Connect with us

कोरबा

विकसित भारत जी राम जी के तहत ग्रामीण अधोसंरचना के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें: कलेक्टर कुणाल दुदावत

Published

on

कार्यों की स्वीकृति सिक्योर पोर्टल के माध्यम से जारी करने के दिए निर्देश

बालिका शौचालय निर्माण 15 जनवरी तक तथा सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास के निर्माण में तेजी लाने मैदानी अमला नियमित रूप से करे फील्ड विजिट

श्रममूलक कार्यों को दें बढ़ावा, खनिज न्यास मद के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करें

समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की

डीएमएफ का टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 जारी

कोरबा, 25 नवंबर 2026। ​ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विकसित भारत जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, पुराने कार्यों को पूर्ण करने तथा नए कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा वीबी जी राम जी के तहत सभी कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति अनिवार्य रूप से सिक्योर पोर्टल के माध्यम से ही जारी की जाए।

​कलेक्टर श्री दुदावत ने विकसित भारत जी राम जी के अंतर्गत बालिका शौचालय, सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज, मुक्तिधाम, पंचायत भवन एवं खाद्यान्न भंडार केंद्र जैसे महत्वपूर्ण ग्रामीण अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आगामी 10 दिनों के भीतर कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को सात दिवस के भीतर सिक्योर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कर प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। सभी बालिका शौचालय निर्माण कार्य आगामी सात दिनों में प्रारंभ करते हुए 15 जनवरी तक पूर्ण किए जाएं। शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। बालिका शौचालय निर्माण में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों, एकरूपता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण होने के बाद ही संबंधित बिल प्रस्तुत किए जाएं।
​उन्होंने करतला एवं कटघोरा सहित विभिन्न विकासखंडों में बालिका शौचालय के अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के सभी कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने को कहा। मुक्तिधाम निर्माण के अप्रारंभ कार्यों को आगामी 15 दिनों में प्रारंभ कराने तथा पंचायत भवन एवं खाद्यान्न भंडार केंद्रों के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नवीन पंचायत भवनों के प्रस्तावों को सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कराने तथा स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कार्यों के समय पर मूल्यांकन के लिए आरईएस को निर्देशित किया गया।
​कलेक्टर ने 01 दिसंबर से श्रममूलक कार्यों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ जल संरक्षण एवं स्थायी अधोसंरचना निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में लंबित 314 कार्यों को एक सप्ताह के भीतर सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कर स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में 05 आदर्श खेल मैदान विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
​प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद पंचायतों के सीईओ, एसडीओ एवं मैदानी अमला नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें तथा हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं का मौके पर निराकरण करें। उन्होंने विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए पोड़ी उपरोड़ा के 2,604 अपूर्ण आवासों को 30 दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जनमन योजना के आवास दिसंबर माह तक पूर्ण करने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों को भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने को कहा। वर्ष 2026-27 के आवासों में जॉब कार्ड मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सोशल ऑडिट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में नियमानुसार वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
​स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने केराझरिया एवं कौनकोना सहित सभी एफएसटीपी निर्माण कार्यों को इसी माह प्रारंभिक रूप से पूर्ण कर ऑपरेशनल करने के निर्देश दिए। करतला विकासखंड के जामबहार में एफएसटीपी निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण कराते हुए उसका संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी एवं बिजली की व्यवस्था करने तथा उन्हें नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। सभी जनपद पंचायत सीईओ को सब इंजीनियर एवं तकनीकी सहायकों के माध्यम से सामुदायिक शौचालयों का शीघ्र मूल्यांकन कराने के निर्देश भी दिए।
​राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अटल आजीविका समृद्धि केंद्रों में स्वीकृत अधोसंरचना एवं मशीनों की उपलब्धता और स्थापना की समीक्षा की तथा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीपीआरपी योजना के अंतर्गत एंटाइटलमेंट प्लान 15 दिसंबर तक पूर्ण कराने, समूह सदस्यों की आधार आधारित केवाईसी 15 दिसंबर तक तथा मोबाइल नंबर सत्यापन 30 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा। महतारी सदन के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी दिसंबर माह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
​कलेक्टर श्री दुदावत ने खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पंचायत के माध्यम से ही कराए जाएं तथा गुणवत्ताहीन कार्यों में राशि जारी न की जाए। सभी कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जाए और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए। खनिज न्यास मद से संबंधित किश्त अथवा जानकारी के लिए हितग्राही/संबंधित जन डीएमएफ के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 पर संपर्क कर सकते हैं।
​कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नियमित समीक्षा एवं मैदानी निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
​समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, ट्रेजरी ऑफिसर निशांत पांडेय, ई आरईएस, उपसंचालक मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत, कार्यक्रम अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में संविदा भर्ती के लिए 76 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन

Published

on

27 नवंबर को काउंसलिंग के आधार पर जारी होंगे पदस्थापना आदेश

कोरबा, 25 नवंबर 2026। जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षक भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, प्रथम तल में किया गया। सत्यापन के लिए 82 अभ्यर्थियों को सूचना दी गई थी, जिनमें से 76 उपस्थित हुए।

जिले के 15 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 87 पदों पर भर्ती के लिए 29 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की गई। परीक्षा परिणाम 16 नवंबर को घोषित हुआ था। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में 25 नवंबर को दस्तावेज सत्यापन किया गया।

कोरबा में अभ्यर्थियों का पहले पंजीयन किया गया। इसके बाद उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई और आवेदन के समय ऑनलाइन जमा किए गए प्रमाण पत्रों की जांच एवं ऑनलाइन सत्यापन किया गया। कलेक्टर के आदेशानुसार यह कार्य संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज और डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
सत्यापन स्थल पर जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक वल्लभ वैष्णव, समग्र शिक्षा के सहायक जिला परियोजना अधिकारी पवनदास मानिकपुरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दस्तावेज सत्यापन के बाद 27 नवंबर 2026 को काउंसलिंग के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे।

Continue Reading

कोरबा

घटिया चावल वितरण की शिकायत पर जिम्मेदारों के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश

Published

on

डीएमएफ के अप्रारंभ और अपूर्ण कार्यों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करें – कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने खाद्य विभाग को प्रकरण की जांच कर चावल वितरण से पहले उसकी गुणवत्ता स्वीकृत करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से राशि जारी होने के लंबे समय बाद भी जनपद पंचायतों के अंतर्गत निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने और कुछ कार्य अपूर्ण रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि मिलने के बावजूद वर्षों तक निर्माण पूरा नहीं करना गंभीर लापरवाही है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को ऐसे मामलों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करने और साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से संबंधित आरआरसी वसूली 15 दिसंबर तक करने को भी कहा।
बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कामकाज, समय सीमा के लंबित प्रकरणों और शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायतों तथा विभागीय मंत्रियों से प्राप्त पत्रों से जुड़े प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की इंडिकेटरवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने पोर्टल पर दर्ज प्रगति और जिले की रैंकिंग की जानकारी ली। उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश कृषि,उद्यानिकी, मत्स्य,पशुधन विकास विभाग को दिए। इस दौरान पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उत्पादक संगठन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन से जुड़े संकेतकों की समीक्षा की गई। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य पूरा करने तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से लाइवलीहुड कॉलेज में ‘ड्रोन दीदी’ पहल के तहत महिला किसानों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।
इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को सीमांकन और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एनएचएम की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने को कहा। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य संबंधी समाचार का संज्ञान लेते हुए उन्होंने नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में कॉलेजों को पत्र जारी करने और एक सप्ताह बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नोटिस जारी करने को कहा, ताकि कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता रैलियां आयोजित करने के निर्देश समाज कल्याण विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने पुलिस और आबकारी विभाग को चीताखोल पर्यटन स्थल सहित अन्य पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में काम करने तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि राशि का भुगतान निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब होने पर जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, कोरबा वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

पोड़ी उपरोड़ा तहसील के पटवारियों के प्रभार में संशोधन

Published

on

कोरबा, 25 नवंबर 2026। प्रशासनिक दृष्टि से पोड़ी उपरोड़ा तहसील में पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पोड़ी उपरोड़ा द्वारा 23 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार आठ पटवारियों को उनके नाम के समक्ष अंकित हल्कों में आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संशोधित व्यवस्था के तहत नंदकुमार पथिक को हल्का क्रमांक 05 सारिसमार का प्रभार दिया गया है। प्रशांत दुबे हल्का क्रमांक 02 लेंगी एवं 04 कर्रा का कार्य देखेंगे। विजय सिंह को हल्का क्रमांक 01 पोड़ीकला एवं 13 तनेरा का प्रभार सौंपा गया है। सुखसागर दास महंत संलग्न तहसील कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा में कार्य करेंगे।
इसी प्रकार विनोद अग्रवाल को हल्का क्रमांक 25 केन्दई एवं 24 खिरटी, सत्येन्द्रनाथ सिंह को हल्का क्रमांक 35 सलिहाभाठा, सनत कुमार को हल्का क्रमांक 26 परला तथा श्रीमती सुषमा राठौर को हल्का क्रमांक 42 कोरबी में कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677