Connect with us

कोरबा

शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों में तेजी लाएं बैंकर्स – कलेक्टर कुणाल दुदावत

Published

on

बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों की कलेक्टर ने की समीक्षा, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना में ऋण स्वीकृति और वितरण में तेजी लाने किया निर्देशित

जिला स्तरीय परामर्शदात्री व पुनरीक्षा समिति की बैठक में बैंकर्स को दिए निर्देश

कोरबा 25 अगस्त 2026। जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं पुनरीक्षा समिति की बैठक आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शासन प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी बैंकर्स को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विभागों से प्राप्त ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका उन्मुख योजनाओं के माध्यम से स्व सहायता समूहों की महिलाओं, बेरोजगार युवाओं तथा स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में पात्र आवेदकों के ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता से परीक्षण कर अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत किए जाएं, जिससे युवा अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बैंकर्स से कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने बैंकवार एवं शाखावार विभिन्न विभागों से प्रेषित ऋण प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ऋण आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। लंबित अथवा अस्वीकृत प्रकरणों में स्पष्ट एवं वस्तुनिष्ठ कारण दर्ज किए जाएं तथा अपूर्ण आवेदनों को आवश्यक मार्गदर्शन के साथ संबंधित विभागों को वापस भेजा जाए, जिससे कमियों को दूर कर प्रकरणों का पुनः परीक्षण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों में बैंक अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर स्वीकृति एवं ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाएं।

कलेक्टर ने सभी विभागों को भी निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनके ऋण प्रकरण बैंकों को प्रेषित किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभाग और बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत बैंकों को प्रेषित व लम्बित आवेंदनो की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इसे शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजना बताते हुए पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकाधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए लोगों को आवेदन हेतु प्रेरित करने को कहा।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विभागों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य छोटे व्यवसायियों को वित्तीय सहायता देकर उनके स्वरोजगार को मजबूत करना है, इसलिए पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य शासन प्रायोजित योजनाओं के ऋण आवेदनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों एवं बैंकर्स को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बैंक शासकीय योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए समन्वित एवं प्रतिबद्ध होकर कार्य करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके और जिले को उत्कृष्ट उपलब्धियों की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, लीड बैंक मैनेजर कृष्णा भगत, आरबीआई, नाबार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले की सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधक व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में कांग्रेस पार्षदों ने कचरा यात्रा निकालकर विरोध जताया:वार्ड 29 में नालियां जाम, गलियों में गंदगी से लोग परेशान, निगम के खिलाफ नारेबाजी

Published

on

कोरबा। नवरात्रि से ठीक पहले कोरबा के वार्ड नंबर 29 मुड़ापार में सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे, जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर और नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू के नेतृत्व में पार्षदों ने कचरा यात्रा निकालकर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला।

नालियों में कचरा, घरों में घुस रहे मच्छर और कीड़े

वार्ड के लोगों का कहना है कि नालियां कचरे से भरी हैं और नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। गंदगी के कारण मच्छर और कीड़े घरों में घुस रहे हैं। इससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि नवरात्रि शुरू होने वाली है, लेकिन दुर्गा पंडालों के आसपास भी सफाई नहीं कराई गई है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई

वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे ने बताया कि सफाई को लेकर कई बार ठेकेदार से संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वार्ड में लगातार गंदगी बनी हुई है और लोग इसकी शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद पार्षदों को विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

कई वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब होने का आरोप

जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने आरोप लगाया कि सिर्फ वार्ड 29 ही नहीं, बल्कि शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने पसंदीदा ठेकेदारों को काम दे रहे हैं और कमीशन का खेल चल रहा है। अधिकारी मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा भी नहीं लेते।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि नवरात्रि जैसे बड़े त्योहार पर भी बस्तियों और दुर्गा पंडालों के आसपास गंदगी पसरी हुई है। गंदी नालियों के कारण बीमारी फैलने का खतरा है, लेकिन संबंधित विभाग और ठेकेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सफाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।

Continue Reading

कोरबा

खनिज विभाग का खनिज माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान- 21 वाहन जब्त

Published

on

जिलेभर में लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई से खनिज माफियाओं में मचा हड़कंप
      कोरबा 10 अक्टूबर 2026। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन परिवहन व भण्डारण पर प्रतिबंध लगाने के लिए खनिज विभाग कोरबा सख्त रुख अपना रहा है।

खनिज उड़नदस्ता दलों द्वारा बुधवार से लगातार तीन दिन खनिज माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जिले के राताखार, सीतामढ़ी, बरमपुर सहित कई स्थानों पर दिन-रात छापा मारकर सघन जांच की गई। जिस दौरान रेत का अवैध परिवहन कर रहे तरदा में 2 ट्रेक्टर, हरदीबाजार में 1 टीपर, बरमपुर में 1 ट्रेक्टर, पाली में 2 ट्रेक्टर, सुराकछार में 1 ट्रेक्टर, उमरेली में 1 ट्रेक्टर,  कुदुरमाल व सोनपुरी में रेत का उत्खनन व परिवहन कर रहे 8 ट्रेक्टर, गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 4 हाइवा व 1 ट्रेक्टर सहित कुल 21 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए जब्त कर सर्वमंगला पुलिस चौकी, उरगा थाना,  पाली थाना, खनिज जांच चौकी उरगा व खनिज जांच चौकी हरदीबाजार की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है।

      खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रतिबंध सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। नियमों का उल्लघंन करने, अवैध उत्खनन एवं परिवहन तथा भण्डारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान और खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कटघोरा

अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा 11 अक्टूबर को धूमधाम से मनाई जाएगी महाराजा श्री अग्रसेन जयंती

Published

on

बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा

मुख्य अतिथि होंगे लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल कोरबा
कोरबा/कटघोरा। अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा अग्रवाल समाज के आराध्य एवं समाजवाद, समानता और परोपकार के प्रतीक महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती इस वर्ष 11 अक्टूबर को श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह को लेकर अग्रवाल समाज में खासा उत्साह है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
जयंती समारोह के मुख्य अतिथि डॉ राजकुमार अग्रवाल वरिष्ठ एवं प्रतिष्टित समाज सेवी कोरबा होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि गौरव अग्रवाल युवा उद्योगपति एवं समाज सेवी बिल्हा बिलासपुर एवं ललित अग्रवाल प्रतिष्टित उद्योगपति एव धर्मवीर रतनपुर होंगे बिलासपुर एव कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कटघोरा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल करेंगे। समाज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अतिथियों के आगमन को लेकर अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल है। समारोह में उपस्थित समाजजनों को अतिथियों के अनुभवों एवं विचारों से नई और उपयोगी जानकारियां प्राप्त होंगी।
बैंड-बाजे ,कर्मा नृत्य,महाराजा अग्रसेन जी की झांकी,और आतिशबाजी के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
अग्रवाल सभा द्वारा जयंती समारोह की शुरुआत 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ की जाएगी। शोभायात्रा चंद्रभान शंकर लाल अग्रवाल भारत शेलेक फैक्ट्री, कारखाना एरिया स्थित निवास से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, आतिशबाजी एवं समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी।
शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद वीरनारायण चौक पहुंचेगी, जहां से वापस अग्रसेन भवन के लिए रवाना होगी। इसके पश्चात शोभायात्रा अग्रसेन भवन पहुंचकर समारोह के रूप में परिणित होगी। शोभायात्रा को लेकर समाज के सभी वर्गों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।
विधिवत होगी महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना
शोभायात्रा के पश्चात अग्रसेन भवन में आयोजित मुख्य समारोह में मंचस्थ अतिथियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में महाराजा श्री अग्रसेन जी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान समाज की एकता, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक सहभागिता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं का होगा सम्मान
जयंती समारोह के अवसर पर अग्रवाल समाज की महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मंचस्थ अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। विजेताओं का सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहेगा।
अग्रवाल सभा कटघोरा द्वारा समाज के सभी अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों से जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। आयोजन समिति द्वारा शोभायात्रा एवं मुख्य समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश देगा, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677