भोपाल, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त करेंगे। भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर हुए 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में उन्होंने गोशालाओं को ₹101 करोड़ दिए। उज्जैन में बन रहे ₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया।
शाह भौंरी में IISER के अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
शाह ने कहा- कांग्रेसी विरोध करते हैं, मैं हिसाब देने आया हूं
शाह ने कहा- कांग्रेसी हमारा विरोध करते हैं। मैं आज उनको हिसाब देने आया हूं। आपने 75 साल में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंचाया था। मोदी जी ने 10 साल में 25 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया है।
प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन 2014-15 में 307 ग्राम था, अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम हो गया। हमारा देश दुनियाभर में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश बना है। इसमें पहले 5 राज्य- उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र बीजेपी शासित हैं।
आपके बेटे-बेटी के लिए नशे की जगह नहीं होगी…
केंद्रीय मंत्री ने कहा- मेरी एक मीटिंग मुख्यमंत्री और गृह विभाग के साथ है। मध्यप्रदेश 31 दिसंबर 2029 के पहले नारकोटिक्स से मुक्त हो जाए, इस प्रकार की बारीक प्लानिंग आज करना चाहते हैं। अभिभावकों, विशेष कर माताओं से कहने आया हूं आपके बेटे-बेटी के लिए नशे की जगह नहीं होगी।
हालांकि, अफसरों के साथ ये बैठक रद्द हो गई है। अफसरों ने बताया कि शाह एक अर्जेंट मीटिंग में वर्चुअल जुड़े हैं, इसलिए प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं करेंगे।
इससे पहले उन्होंने होटल ताज में सीएम डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और विश्वास सारंग के साथ बैठक की। बैठक में भाजपा के नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी मौजूद थे।
आइची- नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने एशियन गेम्स में 21वां गोल्ड मेडल जीत लिया है। पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से हराया।
शनिवार को भारत ने मेंस क्रिकेट, आर्चरी, गोल्फ और कुश्ती में भी 1-1 गोल्ड जीता। भारत अब 21 गोल्ड सहित कुल 85 मेडल के साथ टैली में चौथे स्थान पर आ गया है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत के डबल गोल
फाइनल मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने डबल गोल किए। उन्होंने 11वें और 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किए।
हरमनप्रीत के अलावा, जुगरात 23वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर, 42वें मिनट में हार्दिक ने पेनल्टी स्ट्रोक पर और 54वें मिनट में शिलानंद ने फील्ड गोल किया।
मलेशिया की ओर से इकलौता गोल शेलो सिल्वरियस ने 14वें मिनट में दागा। उन्होंने फील्ड गोल किया।
गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह।
भारत ने हॉकी में जीता गोल्ड, लगातार दूसरी बार चैंपियन
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। भारत ने पहली बार लगातार दो एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी का गोल्ड जीता है।
एशियन गेम्स के एक ही संस्करण में पहली बार भारत की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने गोल्ड मेडल जीता है।
गोल्ड मेडल सेलिब्रेट करते भारतीय टीम के खिलाड़ी।
रेसलिंग: अंतिम पंघाल को सिल्वर मिला, फाइनल हारीं
अंतिम पंघाल ने विमेंस 53kg कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता है। गोल्ड मेडल मुकाबले में उन्हें जापान की मोए कियोका ने 9-1 से हराया। अंतिम ने हांगझोउ एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज जीता था।
रेसलिंग : अंतिम गोल्ड मेडल मैच में 0-2 से पिछड़ी
महिलाओं के 53 किग्रा फाइनल में जापान की मोए कियोका ने शुरुआत में ही अंतिम पंघाल का लेग टेकडाउन कर उन्हें मैट से बाहर किया और एक अंक हासिल किया। इसके बाद भी दोनों के बीच ज्यादा एक्शन नहीं हुआ।
अंतिम ने लेग अटैक की तीन बार कोशिश की, लेकिन कियोका हर बार बच निकलीं। अंतिम को पैसिविटी के लिए चेतावनी के बाद कियोका को एक और अंक मिला। पहले पीरियड के बाद कियोका 2-0 से आगे हैं।
गोल्ड मेडल मैच के दौरान अंतिम।
रेसलिंग: दीपक पुनिया ने जीता ब्रॉन्ज, लगातार दूसरी बार एशियाड में मेडल
दीपक पुनिया ने पुरुषों के 97 किग्रा फ्रीस्टाइल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने मंगोलिया के गंखुयाग गनबातर को 2-1 से हराया।
आखिरी तीन मिनट में दोनों पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर हुई। रेफरी ने दीपक को एक अंक दिया, लेकिन वे बढ़त बचाने में सफल रहे।
दीपक ने लगातार दूसरे एशियन गेम्स में मेडल जीता है। उन्होंने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज जीता था।
ब्रॉन्ज मेडल मैच के दौरान दीपक पुनिया।
रेसलिंग: अमन सहरावत ने जीता गोल्ड, नॉर्थ कोरिया के हान को हराया
भारत के अमन सहरावत ने पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती का गोल्ड मेडल जीत लिया। उन्होंने फाइनल में नॉर्थ कोरिया के हान को हराया।
अमन ने पहले पीरियड में हान के हमलों का बचाव किया और 6-1 की बढ़त बनाई। इसके बाद हान ने लगातार 6 अंक लेकर 7-6 की बढ़त हासिल कर ली।
अमन ने फिर 4 अंक की शानदार चाल चली और बढ़त हासिल की। कोरिया का रिव्यू खारिज होने पर अमन को एक अतिरिक्त अंक भी मिला। उन्होंने अंत तक बढ़त बनाए रखी।
यह एशियन गेम्स में भारत का दूसरा रेसलिंग गोल्ड है। इससे पहले सुजीत कलकल ने गोल्ड जीता था।
जीत के बाद तिरंगे के साथ अमन सहरावत।
क्रिकेट: भारत ने जीता गोल्ड, पाकिस्तान को 19 रन से हराया
भारत ने मेंस क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। भारत के 211 रन के जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान के हसन नवाज ने शानदार पारी खेलते हुए 96 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और शिवम दुबे के रन जीत में बेहद अहम रहे।
यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का 19वां गोल्ड मेडल है। इसके साथ ही भारत ने क्रिकेट के दोनों गोल्ड अपने नाम कर लिए हैं। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी गोल्ड जीता था।
तीरंदाजी: नीरज चौहान ने जीता ब्रॉन्ज
रिकर्व मेंस इंडिविजुअल में भारत के नीरज चौहान ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। दबाव में नीरज ने शानदार निशाने लगाए। अपने साथी खिलाड़ी धीरज बोम्मदेवरा को हराकर पदक अपने नाम किया। मुकाबले के बाद दोनों भारतीय तीरंदाजों ने एक-दूसरे को गले लगाया।
इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत का रिकर्व अभियान 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज के साथ खत्म हुआ। रिकर्व की सभी कैटेगरी में भारत ने मेडल जीता।
कंपाउंड में भारत ने 3 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज जीता। इस तरह तीरंदाजी में भारत ने कुल 5 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज, यानी 9 मेडल अपने नाम किए।
नीरज चौहान ब्रॉन्ज मेडल मैच में निशाना लगाते हुए।
प्रणवी उर्स ने जीता गोल्ड, पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं
नागोया में भारत की प्रणवी उर्स ने विमेंस इंडिविजुअल गोल्फ में गोल्ड मेडल जीता। वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं। उन्होंने चार राउंड में 15 अंडर 265 का स्कोर किया।
प्रणवी ने फाइनल राउंड में 70 का स्कोर किया। तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के बाद उन्होंने तीन बर्डी लगाकर वापसी की और एक शॉट की बढ़त से गोल्ड जीता।
भारत ने विमेंस टीम इवेंट में सिल्वर जीता। प्रणवी के साथ अदिति अशोक और दीक्षा डागर टीम में थीं। भारत का स्कोर 14 अंडर 546 रहा, जबकि चीन ने 22 अंडर 538 के साथ गोल्ड जीता।
प्रणवी का गोल्ड एशियन गेम्स गोल्फ में भारत का 2002 के बाद पहला गोल्ड है। इससे पहले शिव कपूर ने पुरुषों का इंडिविजुअल गोल्ड जीता था।
गोल्ड मेडल के साथ प्रणवी उर्स।
भारत को एशियाड में 200वां गोल्ड
भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में 200वां गोल्ड जीत लिया है। उसके 263 सिल्वर और 392 ब्रॉन्ज हो गए हैं। इंडिया के अब तक 855 मेडल हो गए हैं।
कुमकुम ने 3 मेडल जीते, तीनों पहली बार दिलाए
कुमकुम ने अपने डेब्यू एशियन गेम्स में रिकर्व तीरंदाजी में 3 मेडल जीते। वे महिला टीम और महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड, जबकि मिक्स्ड टीम में सिल्वर जीता।
विमेंस टीम इवेंट में भारत का पहला गोल्ड।
रिकर्व व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला।
मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत का पहला मेडल आया। धीरज के साथ सिल्वर।
तीरंदाजी: 17 साल की कुमकुम मोहोड ने रिकर्व में जीता
भारत की 17 साल की कुमकुम मोहोड एशियन गेम्स चैंपियन बन गईं। उन्होंने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। कुमकुम ने शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन को हराया।
कुमकुम महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के लिए एशियन गेम्स मेडल जीतने वाली पहली तीरंदाज हैं। उन्होंने पहली बार इस स्पर्धा में भारत को गोल्ड दिलाया है।
महिलाओं के रिकर्व इंडिविजुअल्स इवेंट के फाइनल में निशाना लगाती कुमकुम।
मस्कट/नई दिल्ली, एजेंसी। होर्मुज स्ट्रेट में शुक्रवार को एक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ। इसमें सवार 5 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। ओमान में भारतीय दूतावास ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
ये नाविक कुवैत के झंडे वाले टैंकर एमटी काजिमाह III पर सवार थे। यह कच्चे तेल से भरा था और अफ्रीका की ओर जा रहा था। हालांकि, यह हमला किसने किया, यह अभी जानकारी तक सामने नहीं आई।
फरवरी से अब तक होर्मुज में हमलो में 100 से ज्यादा भारतीय नाविक प्रभावित हो चुके हैं। वहीं, इन हमलों में 11 भारतीय नाविकों की जान गई।
खाड़ी क्षेत्र में जहाजों पर 4500 भारतीय नाविक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इससे पहले मंगलवार को बताया था कि इस क्षेत्र में चल रहे व्यावसायिक जहाजों पर 4500 से ज्यादा भारतीय नाविक सवार हैं।
जायसवाल के मुताबिक, इस समय फारस की खाड़ी में भारत के झंडे वाले 6 कमर्शियल जहाज हैं। इसके अलावा 6 विदेशी झंडे वाले जहाज भी हैं, जो भारत के लिए सामान लेकर जा रहे हैं। इन 12 जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं।
जायसवाल के मुताबिक, भारत का शिपिंग मंत्रालय इन जहाजों की आवाजाही पर नजर रख रहा है। भारतीय दूतावासों और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर नाविकों की सुरक्षा और उनकी स्थिति की जानकारी ली जा रही है।
उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर भारतीय दूतावास नाविकों की सुरक्षा और भलाई के लिए जरूरी कदम उठाते हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनकी भलाई भारत की प्राथमिकता है।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में नाविकों की सुरक्षा पर चिंता जताई थी
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा की 81वीं बैठक में व्यावसायिक जहाजों और नाविकों पर हमलों को लेकर चिंता जताई थी।
जयशंकर ने कहा था,
समुद्र में नए खतरे पहले से मौजूद जमीन से जुड़े संकटों को और बढ़ा रहे हैं। भारतीय नाविकों के साथ दूसरे देशों के नाविकों की भी जान गई है। यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।
जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र में तुरंत तनाव कम करने और संयम बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों के लिए काम कर रहे जहाजों के क्रू की सुरक्षा बनी रहेगी और ऊर्जा की सप्लाई के साथ-साथ दुनिया का व्यापार भी बिना रुकावट चलता रहेगा।
विदेश मंत्री एस जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा में बोलते हुए।
ट्रम्प ने ईरान का जंग खत्म करने का प्रस्ताव ठुकराया
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान का युद्ध खत्म करने और होर्मुज खोलने का प्रस्ताव ठुकरा दिया। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, क्योंकि वह बुरी तरह हार रहा है और उसके पास पैसा नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा कि ईरान की कमाई होर्मुज से होने वाले कारोबार पर निर्भर है। अमेरिका ने इस समुद्री रास्ते पर सैन्य इतिहास की सबसे बड़ी नाकेबंदी की है, जो लोहे की दीवार जैसी है।
28 फरवरी से चल रही है अमेरिका-ईरान की लड़ाई
अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और उन खाड़ी देशों में हमले किए, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं।
अमेरिका का कहना है कि उसका मकसद ईरान की परमाणु क्षमता को कमजोर करना है। वहीं ईरान लगातार कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है और उसे परमाणु तकनीक के इस्तेमाल का अधिकार है।
नागपुर/वेकोलि। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में आज 02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी आदरांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर वेकोलि मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (संचालन) संदीप परांजपे, निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) डॉ. अंजनी कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय मधुकर म्हेत्रे, संचालन समिति के सदस्य गण, विभागाध्यक्षों एवं कर्मियों ने भी दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और जनभागीदारी के मूल्यों का संदेश देता है। गांधी जी के लिए स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार थी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में चरितार्थ किया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों की जयंती हमें अपने कार्यस्थल, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक प्रतिबद्धता के साथ निभाने की प्रेरणा देती है।
महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत गत पखवाड़े के दौरान वेकोलि मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए गए। अभियान के दौरान स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, ‘स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता’, ‘कबाड़ से जुगाड़’, ‘कबाड़ से कला’, वेस्ट-टू-आर्ट एवं रंगोली जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा अपशिष्ट के रचनात्मक उपयोग को प्रोत्साहित किया गया। ई-वेस्ट संग्रहण, पृथक्करण एवं जिम्मेदार निपटान पर भी विशेष जोर रहा। वेकोलि मुख्यालय एवं चंद्रपुर क्षेत्र में इस अभियान के तहत ई-वेस्ट कियोस्क स्थापित किया गया।
स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए कबड्डी प्रतियोगिता, स्वच्छ बाजार, सामुदायिक स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय सहभागिता बढ़ाई गई। सफाई मित्र सुरक्षा शिविरों में चंद्रपुर, बल्लारपुर, वणी, वणी नॉर्थ, उमरेर, पेंच एवं पाथाखेड़ा क्षेत्रों में 690 से अधिक सफाई मित्रों, संविदा कर्मियों एवं सहायकों को स्वास्थ्य जांच एवं कल्याण संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं।
पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण तथा क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट्स का स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान, एसटीपी भ्रमण, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण एवं जल संरक्षण संबंधी जागरूकता गतिविधियों से स्वच्छता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया।
वेकोलि मुख्यालय में 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को स्वच्छता एम्पावर्ड कमेटी ने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं निपटान, अभिलेख प्रबंधन, स्थान का समुचित उपयोग, कार्यस्थल की सुव्यवस्था एवं अनुशासन जैसे मानकों का आकलन किया गया। उत्कृष्ट विभागों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘क्लीनलिनेस एक्सीलेंस अवार्ड – वेकोलि मुख्यालय’ की पहल की गई है।
महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के निमित्त आयोजित इन पहलों के माध्यम से वेकोलि ने स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यालय के साथ-साथ वेकोलि के सभी क्षेत्रों में भी दोनों महान विभूतियों की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।