप के समय सौर ऊर्जा का उपयोग कर सिंचाई की जा रही है, जिससे खेत के लिए पानी की व्यवस्था अधिक सुविधाजनक हुई है। अब मौसम के अनुसार फसल का चयन करने और गर्मी के मौसम में भी उत्पादन जारी रखने का अवसर मिल रहा है।
अब्राहम कुजूर क्रेडा विभाग की इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सौर सिंचाई पंप से उनके परिवार को खेती के लिए जरूरी सिंचाई सुविधा मिली है। इससे दो एकड़ खेत में अलग-अलग फसलें लेने और कृषि आय बढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ है।

Continue Reading

कोरबा

नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल में सीबीएसई का दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम संपन्न

Published

on

प्रशिक्षक सौरभ कुमार जैन एवं कल्पना सिंह ने शिक्षकों को सिखाए प्रभावी कक्षा प्रबंधन के गुण
कोरबा, 20 सितंबर 2026। खरहरकुड़ा, मडवारानी स्थित नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), भुवनेश्वर के उत्कृष्टता केंद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 19 और 20 सितंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यशाला का मुख्य विषय ‘प्रभावी कक्षा प्रबंधन’ (Classroom Management) रहा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन एवं डीपीएस की प्राचार्या श्रीमती कल्पना सिंह ने मुख्य स्रोत व्यक्ति (Resource Persons) के रूप में शिरकत की। दोनों विशेषज्ञों ने अपने व्यावहारिक अनुभवों और गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण और कक्षा प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया।
सौरभ कुमार जैन ने विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए बताया कि कक्षा प्रबंधन केवल अनुशासन बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक अनुकूल और सकारात्मक वातावरण तैयार करने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को समझते हुए विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों, समय प्रबंधन और संसाधनों के सही उपयोग के गुर सिखाए।
वहीं, श्रीमती कल्पना सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कक्षा में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चेयरमैन पीएमजेएफ़ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल तथा प्राचार्या शोमा सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस तरह के आयोजनों को शिक्षकों के पेशेवर विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और आए हुए स्रोत व्यक्तियों व प्रतिभागी शिक्षकों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न interactive गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कक्षा प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Continue Reading

कोरबा

निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता पर उप अभियंता निलंबित

Published

on

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश

कोरबा,20 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता एवं अमानक निर्माण पाए जाने पर उप अभियंता रामकुमार पोर्ते को 18 सितंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है।

कलेक्टर द्वारा 06 सितंबर 2026 को किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सलोरा ‘क’ में निर्माणाधीन पीडीएस दुकान-सह-गोदाम तथा ग्राम पंचायत जेंजरा में आंगनबाड़ी भवन एवं प्राथमिक शाला भवन निर्माण कार्यों में निर्धारित प्राक्कलन, मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं पाया गया। इस संबंध में जारी कारण बताओ सूचना पत्र के जवाब को असंतोषप्रद पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

विभागीय जांच के लिए श्रीमती यामिनी देवांगन, कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कोरबा को जांचकर्ता अधिकारी तथा बाबूलाल यादव, अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनपद पंचायत पाली को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। निलंबन अवधि में श्री पोर्ते का मुख्यालय ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, कोरबा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Continue Reading

कोरबा

ढलाई के 24 घंटे बाद गिरा दशहरा मैदान का मंच:कोरबा में लोग बाल-बाल बचे, 10 लाख के निर्माण पर सवाल,पार्षद ने ठेकेदार-अधिकारी पर लगाए आरोप

Published

on

कोरबा। कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार स्थित दशहरा मैदान में निर्माणाधीन मंच का छज्जा गिरने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मंच के पास मौजूद लोग समय रहते वहां से हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता और काम की निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं।

नगर निगम की ओर से पिछले कुछ महीनों से ठेकेदार के जरिए दशहरा मैदान में मंच का निर्माण कराया जा रहा है। यह काम खनिज न्यास मद से 10 लाख रुपए की लागत से किया जाना है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंच की ढलाई के करीब 24 घंटे के भीतर ही उसका मलबा गिर गया, जिसके बाद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे।

लोगों ने लगाए लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है। उनका कहना है कि खनिज न्यास मद से मिलने वाली राशि का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। संबंधित ठेकेदार का नाम अश्वनी चौबे बताया गया है। लोगों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पार्षद बोले- पहले ही की थी शिकायत

घटना की जानकारी मिलने के बाद वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद गोपाल कुर्रे मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पार्षद के मुताबिक, मंच की ढलाई से पहले उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने ठेकेदार को कई बार समझाने के साथ अधिकारियों से भी निर्माण को लेकर बात की थी।

पार्षद ने बताया कि उन्होंने 16 तारीख को लिखित शिकायत भी की थी, लेकिन इसके बाद किसी अधिकारी ने उनसे संपर्क नहीं किया।

अधिकारी के बयान पर भी सवाल

पार्षद के मुताबिक, अधिकारी तपन तिवारी ने उनसे कहा था कि “ऐसे हादसे होते रहते हैं।” पार्षद ने इस जवाब को गलत बताते हुए अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अधिकारी की पोस्टिंग के बाद से उन्होंने कभी वार्ड का दौरा नहीं किया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भी उठाए सवाल

कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि ढलाई के दौरान मंच का गिरना नगर निगम के कामकाज और खर्च की निगरानी पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में पैसों का गलत इस्तेमाल हो रहा है।

अधिकारी के निलंबन और ठेकेदार पर FIR की मांग

स्थानीय जनप्रतिनिधि रवि सिंह चंदेल ने संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की मांग की है। उन्होंने ठेकेदार अश्वनी चौबे को ब्लैकलिस्ट करने और FIR दर्ज कराने की मांग भी की है। उनका कहना है कि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे नगर निगम आयुक्त का घेराव करेंगे।

फिलहाल घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत कार्रवाई और तकनीकी जांच की जानकारी सामने आना बाकी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677