संयुक्त परिवार में मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देता है अग्रवाल समाज – गोपाल मोदी कोरबा। अग्रवाल सभा कटघोरा व बालकोनगर द्वारा बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां अग्रवाल समाज के लोगों द्वारा श्री मोदी का आत्मीय रूप से स्वागत किया गया। इस समारोह में गोपाल मोदी ने महाराजा श्री अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजन पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा मुख्य अतिथि गोपाल मोदी और विशिष्ट अतिथि योगेश जैन का शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजित किए गए विभिन्न प्रतियोगिता में प्रतिभागीयों को पुरस्कार का वितरण किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सिद्धांतों और त्याग-बलिदान की परंपरा पर प्रकाश डाला। समाज में एकता, सहयोग और सेवा भाव को जीवन का मूलमंत्र बताते हुए सभी ने अग्रसेन जी को युगपुरुष करार दिया। हमारे समाज में बुजुर्गों का सम्मान करना ही हमारी धरोहर हैं – गोपाल मोदी भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अग्रवाल समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम भगवान श्री राम के वंशज हैं और माता लक्ष्मी हमारी कुलदेवी है, हम भगवान श्री राम की चौतिस्वी पीढ़ी हैं, आज अग्रवाल समाज के बच्चे डॉक्टर इंजीनियर जैसे अनेकों पदों पर देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अग्रवाल समाज का नाम देश, विदेशों में रोशन कर रहे है। प्रतिभागी आयोजनों से समाज के बच्चों के कौशल को देखने का अवसर मिलता है और हर आयोजनों में बच्चों के साथ हर मां-बाप को भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और उनका हौसला अफजाई करना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि हमारा अग्रवाल समाज एक ऐसा समाज है जो संयुक्त परिवार में मिल जुलकर रहने की प्रेरणा देता है। समाज के किसी भी व्यक्ति के ऊपर किसी भी प्रकार का दुख: या तकलीफ आने पर अग्रवाल समाज आगे बढ़कर उनका मदद करने के लिए एकत्र हो जाता है और उन्हें हर प्रकार से मदद देकर कर उनको आगे बढ़ाने का काम करता है। हमारे समाज में बुजुर्गों का सम्मान करना ही हमारी धरोहर है, यही कारण है कि आज विभिन्न स्थान पर वृद्ध आश्रमों का संचालन शासन एवं अनेकों संगठनों द्वारा किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न समुदाय जाति वर्ग के वृद्धिजन आपको देखने को मिलेंगे, किंतु उन वृद्धा आश्रमों में अग्रवाल समाज के वृद्धजन आपको देखने को नहीं मिलेंगे। हम अपने बुजुर्गों का देखभाल और सेवा अपने ही घरों में करते हैं और यही हमारा संस्कार है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति को बचाए रखने के लिए मारवाड़ी भाषा का संरक्षण करना आवश्यक है, क्योंकि हम अधिकांश रूप से देखते हैं कि हमारे अग्रवाल समाज के बच्चों को मारवाड़ी भाषा बोलनी नहीं आती, क्योंकि आजकल के बच्चे बचपन से ही पढ़ाई करने के लिए बाहर चले जाते हैं और वे जहां जाते हैं वहीं की भाषा बोलने लगते हैं, हमारी अग्रवाल समाज की मूल भाषा से वह अलग होते जा रहे हैं, ऐसे में सभी माता-पीता एवं बड़े बुजुर्गों का कर्तव्य है कि वह अपने बच्चों से मारवाड़ी भाषा में बात करें ताकि हमारे समाज के बच्चों को हमारी मारवाड़ी भाषा का ज्ञान हो सके। इनकी गरिमामय उपस्थित में संपन्न हुआ कार्यक्रम अग्रवाल सभा के इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि व जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विशिष्ट अतिथि व जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, अग्रवाल सभा कटघोरा संरक्षक रामनाथ सिंघानिया, संरक्षक बजरंग अग्रवाल, अग्रवाल सभा बालको अध्यक्ष हितानंद अग्रवाल, अग्रवाल सभा कटघोरा अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल, सचिव अभिषेक गर्ग, उपाध्यक्ष सुरेश बसंल, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मंडल महामंत्री समजीत सिंह, अजय धनौदिया, पीयूष अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता सहित भारी संख्या में समाज के लोग शामिल हुये। शोभायात्रा में शामिल हुए केबिनेट मंत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष व महापौर महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर कोरबा के अग्रवाल समाज द्वारा शोभायात्रा निकाली गई, गोपाल मोदी सह परिवार यात्रा में शामिल होकर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया, वहीं श्री मोदी द्वारा शोभा यात्रा में शामिल लोगों को जूस एवं पानी पिलाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत शामिल हुए, श्री मोदी द्वारा उनका स्वागत किया गया।
कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!
एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।