Connect with us

Uncategorized

जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 में शासकीय विभागों ने लगाई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी

Published

on

विकास कार्यों की झांकियों ने आकर्षित किया लोगों का ध्यान

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री, चेक एवं अधिकार अभिलेख किए वितरित

कोरबा, 03 नवंबर 2026। कोरबा नगर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से शासन की योजनाओं, जिले में संचालित विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभी विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सहायता राशि, चेक, सामग्री एवं अधिकार अभिलेख वितरित किए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को सुपोषण किट वितरित की गई। वहीं सक्षम योजना के अंतर्गत दुर्गा पढ़ना-बढ़ना स्व सहायता समूह, मोहलाइनभाठा कटघोरा को 4 लाख रुपये, माला स्व सहायता समूह, चोढ़ा हरदीबाजार को 3 लाख रुपये तथा ऊषा बाई, नगोईबछेरा पोड़ी उपरोड़ा को 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया।
वन विभाग द्वारा फसल क्षति के मुआवजे के तहत ग्राम बैगामार की लक्ष्मी को 7,917 रुपये, लीलगर के हितग्राही को 11,698 रुपये एवं कार्तिक को 8,184 रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। वहीं भू-अभिलेख शाखा द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत तहसील भैंसमा की दिलहरण बाई एवं गंगोत्री बाई, ग्राम पंडरीपानी के सुधराम, ग्राम कुरुडीह के बलराम, ग्राम बिंझरी के बेचू सिंह तथा ग्राम अजगरबहार के लवभूषण सिंह सहित अन्य हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।

रेशम उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग के अंतर्गत कोसा उत्पादन से जुड़े सहकारी समितियों को कोसा फल के भुगतान हेतु राशि वितरित की गई। इसमें रेशम उद्योग सहकारी समिति मर्यादित करतला को 34,464 रुपये, रेशम उद्योग सहकारी समिति मर्यादित तिवरता को 19,574 रुपये, आदर्श आदिवासी सहकारी कोसा कृमिपालन उद्योग सहकारी समिति कुदारीखार को 47,142 रुपये, कोसा कृमिपालन उद्योग सहकारी समिति मर्यादित पाली को 2,06,339 रुपये, रेशम उद्योग सहकारी समिति तिवरता को 58,723 रुपये, आदर्श आदिवासी सहकारी कोसा कृमिपालन उद्योग सहकारी समिति कुदारीखार को 8,12,730 रुपये, आदर्श आदिवासी कोसा कृमिपालन सहकारी समिति मर्यादित कोरबा को 2,94,521 रुपये, आदिवासी कोसा उद्योग प्राथमिक सहकारी समिति तुमान को 1,66,216 रुपये तथा कोसा कृमिपालन रेशम उद्योग सहकारी समिति मर्यादित ढेलवाडीह को 1,55,547 रुपये की राशि प्रदान की गई।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को तिवड़ा एवं चना बीज का वितरण किया गया। इसमें ग्राम खरमोरा के कृषक जगत सिंह, जगमोहन सिंह एवं सम्मान सिंह को एक-एक बोरी तिवड़ा, ग्राम दादरखुर्द के शैलेन्द्र सिंह एवं ग्राम करमंदी के महेश को तिवड़ा, ग्राम रिस्दी के पंचराम को चना तथा ग्राम खरमोरा के प्रदीप सिंह को चने की बोरी प्रदान की गई। इसके साथ ही ग्राम रिस्दी के कृषक श्रवण सिंह पिता देवचरण को पावर वीडर तथा गजरा बस्ती बांकीमोंगरा के कृषक श्री पन्नालाल को पावर रीपर प्रदान किया गया।

पशुधन विभाग द्वारा विभिन्न हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। इनमें ग्राम हरदीबाजार के जितेंद्र यादव, ग्राम नेवशा के शिव प्रसाद, ग्राम धतुरा के ईवन लाल कौशिक, ग्राम रेकी के भैया राम यादव तथा ग्राम सराईसिंगार के आशीष कुमार शामिल हैं।

एनटीपीसी द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसमें प्रगतिनगर निवासी मीनाक्षी को कृत्रिम पैर, एमपी नगर निवासी अरहान खान को कृत्रिम हाथ, अयोध्यापुरी निवासी नजमा बेगम को हियरिंग एड तथा इंद्रानगर निवासी जलील खान को कृत्रिम अंग प्रदान किया गया। नगर पालिक निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबियां भेंट की गईं। वहीं आदिवासी विकास विभाग द्वारा आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर आधारित झांकी प्रस्तुत की गई।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उपयोगी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। समूह की महिलाओं ने मिलेट्स कोदो, कुटकी एवं रागी से तैयार छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ ठेठरी, खुरमी, चीला आदि के स्टॉल भी लगाए। उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग द्वारा किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी में शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव तथा जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से जिले में कराए गए विकास कार्यों को छायाचित्रों के जरिए प्रदर्शित किया गया। मंत्री श्री देवांगन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। स्टॉल में आम नागरिकों को निःशुल्क वितरित की जाने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जनमन सहित अन्य पत्रिकाओं, ब्रोशर एवं पाम्पलेट के संबंध में भी जानकारी दी गई।

इसके अलावा पुलिस विभाग द्वारा आग्नेय शस्त्रों की प्रदर्शनी लगाकर आम नागरिकों को उनके उपयोग एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा हर्बल उत्पादों एवं वन औषधियों का प्रदर्शन किया गया।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा के महत्व को प्रदर्शित करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर शुगर, रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। मेडिकल मोबाइल बस के माध्यम से भी नागरिकों को विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई।

जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभागीय स्टॉलों एवं प्रदर्शनों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त हुई। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता एवं सामग्री वितरण के साथ यह आयोजन जिले में संचालित विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना।

इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन उपस्थित रहे।

Continue Reading

Uncategorized

वोट चोर गद्दी छोड़ के नारों से गूंजा पोड़ी ब्लॉक, INDIA गठबंधन की रैली के समर्थन में माकपा और किसान सभा ने किया प्रदर्शन

Published

on

मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा SIR प्रक्रिया रद्द करने की उठाई मांग

कोरबा :- इंडिया गठबंधन द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के समर्थन में कोरबा जिले के पोड़ी ब्लॉक में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) माकपा और छत्तीसगढ़ किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और हाथों में विभिन्न मांगों एवं नारों से लिखी तख्तियां लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘SIR रद्द करो’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जताईं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ किसान सभा जिला समिति कोरबा और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला समिति कोरबा के बैनर तले कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में लाल झंडे और मांगों से संबंधित पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।

मतदाता अधिकारों को लेकर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने की आशंका न रहे। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए SIR प्रक्रिया को रद्द करने की मांग भी अपने प्रदर्शन के माध्यम से रखी। उनका कहना था कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में आम नागरिकों की समस्याओं और आपत्तियों का उचित निराकरण होना चाहिए।

इंडिया गठबंधन के अभियान को दिया समर्थन
माकपा और किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से INDIA गठबंधन के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के प्रति समर्थन व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार के महत्व को रेखांकित करते हुए अपनी मांगों को सार्वजनिक रूप से सामने रखा।

पोड़ी ब्लॉक में आयोजित इस प्रदर्शन के जरिए माकपा और किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची, चुनावी पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही जैसे मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

Continue Reading

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा

यात्रियों की सुविधा पर विज्ञापन भारी! प्रतीक्षालय में चमका निजी दुकान का प्रचार

Published

on

बांकी मोंगरा के बुधवारी बाजार घुड़देवा टर्निंग का मामला, सार्वजनिक संपत्ति पर व्यावसायिक प्रचार को लेकर उठे सवाल

बांकी मोंगरा। सार्वजनिक सुविधाओं के लिए निर्मित यात्री प्रतीक्षालय का इस्तेमाल यदि निजी कारोबार के प्रचार के लिए होने लगे, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ऐसा ही एक मामला नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित घुड़देवा टर्निंग के पास सामने आया है। यहां यात्रियों के बैठने और विश्राम के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय में पहनावा रेडीमेड सेंटर का बड़ा विज्ञापन होर्डिंग लगाया गया है।

प्रतीक्षालय में लगे इस होर्डिंग को लेकर अब सार्वजनिक संपत्ति के व्यावसायिक उपयोग का मुद्दा चर्चा में है। जिस स्थान का निर्माण आम लोगों की सुविधा के लिए किया गया, वहां किसी निजी प्रतिष्ठान का प्रचार दिखाई देना कई सवाल खड़े कर रहा है।

सार्वजनिक जगह, निजी प्रचार का माध्यम!

यात्री प्रतीक्षालय नगर पालिका की ओर से नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली बुनियादी सुविधाओं का हिस्सा होते हैं। इनका उद्देश्य यात्रियों को बैठने, धूप और बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थान देना है। लेकिन बुधवारी बाजार के प्रतीक्षालय में निजी दुकान का विज्ञापन लगाए जाने से इसके उपयोग को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

नगर पालिका से अनुमति ली या नहीं?

इस पूरे मामले में सबसे अहम पहलू होर्डिंग लगाने की अनुमति का है। क्या पहनावा रेडीमेड सेंटर संचालक ने नगर पालिका प्रशासन से इसकी अनुमति ली है? क्या सार्वजनिक प्रतीक्षालय पर विज्ञापन लगाने के एवज में कोई शुल्क निर्धारित किया गया है? यदि अनुमति मिली है, तो उसके नियम और शर्तें क्या हैं? इन सवालों पर प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है।

जिम्मेदार अधिकारी कब लेंगे संज्ञान?

स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर नगर पालिका की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालयों का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप हो, यह सुनिश्चित करना संबंधित प्रशासन की जिम्मेदारी है।

अब देखना होगा कि नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा इस मामले की जांच कर विज्ञापन की वैधता सामने लाती है या नहीं। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि सार्वजनिक परिसरों पर निजी प्रचार के लिए कोई नीति या अनुमति व्यवस्था लागू है अथवा नहीं। फिलहाल, यात्रियों की सुविधा के लिए बना प्रतीक्षालय निजी प्रतिष्ठान के प्रचार के कारण चर्चा में है।

Continue Reading

Uncategorized

रायपुर में रात 8:18 बजे दिखेगा करवा चौथ का चांद:कई जगह छाए रहेंगे बादल, न दिखे तो क्या करें

Published

on

रायपुर, एजेंसी। करवा चौथ पर गुरुवार (29 अक्टूबर) को महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत रखेंगी। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद रात में चांद के दर्शन कर व्रत खोलेंगी। चंद्रोदय के अनुमानित समय के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में सबसे पहले बलरामपुर में रात 8:02 बजे चांद निकलने की उम्मीद है। इसके बाद अंबिकापुर में रात 8:03 बजे और कोरबा में रात 8:06 बजे चंद्रमा के दर्शन हो सकते हैं।

राजधानी रायपुर में रात 8:18 बजे चांद निकलने का अनुमान है। वहीं, जगदलपुर में रात 8:17 से 8:22 बजे के बीच चंद्रमा के दर्शन हो सकते हैं। इस बार चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से कई जगहों पर बादल छाए रहने की आशंका है।

ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज शुक्ला के अनुसार, यदि करवा चौथ पर चंद्रमा के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, तो भगवान शिव और गणेश जी के मंदिर जाकर मानसिक दर्शन कर सकते हैं। भगवान शिव की जटाओं में चंद्रदेव विराजमान हैं। चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत का पारण करें।

बादलों के कारण देर से होंगे चांद के दर्शन

चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। ऐसे में चंद्रमा क्षितिज से ऊपर आने के बाद भी दिखाई नहीं दे सकता। ऊंची इमारतों, पहाड़ियों और स्थानीय मौसम के कारण भी चांद देखने में 10 से 15 मिनट की देरी हो सकती है।

सुबह सरगी से शुरू होगा व्रत

करवा चौथ पर महिलाएं सुबह सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण करती हैं। परंपरा के अनुसार, सास अपनी बहू को सरगी देती हैं। इसमें फल, मिठाई, मेवे और फेनी जैसी चीजें शामिल होती हैं। इसके बाद महिलाएं दिनभर व्रत रखती हैं।

शाम को करवा चौथ माता और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। रात में चंद्रमा को अर्घ्य देने और पूजा करने के बाद व्रत खोलने की परंपरा है। इस दौरान महिलाएं करवा चौथ की कथा भी सुनती हैं।

करवा चौथ पर महिलाएं हाथों में मेहंदी लगाकर सोलह शृंगार करती हैं। इस मौके पर दुल्हन मेहंदी, अरेबिक मेहंदी, मंडला आर्ट और बेल-पत्ती वाली डिजाइन काफी पसंद की जाती हैं। कई महिलाएं हथेलियों पर चांद, छलनी और पति-पत्नी की आकृति भी बनवाती हैं। मेहंदी के गहरे रंग को प्रेम और सुहाग से जोड़कर देखा जाता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677