Connect with us

छत्तीसगढ़

निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर व निःशुल्क स्वास्थ्य  में जरूतमंद लाभान्वित, सेवा और समर्पण से शुरू हुआ अग्रसेन जयंती महोत्सव

Published

on

नैला-जांजगीर। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ सेवा और स्वास्थ्य के संकल्प के साथ हुआ। श्री अग्रसेन सेवा समिति नैला-जांजगीर द्वारा स्व. श्रीमती द्रोपती बाई अग्रवाल एवं स्व. केदारनाथ अग्रवाल (पहरिया वाले) की स्मृति में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं नेत्र चेकअप भी लगाया गया।

कृत्रिम अंग शिविर में दिव्यांगजनों को उनके माप के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराने की पहल की गई। वहीं स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इसमें नेत्र रोग, हृदय रोग, हड्डी रोग, मेडिसिन एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं। ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं जनरल हेल्थ चेकअप भी निःशुल्क किया गया।

कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय विशेष रूप से मौजूद रहे जिन्होंने आयोजन की जमकर सराहना की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। सेवा और स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही कहा कि अग्रवाल समाज जनहित के कार्यों में सदैव अग्रणी रहा है।

एसपी विजय पाण्डेय ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए आयोजित इस तरह के शिविर समाज के लिए अनुकरणीय हैं। अग्रसेन जयंती की शुरुआत सेवा कार्य से होना निश्चित रूप से प्रेरणादायी पहल है।

कार्यक्रम में संजय अग्रवाल, राजेश पालीवाल, अजय अग्रवाल, बृजेश अग्रवाल,प्रदीप गोयल, कैलाश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संतोष अग्रवाल पहरिया वाले, मनोज अग्रवाल, राकेश पालीवाल, विकास अग्रवाल, तपन अग्रवाल, विक्रम पालीवाल, हिमांशु अग्रवाल, दीपक गोयल, सुनील पालीवाल, दीपक अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, संजय भोपालपुरिया, शिबू भोपालपुरिया, सचिन गोपालपुरिया, आबू, तुषार, उमेश पालीवाल, विक्की सुल्तानिया, अंजू, पूनम, कल्याणी, बबीता एवं शिखा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन बृजेश अग्रवाल ने किया। वहीं अमर सुल्तानिया ने आभार प्रदर्शन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, चिकित्सकों, समाजजनों और उपस्थित नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 श्री अग्रसेन सेवा समिति नैला-जांजगीर के इस आयोजन ने अग्रसेन जयंती की शुरुआत को सेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया।

आयोजन को सफल बनाने अमर सुल्तानिया, विक्रांत अग्रवाल, दीपक सिंधानिया, अखिल बंसल, आकाश सिंधानिया, नवदीप अग्रवाल, निकुंज भोपालपुरिया, अनुभव अग्रवाल, आदित्य भोपालपुरिया, यश भोपालपुरिया एवं अंकित अग्रवाल ने लगातार मेहनत किया। आयोजन समिति की ओर से समाज के लोगों ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

Continue Reading

कोरबा

धान के साथ मूंगफली की खेती से प्याजराम राठिया की आय में हुई वृद्धि

Published

on

कोरबा, 03 अक्टूबर 2026। कोरबा विकासखंड की ग्राम पंचायत सिमकेदा के ग्राम ढेंगुरडी निवासी किसान प्याजराम राठिया, पिता होवल सिंह राठिया, उम्र 62 वर्ष, को कृषि विभाग की एनएमईओ खाने योग्य तिलहनी फसलों को बढ़ावा देना योजना के तहत तिलहनी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सहायता मिली। योजना के माध्यम से उन्हें मूंगफली उत्पादन की वैज्ञानिक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन और बीज उपलब्ध कराए गए।
श्री राठिया पहले केवल धान की खेती करते थे। एक ही फसल पर निर्भर रहने के कारण उनकी आय सीमित थी। योजना से मिली जानकारी और सहयोग के बाद उन्होंने मूंगफली की खेती शुरू की। पहले ही वर्ष में मूंगफली उत्पादन उनके लिए लाभप्रद रहा और उन्हें लगभग 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हुई।
किसान के अनुसार, योजना से पहले उनकी अनुमानित वार्षिक आय करीब 42 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 50 हजार रुपये हो गई है। तिलहनी फसल अपनाने से उनकी आय में वृद्धि हुई है और खेती के प्रति उनका भरोसा भी बढ़ा है। श्री राठिया ने इस सहयोग के लिए कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

महतारी वंदन योजना ने आसान किया घरेलू खर्च का प्रबंधन, कलेश्वरी को मिला आर्थिक संबल

Published

on

डीबीटी से खाते में पहुंच रही सहायता राशि, कलेश्वरी के परिवार की आर्थिक स्थिति में आया सुधार
कोरबा 03अक्टूबर 2026। घर की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में जब महिला के हाथ में अपनी नियमित आर्थिक सहायता हो, तो परिवार की आर्थिक व्यवस्था को संभालने का भरोसा भी बढ़ता है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली मासिक सहायता ने महिलाओं को अपनी घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया है। इस नियमित सहायता से महिलाओं को घर के खर्च को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने और आवश्यकताओं को पूरा करने में सुविधा मिल रही है।
कोरबा विकासखंड के ग्राम गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली श्रीमती कलेश्वरी के लिए भी महतारी वंदन योजना की मासिक सहायता घर की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग बन रही है। योजना का लाभ मिलने से पहले घरेलू खर्चों को सीमित आर्थिक संसाधनों में ही संतुलित करना पड़ता था। आवश्यक सामान और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए उपलब्ध आय के अनुसार खर्च की व्यवस्था करनी होती थी।
महतारी वंदन योजना के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा कलेश्वरी का फॉर्म भरवाया गया। योजना का लाभ स्वीकृत होने के बाद अब उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हर माह एक हजार रुपये की राशि पहुंच रही है। कलेश्वरी इस राशि का उपयोग घर की आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से घरेलू खर्च को संभालने में उन्हें सुविधा हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
कलेश्वरी अपने अनुभव बताते हुए कहती हैं, “आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मेरा महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरवाया। अब हर महीने एक हजार रुपये सीधे खाते में आते हैं। इस राशि से घर की जरूरी चीजें लेने में मदद मिलती है। नियमित रूप से सहायता मिलने से घर का खर्च संभालना पहले की तुलना में आसान हुआ है।”
कलेश्वरी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “महतारी वंदन योजना से महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहारा मिल रहा है। इस राशि से घर की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  को इस योजना के लिए धन्यवाद देती हूं।”

Continue Reading

कोरबा

दूरस्थ गांव में रोशनी की नई व्यवस्था, बरपाली में रात का आवागमन हुआ सहज

Published

on

सोलर लाइट से गांव की रातें रोशन हुईं, रात में आवागमन सुविधाजनक हुआ – ग्रामीण
कोरबा 03 अक्टूबर 2026। गांव में शाम ढलते ही जब अंधेरा रास्तों को घेर लेता है, तब छोटी दूरी तय करना भी सावधानी का काम बन जाता है। कोरबा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रात के समय प्रकाश की इसी जरूरत को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि से सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम बरपाली के चौक में क्रेडा विभाग द्वारा सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है।
सोलर हाईमास्ट की सुविधा मिलने से पहले बरपाली चौक और आसपास का क्षेत्र शाम के बाद अंधेरे में डूब जाता था। जरूरी काम से निकलने वाले ग्रामीणों को रास्ता देखने में परेशानी होती थी। खेतों और घरों के आसपास जाने में सांप-बिच्छू तथा अन्य जीव-जंतुओं को लेकर भी सतर्क रहना पड़ता था। रात में आने-जाने का समय ग्रामीणों के लिए असुविधा वाला रहता था।
अब सोलर हाईमास्ट से चौक और आसपास के रास्तों में पर्याप्त रोशनी रहती है। सड़क स्पष्ट दिखाई देने से ग्रामीणों के लिए रात में आवागमन सुविधाजनक हुआ है। सौर ऊर्जा से चलने वाली इस व्यवस्था के लिए नियमित बिजली आपूर्ति की जरूरत नहीं होती और बिजली बिल का खर्च भी नहीं आता। बैटरी बैकअप के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर भी प्रकाश उपलब्ध रहने में मदद मिलती है।
ग्रामीणों ने  अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि, “पहले शाम होते ही चौक पर अंधेरा छा जाता था। अगर रात में किसी काम से बाहर निकलना पड़े तो मोबाइल की रोशनी या टॉर्च के सहारे रास्ता देखना पड़ता था। खेत की तरफ जाना हो तो हर कदम संभलकर रखना पड़ता था, क्योंकि घास और अंधेरे में सांप-बिच्छू दिखाई नहीं देते थे। अब चौक पर हाईमास्ट की रोशनी रहती है तो दूर से ही रास्ता साफ दिखाई देता है। घर से चौक तक आने-जाने में अब पहले जैसी परेशानी नहीं होती। बच्चों या परिवार के किसी सदस्य को रात में बाहर भेजना पड़े तो मन में भी ज्यादा चिंता नहीं रहती। सौर ऊर्जा से रोशनी मिलने से गांव की रातें काफी सुविधाजनक हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  का हम दिल से आभार व्यक्त करते हैं कि दूरस्थ गांव में हमारी जरूरत को समझकर रोशनी की यह सुविधा उपलब्ध कराई गई।”

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677